लॉकडाउन में पति गया जेल, दूसरे युवक से बन गए संबंध, पति ने पत्नी को मार डाला
दीपा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा
बागपत। यूपी में बागपत के ग्राम निबाली में विवाहिता दीपा की हत्या के केस का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा किया। पुलिस का दावा है कि अवैध संबंध के शक में आरोपी पति ने अपनी पत्नी की हत्या की थी। आरोपित पति को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि विवाहिता दीपा (30) की बुधवार रात गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। घटना का किसी को पता न चले, इसलिए गुरुवार तड़के ही दीपा के शव की अंत्येष्टि की गई थी। दीपा के पिता नरेंद्र शर्मा निवासी मीतली ने कोतवाली पर अपने आरोपी दामाद सुबोध (दीपा के पति) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही के मुताबिक शुक्रवार सुबह आरोपी सुबोध को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी सुबोध ने बताया कि उसने गांव के एक युवक के साथ साझे में एक गाय खरीदी थी। गाय उसके घर में रहती थी। उक्त युवक गाय की देखरेख करता था। पुलिस ने बताया कि लाकडाउन के समय शराब के एक मुकदमे में आरोपी सुबोध करीब 35 दिन जेल में बंद था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि इस दौरान दीपा के संबंध उक्त युवक से हो गए थे। इसकी जानकारी जेल से जमानत पर आने के बाद लोगों से हुई थी। समझाने के बाद भी दीपा ने युवक से मिलना बंद नहीं किया। एक-दो बार दीपा को युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने गत तीन मार्च को युवक से बातें करते हुए दीपा को देखा गया था। आरोपी ने शाम को कमरे में बुलाकर गुस्से में दीपा को थप्पड़ मार दिया था। आरोपी ने समझाने की कोशिश की तो दीपा अनावश्यक बहस करने लगी थी। इस कारण आरोपी सुबोध ने दीपा का गला दबा दिया था, जिससे दीपा की मौत हो गई। आरोपी ने पोल खुलने के डर से घटना की जानबूझकर ससुरालीजनों को जानकारी नहीं दी थी। आरोपी सुबोध ने बताया कि उसने बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे पत्नी दीपा की हत्या कर दी थी। शुक्रवार सुबह करीब 5.30 बजे तक दीपा के शव के पास बैठा रहा था। उसके बाद ही स्वजन को दीपा की मौत की जानकारी दी। इसके बाद उसने दीपा के शव की अंत्येष्टि कर दी थी।






.jpg)


.jpg)
Leave A Comment