वाहन खरीदने के बहाने घर में घुसे, बच्चे को जबरन कार में बैठाने लगे; छत से मां ने शोर मचाया तो भागे
जबलपुर। संजीवनी नगर में गैस एजेंसी संचालक के बेटे के अपहरण की कोशिश की गई। 17 वर्षीय किशोर की सूझबूझ और मां के शोर मचाने के चलते पांच अपहरणकर्ता अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाए। आरोपी किशोर के घर उसकी सेकेंड हैंड चार पहिया वाहन खरीदने के बहाने पहुंचे थे। किशोर आरोपियों को बाहर तक छोडऩे गया। उसी दौरान आरोपियों ने उसे अगवा करने की कोशिश की, लेकिन छत पर मौजूद उसकी मां और एक होमगार्ड सैनिक के शोर मचाने पर उन्हें भागना पड़ा।
पुलिस के अनुसार जसूजा सिटी सामुदायिक भवन के पास संदीप कुसरे का घर है। कुसरे की कांच घर में इंडेन कंपनी की गैस एजेंसी है। इस संदीप गैस एजेंसी को वे समीक्षा टाउन से संचालित करते हैं। उनका 17 वर्षीय बेटा सुजल कुसरे 11वीं में पढ़ता है। सोमवार दोपहर 2.30 बजे सुजल और उसकी मां घर पर थे। तभी एक बिना नंबर की सफेद कार से पांच लोग पहुंचे। बोले कि संदीप कुसरे से बात हुई है, बिक रही गाड़ी दिखा दो। सुजल ने आरोपियों को गाड़ी दिखाई और फिर उन्हें बाहर तक छोडऩे भी गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने उसे गाड़ी में बैठकर बिकने वाली अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर लिखने को कहा। इस पर उसने मना कर दिया और बाहर ही खड़े होकर रजिस्ट्रेशन नंबर लिखने लगा। तभी गाड़ी से उतरे दो आरोपी उसे धक्का देकर वाहन में बिठाने लगे। उसने शोर मचाया। छत पर उसकी मां भी खड़ी होकर देख रही थी। उसने भी शोर मचाया। संयोग से उसी दौरान होमगार्ड में काम करने वाले भी पहुंच गए। इसके चलते आरोपियों को भागना पड़ा।
पुलिस ने बताया कि सुजल ने आरोपियों की 25 से 30 की उम्र बताई है। तीन को देखकर वह पहचान जाएगा। सुजल की शिकायत पर संजीवनी नगर पुलिस ने मामले में 363, 511 भादवि का प्रकरण दर्ज कर जांच में जुटी है।


.jpg)
.jpg)





.jpg)
Leave A Comment