कांग्रेस देश की संस्कृति और संवेदनाओं को नहीं समझ पाई, वह आकांक्षाओं की राजनीति जानती ही नहीं : पीएम मोदी
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल और असम समेत देश के पांच राज्यों में मिले जनादेश को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश के करीब-करीब हर राज्य में सरकारें बनाई हैं। आजादी के आंदोलन का जो भाव था, उसका उन्हें लाभ मिला था, उसमें से उपजा हुआ जनादेश था। जैसे-जैसे आजादी के आंदोलन के भावों से आगे निकलकर देश धरातल के कामों पर लौटा, वैसे-वैसे कांग्रेस, जनता का भरोसा खोती चली गई।
उन्होंने कहा कि बीते दशकों में देश ने युवाओं की अनेक पीढ़ियां जोड़ी हैं लेकिन कांग्रेस घटती ही चली गई। कांग्रेस देश की संस्कृति को नहीं समझ पाई, देश की संवेदनाओं को नहीं समझ पाई। कांग्रेस आकांक्षाओं की राजनीति जानती ही नहीं।
पीएम मोदी ने कहा, “आज हम भारत की राजनीति में एक और बड़ा बदलाव देख रहे हैं। आज पूरे देश में एक भी ऐसा राज्य नहीं है जहां कम्यूनिस्ट पार्टी की सरकार हो। यह सिर्फ सियासत का बदलाव नहीं है, यह सोच का बदलाव है। यह बताता है कि विकसित होता हुआ भारत किस दिशा में आगे बढ़ना चाहता है। आज का भारत अवसर चाहता है, विकास चाहता है, विश्वास चाहता है, आज का भारत प्रगति चाहता है, स्थिरता चाहता है, आज का भारत ऐसी राजनीति चाहता है जो देश को आगे बढ़ाए लेकिन दुर्भाग्य से आज की कांग्रेस बिल्कुल विपरीत दिशा में चल पड़ी है। ऐसे समय में जब पूरा देश कम्युनिज्म से किनारा कर चुका है तब कांग्रेस उसी विचारधारा को अपनाने में लगी है जिसे देश ने ठुकरा दिया है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा के लिए भारत और भारतीयता के भाव से बड़ा और कुछ नहीं है। हमारे लिए भारत सब कुछ है, भारतीयता सब कुछ है। भाजपा क्षेत्रीय आकांक्षाओं से राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा को पूरा करने वाली पार्टी है। इसलिए भाजपा देश की पसंद बन रही है, जनता के आशीर्वाद प्राप्त कर रही है। भाजपा परिवार की नहीं, ज़मीन से जुड़ी राजनीति करती है इसलिए आज पूर्वोत्तर भाजपा से जुड़ता है, आज पूरा आदिवासी अंचल भाजपा को इतना प्रचंड जनादेश दे रहा है, इसलिए देश के मछुआरों का अभूतपूर्व समर्थन भाजपा के साथ है।










Leave A Comment