विश्व स्वास्थ्य संगठन कब अस्तित्व में आया
अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य समस्याओं पर दुनिया भर के देशों के आपसी सहयोग के लिए 7 अप्रैल, वर्ष 1948 में बड़ा कदम उठाया गया था। संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य मामलों की एजेंसी विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्थापना 7 अप्रैल 1948 को हुई थी। इसीलिए आज के दिन को विश्व स्वास्थ्य दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन, स्वास्थ्य के लिए संयुक्त राष्ट्र की विशेषज्ञ एजेंसी है। यह एक अंतर-सरकारी संगठन है जो आमतौर पर सदस्य देशों के स्वास्थ्य मंत्रालयों के जरिए उनके साथ मिलकर काम करता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन दुनिया में स्वास्थ्य संबंधी मामलों में नेतृत्व प्रदान करने, स्वास्थ्य अनुसंधान एजेंडा को आकार देने, नियम और मानक तय करने, प्रमाण आधारित नीतिगत विकल्प पेश करने, देशों को तकनीकी समर्थन प्रदान करने और स्वास्थ्य संबंधी रुझानों की निगरानी और आकलन करने के लिए जिम्मेदार है।
इस संगठन का उद्देश्य है दुनिया भर के लोगों के स्वास्थ्य का स्तर ऊंचा करना। डब्ल्यूएचओ का मुख्यालय स्विट्जरलैंड के जेनेवा शहर में स्थित है। इसकी स्थापना पर 22 जुलाई 1946 को संयुक्त राष्ट्र के तत्कालीन सभी 61 सदस्य देशों ने सहमति जताई थी। इस समय 194 देश विश्व स्वास्थ्य संगठन के सदस्य हैं।
डब्ल्यूएचओ की स्थापना से अब तक संगठन ने कई जानलेवा बीमारियों और चेचक जैसी महामारियों को मिटाने में उल्लेखनीय कदम उठाए हैं। इस समय संगठन का खास ध्यान कोरोना वायरस, टीबी, कैंसर और एचआईवी जैसी बड़ी बीमारियों पर है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चुनौती के रूप में सामने खड़ी हैं। पोषण, खाद्य सुरक्षा और यौन संबंधी बीमारियां भी डब्ल्यूएचओ के कार्यक्षेत्र में अहम हैं।
भारत के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के कंट्री कार्यालय का मुख्यालय दिल्ली में है और देश भर में उसकी उपस्थिति है।
डब्ल्यूएचओ यानी विश्व स्वास्थ्य संगठन के स्थापना दिवस को हर साल विश्व स्वास्थ्य दिवस के तौर पर मनाया जाता है। हर साल विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम अलग-अलग होती है। इस साल यानी 2020 के लिए विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम नर्सों और मिडवाइफ की सहायता करें है। इस थीम के माध्मय से नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की अहम भूमिका को सराहा गया है।
अपनी स्थापना के बाद से डब्ल्यूएचओ ने स्मॉल पॉक्स बिमारी को खत्म करने में बड़ी भूमिका निभाई है। फिलहाल डब्ल्यूएचओ एड्स, इबोला और टीबी जैसी खतरनाक बिमारियों की रोकथाम पर काम कर रहा है। डब्ल्यूएचओ वल्र्ड हेल्थ रिपोर्ट के लिए जिम्मेदार होता है जिसमें पूरी दुनिया से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का एक सर्वे होता है।
Leave A Comment