भाईदूज भाई-बहन के बीच प्यार भरे रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक: पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देशवासियों को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पावन पर्व को भाई-बहन के स्नेहपूर्ण और प्रगाढ़ रिश्ते की मिठास तथा आत्मीयता का प्रतीक बताया।एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, “देशभर के मेरे परिवारजनों को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व भाई-बहन के स्नेहपूर्ण व प्रगाढ़ रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर मैं सभी की प्रसन्नता और संपन्नता की कामना करता हूं।”
लोकसभा स्पीकर और अन्य नेताओं ने भी दी बधाई
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि भाई दूज भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अनमोल रिश्ते को समर्पित पर्व है। उन्होंने लिखा, “यह त्योहार हमें परिवार के रिश्तों की आत्मीयता और एक-दूसरे के प्रति स्नेह, सम्मान व जिम्मेदारी के भाव का स्मरण कराता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हर भाई-बहन का रिश्ता प्रेम और विश्वास से सदैव मजबूत बना रहे और उनके जीवन में सुख, स्वास्थ्य, खुशहाली व समृद्धि का संचार हो।”
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भाई-बहन के पवित्र बंधन और प्रेम के प्रतीक इस पर्व की शुभकामनाएं दीं। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी कहा कि यह परंपरा भाई-बहनों के बीच स्नेह, विश्वास और जीवन भर के साथ का सम्मान करती है। उन्होंने सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
भाई दूज कब और क्यों मनाया जाता है?
भाई दूज विक्रम संवत और शालिवाहन शक कैलेंडर के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, इसी दिन देवी यमुना ने अपने भाई यमराज को घर पर भोजन के लिए आमंत्रित किया था। तब से यह दिन भाई दूज के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन सभी जीव नरक के कष्टों से मुक्त हुए और उन्हें सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिला।









Leave A Comment