- Home
- देश
-
भोपाल। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 14 मार्च को भोपाल में अयोजित एक रैली में मध्य प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। आप के संगठन महासचिव संदीप पाठक ने कहा कि उनकी पार्टी इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 230 सीट पर पूरे दमखम से चुनाव लड़ेगी।
पाठक ने कहा, "अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान 14 मार्च को भोपाल आ रहे हैं। मध्य प्रदेश में आप की यह चुनावी रैली होगी। मध्य प्रदेश के लोग बदलाव के लिए मतदान करना चाहते हैं।'' संदीप पाठक ने शनिवार को पत्रकारवार्ता में मध्य प्रदेश में हाल में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन का हवाला दिया और कहा कि आप मध्य प्रदेश में अगली सरकार बनाएगी।
पाठक ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता आज खुद को ठगा महसूस कर रही है और तीसरा विकल्प तलाश रही है । उन्होंने कहा, "लोगों ने भाजपा और कांग्रेस को पर्याप्त समय दिया, लेकिन दोनों ने उनका कोई भला नहीं किया है। इसलिए, लोग अब मध्य प्रदेश में आप की ओर देख रहे हैं।" आप नेता ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी दिल्ली की तर्ज पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के मुद्दों पर काम किया जाएगा।
पाठक ने कहा कि आप तेजी से देश में एक वैकल्पिक राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी है और केवल 10 वर्षों में दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाकर तथा गुजरात में प्रभावशाली प्रदर्शन करके एक राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख केजरीवाल के मध्य प्रदेश दौरे के बाद शीघ्र ही प्रदेश में पार्टी संगठन की घोषणा कर दी जाएगी। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि सरकार बुनियादी ढांचे के विकास को अर्थव्यवस्था के लिए प्रेरक शक्ति मानती है और इससे भारत को 2047 तक एक विकसित देश बनने में मदद मिलेगी। मोदी ने बजट के बाद बुनियादी ढांचे और निवेश के विषय पर आयोजित एक वेबिनार में कहा कि इस साल का बजट देश में बुनियादी ढांचा क्षेत्र के विकास को नयी ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम बुनियादी ढांचे के विकास को अर्थव्यवस्था के लिए प्रेरक शक्ति मानते हैं। भारत इस रास्ते पर चलकर 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य हासिल कर लेगा।'' मोदी ने कहा कि अब इस विकास की गति को तेज करने और ‘टॉप गियर' में ले जाने की जरूरत है और इसमें ‘प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान' महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सड़क, रेलवे, बंदरगाह और हवाई अड्डा जैसे सभी क्षेत्रों में आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे व्यवसायों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और ‘लॉजिस्टिक' (माल की ढुलाई एवं आपूर्ति प्रबंधन) लागत को कम करने में मदद मिलेगी।
-
मुंबई. महाराष्ट्र में नियमों के उल्लंघन के आरोप में कफ सिरप बनाने वाली छह कंपनियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। राज्य सरकार ने विधानसभा में यह जानकारी दी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री संजय राठौड़ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक आशीष सेलार और अन्य के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर शुक्रवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक कंपनी में बनी कफ सिरप पीने से पिछले साल उज्बेकिस्तान में 18 बच्चों की मौत हो गयी थी। नोएडा पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने कंपनी के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। राठौड़ ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कफ सिरप के 108 निर्माताओं में से 84 के खिलाफ एक जांच शुरू की थी। इनमें से चार को उत्पादन रोकने का निर्देश दिया गया, जबकि छह कंपनियों के लाइसेंस निलंबित कर दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि 17 कंपनियों को नियमों के उल्लंघन के लिए ‘कारण बताओ' नोटिस भेजे गए। सेलार ने कथित तौर पर भारत से आयातित कफ सिरप पीने से गाम्बिया में 66 बच्चों की मौत होने का जिक्र किया, लेकिन साथ ही कहा कि उस मामले में नियमों के उल्लंघन के आरोप का सामना कर रही कंपनी हरियाणा में स्थित थी तथा महाराष्ट्र में उसकी कोई उत्पादन इकाई नहीं थी।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली में शनिवार से शुरू हुए वैश्विक कल्याण सम्मेलन ‘एजिंग ब्लिसफुली' में जाने-माने योग गुरु गुरमुख कौर खालसा, अभिनेत्री पूजा बेदी, फैशन डिजाइनर सुनीत वर्मा और तिब्बती लेखक नामग्याल तकल्हा सहित कई हस्तियों ने भाग लिया। दिल्ली के राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय और हस्तकला अकादमी में शनिवार को शुरू हुए दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य लोगों को बढ़ती उम्र को स्वीकारने और आनंददायी जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना है। ‘द पॉजिटिविटी प्रोजेक्ट फाउंडेशन' द्वारा आयोजित और बिहार सरकार के कला और संस्कृति मंत्रालय द्वारा समर्थित सम्मेलन में शिक्षकों, आध्यात्मिक गुरुओं, कल्याण विशेषज्ञों द्वारा चर्चाएं और कार्यशालाएं शामिल होंगी। चर्चाओं में जोर दिया जाएगा कि “बढ़ती उम्र और अधिक आनंददायी और सुंदर हो सकती है।\
