देश में अब तक साढ़े तीन करोड़ से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लगा
नई दिल्ली। भारत में पात्र लोगों को अब तक तीन करोड़ 50 लाख से अधिक कोविड के टीके लगाए जा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इनमें से 75 लाख 6 हजार से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मियों को पहले दौर का टीका लगाया गया है जबकि 45 लाख 54 हजार को दूसरे दौर का टीका लगाया गया है। अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं में से करीब 76 लाख को पहले दौर का और 16 लाख 47 हजार को दूसरे दौर का टीका लगाया गया है।
मंत्रालय में बताया है कि अन्य बीमारियों से ग्रस्त 45 वर्ष से अधिक के 21 लाख 66 हजार से ज्यादा पात्र लोगों को और 60 वर्ष से अधिक उम्र के एक करोड़ 15 लाख से अधिक लोगों को पहले दौर का टीका लगाया गया है। पिछले 24 घंटे में 21 लाख 17 हजार से अधिक लोगों को कोविड का टीका लगाया गया।
इस समय देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 96.56 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में 17 हजार से अधिक कोविड रोगी स्वस्थ हुए हैं। मंत्रालय ने बताया है अब तक इस बीमारी से एक करोड़ दस लाख से अधिक रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। इस समय देश में दो लाख 34 हजार से अधिक सक्रिय मामले हैं जो कुल मामलों का केवल 2.05 प्रतिशत है। कोविड मामलों की संख्या एक करोड़ 14 लाख से अधिक हो गई है। महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु में दैनिक मामलों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटों में सामने आए कोविड के मामलों का 71.10 प्रतिशत इन्हीं राज्यों से हैं।
Leave A Comment