- Home
- देश
- देहरादून। उत्तराखंड के परिवहन मंत्री चंदन रामदास ने सोमवार को राज्य की पहली महिला टैक्सी चालक रेखा लोहनी पांडे को बधाई दी और उन्हें महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। रामदास ने फोन पर बातचीत में रेखा से कहा कि वह स्वरोजगार की ओर अपने कदम बढ़ा रही महिलाओं के लिए एक मिसाल हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में मंत्री ने रेखा लोहनी पांडे की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके इस साहसिक निर्णय से न केवल उनका परिवार समृद्ध होगा बल्कि अन्य लोग भी प्रेरणा लेंगे। मंत्री ने रेखा से कहा कि यदि उन्हें परिवहन विभाग से संबंधित कोई दिक्कत या परेशानी हो तो वह उन्हें फोन कर सकती हैं और वह उसे दूर कर उसका समाधान करेंगे। रेखा ने मंत्री को बताया कि उनके पति टैक्सी चालक हैं लेकिन दो-तीन महीने पहले उनका स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्होंने स्वयं टैक्सी चलाने का फैसला किया। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के गरुड़ क्षेत्र के भेटा की रहने वाली रेखा लोहनी पांडे का ससुराल अल्मोड़ा जिले के रानीखेत में है और वह पिछले दो महीने से रानीखेत से हल्द्वानी के बीच टैक्सी चला रही हैं और परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं।
- चतरा.। झारखंड के चतरा जिले में ‘सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड' (सीसीएल) के कर्मचारी की हत्या के मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रविवार को जिले के होन्हे गांव से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।रांची से करीब 110 किलोमीटर दूर टंडवा क्षेत्र के होन्हे गांव के निवासी संजय महतो का शव 24 मार्च को रेलवे की पटरियों पर क्षत-विक्षत हालत में मिला था। पुलिस ने बताया कि 23 मार्च को महतो के परिवार वालों ने उसके अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी।अधिकारी ने कहा, ‘‘ एक दिन बाद क्षत-विक्षत हालत में उसका शव चतरा जिले में रेलवे की पटरियों से बरामद हुआ।'' चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर गठित एक विशेष जांच दल सीसीएल कर्मचारी की कथित हत्या की जांच कर रहा है। टंडवा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) शंभू सिंह ने कहा, ‘‘ महतो की हत्या के पीछे का मुख्य कारण एक महिला से उसके कथित संबंध थे। साथ ही महतो और उसके गांव के कुछ लोगों के बीच जमीन को लेकर भी विवाद चल रहा था।'' उन्होंने कहा, ‘‘ मामले में आठ से 10 लोगों की संलिप्तता की बात सामने आई है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्रालय को देश में शहरी विस्तार की मांग पूरी करने के लिए नये शहरों को विकसित करने के वास्ते 21 राज्यों से 26 प्रस्ताव मिले हैं और वे वर्तमान में जांच और मूल्यांकन के चरण में हैं। आवासन एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री कौशल किशोर ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि 15वें वित्त आयोग ने आठ नये शहरों के ‘इनक्यूबेशन' के लिए प्रदर्शन आधारित चुनौती कोष में 8,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं और प्रत्येक प्रस्तावित नये शहर के लिए उपलब्ध राशि 1,000 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा, ‘‘एक राज्य इस कोष के माध्यम से केवल एक नया शहर बना सकता है। इस प्रकार नौ राज्यों में अधिकतम नौ नये शहरों का चयन किया जा सकता है।'' उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में छोटी शहरी आबादी को ध्यान में रखते हुए दो अलग-अलग राज्यों में दो नये शहरों के लिए 1,000 करोड़ रुपये (प्रत्येक के लिए 500 करोड़ रुपये) का प्रस्ताव किया गया है। किशोर ने कहा, ‘‘मंत्रालय ने प्रतिस्पर्धा के लिए राज्यों के वास्ते न्यूनतम पात्रता शर्तों और बोली मानदंडों को निर्दिष्ट किया है। राज्यों से बोली प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 जनवरी, 2023 थी।'' उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश सहित 21 राज्यों से कुल 26 प्रस्ताव अंतिम तिथि तक प्राप्त हुए हैं। ये प्रस्ताव जांच और मूल्यांकन के चरण में हैं।'' नये शहरों के विस्तार के लिए प्राप्त प्रस्तावों में अयोध्या (उत्तर प्रदेश), जागीरोड (असम), न्यू एमओपीए आयुष सिटी, पेरनेम (गोवा), गिफ्ट सिटी विस्तार (गुजरात), पाक्योंग (सिक्किम), थिरूमझिसाई (तमिलनाडु), बंटाला ग्रीनफील्ड सिटी, कर्मादिगंटा (पश्चिम बंगाल), जबलपुर एक्सटेंशन (मध्य प्रदेश), विरूल (महाराष्ट्र), एरोसिटी (केरल), न्यू रांची सिटी (झारखंड), माउंटेन टाउनशिप (हिमाचल प्रदेश), गुरुग्राम (हरियाणा), कोप्पार्थे (आंध्र प्रदेश) और गुमिन नगर शामिल हैं। पासीघाट (अरुणाचल प्रदेश), भुवनेश्वर (ओडिशा), एरोट्रोपोलिस (पंजाब), जीएफसी-रानपुर (राजस्थान), नागाकी ग्लोबल सिटी (नागालैंड), यथिबिलोकुल (मणिपुर) और डोईवाला (उत्तराखंड) शामिल है।
- सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल)। जी-20 के पर्यटन कार्य समूह की दूसरी बैठक पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी शहर में एक अप्रैल को शुरू होगी। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि इस बैठक के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जी20 देशों के प्रतिनिधि सिलीगुड़ी स्थित एक रिसॉर्ट में रुकेंगे। इस बैठक में जी-20 देशों के प्रतिनिधि, अतिथि देश और अंतरराष्ट्रीय संगठन पर्यटन क्षेत्र की पांच प्राथमिकताओं पर गहन चर्चा करेंगे। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि पश्चिम बंगाल की कला और संस्कृति देख सकेंगे। पर्यटन कार्यसमूह की पहली बैठक गुजरात के कच्छ में फरवरी में हुई थी। उस बैठक में पर्यटन क्षेत्र के लिए पांच प्राथमिकताएं- हरित पर्यटन, डिजिटलीकरण, कौशल, पर्यटन एमएसएमई और गंतव्य प्रबंधन चिह्नित की गई थीं। इस मौके पर पर्यटन मंत्रालय ‘सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए एक माध्यम के तौर पर साहसिक पर्यटन' कार्यक्रम भी आयोजित करेगी। इसके अलावा घरेलू पर्यटन उद्योग के लिए भी एकदिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
- जयपुर।. राजस्थान सरकार ने सामाजिक सुरक्षा के तहत दी जाने वाली मासिक पेंशन बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है जिससे राज्य सरकार पर 2222.70 करोड़ रुपये का प्रतिवर्ष अतिरिक्त भार आएगा। एक सरकारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री गहलोत ने मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए सामाजिक सुरक्षा के तहत दी जाने वाली मासिक पेंशन राशि में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। वर्तमान में देय 500-750 रुपये प्रतिमाह पेंशन राशि अब न्यूनतम 1000 रुपये प्रतिमाह मिलेगी। बयान के अनुसार, इस स्वीकृति से पेंशनधारियों को आर्थिक सम्बल मिलेगा। वृद्धावस्था, एकलनारी, विशेष योग्यजन, लघु एवं सीमांत कृषक पेंशन में पात्र आवेदकों को बढ़ी हुई पेंशन राशि मई माह से मिलेगी, जो कि एक जून 2023 को देय होगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में पेंशन दरों में वृद्धि से अब राज्य सरकार पर प्रतिमाह 185 करोड़ रुपये और प्रतिवर्ष 2222.70 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार आएगा। अभी प्रतिमाह लगभग 700 करोड़ रुपये व्यय होते हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में न्यूनतम पेंशन राशि को बढ़ाकर एक हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की घोषणा की गई थी।
- पुणे। थलसेना अध्यक्ष जनरल मनोज पांडे ने सोमवार को कहा कि चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर अतिक्रमण, तनाव पैदा करने का सबसे बड़ा कारण बना हुआ है । इसके साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि देश किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। जनरल ने कहा कि चीन ने सैनिकों के अवागमन, उनकी तैनाती और सैन्य अभियान से जुड़ी अन्य तैयारियों में महत्वपूर्ण वृद्धि की है, साथ ही उन्होंने इसपर जोर दिया कि एशिया के दो सबसे बड़े देशों के द्विपक्षीय संबंधों से सीमा मुद्दे को बाहर नहीं किया जा सकता है। जनरल पांडे ने कहा कि अतीत के समझौतों/प्रोटोकॉल का उल्लंघन करके चीन द्वारा एलएसी पर अतिक्रमण किया जाना भारत के लिए चिंता का विषय है, लेकिन सेना की तैयरियां पूरे जोरों पर हैं। सेनाध्यक्ष की यह टिप्पणी मई 2020 से पूर्वी लद्दाख में दोनों देशों के बीच जारी गतिरोध की पृष्ठभूमि में आयी है। जनरल पांडे ‘चीन का उत्थान और दुनिया पर उसका प्रभाव' विषय पर सावित्रीबाई फूले पुणे विश्वविद्यालय और नयी दिल्ली के ‘सेंटर फॉर चाइना एनालिसिस एंड स्ट्रैटेचजी' द्वारा आयोजित दूसरे ‘रणनीतिक डायलॉग' में बोल रहे थे। जनरल पांडे ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमारे ऑपरेशनल वातावरण के लिए सबसे महत्वपूर्ण पहलु विरासत में मिले सीमा विवाद हैं। वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर अलग-अलग सोच और विचारों तथा दावों के कारण विवाद होते रहते हैं। अतिक्रमण अब भी तनाव का महत्वपूर्ण कारक बना हुआ है।''