-
संत कबीरनगर। उत्तर प्रदेश में संत कबीरनगर के खलीलाबाद में शनिवार तड़के उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम की पिंक सेवा की एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई जिससे महिला परिचालक की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए कहा कि हादसे में अन्य छह यात्री घायल हुए हैं। यह हादसा खलीलाबाद कोतवाली इलाके में हुआ।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सर्वेश कुमार ने बताया कि शनिवार तड़के करीब तीन बजे लखनऊ से गोरखपुर जा रही पिंक सेवा की बस जब थाना क्षेत्र के माघेर नगर के पास पहुंची तो वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गयी। कुमार ने बताया कि हादसे में परिचालक नेहा यादव (30) की मौत हो गई और अन्य छह यात्री घायल हो गये।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि घायलों में एक ही हालत गंभीर है जिसे स्थानीय अस्पताल में सामान्य उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि बस में 40 लोग यात्रा कर रहे थे। एसएचओ ने कहा कि आगे की कार्यवाही की जा रही है। - नयी दिल्ली। वरिष्ठ नौकरशाह मनीषा शर्मा को पर्यटन मंत्रालय में महानिदेशक (पर्यटन) नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय की तरफ से शनिवार को जारी एक आदेश में यह जानकारी दी गई। सक्सेना भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की 1996 बैच की अरुणाचल प्रदेश-मिजोरम-गोवा-केंद्र शासित क्षेत्र (एजीएमयूटी) कैडर की अधिकारी हैं। वहीं, कर्नाटक कैडर की 1989 बैच की भारतीय वन सेवा की अधिकारी मीनाक्षी नेगी को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में सदस्य सचिव नामित किया गया है। एजीएमयूटी कैडर के 1993 बैच के आईएएस अधिकारी खिल्ली राम मीणा अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव होंगे। मीणा फिलहाल ग्रामीण विकास मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार के पद पर तैनात हैं।
- लातूर। मध्य महाराष्ट्र के लातूर जिले में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एक घटना में टेम्पो में ले जाई जा रही नौ भेड़ों की भी मौत हो गई। लातूर तहसील में शुक्रवार रात सामने से आ रहे तेज रफ्तार टेम्पो ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसा जोड़ जावला गांव के पास हुआ। अधिकारी ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार कलंब की ओर जा रहे थे। उप निरीक्षक नंदकिशोर कांबले ने बताया कि गेटगांव पुलिस थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और शवों को लातूर के सरकारी अस्पताल ले गई। पुलिस के एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि इससे कुछ घंटे पहले अहमदपुर तहसील के शिरूर ताजबंद-मुखेड़ पर ओमरगा पाटी के पास इसी तरह की दुर्घटना में दो मोटरसाइकिल सवारों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान हामिद चंदूलाल सैय्यद (45) और आनंद गोविंदराव कदम के रूप में हुई है।
- नयी दिल्ली। यहां की एक अदालत ने शनिवार को आबकारी नीति से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की सीबीआई हिरासत छह मार्च (सोमवार) तक के लिये बढ़ा दी।इससे पहले, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सिसोदिया की और तीन दिन के लिये हिरासत मांगी थी। हालांकि, अदालत ने फिलहाल सिसोदिया की सीबीआई हिरासत दो दिन के लिये ही बढ़ाई।सिसोदिया के वकील ने सीबीआई की याचिका का विरोध किया। वकील ने कहा कि जांच पूरी करने में एजेंसी की अक्षमता हिरासत का आधार नहीं हो सकती और उन्हें खुद को दोषी मानने के लिए नहीं कहा जा सकता है।विशेष न्यायाधीश एम. के. नागपाल के समक्ष पेश किये गये सिसोदिया ने कहा कि सहयोग नहीं करना हिरासत का आधार नहीं हो सकता है और उन्होंने हिरासत के अनुरोध संबंधी सीबीआई की याचिका का विरोध किया।राउज एवेन्यू अदालत परिसर के अंदर और बाहर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है।आम आदमी पार्टी (आप) के समर्थकों ने अदालत परिसर के बाहर धरना दिया और नारे लगाए।सिसोदिया को गत सोमवार को पांच दिन की सीबीआई की हिरासत में भेजा गया था।गौरतलब है कि सीबीआई ने साल 2021-22 की आबकारी नीति तैयार करने और कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में रविवार शाम सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया था।