- Home
- देश
-
नई दिल्ली। मेघालय में, नेशनल पीपुल्स पार्टी -एनपीपी प्रमुख कॉनराड संगमा ने सरकार बनाने के लिए राज्यपाल से निमंत्रण मिलने का दावा किया है। उन्होंने यह भी फिर कहा है कि उनके पास 32 विधायकों के समर्थन-पत्र हैं। श्री संगमा ने कहा कि उन्हें सरकार बनाने के लिए आवश्यकता से एक अधिक विधायक का समर्थन हासिल है। उन्होंने कहा कि शपथ-ग्रहण समारोह मंगलवार को सुबह 11 बजे होगा।
श्री संगमा ने एनपीपी, भारतीय जनता पार्टी, एचएसपीडीपी के दो विधायकों और दो निर्दलीय विधायकों सहित 32 विधायकों के हस्ताक्षर वाला समर्थन-पत्र राज्यपाल को सौंपा था। इस बीच, यूडीपी भी टीएमसी और कांग्रेस सहित अन्य दलों की मदद से, गैर एनपीपी-भाजपा गठबंधन की सरकार बनाने के प्रयास कर रही है।उधर, कुछ गुटों ने शिलॉग और अन्य क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन कर मांग की है कि एचएसपीडीपी के दो विधायक एनपीपी के नेतृत्व वाले गठबंधन से समर्थन वापस लें। एचएसपीडीपी ने एक बयान जारी कर कहा था कि पार्टी ने सरकार गठन के लिए समर्थन देने के प्रयोजन से अपने विधायकों को अधिकृत नहीं किया है।नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने कल राज्यपाल ला. गणेशन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। नैफ्यू रियो को शुक्रवार को एनडीपीपी विधायक दल का सर्वसम्मति से नेता चुना गया था। श्री रियू सोमवार को सरकार गठन का दावा पेश कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा नेफ्यू रियो के साथ आज दिल्ली पुहंच सकते हैं जहां नई सरकार को लेकर वे केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। एनडीपीपी और भारतीय जनता पार्टी गठबंधन ने साठ सदस्यों वाली विधानसभा में 37 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है। शपथ-ग्रहण समारोह 7 मार्च को निर्धारित है। इस अवसर पर कोहिमा में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भी उपस्थित रहने की संभावना है।त्रिपुरा में नए मुख्यमंत्री का शपथ-ग्रहण समारोह आठ मार्च को होगा। यह दूसरा मौका है जब राज्य में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में सरकार बन रही है। भाजपा और आईपीएफटी गठबंधन ने साठ सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत से एक अधिक यानी 32 सीटें जीती हैं। - नयी दिल्ली। उत्तराखंड के खूबसूरत पहाड़ और प्रदेश के लोगों का रंग-बिरंगा जीवन एक बार फिर कला प्रदर्शनी ‘पहाड़ के रंग' के दूसरे संस्करण में यहां प्रदर्शित किया गया। इस प्रदर्शनी के जरिये 20 युवा चित्रकारों ने अपने गृह राज्य के कई रंगों को जीवंत किया है। हौज खास विलेज स्थित ‘लोकायत आर्ट गैलरी' में शनिवार को शुरू हुई दो दिवसीय प्रदर्शनी में पहाड़ों की खूबसूरती दर्शाने वाली 100 कलाकृतियां पेश की गई हैं। चित्रकार सुगम कुमार ने कहा, ‘‘चित्रकारी से मुझे प्रेम है, जब भी मैं ब्रश उठाता हूं, मुझे हर बार इससे प्रेम हो जाता है। मैं सितंबर, 2021 में ‘पहाड़ के रंग' से जुड़ा और तब से मेरे लिए यह बहुत अच्छा अनुभव रहा है। इसने मुझे चीजों को एक अलग नजरिए से देखना सिखाया।''
- नयी दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होली त्योहार के दौरान दूध और दूध उत्पादों की अधिक मांग के मद्देनजर मोबाइल परीक्षण वैन तैनात करने को कहा है। एफएसएसएआई ने एक बयान में कहा कि उसने ‘‘राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों को ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स' (एफएसडब्ल्यू) मोबाइल खाद्य परीक्षण वैन तैनात करने का निर्देश दिया है, ताकि होली के त्योहार के मद्देनजर दूध और दूध उत्पादों में मिलावट की जांच की जा सके।'' प्राधिकरण ने सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के खाद्य सुरक्षा आयुक्तों से अनुरोध किया है कि वे दूध में मिलावट के खिलाफ निगरानी को कड़ा करने के लिए दैनिक आधार पर दूध और दूध उत्पादों के कम से कम 10 नमूनों का परीक्षण करें। एफएसएसएआई ने कहा कि पूरी कवायद देश के उपभोक्ताओं को सुरक्षित तथा शुद्ध दूध और दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए है।
-
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार चीड़ की नुकीली पत्तियों ‘पाइन नीडल' और बांस से जैव-ऊर्जा उत्पादन की एक प्रायोगिक परियोजना शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी देते हुए कहा कि इस परियोजना में स्थानीय लोग शामिल होंगे और उनकी आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि राज्य को अपार वन-संपदा का वरदान हासिल है और यहां पर बांस उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। सुक्खू ने कहा, ‘‘ताप विद्युत, सीमेंट और इस्पात जैसे कई क्षेत्र उत्सर्जन को कम करने के लिए जीवाश्म ईंधन का विकल्प तलाश रहे थे। ‘पाइन नीडल' से बने ईंधन उत्पाद को संभावित विकल्प के रूप में शामिल करने की गुंजाइश बनाई जा सकती है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।'' उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उभरते जैव-ऊर्जा क्षेत्र के लिए नीतिगत आदान और अनुसंधान सहायता प्रदान करने के लिए इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) के साथ साझेदारी करने के लिए तैयार है। आईएसबी इस परियोजना को सफल बनाने के लिए व्यवसाय मॉडल और प्रौद्योगिकी देने के साथ पर्याप्त बाजार संपर्क भी सुनिश्चित करेगा।