-
खरगोन । मध्यप्रदेश के खरगोन में एक व्यक्ति और उसके बेटे की पत्नी और पालतू कुत्ते को बचाने के प्रयास में नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नदी के सहस्त्रधारा इलाके में कुत्ता गया तो उसकी मालकिन सपना सिंह उसे बचाने के लिए नदी में कूद गयी। इसके बाद सपना का पति अमन सिंह कंवर और उनका बेटा रुद्राक्ष भी उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गए। उन्होंने कहा कि रविवार को हुई घटना में हालांकि, सपना और कुत्ता तैरकर बच गये जबकि कंवर और रुद्राक्ष की डूबने से मौत हो गयी। महेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने कहा, "शवों को बाहर निकाल लिया गया है, घटना की आगे की जांच जारी है।"(सांकेतिक फोटो)
- भुवनेश्वर। ओडिशा ग्रामीण आवास विकास निगम (ओआरएचडीसी) ऋण घोटाले में राज्य की एक विशेष सतर्कता अदालत ने सोमवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी विनोद कुमार और चार अन्य को दोषी करार देते हुये तीन साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। सतर्कता विभाग ने एक बयान में कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में ओआरएचडीसी के पूर्व प्रबंध निदेशक विनोद कुमार की यह लगातार सातवीं सजा है। अदालत ने दोषियों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
- नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने 1994 में पुणे में पांच महिलाओं और दो बच्चों की हत्या करने के दोष में मौत की सजा पाने वाले एक व्यक्ति को सोमवार को रिहा करने का आदेश दिया है क्योंकि शीर्ष अदालत ने पाया कि अपराध के वक्त दोषी व्यक्ति नाबालिग था। न्यायमूर्ति के. एम. जोसेफ, न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस और न्यायमूर्ति ऋषिकेश रॉय की पीठ ने कहा कि यह अदालत जांच करने वाले न्यायाधीश (इंक्वायरिंग जज) की रिपोर्ट को स्वीकार करती है, इसमें दोषी नारायण चेतनराम चौधरी के अपराध के वक्त किशोर (नाबालिग) होने के दावे की जांच की गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘हम घोषित करते हुए कि राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, बीकानेर द्वारा 30 जनवरी, 2019 को जारी प्रमाणपत्र में लिखी जन्म तिथि... को यह तय करने के लिए स्वीकार किया जाता है कि अपराध के वक्त उसकी उम्र 12 साल थी।'' पीठ ने कहा कि प्रमाणपत्र के हिसाब से अपराध के वक्त उसकी उम्र 12 साल छह महीने थी और ‘‘इसलिए जिस अपराध के लिए उसे दोषी ठहराया गया है, उस दिन वह बालक/किशोर था। इसे सही उम्र माना जाए, जिसके खिलाफ नारायण राम के रूप में मुकदमा चला और उसे दोषी ठहराया गया।'' पीठ ने कहा कि चूंकि वह तीन साल से ज्यादा का कैद भुगत चुका है और अपराध जिस वक्त हुआ वह 2015 के कानून के तहत आता है, उसे मौत की सजा नहीं दी जा सकती है।
- चंडीगढ़,। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों ने देश में पहली बार हरियाणा के करनाल में गिर गाय का सफलतापूर्वक ‘क्लोन' तैयार किया है। संस्थान ने सोमवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) ने अपने बयान में कहा कि गिर नस्ल की मादा बछिया गंगा का जन्म 16 मार्च को हुआ था। 32 किलोग्राम वजनी बछिया का स्वास्थ्य ठीक है और वह बड़ी हो रही है। बयान में कहा गया है कि गिर, साहीवाल, थारपारकर और रेड सिंधी जैसी देशी गायों की नस्लें दूध उत्पादन और भारतीय डेयरी उद्योग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा, “स्वदेशी गायों की कम उत्पादकता टिकाऊ डेयरी उत्पादन में एक बड़ी बाधा बनी हुई है, हालांकि, भारतीय परिस्थितियों में उनकी बेहतर अनुकूलता को देखते हुए इन नस्लों को बेहतर बनाने और संरक्षण की आवश्यकता है।