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में जलशक्ति अभियान के अंतर्गत कैच द रेन अभियान की शुरूआत की। इसका उद्देश्य पेयजल के स्रोतों को टिकाऊ बनाए रखना है। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि जल संरक्षण और प्रबंधन भारत के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण मुद्दे हैं क्योंकि भारत में जल संसाधन केवल चार प्रतिशत हैं। उन्होंने कहा कि अनियोजित शहरीकरण के कारण देश में जल संरक्षण के पारंपरिक तरीके लुप्तप्राय हो गए हैं और जल की कमी तथा ग्लोबल वार्मिंग की समस्या इसी से पैदा हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ-साथ जल संरक्षण के पारंपरिक तरीकों को फिर से अपनाना मौजूदा समय की मांग है।
स्वच्छ-सुजल भारत के निर्माण के लिए जल-संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं को सम्मानित करने के लिए राष्ट्रपति ने आज नई दिल्ली में स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान प्रदान किए। ये पुरस्कार स्वच्छ भारत मिशन- ग्रामीण, जल जीवन मिशन और राष्ट्रीय जल मिशन की अलग-अलग श्रेणियों में प्रदान किए गए। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने मुर्मु ने जलशक्ति से नारी शक्ति विषय पर एक वीडियो और एक स्मारक-टिकट भी जारी किया।श्रीमती मुर्मु ने स्वच्छ सुजल शक्ति की अभिव्यक्ति भी जारी की जिसमें स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण, जल जीवन मिशन और राष्ट्रीय जल मिशन से जुड़े महत्वपूर्ण संदर्भ हैं। कार्यक्रम में, जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण बारत ने जलशक्ति अभियान में असाधारण सफलता प्राप्त की है। श्री शेखावत ने कहा कि मौजूदा अमृत काल, जल के क्षेत्र में वास्तविक क्रांति का काल है और इससे जल-संरक्षण की अवधारणा मज़बूत हुई है। - नयी दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस आठ मार्च से चार दिन की भारत यात्रा करेंगे, जिसका मकसद व्यापार, निवेश और महत्वपूर्ण खनिजों सहित कई क्षेत्रों में समग्र द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देना है।पिछले साल मई में प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी।विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शनिवार को कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस आठ से 11 मार्च तक भारत की राजकीय यात्रा करेंगे।”अल्बनीस के साथ व्यापार एवं पर्यटन मंत्री डॉन फैरेल और संसाधन एवं उत्तरी ऑस्ट्रेलिया मामले की मंत्री मेडेलीन किंग के अलावा एक उच्च-स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा।विदेश मंत्रालय ने कहा कि अल्बनीस होली के दिन आठ मार्च को अहमदाबाद पहुंचेंगे।इसके बाद वह नौ मार्च को मुंबई जाएंगे और फिर उसी दिन दिल्ली आएंगे। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का 10 मार्च को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में रस्मी स्वागत किया जाएगा।इसके बाद मोदी और अल्बनीस वार्षिक शिखर वार्ता करेंगे, जिसमें भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही दोनों आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर भी विचार विमर्श करेंगे।पिछले कुछ वर्षों में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। जून 2020 में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदल दिया गया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “प्रधानमंत्री अल्बनीस की यात्रा से व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गति मिलने की उम्मीद है।
- नई दिल्ली। भारत में ऐसे कई सारे धार्मिक स्थल हैं, जहां हर साल लोग भगवान के दर्शन करने जाते हैं। इन्हीं दार्शनिक स्थलों में चार धाम मंदिर भी शामिल है, जहां देश-विदेश से लोग दर्शन करने आते हैं। इस साल होने वाली चार धाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन पहले भी शुरू हो चुके हैं। वहीं, अब आईआरसीटीसी लोगों को चार धाम के दर्शन कराने के लिए अपने नए टूर पैकेज का एलान किया है। तो चलिए जानते हैं इस पैकेज से जुड़ी सभी जरूरी डिटेल्स-इस दिन से शुरू होगी यात्राआईआरसीटीसी द्वारा जारी किए गए इस टूर पैकेज के तहत लोगों को बद्रीनाथ, बरकोट, गंगोत्री, गुप्तकाशी, हरिद्वार, जानकी चट्टी, केदारनाथ, सोनप्रयाग, उत्तरकाशी, यमुनोत्री के दर्शन करने का मौका मिलेगा। 11 रातों और 12 दिन का यह टूर 21 मई से शुरू होगा, जो 25 जून तक जारी रहेगा। इस यात्रा में शामिल होने के लिए आपको छह अलग-अलग तारीखों पर फ्लाइट मिलेगी। आप अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा की तारीख का चुनाव कर सकते हैं। चार धाम यात्रा के लिए तारीखें निम्न हैं-21 मई से 01 जून28 मई से 08 जून04 जून से 15 जून11 जून से 22 जून18 जून से 29 जूनऐसा होगा यात्रा का शेड्यूलआईआरसीटीसी की तरफ से जारी किए गए इस टूर पैकेज की शुरुआत 21 मई से होगी। इसके लिए आपको मुंबई एयरपोर्ट से पिक किया जाएगा और फिर यहां से आपकी चार धाम यात्रा की शुरुआत होगी। इसके बाद तय शेड्यूल के मुताबिक आप एक-एक कर बद्रीनाथ, बरकोट, गंगोत्री, गुप्तकाशी, हरिद्वार, जानकी चट्टी, केदारनाथ, सोनप्रयाग, उत्तरकाशी, यमुनोत्री घुमाया जाएगा।