- नयी दिल्ली। सितंबर, 2014 से पहले सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों को अधिक पेंशन का विकल्प चुनने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की तरफ से दी गई समयसीमा शनिवार को खत्म हो गई। ईपीएफओ ने एक सितंबर, 2014 के पहले सेवानिवृत्त हो गए अंशदाताओं को अधिक पेंशन का विकल्प चुनने का समय दिया था। यह समयसीमा कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस), 1995 में अंशदान करने वाले कर्मचारियों के लिए थी। श्रम मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सेवानिवृत्त हो चुके ईपीएस सदस्यों के लिए अधिक पेंशन के आवेदन का विकल्प चार मार्च को बंद कर दिया गया। एक सितंबर, 2014 के पहले सेवानिवृत्त हो चुके अंशदाताओं से ईपीएफओ को 91,258 ऑनलाइन आवेदन मिले हैं। हालांकि ईपीएफओ ने ईपीएस के अन्य अंशदाताओं को अधिक पेंशन का विकल्प चुनने के लिए तीन मई, 2023 तक का वक्त दिया है। इसके लिए अंशदाताओं को अपने नियोक्ता संगठन के साथ संयुक्त रूप से आवेदन करना होगा। उच्चतम न्यायालय के चार नवंबर, 2023 के फैसले के अनुरूप ईपीएफओ कर्मचारी पेंशन योजना से जुड़े अंशदाताओं को अधिक पेंशन का विकल्प चुनने की सुविधा दे रहा है।
- नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने केंद्र को निर्देश दिया है कि वह देश में बाघों की कथित मौत के बारे में उसे जानकारी उपलब्ध कराये। न्यायमूर्ति के. एम. जोसेफ और न्यायमूर्ति बी. वी. नागरत्ना की पीठ ने बाघों की मौत के बारे में समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए यह जानकारी तलब की। शीर्ष अदालत अधिवक्ता अनुपम त्रिपाठी की ओर से 2017 में दायर एक याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें लुप्तप्राय बाघों को बचाने की मांग की गई थी। पीठ ने कहा, ‘‘यद्यपि याचिकाकर्ता मौजूद नहीं हैं, प्रतिवादी भारत में बाघों की कथित मौत के बारे में पता लगाएंगे। मामले को तीन सप्ताह के बाद सूचीबद्ध करें।'' राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के अनुसार, भारत में 2012 के बाद से 1,059 बाघों की मौत हुई है, जिसमें सबसे अधिक मौतें (270) मध्य प्रदेश में दर्ज की गई हैं। केंद्र ने 27 जनवरी को शीर्ष अदालत को अवगत कराया था कि वर्ष 2018 की एक रिपोर्ट के अनुसार, देश में 53 बाघ अभयारण्यों में 2,967 बाघ हैं। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने पीठ को बताया था कि बाघों के संरक्षण और उनकी आबादी बढ़ाने के लिए काफी काम किया गया है। शीर्ष अदालत ने उस याचिका पर पर्यावरण मंत्रालय, राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण को नोटिस जारी किये थे, जिसमें बाघ अभयारण्य के पास रहने वाले लोगों को स्थानांतरित करने की भी मांग की गई थी। याचिका में कहा गया था कि बाघ या तो स्थानीय लोगों या अधिकारियों द्वारा ज़हर देकर, वन रक्षकों द्वारा गोली मारकर या अवैध शिकार करके मारे जा रहे हैं।
- नयी दिल्ली। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के विशेषज्ञों ने कहा है कि भारत में पिछले दो-तीन महीने से लगातार खांसी और किसी-किसी मामले में बुखार के साथ खांसी होने का कारण ‘इन्फ्लुएंजा ए' का उपस्वरूप ‘एच3एन2' है। आईसीएमआर के वैज्ञानिकों ने कहा कि पिछले दो-तीन महीने से व्यापक रूप से व्याप्त एच3एन2 अन्य उपस्वरूपों की तुलना में रोगी के अस्पताल में भर्ती होने का बड़ा कारण है। आईसीएमआर ‘वायरस रिसर्च एंड डायग्नोस्टिक लेबोरेटरीज नेटवर्क' के माध्यम से श्वसन वायरस के कारण होने वाली बीमारियों पर कड़ी नजर रखे हुए है। उन्होंने वायरस से लोगों को बचाने के लिए एक सूची जारी की है, जिसमें बताया गया है कि उन्हें क्या करना चाहिए और क्या नहीं। दूसरी ओर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (एमआईए) ने देश भर में खांसी, जुकाम और जी मिचलाने के बढ़ते मामलों के बीच एंटीबायोटिक दवाओं के अत्यधिक उपयोग को लेकर आगाह किया है। आईएमए ने कहा कि मौसमी बुखार पांच से सात दिनों तक रहेगा।आईएमए की एक स्थायी समिति ने कहा कि बुखार तीन दिन में खत्म हो जाएगा, लेकिन खांसी तीन हफ्ते तक बरकरार रह सकती है।
-