- नयी दिल्ली,। शिक्षा मंत्रालय ने अपनी महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) के लिए देशभर से करीब 9,000 स्कूलों का चयन किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि पीएम श्री का दर्जा पाने के लिए आवेदन के योग्य पाए गए केंद्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालयों समेत 2.5 लाख से अधिक सरकारी स्कूलों में से इन स्कूलों को चुना गया है। इन स्कूलों का मूल्यांकन छह व्यापक मापदंडों के आधार पर किया गया। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "हमने लगभग 9000 स्कूलों का चयन किया है। हम उनसे बहुत संतुष्ट हैं और जल्द ही स्कूलों के नामों के बारे में घोषणा करेंगे।" पीएम श्री केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित एक नयी योजना है। इस योजना के तहत 14500 स्कूलों को आधुनिक व बेहतर बनाया जाएगा।
- मुंबई। ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' के रूप में प्रसिद्ध पुलिस निरीक्षक दया नायक का सोमवार को महाराष्ट्र के आंतकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) से मुंबई पुलिस में स्थानांतरण कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि नायक और सात अन्य निरीक्षकों के स्थानांतरण से संबंधित आदेश महाराष्ट्र पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (स्थापना) द्वारा जारी किया गया। उन्होंने बताया कि नायक के अलावा निरीक्षक ज्ञानेश्वर वाघ और दौलत साल्वे को भी एटीएस से मुंबई पुलिस में स्थानांतरित किया गया है।
-
भोपाल। मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में छह महीने पहले नामीबिया से लाये गए आठ चीतों में से एक मादा चीता ‘साशा' की गुर्दे की बीमारी के कारण सोमवार को मौत हो गयी। वन विभाग के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। साढ़े चार साल से अधिक उम्र की मादा चीता की मौत को ‘प्रोजेक्ट चीता' के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत देश में विलुप्त होने के सात दशक बाद चीतों को फिर से बसाने की योजना है। पिछले साल सितंबर में नामीबिया से आठ चीतों को लाकर उन्हें श्योपुर जिले के केएनपी में रखा गया है।
मध्य प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ, वन्यजीव) जे एस चौहान ने बताया कि मादा चीता ‘साशा' की गुर्दे की समस्या के कारण मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि ‘साशा' नामीबिया से भारत से आने से पहले से ही गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थी। उन्होंने कहा, ‘‘एक निगरानी दल ने 22 मार्च को साशा को सुस्त पाया जिसके बाद उसे इलाज के लिए एक पृथकवास बाड़े में ले जाने का निर्णय लिया गया।'' चौहान ने कहा कि उसी दिन उसके खून का नमूना लिया गया और उसकी जांच की गई। एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ एक वन्यजीव विशेषज्ञ बीमार चीते की जांच करने के लिए केएनपी के अंदर गया और पाया कि साशा के गुर्दे में संक्रमण है। इसके बाद भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) के वरिष्ठ वैज्ञानिकों और केएनपी प्रबंधन ने साशा के इलाज का इतिहास जानने के लिए चीता कंर्सरवेशन फंड, नामीबिया से संपर्क किया। उन्होंने पाया कि 15 अगस्त, 2022 को (केएनपी में स्थानांतरित होने से एक महीने पहले) उसके अंतिम रक्त के नमूने में, पशु का क्रिएटिनिन स्तर 400 (गुर्दे के खराब होने का संकेतक) था। चौहान ने एक बयान में कहा, उच्च क्रिएटिनिन स्तर से स्पष्ट है कि केएनपी में स्थानांतरण से पहले से ही मादा चीता गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थी। वन अधिकारी ने कहा कि नामीबिया के वन्यजीव विशेषज्ञों और केएनपी पशु चिकित्सकों ने साशा को स्वस्थ करने के लिए दिन-रात मेहनत की, लेकिन उसे नहीं बचा सके। उन्होंने बयान में कहा कि अन्य सातों चीते स्वस्थ हैं। सातों में से तीन नर और एक मादा को उद्यान के खुले वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया है और वे ‘‘ पूरी तरह स्वस्थ, सक्रिय और सामान्य तरीके से शिकार कर रहे हैं।'' पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका से केएनपी लाए गए 12 अन्य चीतों को फिलहाल पृथकवास बाड़े में रखा गया है और वे स्वस्थ और सक्रिय हैं। नामीबिया से लाए गऐ आठ चीतों - पांच मादा और तीन नर को 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में केएनपी में उनके बाड़े में छोड़ा गया था। भारत में अंतिम चीते की मृत्यु वर्तमान छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में 1947 में हुई थी और भूमि पर सबसे तेज दौड़ने वाले जानवर को 1952 में देश में विलुप्त घोषित किया गया था। - अमृतसर। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरपीत सिंह ने सोमवार को राज्य सरकार को उन सभी युवकों को रिहा करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया, जिन्हें कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह और उसके सहयोगियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक से उन लोगों को रिहा करने के लिए कहा है जिन्हें एहतियातन हिरासत में लिया गया था और उनकी किसी भी राष्ट्र विरोधी गतिविधि में संलिप्तता नहीं पाई गई। जालंधर में एक कार्यक्रम से इतर मान ने कहा कि जो भी राज्य में शांति भंग करने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जत्थेदार ने पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने के लिए राज्य सरकार की निंदा की। सिखों की सर्वोच्च पीठ अकाल तख्त के जत्थेदार ने यहां सिख संगठनों, बुद्धिजीवियों, सिख वकीलों, पत्रकारों, धार्मिक और सामाजिक नेताओं की बैठक बुलाई थी, जिसमें 18 मार्च को अमृतपाल के नेतृत्व वाले संगठन ‘वारिस पंजाब दे' से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई के बाद पंजाब के मौजूदा हालात पर चर्चा की गई। जत्थेदार ने सभा को संबोधित करते हुए पंजाब सरकार को सभी सिख युवकों को रिहा करने के लिए 24 घंटे का समय दिया और कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया, तो सिख समुदाय का गुस्सा उबलता रहेगा। उन्होंने कुछ टीवी चैनलों पर भी हमला बोला और आरोप लगाया कि उन्होंने कथित तौर पर उन युवकों को अलगाववादी बताकर सिखों के खिलाफ नफरत फैलाई। जत्थेदार ने राज्य सरकार से एनएसए के तहत हिरासत में लिए कुछ लोगों को छोड़ने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि असम में डिब्रूगढ़ जेल भेजे गए लोगों को पंजाब वापस लाया जाना चाहिए, ताकि कानून अपना काम कर सके। उन्होंने कहा कि यह कहना गलत होगा कि हिरासत में लिए गए सिखों से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा है। सिंह ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि 'हिंदू राष्ट्र' की बात करने वालों के खिलाफ भी रासुका लगाया जाना चाहिए। जत्थेदार ने कहा कि वह उन 'निर्दोष सिखों' की पूरी मदद करेंगे, जिन्हें इस मामले में पकड़ा गया है।जत्थेदार ने दावा किया कि लगभग 400 सिख युवकों को "गिरफ्तार" किया गया था और 198 को रिहा कर दिया गया है, लेकिन सिख समुदाय सभी गिरफ्तार सिखों की रिहाई चाहता है।
-
लातूर. महाराष्ट्र के लातूर जिले में सोमवार को एक कार पुल से नीचे गिर गई जिसके कारण एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार एक शादी में शामिल होने के बाद पुणे से लातूर जिले के निलंगा शहर लौट रहा था, तभी सुबह करीब सात बजे लातूर-गुलबर्गा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना हुई। अधिकारी ने बताया कि मृतकों में 27 वर्षीय एक व्यक्ति और तीन बच्चे शामिल हैं। दो बच्चों की उम्र 10 वर्ष जबकि एक की उम्र 15 वर्ष थी। सहायक पुलिस निरीक्षक नाना लिंगे ने बताया, ''प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे कार पलटकर पुल से नीचे गिर गई।'' उन्होंने बताया कि हादसे में दस वर्षीय लड़की और 40 वर्षीय महिला सहित एक अन्य घायल को लातूर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक और घायल निलंगा व आसपास के गांवों के रहने वाले हैं।
-
कोलकाता. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को सुभाष चंद्र बोस के पैतृक निवास गईं जहां उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि दी। पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आईं मुर्मू ‘नेताजी भवन' में घूमीं जो अब स्मारक बन गया है। नेताजी के भतीजे के पोते सुमंत्र बोस ने राष्ट्रपति को ऐतिहासिक भवन की अहमियत के बारे में बताया जो आज़ादी की लड़ाई के दौरान घटनाओं का गवाह रहा है। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल सी.