कितना होगा किरायावहीं, बात करें इस पूरे टूर के किराए की, अगर आप अकेले जाना चाहते हैं, तो इस टूर के लिए 67000 रुपये का किराया देना होगा। जबकि दो लोगों को 69900 रुपये और तीन लोगों को 91400 रुपये का किराया देना होगा। किराए के इन रुपयों में यात्रियों को मुंबई से आने-जाने तक का हवाई किराया,11 रातों के लिए होटलों या गेस्ट हाउस में स्टे, गैर वातानुकूलित टेंपो से पर्यटन स्थलों के भ्रमण, नाश्ता और रात का खाना जैसी तमाम सुविधाएं दी जाएगी। इस टूर पैकेज से जुड़ी विस्तृत जानकारी और बुकिंग के लिए आप आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट या आईआरसीटीसी के ऑफिस भी जा सकते हैं।
- रांची । झारखंड के बोकारो जिले में शराब बनाने की एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया और वहां से करीब एक करोड़ रुपये की नकली शराब जब्त की गयी। आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एक खुफिया सूचना मिलने के बाद आबकारी विभाग के एक दल ने राजधानी रांची से करीब 120 किलोमीटर दूर गंजोरी गांव में एक अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा।आबकारी निरीक्षक प्रवीण चौधरी ने कहा, ‘‘फैक्ट्री गंजोरी गांव में एक बंकर में चलायी जा रही थी। हमने घटनास्थल से 2,000 लीटर स्पिरिट, नकली शराब के 300 कार्टून और शराब बनाने के लिए आवश्यक अन्य सामान जब्त किये। जब्त की गयी शराब की कीमत करीब एक करोड़ रुपये होगी।’’ उन्होंने कहा कि छापे के वक्त फैक्ट्री में करीब 20 लोग काम कर रहे थे और घटनास्थल से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। चौधरी ने बताया कि होली के उत्सव के लिए राज्य के विभिन्न जिलों तथा बिहार में आपूर्ति के लिए नकली शराब बनायी जा रही थी।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा ने करीब दो दशक पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्कालीन विधायक सलिल विश्नोई द्वारा दिए गए विशेषाधिकार हनन के नोटिस के मामले में शुक्रवार को छह पुलिसकर्मियों को एक दिन के कारावास की सजा सुनाई।राज्य विधानसभा ने तत्कालीन भाजपा विधायक सलिल विश्नोई द्वारा दिए गए विशेषाधिकार हनन नोटिस पर छह पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तलब किया था और सजा की घोषणा के समय वे सदन में मौजूद थे।विशेषाधिकार हनन नोटिस 25 अक्टूबर, 2004 को दिया गया था। उत्तर प्रदेश विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने इन सदस्यों को दोषी पाया था ।15 सितंबर, 2004 को तत्कालीन भाजपा विधायक सलिल विश्नोई कानपुर में बिजली कटौती के खिलाफ जिलाधिकारी (कानपुर नगर) को एक ज्ञापन सौंपने के लिए जा रहे एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे, जब पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की थी ।विश्नोई के साथ अभद्रता करने के आरोप में कानपुर के तत्कालीन पुलिस क्षेत्राधिकारी (अब सेवानिवृत्त) अब्दुल समद समेत छह पुलिसकर्मियों को विशेषाधिकार हनन का दोषी करार देते हुए शुक्रवार को एक दिन के कारावास की सजा सुनाई गई।विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन की कार्यवाही के दौरान इन सभी पुलिसकर्मियों को सजा सुनाई । संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने दोषियों को एक दिन के कारावास (रात 12 बजे तक) के लिए प्रस्ताव पेश किया और महाना ने फैसले की घोषणा की।अध्यक्ष ने कहा कि छह पुलिसकर्मियों को रात 12 बजे तिथि बदलने तक विधानसभा के ही एक कक्ष में कैद रखा जाएगा और उनके लिए भोजन तथा अन्य व्यवस्था की जाएगी।इन सभी पुलिसकर्मियों को विधानसभा में ही बने विशेष प्रकोष्ठ में रखा गया है ।इससे पहले संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने 2004 में जनप्रतिनिधि विश्नोई की पिटाई करने के मामले में इन पुलिसकर्मियों को सजा देने की मांग की थी । सदन में जब इन पुलिसकर्मियों से अपना पक्ष रखने को कहा गया तो इन लोगों ने बिना शर्त माफी मांगी थी ।इन लोगों को सदन की विशेषाधिकार समिति की सिफारिश पर समन जारी किया गया था, जिसकी सोमवार को बैठक हुई थी। समिति ने इन पुलिसकर्मियों के लिए कारावास की सिफारिश की और सदन को शुक्रवार को कारावास की अवधि तय करनी थी।सजा पाने वालों में तत्कालीन पुलिस क्षेत्राधिकारी अब्दुल समद के अलावा किदवई नगर (कानपुर नगर) के तत्कालीन थानाध्यक्ष ऋषिकांत शुक्ला, तत्कालीन उप निरीक्षक (कोतवाली) त्रिलोकी सिंह, सिपाही छोटे सिंह यादव (किदवई नगर) और काकादेव थाने में तैनात तत्कालीन सिपाही विनोद मिश्रा व मेहरबान सिंह शामिल हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी समद को छोड़कर सभी पुलिसकर्मी अभी सेवा में हैं।