सीकर। राजस्थान की सीकर पुलिस ने गुजरात के धोलेरा सिटी में निवेश के नाम पर प्रदेश के 20 हजार लोगों से करीब एक हजार करोड़ रुपये की ठगी करने वाले चार मुख्य आरोपियों को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये और एक कार बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सीकर जिले में अब तक विभिन्न थानों में ठगी के 29 मामले दर्ज हो चुके हैं। राजस्थान में इस चिटफंड कंपनी के खिलाफ 100 से अधिक मामले दर्ज हुए है। पुलिस अधीक्षक करण शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि ठगी के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस को आरोपियों के लगातार दिल्ली, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडृ, बेंगलुरु, अहमदाबाद, वड़ोदरा आदि इलाके में जाने की सूचना मिल रही थी।
इस पर टीम को वहां रवाना किया गया। इन टीमों को 25 फरवरी को सूचना मिली कि आरोपी बेंगलुरु छोडक़र वड़ोदर की तरफ जा रहे हैं। इसके बाद लगभग 300 किलोमीटर तक पीछा कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 10 लाख रुपये नकद, चेक बुक, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, डायरी और एक कार बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक करण शर्मा ने बताया कि आरोपियों को शनिवार को पुलिस उद्योग नगर थाने लेकर आई और यहां उनसे पूछताछ जारी है। -
मुंबई। मुंबई पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इन्होंने एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये से अधिक की ठगी की थी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पुलिस की साइबर अपराध इकाई ने आरोपियों को महाराष्ट्र के पुणे और अमरावती जिलों के विभिन्न हिस्सों से पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने पिछले साल दिसंबर में एक ‘जॉब पोर्टल' पर अपना ‘रिज्यूमे' अपलोड किया था और उसकी जानकारी का उपयोग करके आरोपियों ने उससे संपर्क किया तथा कुछ पैसे कमाने के लिए कुछ यूट्यूब चैनलों की सदस्यता लेने के लिए कहा। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को उसके टेलीग्राफ खाते पर दो लिंक भी भेजे और दावा किया कि अगर उसने इस पर अपना पंजीकरण कराया तो उसका पैसा दोगुना हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि एक बार जब पीड़ित ने अपना पंजीकरण कराया, तो आरोपी उसके खाते में कुछ पैसे जमा किए। इसके बाद पीड़ित को मुंबई पुलिस के लोगो वाला एक प्रमाण पत्र मिला, जिसमें कहा गया था कि उसका खाता फर्जी है और उस खाते से लेन-देन को बंद कर दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता से कहा गया कि जब तक वह आरोपी को कुछ राशि का भुगतान नहीं करता तब तक वह अपने खाते से पैसे नहीं निकाल पाएगा।
उन्होंने बताया कि पीड़ित से तीन जनवरी तक विभिन्न लेन-देन में 11.43 लाख रुपये की ठगी की गई, जिसके बाद उसने पिछले महीने पुलिस से संपर्क किया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड, चेकबुक जब्त किए हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 420 (धोखाधड़ी) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। -
नयी दिल्ली। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि देश का वस्तु एवं सेवा निर्यात वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद चालू वित्त वर्ष में 750 अरब डॉलर से अधिक रह सकता है। वित्त वर्ष 2021-22 में देश का वस्तु निर्यात इतिहास में सबसे ज्यादा 422 अरब डॉलर और सेवा निर्यात 254 अरब डॉलर तक पहुंच गया था। इसके साथ ही वस्तु एवं सेवा का सम्मिलित रूप से निर्यात 676 अरब डॉलर रहा था।
गोयल ने यहां आयोजित 'रायसीना डायलॉग 2023' सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “हमने पिछले वित्त वर्ष में वस्तु एवं सेवा निर्यात में 650 अरब डॉलर का आंकड़ा पार किया था। इस साल हम इससे भी बड़े आंकड़े का लक्ष्य बना रहे हैं। हम पिछले साल के आंकड़े को पार कर चुके हैं और अब 750 अरब डॉलर के आंकड़े को पार करने की उम्मीद कर रहे हैं।” वैश्विक मांग में मंदी आने के कारण भारत का निर्यात लगातार दूसरे महीने जनवरी में 6.6 प्रतिशत गिरकर 32.91 अरब डॉलर रह गया।
इस वित्त वर्ष में अप्रैल से जनवरी के दौरान, वस्तु निर्यात 8.5 प्रतिशत वृद्धि के साथ 369.25 प्रतिशत हो गया जबकि सेवा निर्यात के इस दौरान 272 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्ष 2030 तक भारत का वस्तु एवं सेवा निर्यात दो लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच जाएगा। चीन के साथ बढ़ते व्यापार घाटे के बारे में पूछे जाने पर गोयल ने कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के घरेलू विनिर्माण पर जोर दे रही है जिससे आयात घटाने में मदद मिलेगी। -