वी. बोस थे। मुर्मू को पहले ऐतिहासिक कार ‘द 1937 वांडरर डब्ल्यू24' के बारे में बताया गया। इसी गाड़ी से नेताजी 16 जनवरी 1941 को अपने घर से, अंग्रजों से ‘बचकर' निकले थे। राष्ट्रपति ने नेताजी का अध्ययन कक्ष, उनका शयनकक्ष और ‘द ग्रेट एस्केप स्टेयरकेस' (सीढ़ियां) देखीं। इन्हीं सीढ़ियों से नेताजी नीचे आए थे जहां उनके भतीजे शिशिर बोस ने उनकी कार वांडरर खड़ी की थी। कार में बैठ कर नेताजी अंग्रेजों को चकमा देकर निकल गए थे। नेताजी भवन में करीब 10 मिनट तक रूकने के बाद मूर्मू शहर के मध्य हिस्से में जोरासांको ठाकुरबाड़ी में स्थित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के आवास के लिए रवाना हुईं। इससे पहले राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस और राज्य के मंत्री फरहाद हकीम और सुजीत बोस ने कोलकाता पहुंचने पर मुर्मू की अगवानी की तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रक्षा बलों ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर' दिया। मुर्मू राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार राज्य की यात्रा पर आई हैं। उनकी यात्रा के मद्देनजर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। हवाई अड्डे से वह हेलीकॉप्टर से रॉयल कलकत्ता टर्फ क्लब के मैदान में पहुंचीं और फिर वहां से सड़क के रास्ते राजभवन गईं। क्लब में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुर्मू की अगवानी की। मंगलवार को राष्ट्रपति कोलकाता में यूको बैंक के 80 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में शिरकत करेंगी। इससे पहले वह रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के वैश्विक मुख्यालय बेलूर मठ जाएंगी। राष्ट्रपति का विश्वभारती विश्वविद्यालय के वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए शांति निकेतन जाने का भी कार्यक्रम है।
-
नयी दिल्ली. सरकार ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय में 9524 वाणिज्यिक पायलट पंजीकृत हैं और पिछले तीन साल के दौरान देश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों में 1450 से अधिक पायलटों को प्रशिक्षित किया गया। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वी के सिंह ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा अनुमोदित कुल 35 एफटीओ हैं जो 53 स्थानों से काम कर रहे हैं। सिंह ने बताया कि इन पायलट प्रशिक्षण संस्थानों (एफटीओ) ने 2020 में 335 पायलटों को प्रशिक्षित किया। इसके अलावा 2021 में 505 और 2022 में 616 पायलट इन संस्थानों से प्रशिक्षित किए गए। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि सरकार ने देश भर में 21 नए हवाई अड्डों की स्थापना के लिए सैद्धांतिक अनुमोदन प्रदान किया है।
-
मुंबई. फिल्म के सेट पर लगी चोट से उबर रहे बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने यहां जुहू में उनके आवास पर उमड़े प्रशंसकों से पहले की तरह रविवार को अभिनंदन का सिलसिला शुरू किया। दाहिने हाथ में “देसी गमछा” बांधे बच्चन (80) सफेद कुर्ता-पायजामा और प्रिंट वाली जैकेट में अपने आवास ‘जलसा' के गेट पर आए। बच्चन ने सोमवार सुबह अपने निजी ब्लॉग में लिखा, “...वे उमड़कर आए, इंतजार किया और देखा, गुजरते और ठहरे हुए बच्चे, बुजुर्ग और कई अन्य...ढेर सारी फिक्र और प्यार...उनकी आखों में झलकता प्यार देखकर धन्य महसूस कर रहा हूं। कारवां यूं ही चलता रहेगा...प्रशंसकों की रविवारीय शुभकामनाएं...मेरी ओर से प्यार और आभार..” बच्चन इस महीने की शुरुआत में हैदराबाद में अपनी आगामी फिल्म “प्रोजेक्ट के” की शूटिंग के दौरान ऐक्शन दृश्य करते समय चोटिल हो गए थे। इसके बाद उन्होंने अपने प्रशंसकों को बताया था कि उनकी पसली में चोट लगी है।
हैदराबाद में सीटी स्कैन के बाद चिकित्सकों ने बच्चन को घर पर आराम करने की सलाह दी थी। इसकी वजह से वह रविवार के दिन अपने प्रशंसकों से मुलाकात और अभिवादन नहीं कर पाए थे। शनिवार को उन्होंने एक ब्लॉग लिखा था कि वह रविवार को जलसा के गेट पर आने की कोशिश करेंगे। - पटना। बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सोमवार को पिता बने और उनके घर एक बेटी का जन्म हुआ। यह खबर मिलने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में जश्न का माहौल है। पिछले सप्ताहांत में सीबीआई की पूछताछ के बाद तेजस्वी दिल्ली में अपनी पत्नी राजश्री के पास ही ठहर गये थे। राजद नेता तेजस्वी ने ट्वीट कर पिता बनने की जानकारी दी और बिटिया को गोद में लिए हुए एक तस्वीर भी साझा की। तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की और यहां विधानसभा परिसर में मिठाई बांटी। तेजप्रताप ने सभी से कहा कि अब वह ‘बड़े पापा' बन गए हैं। तेजप्रताप ने कहा, ‘‘नवरात्रि के शुभ अवसर के दौरान हमारे परिवार में लक्ष्मी आई है। अब हमारे सारे संकट समाप्त हो जाएंगे।'' राजद के पटना स्थित पार्टी कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