-
नागपुर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने बृहस्पतिवार को कहा कि हर भारतीय के पास देश के पारंपरिक ज्ञान भंडार की कुछ मूलभूत जानकारी होनी ही चाहिए। वह नागपुर जिले के कन्होलिबरा में आर्यभट्ट एस्ट्रोनोमी पार्क के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास परंपरागत रूप से जो है, उसके बारे में हर व्यक्ति के पास कम से कम मूलभूत जानकारी होनी चाहिए, इसे शिक्षा प्रणाली तथा लोगों के बीच आपसी बातचीत से हासिल किया जा सकता है।'' आरएसएस प्रमुख ने कहा कि ऐतिहासिक दृष्टि से भारत में चीजों को देखने का वैज्ञानिक नजरिया रहा है लेकिन आक्रमणों के कारण ‘ हमारी व्यवस्था नष्ट हो गयी और ज्ञान की हमारी संस्कृति विखंडित हो गयी।'' उन्होंने कहा कि यदि भारतीय अपने पारंपरिक ज्ञान-विज्ञान आधार को खंगाले और उन्हें यह मिले कि वर्तमान दौर में जो स्वीकार्य है, वह पहले भी था तो, ‘दुनिया की कई समस्याओं का हमारे समाधानों से हल किया जा सकता है।'' उन्होंने भारत के बाहर कई देशों को ज्ञान के स्वामित्व का गुमान होने का दावा करते हुए कुछ ऐसे देशों का उदाहरण दिया जो योग की जन्मस्थली होने का दावा करते हैं और उसपर स्वामित्व अधिकार पाने के लिए पेटेंट भी फाइल करते हैं। भागवत ने कहा, ‘‘ ज्ञान चाहने वाले को ज्ञान दिया जाए। ज्ञान सभी तक पहुंचना चाहिए। ''उन्होंने कहा कि चूंकि अन्य लोग बिना अनुमति ज्ञान लेना चाहते हैं तो ऐसे में जरूरी है कि हमें कम से कम यह पता हो कि हमारी परंपरा में कौन-कौन सी बातें हैं। उन्होंने कहा कि भारत का पारंपरिक ज्ञान भंडार विशाल है , हमारी कुछ प्राचीन पुस्तकें गायब हो गयीं जबकि कुछ के मामलों में निहित स्वार्थी तत्वों ने प्राचीन कृतियों में गलत दृष्टिकोण डलवा दिये। भागवत ने कहा कि नयी शिक्षा नीति के तहत तैयार पाठ्यक्रम में कुछ ऐसी बातें हैं जो पहले गायब थीं। -
नयी दिल्ली. भारत ने चाय उत्पादन को बढ़ावा देने, भारतीय चाय के लिए एक विशिष्ट ब्रांड बनाने और इस उद्योग के साथ जुड़े परिवारों के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। वाणिज्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। भारत दूसरा सबसे बड़ा चाय उत्पादक देश और काली चाय (ब्लैक टी) का सबसे बड़ा उत्पादक देश है और घरेलू आवश्यकताओं और निर्यात दायित्वों को पूरा करने के मामले में आत्मनिर्भर है। मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय चाय का विभिन्न देशों को निर्यात किया जाता है और बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा करने के अलावा यह चौथा सबसे बड़ा चाय निर्यातक देश है। चाय उद्योग 11.6 लाख श्रमिकों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार दे रहा है और इतनी ही संख्या में लोग इससे अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। मंत्रालय ने कहा है, ‘‘चाय बोर्ड के माध्यम से सरकार ने 352 स्वयं सहायता समूहों, 440 किसान उत्पादक संगठनों और 17 किसान उत्पादक कंपनियों के गठन में मदद की है। प्रूनिंग मशीनों और मैकेनिकल हार्वेस्टर (मशीन से पत्तों की तुड़ाई) की खरीद के लिए सहायता दी गई है।'' उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए मिनी चाय कारखानों की स्थापना के अलावा बेहतर मूल्य प्राप्ति और सूचना उपलब्ध कराने के मामले में छोटे चाय उत्पादकों की मदद के लिए मोबाइल ऐप 'चाय सहयोग' का विकास किया गया है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘वर्ष 2022-23 के दौरान विभिन्न भू-राजनीतिक, भू-आर्थिक और लॉजिस्टिक चुनौतियों के बावजूद भारतीय चाय निर्यात के मामले में 88.3 करोड़ डॉलर के निर्धारित लक्ष्य का 95 प्रतिशत से अधिक भाग हासिल होने की उम्मीद है।'
-
नयी दिल्ली. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) 2024-25 तक राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर 600 से ज्यादा स्थानों पर जनसुविधा केंद्र स्थापित करेगा। इन जनसुविधा केंद्रों पर पेट्रोल पंप, इलेक्ट्रिक चार्जिंग सुविधा, रेस्तरां और खुदरा दुकानें होंगी। एनएचएआई ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की। इसका लक्ष्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा अनुभव को बेहतर करना है। इसके तहत मौजूदा और आगामी राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर हर 40-60 किलोमीटर पर जनसुविधा केंद्र स्थापित किया जाएगा। एनएचएआई ने एक बयान में कहा कि केंद्रों पर यात्रियों के लिए कई सुविधाएं होंगी। इसमें पेट्रोल पंप, इलेक्ट्रिक चार्जिंग सुविधा, खाने-पीने के लिये रेस्तरां, खुदरा दुकानें और बैंक एटीएम शामिल हैं। एनएचएआई पहले से ही 160 जनसुविधा केंद्र आवंटित कर चुका है, जिनमें से लगभग 150 पिछले दो साल में ही स्थापित हुए हैं। अन्य 150 जनसुविधा केंद्र अगले वित्त वर्ष में अमृतसर-बठिंडा-जामनगर गलियारा, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे जैसे नए गलियारों पर स्थापित किए जाएंगे। एनएचएआई ने बताया कि फिलहाल कई पुराने और नए गलियारों पर 75 जनसुविधा केंद्रों के लिए निविदाएं जारी की जा चुकी हैं। ये स्थान आठ राज्यों में हैं, जिनमें राजस्थान में 27, मध्यप्रदेश में 18 और हिमाचल प्रदेश में तीन स्थान हैं।