नयी दिल्ली। राज्यसभा के सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत केंद्र सरकार के कार्यकाल में देश में मौजूद ‘अन्याय' से लड़ने के लिए शनिवार को एक नये मंच की घोषणा की और इस काम में गैर-भाजपाई मुख्यमंत्रियों एवं नेताओं समेत सभी से उनका सहयोग करने की अपील की।
सिब्बल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह न्याय के खिलाफ लड़ाई में लोगों की मदद करने के लिए ‘इंसाफ' मंच और ‘इंसाफ का सिपाही' नामक वेबसाइट शुरू कर रहे है और इस पहल में वकील अग्रणी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि वह 11 मार्च को जंतर-मंतर पर इस पहल के संबंध में एक बैठक करेंगे और भारत के लिए दृष्टिकोण पेश करेंगे।
सिब्बल ने कहा कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विपक्षी नेताओं और आम लोगों समेत सभी को खुला निमंत्रण है। उन्होंने अपनी पहल के लिए गैर-भाजपाई मुख्यमंत्रियों और नेताओं से समर्थन देने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा, ‘‘यह राष्ट्रीय स्तर का एक मंच होगा, जिसमें वकील सबसे आगे होंगे। आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) की शाखाएं भी हर इलाके में अपनी विचारधारा का प्रसार कर रही हैं, जो अन्याय को जन्म देती है। हम उस अन्याय से भी लड़ेंगे।'' वरिष्ठ अधिवक्ता ने इसे लोगों का मंच बताया और इन अटकलों को खारिज कर दिया कि वह किसी राजनीतिक दल की शुरुआत कर रहे हैं। -
ठाणे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक रेलवे स्टेशन के निर्माण के लिए ठाणे मनोरुग्णालय की जमीन के एक हिस्से के हस्तांतरण पर रोक को हटाने के बंबई उच्च न्यायालय के फैसले की शनिवार को प्रशंसा की और कहा कि इस स्टेशन से ठाणे तथा मुलुंड स्टेशन पर यात्रियों की संख्या कम करने में मदद मिलेगी।
उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को अस्पताल की कुल 72 एकड़ की जमीन में से 14 एकड़ से अधिक की जमीन को नए रेलवे स्टेशन के लिए देने की शुक्रवार को मंजूरी दे दी। शिंदे ने यहां अपने कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि महाराष्ट्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग की इस जमीन पर एक नया स्टेशन बनेगा। उन्होंने कहा, ‘‘अस्पताल की कुल 72 एकड़ की जमीन में से केवल 14.83 एकड़ जमीन का नए रेलवे स्टेशन के निर्माण के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
यह इस जमीन पर ही बनाया जाएगा। जब यह स्टेशन बन जाएगा तो ठाणे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या 31 प्रतिशत तक तथा मुलुंद स्टेशन पर 21 प्रतिशत तक कम हो जाएगी।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी 7.50 लाख लोग ठाणे रेलवे स्टेशन का इस्तेमाल करते हैं। शिंदे ठाणे में कोपरी-पाचपाखाडी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
उन्होंने कहा कि शिवसेना के निर्वाचित प्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों के कारण रेलवे प्रशासन ने नए रेलवे स्टेशन की योजनाओं को मंजूरी दे दी। ठाणे नगर निगम की स्मार्ट सिटी योजना के तहत परियोजना के लिए 289 करोड़ रुपये की निधि आवंटित की गयी। इस बीच, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता और ठाणे से सांसद राजन विचारे ने एक बयान जारी कर कहा कि नए रेलवे स्टेशन की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इसके लिए रेलवे बोर्ड की अनुमति ली और निधि स्वीकृत करायी...आठ साल बाद उच्च न्यायालय ने 2015 में लगायी रोक वापस ली, इसलिए अब यह जश्न का वक्त है।'' नए स्टेशन के निर्माण का प्रस्ताव सबसे पहले शिवसेना सांसद प्रकाश परांजपे ने रखा था। इसके बाद राकांपा (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) सांसद संजीव नाइक ने इसे आगे भेजा और आखिरकार मौजूदा सांसद विचारे ने इसे स्वीकृत कराया। -
जाजपुर (ओडिशा)। पुलिस ने ओडिशा के जाजपुर जिले में चार व्यक्तियों की गिरफ्तारी के साथ ही मूर्ति तस्करी करने वाले एक अंतर-राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार लोगों में से तीन उत्तर प्रदेश के हैं, जबकि एक ओडिशा के बालासोर जिले का रहने वाला है।
जाजपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि विभिन्न स्थानों पर छापे मारने के बाद गिरोह से जाजपुर जिले के विभिन्न मंदिरों से चोरी कुल 31 बेशकीमती मूर्तियां बरामद की गईं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से एक आग्नेयास्त्र, गोला बारूद, मोबाइल फोन, कई उपकरण और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी।
पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने कुछ दिन पहले जाजपुर जिले के दशरथपुर मंडल अंतर्गत हीरापुर गांव में एक मंदिर से भगवान कृष्ण, नरसिंह और राम लक्ष्मण तथा देवी सीता की मूर्तियां चोरी की थी। इसके अलावा वे देवी-देवताओं के सोने तथा चांदी के आभूषण भी ले गए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरी की मूर्तियों और आभूषण की कीमत करीब एक करोड़ रुपये होगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हाल के महीनों में जिले के विभिन्न मंदिरों से कीमती मूर्तियों की चोरी होने के बाद गिरोह के सदस्यों को पकड़ने के लिए एक विशेष दल गठित किया गया था। अग्रवाल ने कहा, ‘‘एक खुफिया सूचना के आधार पर हमने विभिन्न स्थानों पर छापे मारे और गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ लिया। यह मूर्तियों की चोरी करने वाला एक अंतर-राज्यीय गिरोह है।
उनके पास से हीरापुर में रघुनाथ जी मंदिर और कृष्ण चंद्रपुर मंदिर से चोरी की सभी मूर्तियां बरामद कर ली गयी हैं। इसके अलावा सिद्ध बालादेवजी मंदिर में हुई चोरी में भी उनकी संलिप्तता का पता चला है।'' उन्होंने बताया कि गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ लिया गया और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। गिरोह का मास्टरमाइंड फरार है। पुलिस को संदेह है कि यह गिरोह राज्य के अन्य जिलों में भी मूर्ति चोरी के मामलों में शामिल है। -
नयी दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स ने स्वास्थ्य, विकास एवं जलवायु जैसे क्षेत्रों में भारत की प्रगति की सराहना की है। गेट्स ने कहा कि देश यह दिखा रहा है जब नवाचार में निवेश किया जाता है, तो क्या-क्या संभव है।
‘बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन' के सह-अध्यक्ष बिल गेट्स ने ‘‘कई सुरक्षित, प्रभावी और किफायती टीके विकसित करने की अद्भुत क्षमता'' के लिए भारत की प्रशंसा की। इनमें से कई टीके विकसित करने में ‘गेट्स फाउंडेशन' ने मदद की है। उन्होंने कहा कि इन टीकों ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान लाखों लोगों का जीवन बचाया और दुनियाभर में अन्य बीमारियों को फैलने से रोका। गेट्स ने कहा कि उन्होंने भारत की अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।
उन्होंने एक लेख में कहा, ‘‘ऐसे समय में जब दुनिया के सामने इतनी सारी चुनौतियां हैं, भारत जैसी गतिशील और रचनात्मक जगह की यात्रा से प्रेरणा मिलती है।'' गेट्स ने कहा कि कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण पिछले तीन वर्षों में उन्होंने ज्यादा यात्रा नहीं की, लेकिन वह खासकर कोविड के टीके विकसित करने और भारत की स्वास्थ्य प्रणालियों में निवेश के मामलों को लेकर मोदी के संपर्क में रहे।
उन्होंने कहा कि नये जीवनरक्षक टीकों के उत्पादन के अलावा, भारत उनके वितरण में भी उत्कृष्ट रहा और उसकी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली ने कोविड टीकों की 2.2 अरब से अधिक खुराक वितरित की हैं। गेट्स ने कहा कि भारत ने ‘को-विन' नामक ऐप बनाई, जिसकी मदद से लोगों को टीकाकरण के लिए निर्धारित समय दिया गया और टीके लगने के बाद लोगों के लिए डिजिटल प्रमाण पत्र जारी किये गये।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि को-विन दुनिया के लिए एक आदर्श है और मैं इससे सहमत हूं।'' उन्होंने कहा कि भारत ने महामारी के दौरान 20 करोड़ महिलाओं सहित 30 करोड़ लोगों को आपातकालीन डिजिटल भुगतान किये। गेट्स ने कहा, ‘‘यह केवल इसलिए संभव हो पाया, क्योंकि भारत ने डिजिटल आईडी प्रणाली (जिसे ‘आधार' कहा जाता है) में निवेश करके और डिजिटल बैंकिंग के लिए नवोन्मेषी मंच बनाकर वित्तीय समावेशन को प्राथमिकता दी है। यह याद दिलाता है कि वित्तीय समावेशन एक शानदार निवेश है।''
उन्होंने गति शक्ति कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह इस बात का एक बड़ा उदाहरण है कि कैसे डिजिटल प्रोद्यौगिकी सरकारों को बेहतर काम करने में मदद कर सकती है। गेट्स ने कहा कि उन्होंने इस साल भारत द्वारा जी20 की अध्यक्षता किये जाने को लेकर मोदी के साथ चर्चा की और कहा कि जी20 की अध्यक्षता यह दर्शाने का एक शानदार अवसर है कि कैसे देश में विकसित नवोन्मेष दुनिया को लाभान्वित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत स्वास्थ्य, विकास और जलवायु के क्षेत्र में जो प्रगति कर रहा है, प्रधानमंत्री के साथ बातचीत ने मुझे उसे लेकर और भी आशावादी बना दिया है। यह देश दिखा रहा है कि जब हम नवाचार में निवेश करते हैं तो क्या-क्या संभव है। मुझे उम्मीद है कि भारत इस प्रगति को जारी रखेगा और अपने नवाचारों को दुनिया के साथ साझा करता रहेगा।'' -
बलिया (उप्र)। जिले में रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के समीप चलती जीप में धुंआ निकलने के बाद दो महिलाएं उसमें से कूद गयी जिसके कारण एक महिला की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के अनुसार रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रसड़ा-मऊ मार्ग पर गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के समीप शुक्रवार को एक जीप में अचानक धुंआ निकलने लगा।