-
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव कराने की अनुमति देने के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है।योगी आदित्यनाथ ने एक ट्वीट में कहा कि उनकी सरकार अन्य पिछडा वर्ग के लिए आरक्षण नियमों का पालन करते हुए शहरी स्थानीय निकाय चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पहले न्यायालय ने सोमवार को उत्तर प्रदेश में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण की अनुमति देते हुए राज्य चुनाव आयोग को इस संबंध में अधिसूचना जारी करने का निर्देश दिया।उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में अन्य पिछडा वर्ग के आरक्षण के मुद्दे की पांच सदस्यीय समिति द्वारा समीक्षा कराने के बाद एक रिपोर्ट सर्वोच्च न्यायालय में पेश की थी।
-
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सोमवार को कोविड के प्रबंधन के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों और कोविड के मामलों में बढोतरी के मद्देनजर राज्यों के साथ टीकाकरण प्रगति की समीक्षा की। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को किसी भी तरह की लापरवाही के प्रति आगाह करते हुए सलाह दी कि वे स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी परामर्श में बताई गई प्राथमिकताओं का पालन करें। श्री भूषण ने विशेष रूप से कमजोर वर्गो के लोगों को एहतियाती खुराक दिए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड के मामले औसत से कम है। देश के 24 जिलों में कल समाप्त सप्ताह के दौरान 10 प्रतिशत से अधिक साप्ताहिक सकारात्मकता दर दर्ज की गई, जबकि 43 जिलों में यह दर 5 से 10 प्रतिशत के बीच रही। श्री भूषण ने राज्यों को ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन प्लांट, वेंटिलेटर और लॉजिस्टिक्स सहित अस्पतालों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए 10 और 11 अप्रैल को स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित मॉक ड्रिल करने की सलाह दी। -
नई दिल्ली। संसद में वित्त वर्ष 2023-24 के बजट की प्रक्रिया पूरी हो गई है। राज्यसभा में हंगामे के बीच वित्त विधेयक 2023 को बिना चर्चा के एक संशोधन के साथ वापिस कर दिया गया। पिछले सप्ताह लोकसभा ने विपक्षी दलों के लगातार विरोध के बीच वित्त विधेयक को मंजूरी दे दी थी।
राज्यसभा में सोमवार को जब दोपहर बाद 2 बजे पहले स्थगन के बाद सदन की बैठक शुरू हुई तो वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने विधेयक पेश किया। अदाणी समूह के मामले में संयुक्त संसदीय समिति की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के सदस्य सदन के बीचोंबीच आ गए थे। तृणमूल कांग्रेस, भारत राष्ट्र समिति, डीएमके, वामदल और अन्य दलों के सदस्य शोरशराबा करते रहे।जब लोकसभा शाम 4 बजे पहले स्थगन के बाद जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो सदन ने ध्वनि मत से वित्त विधेयक 2023 में संशोधन को स्वीकार कर लिया। राज्यसभा ने विनियोग विधेयक 2023 और जम्मू-कश्मीर विनियोग विधेयक बिना चर्चा के ध्वनिमत से लोकसभा को लौटा दिया। -
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में पिछले 10 दिनों के दौरान आयी आंधी-पानी और ओलावृष्टि आम उत्पादक किसानों के अरमानों पर मुसीबत बनकर टूटी है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण आम की फसल को हुए जबरदस्त नुकसान से परेशान उत्पादकों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है। प्रदेश के आम उत्पादक इस बार अच्छा बौर आने की वजह से बंपर फसल की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन आंधी, बारिश और ओलावृष्टि तथा उसके परिणामस्वरूप मौसम ठंडा होने के कारण फसल को अब तक करीब 40 फीसदी का नुकसान हो चुका है। ‘मैंगो ग्रोवर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया' के अध्यक्ष इंसराम अली ने रविवार ' को बताया, "10 दिन पहले तो हाल बहुत अच्छा था, लेकिन बारिश और ओले के साथ ठंड लौटने की वजह से आम की फसल को बहुत नुकसान हो गया है। तकरीबन 