-
वाराणसी . वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को होली से पहले ड्रोन बम हमले में उड़ाने की धमकी वाला पत्र मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। फूलपुर पुलिस ने बताया कि बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर होली से पहले ड्रोन हमले से उड़ाने की धमकी भरा पत्र डाक विभाग से प्राप्त हुआ है। पत्र विमान पत्तन के निदेशक के नाम से था। पत्र भेजने वाले ने अपना नाम नहीं लिखा है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में हवाई अड्डे के मुख्य सुरक्षा अधिकारी शक्ति त्रिपाठी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पिंडारा के सहायक पुलिस आयुक्त अमित पांडे ने बताया कि वाराणसी हवाई अड्डे को उड़ाने की चेतावनी भरा पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि पत्र भेजने वाले ने अपना नाम नहीं लिखा है।
-
गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम में एक और फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया है। इस बाबत तीन महिलाओं समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वे क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने पर अच्छा लाभ मिलने का लालच देकर लोगों से ठगी करते थे। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि शहर पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ ने बुधवार रात फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि तीन महिलाओं को बृहस्पतिवार सुबह पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से छह मोबाइल फोन, चार लेपटॉप और पांच सीपीयू बरामद किए हैं। इससे पहले गुरुग्राम की साइबर अपराध दल ने मंगलवार रात को एक अन्य फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया था और दो विदेश नागरिकों समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया था। उनपर आरोप है कि वे शेयर बाजार में लोगों को निवेश करने पर अच्छा लाभ मिलने का लालच देकर उन्हें ठगते थे। बुधवार और बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों को शहर की एक अदालत में पेश किया गया। अदालत ने कॉल सेंटर के तीन संचालकों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया जबकि 11 अन्य को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
-
नयी दिल्ली. दक्षिण दिल्ली में एक व्यक्ति के आत्महत्या करने के बाद उसकी पत्नी ने भी कथित रूप से खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मृतक दंपति की पहचान अजयपाल सिंह ओरगे (32) और मोनिका (32) के रूप में हुई है। वे ‘ट्रांजिट कैंप हुडको प्लेस' में रहते थे। अजयपाल नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) में परिचालन अधिकारी के रूप में काम करता था।
पुलिस को ‘ट्रांजिट कैंप हुडको प्लेस' के ब्लॉक-3ए के एक फ्लैट में संभावित आत्महत्या के बारे में देर रात दो बजकर 49 मिनट पर सूचना मिली। यह सूचना पालम के महावीर एन्क्लेव में रहने वाले अजयपाल के दोस्त आशीष तिवारी ने दी थी। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) चंदन चौधरी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने मोनिका को बेहोश पाया और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। चौधरी के अनुसार, मोनिका को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी के मुताबिक, उसके पड़ोसियों ने बताया कि पहले मोनिका के पति अजयपाल ने कथित रूप से खुदकुशी की थी जो जोर बाग मेट्रो स्टेशन के समीप नागर विमानन निदेशालय की एक इकाई में परिचालन अधिकारी था। पुलिस का कहना है कि मोनिका ने अपने पति को घर में कथित रूप से बेहाश देखा और उसे अस्पताल ले गयी थी जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाद में वह घर लौटी एवं उसने भी जहर खा लिया और उसकी भी मौत हो गई। दोनों की 26 नवंबर, 2022 को शादी हुई थी।पुलिस ने बताया कि मकान से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और किसी तरह की गड़बड़ी का संदेह भी नहीं है। पड़ोसियों ने पुलिस के बताया कि पति-पत्नी में अकसर बहस हुआ करती थी। अजयपाल के बड़े भाई योगेन्द्रपाल ने बताया कि उनकी अपने भाई से बुधवार को बात हुई थी।