पोबितोरा वन्य अभयारण्य में पक्षियों की संख्या में गिरावट, दो नयी प्रजाति मिली
मोरिगांव. असम के पोबितोरा वन्य अभयारण्य में प्रत्येक पक्षियों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है लेकिन जलपक्षी गणना के दौरान दो नयी प्रजातियां देखी गई। एक वन अधिकारी ने यह जानकारी दी। पक्षियों की शुक्रवार को हुई गणना में 7,225 पक्षी दर्ज किए गए जिनकी संख्या 2022-23 की गणना में 8,441 थी। अभयारण्य वन रक्षक नयन ज्योति दास ने कहा कि इस वर्ष पहचानी गई प्रजातियों की संख्या 72 थी जो पिछली गणना में दर्ज हुई 70 से अधिक है। उन्होंने कहा कि अभयारण्य में पहली बार देखी गई दो नई प्रजातियां ग्रेटर 'व्हाइट-फ्रंटेड गूज' और 'बैकाल टील' हैं। प्रोफेसरों, अनुसंधान विद्वानों, स्थानीय पक्षीविदों और वन कर्मचारियों सहित 45 विशेषज्ञों के एक दल ने यह सर्वेक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि अभयारण्य के जलाशयों को इस वर्ष सात खंडों में विभाजित किया गया था। वहीं, अभयारण्य में अब तक एवियन फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है।
Leave A Comment