भाजपा का हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा-पत्र जारी
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा-पत्र आज चंडीगढ़ में जारी कर दिया है। पार्टी के घोषणा पत्र को म्हारे सपणों का हरियाणा-2019-2024 नाम दिया गया है। इसे भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, राज्य के पार्टी प्रभारी नरेन्द्र सिंह तोमर, अनिल जैन, केन्द्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला और हरियाणा के मंत्रियों-ओम प्रकाश धनखड़ और अनिल विज ने संयुक्त रूप से जारी किया।
घोषणा-पत्र समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि व्यक्तिगत संपर्क के जरिए समाज के सभी वर्गों और सभी पेशों से जुड़े लोगों से विचार-विमर्श के बाद घोषणा-पत्र तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि मसौदे को अंतिम रूप देने के लिए सोशल मीडिया पर लोगों की राय भी ली गई।
इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा-पत्र को संकल्प सूत्र और प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि रामराज्य लाने के उद्देश्य से महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर घोषणा-पत्र जारी किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा-पत्र में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए शैक्षणिक योग्यता की शर्त हटाने का वादा किया है जो उसकी मानसिकता को दर्शाता है।
Leave A Comment