योगेन्द्रपाल ने बताया, ‘‘छोटी-मोटी बातों को लेकर अकसर उनका झगड़ा हो जाता था। मेरा भाई इन झगड़ों के बारे में मुझे बताता था। मेरी बुधवार दोपहर करीब एक बजे उससे बात हुई थी, उस वक्त वह दफ्तर में था। उसने कहा था कि सबकुछ सही चल रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उससे कहा था कि होली पर घर आओ, फिर बात करते हैं। जब मेरी बात हुई तो सबकुछ सही लग रहा था और मुझे जरा सा भी नहीं लगा कि वह ऐसा कुछ कर लेगा।'' वहीं, अजयपाल के रिश्तेदार बी.एस. घृतलेहारे ने बताया कि योगेन्द्रपाल ने फोन करके उनसे तत्काल दिल्ली पहुंचने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं चंडीगढ़ पुलिस में हूं और योगेन्द्रपाल ने फोन करके घटना की सूचना दी। वह मुंबई में रहता है और उसने मुझे तत्काल दिल्ली पहुंचने को कहा।'' उन्होंने बताया, ‘‘दंपति के बीच छोटी-मोटी बातों पर झगड़ा हुआ करता था और मैंने कई बार उनसे बात की है। उनकी आत्महत्या से सभी सदमे में हैं।'' वहीं, मोनिका के भाई का कहना है, ‘‘हम भोपाल में अपने घर पर थे, जब हमें घटना की सूचना मिली। हम सुबह दिल्ली पहुंचे।'' उन्होंने कहा, ‘‘वह मेरी छोटी बहन थी। इससे पहले तक सबकुछ सही चल रहा था। अगर हमें जरा सी भी भनक लगी होती तो, हम तत्काल आ गए होते।'' - नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लगातार जीत का श्रेय बृहस्पतिवार को पार्टी की सरकारों के कार्यों, उनकी कार्य संस्कृति तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण की ‘त्रिवेणी' को दिया। त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन पर बधाई देने के लिए यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि चुनाव परिणाम देश और दुनिया के सामने भारत के लोकतंत्र तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं में लोगों की आस्था को प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के चुनाव परिणामों ने पूरी तरह साफ कर दिया है कि यह क्षेत्र न तो ‘दिल्ली' से और ना ही ‘दिल' से दूर है। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने उत्तर पूर्व में भाजपा की सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री के इन राज्यों को मुख्य धारा में लाने के प्रयासों को तथा क्षेत्र में विकास के नीतिगत फैसलों को दिया। नड्डा ने कहा कि मोदी ने क्षेत्र को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया और यहां शांति तथा विकास के लिए काम किया
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश में पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाई देने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने पर विचार करने की आवश्यकता है। भारत की पर्यटन संभावना को बढावा देने पर बजट उपरान्त वेबिनार को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत के पर्यटन क्षेत्र को तटीय, मैनग्रोव, हिमालयी, एडवेंचर, वन्य जीवन, पारिस्थितकीय, विरासत और आध्यात्मिक पर्यटन के रूप में बढावा दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के केन्द्रीय बजट में पर्यटन क्षेत्र को समग्र रूप से बढावा देने का प्रावधान किया गया है।
भारत के सामाजिक और सांस्कृतिक सभ्यता का पर्यटन सदा ही एक हिस्सा रहा है। श्री मोदी ने कहा कि अगर हमारे देश में सुविधाएं बढाई जाएंगी, तो पर्यटकों की संख्या बढेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा की सुगमता बढेगी, तो पर्यटक आकर्षित होंगे। वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम और केदारनाथ धाम इसके जीवन्त उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि नागरिक सुविधाएं, डिजिटल सम्पर्क, स्वच्छता और बेहतर अवसंरचना पर्यटन को बढावा देने में सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की बढती संख्या से रोजगार के अवसर बढेंगे।श्री मोदी ने कहा कि भारत विदेशी पर्यटकों के अभूतपूर्व आगमन का साक्षी बन रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर योजना से इस अवसर का लाभ उठाने की आवश्यकता है। श्री मोदी ने कहा कि और अधिक विदेशी यात्रियों के आगमन को बढावा देने के लिए एक कार्यनीति बनाने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यटन सामग्री की रूपरेखा तैयार करने में सभी भाषाओं का प्रयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने पर्यटन एप्लीकेशन और डिजिटल सम्पर्क को और अधिक आधुनिक बनाने की बात कही। श्री मोदी ने कहा कि यह संयुक्त राष्ट्र की सभी भाषाओं और भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होना चाहिए। -
नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय को पोर्टर पुरस्कार-2023 दिया गया है। इस मंत्रालय ने कोविड का प्रबंधन करने में सरकार की रणनीति को मान्यता दी। इस मंत्रालय ने विभिन्न हितधारकों के शामिल होने, विशेषकर पीपीई किट बनाने वाले उद्योग में आशा कार्यकर्ताओं के दृष्टिकोण को भी स्वीकृति दी। इस पुरस्कार की घोषणा स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी में इंडिया डायलॉग के दौरान की गई थी। वैक्सीन को विकसित करने और निर्माण करने में देश के योगदान की भी प्रशंसा की गई। पोर्टर पुरस्कार का नाम पुरस्कृत अर्थशास्त्री माइकल ई पोर्टर के नाम पर रखा गया है। उन्होंने बाजार प्रतिस्पर्धा और कंपनी कार्यनीति, आर्थिक विकास, पर्यावरण और स्वास्थ्य सेवा सहित निगमों, अर्थव्यवस्थाओं और समाजों की अधिकतर चुनौतीपूर्ण समस्याओं से निपटने संबंधी आर्थिक सिद्धान्तों और कार्यनीतिक पद्धतियों को विकसित किया। श्री पोर्टर आज अर्थशास्त्र और व्यवसाय के अत्यधिक चर्चित विद्वान भी हैं।
