ब्रेकिंग न्यूज़

दीपावली और छठ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई: सीएम योगी आदित्यनाथ

 नई दिल्ली।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि पर्व उल्लास, उमंग, आस्था और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। इन अवसरों पर ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि कोई भी अप्रिय घटना त्योहारों की खुशियों में खलल न डाल सके। उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

 सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अराजक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली को देखते हुए शासन से लेकर तहसील और थाना स्तर तक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने या शरारतपूर्ण बयानबाजी के जरिए माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ तत्काल प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए।
 7 नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने अंतरजनपदीय और स्थानीय स्तर पर सुगम यातायात व्यवस्था बनाने तथा रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
 सीएम योगी ने प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास 24 घंटे पुलिस निगरानी, पैदल गश्त और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और पीआरवी-112 को लगातार सक्रिय रखने को कहा। योगी आदित्यनाथ ने प्रतिमा स्थापना से जुड़े कार्यक्रमों में नियमानुसार समयबद्ध अनुमति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों की आड़ में विवाद खड़ा करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
 पटाखों की बिक्री और अग्नि सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही स्थापित किए जाएं। इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त फायर टेंडर और जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने नगर विकास और पंचायती राज विभाग को मलिन बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक विशेष स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था अभियान चलाने के निर्देश दिए। सभी क्षेत्रों में नियमित सैनिटाइजेशन और एंटी-लार्वा फॉगिंग कराई जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी जलभराव, कूड़े के ढेर या सड़कों पर गड्ढे नहीं होने चाहिए। पर्वों के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। परिवहन विभाग को यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें संचालित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने अनफिट और डग्गामार वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा निजी बस संचालकों की ओर से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
 जनहित, किसान कल्याण और कर्मचारी हितों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पूरी पारदर्शिता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि राशन वितरण में घटतौली की शिकायत मिलने पर ऐसी कठोर कार्रवाई हो, जो दूसरों के लिए नजीर बने। सेवानिवृत्त पेंशनरों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के लंबित मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण किया जाए।
 मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिए कि आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय त्योहार से पहले अनिवार्य रूप से उनके बैंक खातों में अंतरित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करने को कहा। किसानों के हितों की रक्षा पर जोर देते हुए योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों को यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद का कृत्रिम संकट पैदा करने, जमाखोरी करने या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धान खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज की तौल पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी किसान अपनी उपज बेचे बिना निराश होकर केंद्र से वापस न लौटे। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english