भारत 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच की मेजबानी करेगा
बिरला ने रूसी ड्यूमा अध्यक्ष के साथ बैठक की
नयी दिल्ली. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच के आयोजन की पूर्व संध्या पर रविवार को रूसी संसद के निचले सदन 'ड्यूमा' के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोदिन के नेतृत्व वाले एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ यहां द्विपक्षीय बैठक की। लोकसभा सचिवालय ने एक बयान में बताया कि दोनों पक्षों ने वैश्विक मंचों पर आपसी सहयोग को मजबूत करने और आतंकवाद के खिलाफ मिलकर प्रयास करने पर जोर दिया। बिरला ने इस मुद्दे पर लगातार समर्थन देने के लिए रूस को धन्यवाद दिया और कहा कि 2027 में दोनों देश अपने राजनयिक संबंधों के 80 साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे। उन्होंने भारत-रूस अंतर-संसदीय आयोग की नियमित बैठकें आयोजित करने और संसदीय प्रतिनिधिमंडलों, विशेष रूप से युवा और महिला सांसदों के माध्यम से लोकसभा तथा ड्यूमा के बीच निरंतर संस्थागत जुड़ाव का आह्वान किया। बिरला ने परमाणु ऊर्जा और उद्योग के क्षेत्र में सहयोग के बारे में भी बातचीत की।
उन्होंने 2026 में भारत की अध्यक्षता में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए, इस समूह के संसदीय सहयोग में रूस की सक्रिय भूमिका की अपील की, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार का आह्वान किया, और स्थायी सदस्यता के लिए भारत की दावेदारी का समर्थन करने को लेकर मॉस्को को धन्यवाद दिया। वोलोदिन ने संयुक्त व्यापार उपक्रमों को बढ़ावा देने तथा द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सांस्कृतिक और मानवीय क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क को प्रगाढ़ करने के प्रति रूस की प्रतिबद्धता दोहराई। बिरला ने क्यूबा, मिस्र और बेलारूस के संसदीय प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात की।
यह मंच लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता पर भी अलग-अलग सत्र आयोजित करेगा।
बयान के अनुसार, सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और आगंतुक प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे। ब्रिक्स सदस्यों और साझेदार देशों की संसदों की अंतरराष्ट्रीय मामलों की समितियों के अध्यक्षों की एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संसदीय कूटनीति, क्षमता निर्माण और सर्वोत्तम परंपराओं के आदान-प्रदान पर चर्चा होगी। उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन विशिष्ट अतिथियों के सम्मान में रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। दो दिवसीय इस सम्मेलन का समापन 27 अक्टूबर को होगा।







.jpg)
.jpeg)
.jpg)
Leave A Comment