-
कोटा. राजस्थान के कोटा में मानसिक रूप से अस्वस्थ चार साल के अपने बेटे की कथित रूप से हत्या करने को लेकर 26 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि मध्यप्रदेश के श्योपुर जिला निवासी आरोपी दिल अफरोज (26) ने मंगलवार को दादाबारी क्षेत्र के आधारशिला में अपने बेटे को कथित रूप से चंबल नदी में फेंक दिया। पुलिस उपाधीक्षक अमर सिंह ने बताया कि इस आरोपी महिला ने कबूल किया है कि वह मानसिक तौर पर अस्वस्थ्य अपने बेटे से आजिज आ गयी थी, यह बच्चा ठीक से बोल नहीं पा रहा था एवं कमजोर भी था। पुलिस के अनुसार बच्चे से मुक्ति पाने के लिए आरोपी अफरोज बारां जिले के मंगरोल से छह साल की अपनी बेटी एवं बेटे के साथ बस से 90 किलोमीटर की दूरी तय कर आयी थी। पुलिस का कहना है कि यह आरोपी महिला पति एवं बच्चों के साथ एक शादी में शामिल होने के लिए मंगरोल आयी थी और फिर वे मंगलवार को कोटा पहुंचे थे। सिंह ने बताया कि आरोपी अफरोज ने दादाबारी में चंबल के तट पर पहुंचने के लिए आधारशिला के लिए ऑटोरिक्शा भाड़े पर लिया तथा स्थानीय मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद उसने अपने बेटे को नदी में कथित रूप से फेंक दिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार जब स्थानीय उपदेशक ने उससे बच्चे के बारे में पूछा तो वह जवाब देने से आनाकानी करने लगी। बाद में इस उपदेशक ने पुलिस को नदी में बच्चे के शव तैरने की सूचना दी। बच्चे की पहचान आरोपी महिला एवं उसके पति के पूछताछ के बाद पुष्ट की गयी । पुलिस ने कहा कि आरोपी अफरोज को बुधवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया और उसपर भादंसं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
-
मुंबई. मुंबई पुलिस ने अभिनेता शाहरुख खान के बंगले ‘मन्नत' की दीवार फांदकर अंदर घुसने के आरोप में बृहस्पतिवार को गुजरात के दो युवकों को हिरासत में लिया। बांद्रा पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, 19-20 साल के दोनों युवकों को बंगले में घुसने पर वहां ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि वे गुजरात से आए हैं और शाहरुख से मिलना चाहते थे।
अधिकारी ने बताया कि परिसर में बिना अनुमति के प्रवेश करने सहित भारतीय दंड संहिता की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। -
अहमदाबाद.केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 2019 में तत्कालीन राज्य जम्मू कश्मीर से संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद वहां पर पहली बार लोकतंत्र जमीनी स्तर पर पहुंचा है और केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवाद से संबंधित घटनाओं में कमी भी आई है। शाह ने यहां गुजरात विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विभिन्न प्रयासों की बदौलत कश्मीर में आज आतंकवाद और पथराव की घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने कहा, “कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए हटाने के बाद पहली बार लोकतंत्र वहां जमीनी स्तर पर पहुंचा है। कश्मीर (जम्मू और कश्मीर) में 90 विधायक और छह सांसद हुआ करते थे। आज, 30,000 से अधिक पंच, सरपंच के साथ-साथ तहसील और जिला पंचायत के सदस्य लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं।” गृह मंत्री ने कहा, “एक समय था जब कश्मीर में बम विस्फोट, हड़ताल और पथराव आम बात थी। आज कश्मीरी युवा हाथों में किताबें और लैपटॉप लिए हुए हैं।” वह सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘कश्मीर फेस्टिवल' के मौके पर कश्मीर विश्वविद्यालय और गुजरात विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों तथा संकाय सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। दोनों विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने इस उत्सव का आयोजन किया। शाह ने कहा, “कश्मीर विभिन्न संस्कृतियों के मिश्रण का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें इस्लाम, बौद्ध धर्म, शंकराचार्य की शिक्षाएं और सूफीवाद है। कश्मीर ऐसी कई संस्कृतियों से बना है। कश्मीर भारत माता का मुकुट है। कश्मीर में वर्तमान में हो रहे बदलाव कश्मीर के बच्चों के साथ-साथ पूरे देश के युवाओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।”














.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)


.jpeg)
.jpeg)

.jpg)

.jpeg)
.jpeg)

.jpg)