जीप में आग लगने के भय से सुभावती देवी (50) और मुन्नी देवी (45) चलती जीप से कूद गई। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों महिलाओं को तत्काल रसड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सुभावती देवी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि दोनों महिला बलिया में मुण्डन संस्कार के कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रही थी। -
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उप्र सड़क परिवहन निगम की एक नयी बस सेवा ‘राजधानी एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाई, जो राज्य की राजधानी को सभी जिला मुख्यालयों से जोड़ेगी। लखनऊ से ये बसें हर जिलों में जाएंगी। शनिवार को अपने सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 76 नई राजधानी व 39 साधारण सेवा की बसों को हरी झंडी दिखायी।
मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन रिजर्वेशन व यात्री फीडबैक एप्लीकेशन ऐप 'यूपी-राही' की भी शुरुआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह आजादी का अमृत महोत्सव का पहला वर्ष है और इस प्रथम वर्ष में उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) अपनी स्थापना के 50 साल पूरे कर रहा है।
उन्होंने कहा कि 50 वर्षों पहले जिस यात्रा को प्रारंभ किया गया उसमें होली के पूर्व कुछ नई उपलब्धियों को जोड़ा जा रहा है ताकि राज्य की 25 करोड़ जनता को सुगम परिवहन सेवा मुहैया कराई जा सके। उन्होंने कहा कि सबसे बड़े सांस्कृतिक आयोजन प्रयागराज कुंभ और कोरोना महामारी के दौरान परिवहन निगम की भूमिका सराहनीय रही।
उन्होंने कहा कि कुंभ के 45 दिन के आयोजन में 24 करोड़ श्रद्धालु सहभागी बने और इसके लिए परिवहन निगम को राज्य सरकार ने पांच हजार नयी बसें उपलब्ध कराई थीं। आदित्यनाथ ने कहा कि होली पर 150 नयी बसें आई हैं और अच्छी बात यह है कि ये बसें परिवहन निगम के वर्कशॉप में बन रही हैं। उन्होंने कहा कि 1000 नयी बस खऱीदने के लिए उनकी सरकार ने 400 करोड़ रुपये दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस अड्डों को हवाई अड्डा की तर्ज पर विकसित करने के लिए 100 करोड़ रुपये दिए गये हैं। आदित्यनाथ ने कहा कि उप्र में एक लाख राजस्व गांव हैं जहां परिवहन निगम रेलवे और हवाई अड्डा से बेहतर सेवा दे सकता है। उन्होंने कहा कि हर जनपद, 350 से अधिक तहसीलों, 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों को बस सेवा से जोड़ें। -
मेरठ। उत्तर प्रदेश में मेरठ जनपद के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में 75 साल के व्यक्ति की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कंकरखेड़ा के थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौड़ ने बताया कि ब्रह्मसिंह (75) की सिर में गोली मारकर हत्या की गई है। ब्रह्मसिंह अपनी बेटी पुष्पा के साथ सरधना रोड स्थित जंगेठी गांव रहते थे। परिवार वालों से मिली जानकारी के आधार पर थाना प्रभारी ने बताया कि शनिवार सुबह घटना के समय ब्रह्मसिंह घर में चारपाई पर सो रहे थे।
बेटी पुष्पा दूध लेने गयी हुई थी और जब वह लौटी तो देखा कि पिता चारपाई पर खून से लथपथ पड़े हैं। बेटी के अनुसार, घटना के समय घर पर और कोई नहीं था। पुलिस का मानना है कि घटना में मृतक के ही किसी करीबी का हाथ है, जिसे मालूम था कि घर पर कोई नहीं है। राठौड़ ने बताया कि अभी तक घटना के संबंध में तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस परिवार के नजदीकी लोगों से पूछताछ कर रही है। -
विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश वैश्विक निवेशक सम्मेलन के दौरान 13.05 लाख करोड़ रुपये निवेश के समझौते हुए हैं जिनसे लगभग छह लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने शनिवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने यहां आयोजित दो-दिवसीय निवेशक सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि सम्मेलन में किए गए निवेश समझौतों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए एक निगरानी समिति बनाई जाएगी।
इस समिति में राज्य के मुख्य सचिव के अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अधिकारी और विशेष मुख्य सचिव (उद्योग) भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि निवेशक सम्मेलन के दौरान 20 क्षेत्रों में 352 समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें से अकेले ऊर्जा क्षेत्र में ही 8.84 लाख करोड़ रुपये के 40 समझौते हुए, जिनसे 1.9 लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
