सऊदी अरब में नागरिक बुनियादी ढांचों पर हमले 'पूरी तरह अस्वीकार्य, तुरंत बंद होने चाहिए': भारत
नयी दिल्ली. भारत ने सऊदी अरब में नागरिक बुनियादी ढांचे पर लगातार हो रहे हमलों की बुधवार को निंदा करते हुए कहा कि इस तरह के हमले ''पूरी तरह अस्वीकार्य'' हैं और इन्हें तुरंत बंद किया जाना चाहिए। साथ ही, भारत ने यह भी कहा कि वह विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों के कल्याण और उनकी सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करने को प्रतिबद्ध है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दो सप्ताह में एक बार होने वाली अपनी नियमित प्रेस वार्ता में यह भी बताया कि रियाद हवाई अड्डे पर हमले में घायल भारतीय नागरिक की हमले के एक दिन बाद 11 अक्टूबर को मौत हो गई थी। उनका अंतिम संस्कार उनके परिवार की इच्छा के अनुसार सऊदी अरब की राजधानी में किया गया, जिसमें वहां स्थित भारतीय दूतावास ने मदद की। रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पिछले शनिवार को हुआ हमला बीते एक सप्ताह में इस हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए गए कई हमलों में नवीनतम था। इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई और घायलों में 11 भारतीय भी शामिल थे।
जायसवाल ने कहा, ''घायल 11 भारतीयों में से तीन को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है जबकि आठ अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से चार गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में हैं। हमारे दूतावास के अधिकारी नियमित रूप से घायलों से मिलने जाते हैं। वे उनके परिवारों के संपर्क में भी हैं। हम विदेशों में अपने नागरिकों के कल्याण और उनकी सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करने को प्रतिबद्ध हैं।'' रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया था कि रियाद में हुए हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। जायसवाल ने कहा, ''सऊदी अरब में लगातार कई हमले हुए हैं, जिनकी हमने निंदा की है। कल अरामको के मुख्यालय पर हमला किया गया। हम सऊदी अरब में नागरिक बुनियादी ढांचे पर ऐसे सभी हमलों की निंदा करते हैं। इन हमलों को तुरंत बंद किया जाना चाहिए। ये पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।'' उन्होंने कहा, ''हम अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए सऊदी अरब की जनता और सरकार के साथ एकजुटता से खड़े हैं। हमें उम्मीद है कि क्षेत्र में जल्द ही शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।''
सऊदी अरब के हवाई अड्डे और तेल प्रतिष्ठान सहित बुनियादी ढांचों पर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमलों में नए सिरे से तेजी आने को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में जायसवाल ने ये टिप्पणियां कीं। इस महीने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आभा हवाई अड्डे सहित सऊदी अरब के कई हवाई अड्डों को हूती हमलों में बार-बार निशाना बनाया गया है। इससे उड़ानें प्रभावित हुई हैं और लोगों की जान गई है। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि देश के पूर्वी प्रांत में अरामको के एक प्रतिष्ठान पर हमले के बाद वहां स्थित एक प्रशासनिक इमारत में मामूली आग लग गई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यह घटना मंगलवार रात हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच हमलों के आदान-प्रदान के दौरान हुई। इससे पश्चिम एशिया में लगातार गहराते संकट के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। जायसवाल से सऊदी अरब में हमलों से प्रभावित भारतीयों की संख्या और उनकी सहायता के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ''वहां बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं। सऊदी अरब में हमारा दूतावास उनके कल्याण के लिए समुदाय के सदस्यों के साथ नियमित संपर्क में है। दूतावास ने परामर्श भी जारी किए हैं।'' जायसवाल ने कहा, ''बड़ी संख्या में भारतीय सऊदी अरब और भारत के बीच यात्रा करते हैं। वहां के हवाई अड्डों पर हमलों के बाद उड़ानों के कार्यक्रम में आए व्यवधान से उनमें से कुछ लोग प्रभावित हुए हैं।'' उन्होंने कहा कि उड़ानों में व्यवधान का असर भारतीय विमानन कंपनियों पर भी पड़ा है, हालांकि सऊदी अरब की विमानन कंपनियां अब कई उड़ानों का संचालन कर रही हैं। जायसवाल ने कहा, ''जिन उड़ानों पर असर पड़ा है उनमें रियाद, दम्माम और मदीना से आने-जाने वाली उड़ानें शामिल हैं। जेद्दा सहित एक-दो अन्य हवाई अड्डों से संबंधित उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। भारतीय दूतावास वहां फंसे यात्रियों को अद्यतन जानकारी उपलब्ध करा रहा है।


.jpg)






.jpg)
Leave A Comment