40 प्रतिशत फसल बर्बाद हो चुकी है।" उन्होंने बताया कि इस साल पूरे उत्तर प्रदेश में आम पर बहुत अच्छा बौर (फूल) आया था और किसी तरह की कोई बीमारी भी नहीं लगी थी, लिहाजा आम उत्पादकों को इस बार बंपर फसल होने की उम्मीद थी, लेकिन पिछले करीब 10 दिनों के दौरान प्रदेश में हुई बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के साथ तापमान में गिरावट से काफी बौर झड़ गया। इससे तकरीबन 40 फीसदी फसल खराब हो गई है और अगर मौसम इसी तरह बना रहा, तो आगे और भी ज्यादा नुकसान होने की आशंका है। लखनऊ के मलीहाबाद के मशहूर आम उत्पादक कलीमुल्लाह ने बताया कि आम की फसल के लिए मार्च के महीने में हल्की गर्मी का मौसम होना जरूरी है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि पिछले साल मार्च में भीषण गर्मी की वजह से आम के फूल झुलस गए थे और इस बार मौसम ठंडा होने और आंधी-पानी के कारण करीब 50 प्रतिशत फूल झड़ गए हैं। कुल मिलाकर फसल को काफी नुकसान हो चुका है। इंसराम अली ने बताया कि करीब पांच साल के बाद इस बार अच्छा बौर आने के कारण उम्मीद थी कि प्रदेश में लगभग 60 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होगा, लेकिन अब 35 लाख मीट्रिक टन हो जाए, तो बहुत बड़ी बात होगी। अगर अगले 10 दिन और मौसम ऐसा ही रहा, तो और भी ज्यादा नुकसान हो सकता है। उन्होंने बताया, "पिछले साल मार्च में भीषण गर्मी की वजह से भी फसल को बहुत नुकसान हुआ था और राज्य में तकरीबन 20 लाख मीट्रिक टन ही आम का उत्पादन हो सका था। इस साल आम उत्पादकों को लगातार दूसरी बार मौसम का झटका लगा है और पिछले साल हुए नुकसान की भरपाई की उम्मीद अब धूमिल होती नजर आ रही है।" अली ने बताया कि फसल खराब होने से आम के निर्यात पर भी बहुत बुरा असर पड़ता है। आम का उत्पादन कम होने से घरेलू खपत ही पूरी नहीं हो पाती, तो निर्यात पर असर पड़ना तो लाजमी है। उन्होंने मांग करते हुए कहा, "सरकार को आम उत्पादकों को हुए इस नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। हमारी मांग है कि जिस तरह से सरकार प्राकृतिक आपदा के कारण अन्य फसलों के किसानों को नुकसान का मुआवजा देती है, उसी तरह आम उत्पादकों को भी क्षतिपूर्ति दी जाए। मैंगो ग्रोवर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया पहले भी यह मांग कर चुका है और अब भी कर रहा है।" अली ने सरकारों पर आम उत्पादकों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हें तो कभी किसान समझा ही नहीं गया, जबकि आम के कारोबार पर प्रदेश के करीब एक करोड़ लोग रोजगार के लिए निर्भर करते हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के करीब 14 जिलों में लगभग पौने तीन लाख हेक्टेयर क्षेत्र में आम का उत्पादन होता है। इनमें लखनऊ, उन्नाव, प्रतापगढ़, मुरादाबाद, हरदोई, बुलंदशहर और बाराबंकी समेत 14 जिले शामिल हैं। इन्हें आम पट्टी कहा जाता है। लखनऊ के मलिहाबाद में पैदा होने वाला दशहरी आम अपनी जायके और खुशबू के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। -
बुलंदशहर . उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के बीबी नगर थाना इलाके में रविवार को एक गांव स्थित ईंट भट्ठे की दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव स्थित एक ईंट के भट्टे पर अचानक दीवार गिरने से काम कर रहे दो मजदूर राकेश (25) और राजकुमार (45) मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि भट्ठे की दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत हुई है, जिसकी जांच-पड़ताल की जा रही है।
- चंडीगढ़ ।पंजाब पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने कई मामलों में वांछित दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो पिस्तौल, गोला बारूद और नकदी के साथ चार किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। प्रदेश पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया, ‘‘एक बड़ी सफलता में, तरन तारन पुलिस ने कई मामलों में वांछित दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है । उनके पास से दो पिस्तौल, 18 कारतूस, 2.6 लाख रुपये और एक कार के साथ चार किलो हेरोइन बरामद की है।'' उन्होंने कहा कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।(सांकेतिक फोटो)


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)