रेड्डी ने कहा, “आईटी और आईटीईएस क्षेत्र में 25,587 करोड़ रुपये निवेश के 56 एमओयू पर हस्ताक्षर हुए जिनसे 1,04,442 लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं पर्यटन क्षेत्र में 22,096 करोड़ रुपये के 117 समझौते हुए जिनसे 30,787 लोगों को रोजगार मिलेगा।” उन्होंने बताया कि अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में भी उल्लेखनीय निवेश हुआ है। इनसे शून्य उत्सर्जन के लक्ष्य हासिल करने की देश की प्रतिबद्धता को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने निवेश की मंशा जताने वाली कंपनियों से इन प्रस्तावों पर जल्द अमल करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, "हम इन एमओयू को क्रियान्वयन-लायक निवेश में बदलने की प्रक्रिया को तेज एवं निर्बाध करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" औषधि विनिर्माता हेटरो समूह ने भी फार्मा और संबंधित उद्योग के प्रसार के लिए 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की घोषणा की है।
समूह के प्रबंध निदेशक वाम्सी कृष्णा बंदी ने कहा कि कोरोना काल के बाद कई देश फार्मा क्षेत्र में भारत को अपने साझेदार के रूप में देख रहे हैं और सुव्यवस्थित पारिस्थितिकी तंत्र के कारण आंध्र प्रदेश इसके लिए आदर्श है। -
कोहिमा. नगालैंड में एनडीपीपी-भाजपा सरकार सात मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शपथ लेगी। यह जानकारी यहां आधिकारिक सूत्रों ने दी। नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 60 सदस्यीय राज्य विधानसभा के लिए चुनाव 40:20 सीट बंटवारा फॉर्मूले के साथ लड़ा था और लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की। एनडीपीपी और भाजपा ने चुनाव क्रमश: 25 और 12 निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की। राज्य में विधानसभा चुनाव 27 फरवरी को हुआ था। हालांकि अभी तक गठबंधन में से किसी ने भी नयी सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया है, लेकिन भाजपा ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि एनडीपीपी अध्यक्ष नेफ्यू रियो मुख्यमंत्री बने रहेंगे। वर्ष 2018 के चुनाव में एनडीपीपी और भाजपा ने इसी फॉर्मूले पर विधानसभा चुनाव लड़ा था और क्रमश: 18 और 12 सीटों पर जीत हासिल की थी।
-
भोपाल। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 14 मार्च को भोपाल में अयोजित एक रैली में मध्य प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। आप के संगठन महासचिव संदीप पाठक ने कहा कि उनकी पार्टी इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 230 सीट पर पूरे दमखम से चुनाव लड़ेगी।
पाठक ने कहा, "अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान 14 मार्च को भोपाल आ रहे हैं। मध्य प्रदेश में आप की यह चुनावी रैली होगी। मध्य प्रदेश के लोग बदलाव के लिए मतदान करना चाहते हैं।'' संदीप पाठक ने शनिवार को पत्रकारवार्ता में मध्य प्रदेश में हाल में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन का हवाला दिया और कहा कि आप मध्य प्रदेश में अगली सरकार बनाएगी।
पाठक ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता आज खुद को ठगा महसूस कर रही है और तीसरा विकल्प तलाश रही है । उन्होंने कहा, "लोगों ने भाजपा और कांग्रेस को पर्याप्त समय दिया, लेकिन दोनों ने उनका कोई भला नहीं किया है। इसलिए, लोग अब मध्य प्रदेश में आप की ओर देख रहे हैं।" आप नेता ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी दिल्ली की तर्ज पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के मुद्दों पर काम किया जाएगा।
पाठक ने कहा कि आप तेजी से देश में एक वैकल्पिक राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी है और केवल 10 वर्षों में दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाकर तथा गुजरात में प्रभावशाली प्रदर्शन करके एक राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख केजरीवाल के मध्य प्रदेश दौरे के बाद शीघ्र ही प्रदेश में पार्टी संगठन की घोषणा कर दी जाएगी। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि सरकार बुनियादी ढांचे के विकास को अर्थव्यवस्था के लिए प्रेरक शक्ति मानती है और इससे भारत को 2047 तक एक विकसित देश बनने में मदद मिलेगी। मोदी ने बजट के बाद बुनियादी ढांचे और निवेश के विषय पर आयोजित एक वेबिनार में कहा कि इस साल का बजट देश में बुनियादी ढांचा क्षेत्र के विकास को नयी ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम बुनियादी ढांचे के विकास को अर्थव्यवस्था के लिए प्रेरक शक्ति मानते हैं। भारत इस रास्ते पर चलकर 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य हासिल कर लेगा।'' मोदी ने कहा कि अब इस विकास की गति को तेज करने और ‘टॉप गियर' में ले जाने की जरूरत है और इसमें ‘प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान' महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सड़क, रेलवे, बंदरगाह और हवाई अड्डा जैसे सभी क्षेत्रों में आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे व्यवसायों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और ‘लॉजिस्टिक' (माल की ढुलाई एवं आपूर्ति प्रबंधन) लागत को कम करने में मदद मिलेगी।
-
मुंबई. महाराष्ट्र में नियमों के उल्लंघन के आरोप में कफ सिरप बनाने वाली छह कंपनियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। राज्य सरकार ने विधानसभा में यह जानकारी दी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री संजय राठौड़ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक आशीष सेलार और अन्य के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर शुक्रवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक कंपनी में बनी कफ सिरप पीने से पिछले साल उज्बेकिस्तान में 18 बच्चों की मौत हो गयी थी। नोएडा पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने कंपनी के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। राठौड़ ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कफ सिरप के 108 निर्माताओं में से 84 के खिलाफ एक जांच शुरू की थी। इनमें से चार को उत्पादन रोकने का निर्देश दिया गया, जबकि छह कंपनियों के लाइसेंस निलंबित कर दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि 17 कंपनियों को नियमों के उल्लंघन के लिए ‘कारण बताओ' नोटिस भेजे गए। सेलार ने कथित तौर पर भारत से आयातित कफ सिरप पीने से गाम्बिया में 66 बच्चों की मौत होने का जिक्र किया, लेकिन साथ ही कहा कि उस मामले में नियमों के उल्लंघन के आरोप का सामना कर रही कंपनी हरियाणा में स्थित थी तथा महाराष्ट्र में उसकी कोई उत्पादन इकाई नहीं थी।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली में शनिवार से शुरू हुए वैश्विक कल्याण सम्मेलन ‘एजिंग ब्लिसफुली' में जाने-माने योग गुरु गुरमुख कौर खालसा, अभिनेत्री पूजा बेदी, फैशन डिजाइनर सुनीत वर्मा और तिब्बती लेखक नामग्याल तकल्हा सहित कई हस्तियों ने भाग लिया। दिल्ली के राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय और हस्तकला अकादमी में शनिवार को शुरू हुए दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य लोगों को बढ़ती उम्र को स्वीकारने और आनंददायी जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना है। ‘द पॉजिटिविटी प्रोजेक्ट फाउंडेशन' द्वारा आयोजित और बिहार सरकार के कला और संस्कृति मंत्रालय द्वारा समर्थित सम्मेलन में शिक्षकों, आध्यात्मिक गुरुओं, कल्याण विशेषज्ञों द्वारा चर्चाएं और कार्यशालाएं शामिल होंगी। चर्चाओं में जोर दिया जाएगा कि “बढ़ती उम्र और अधिक आनंददायी और सुंदर हो सकती है।\
-
संत कबीरनगर। उत्तर प्रदेश में संत कबीरनगर के खलीलाबाद में शनिवार तड़के उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम की पिंक सेवा की एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई जिससे महिला परिचालक की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए कहा कि हादसे में अन्य छह यात्री घायल हुए हैं। यह हादसा खलीलाबाद कोतवाली इलाके में हुआ।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सर्वेश कुमार ने बताया कि शनिवार तड़के करीब तीन बजे लखनऊ से गोरखपुर जा रही पिंक सेवा की बस जब थाना क्षेत्र के माघेर नगर के पास पहुंची तो वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गयी। कुमार ने बताया कि हादसे में परिचालक नेहा यादव (30) की मौत हो गई और अन्य छह यात्री घायल हो गये।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि घायलों में एक ही हालत गंभीर है जिसे स्थानीय अस्पताल में सामान्य उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि बस में 40 लोग यात्रा कर रहे थे। एसएचओ ने कहा कि आगे की कार्यवाही की जा रही है। - नयी दिल्ली। वरिष्ठ नौकरशाह मनीषा शर्मा को पर्यटन मंत्रालय में महानिदेशक (पर्यटन) नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय की तरफ से शनिवार को जारी एक आदेश में यह जानकारी दी गई। सक्सेना भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की 1996 बैच की अरुणाचल प्रदेश-मिजोरम-गोवा-केंद्र शासित क्षेत्र (एजीएमयूटी) कैडर की अधिकारी हैं। वहीं, कर्नाटक कैडर की 1989 बैच की भारतीय वन सेवा की अधिकारी मीनाक्षी नेगी को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में सदस्य सचिव नामित किया गया है। एजीएमयूटी कैडर के 1993 बैच के आईएएस अधिकारी खिल्ली राम मीणा अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव होंगे। मीणा फिलहाल ग्रामीण विकास मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार के पद पर तैनात हैं।




.jpg)






















.jpg)