- Home
- देश
- सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने सोमवार की सुबह एक बाइक सवार दंपती को रौंद दिया, जिससे इस हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गयी जबकि उनके दो बच्चे घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। लम्भुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि जौनपुर जिले के खुटहन कोतवाली के रामनगर किलकिछा निवासी संत लाल निषाद (40) अपनी पत्नी श्रीमती ऊर्फ किस्मती (35) तथा बच्चों अंश (10) एवं अंशिका (2) के साथ बाइक से शाहपुर हरवंश जा रहा था कि विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि करीब 50 मीटर तक बाइक ट्रक में फंसकर सड़क पर घिसटती रही जिससे इस घटना में मौके पर ही किस्मती की मौत हो गयी । त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां संतलाल ने भी दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों का उपचार चल रहा है। एसएचओ ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक को छोड़कर चालक फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृत युवक के भतीजे हरेन्द्र निषाद की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बाइक एवं ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
-
जम्मू। जम्मू एवं कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि माता वैष्णो देवी मंदिर के लिए रोपवे की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यवसायों के हितों की रक्षा के लिए परियोजना को ‘‘अत्यंत संवेदनशीलता'' के साथ शुरू किया जाएगा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों के ऊपर स्थित मंदिर तक 12 किलोमीटर लंबे ट्रैक के साथ ताराकोट मार्ग और सांझी छत के बीच 250 करोड़ रुपये की यात्री रोपवे परियोजना को मंजूरी दी है। बोर्ड के अध्यक्ष सिन्हा ने मंदिर में पूजा अर्चना के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘रोपवे परियोजना की निविदा प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है और परियोजना पर काम पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि स्थानीय कारोबार प्रभावित नहीं हो।'' उपराज्यपाल ने मंदिर परिसर के भवन में तृप्ति भोजनालय और प्रसाद केंद्र का भी उद्घाटन किया और कहा कि रोपवे परियोजना को तीर्थयात्रियों, विशेष रूप से बुजुर्गों और दिव्यांगों को मंदिर में अधिक आसानी से पूजा करने की सुविधा प्रदान करने के लिए मंजूरी दी गई थी। उन्होंने कहा कि दुर्गा भवन में दो सुविधाओं को जोड़ना देश और विदेश से मंदिर आने वाले तीर्थयात्रियों को एक आरामदायक और संतोषजनक अनुभव प्रदान करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। सिन्हा ने कहा, ‘‘दुर्गा भवन में एक दिन में 3,000 से अधिक तीर्थयात्रियों को समायोजित किया जा सकता है और 750 आगंतुक एक समय में भोजनालय में भोजन कर सकते हैं।'' अधिकारियों ने कहा कि 2.4 किलोमीटर लंबी रोपवे परियोजना तीन साल में पूरी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इस सुविधा का इस्तेमाल करते हुए तीर्थयात्री पांच से छह घंटे की यात्रा की तुलना में महज छह मिनट में मंदिर परिसर पहुंच सकते हैं। पिछले साल 91.25 लाख श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए थे, जो करीब एक दशक में सबसे अधिक है।
वर्ष 2020 में केवल 17 लाख तीर्थयात्रियों ने मंदिर का दौरा किया था। कोविड महामारी के कारण इस साल इतिहास में पहली बार मंदिर पांच महीने के लिए बंद था। यह 16 अगस्त, 2020 को फिर से खोला गया। एसएमवीडीएसबी ने बेहतर प्रबंधन के लिए मंदिर का जिम्म संभाला था था, तब वर्ष 1986 में 13.95 लाख तीर्थयात्री यहां पहुंचे थे। हर गुजरते साल के साथ यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। वर्ष 1991 में श्रद्धालुओं की संख्या 31.15 लाख और 2007 में 74.17 लाख तक पहुंच गई थी। हालांकि, 2008 में यह संख्या घटकर 67.92 लाख रह गई, जिसके लिए दो महीने तक चले अमरनाथ भूमि विवाद आंदोलन को जिम्मेदार ठहराया गया था, लेकिन 2009 में फिर से यह आंकड़ा 82 लाख और अगले साल 87.2 लाख हो गया। यह संख्या 2013 में 93.24 लाख , 2014 में 78.03 लाख, 2015 में 77.76 लाख और 2016 में 77.23 लाख रही।तीर्थयात्रियों का आगमन 2017 में बढ़कर 81.78 लाख और 2018 में 85.87 लाख हो गया, लेकिन 2019 में फिर से घटकर 79.40 लाख हो गया। इसी वर्ष केंद्र सरकार ने पूर्ववर्ती जम्मू और कश्मीर राज्य का विशेष दर्जा रद्द कर दिया था। - जालना। महाराष्ट्र के जालना में एक शख्स ने अपनी मंगेतर की कथित तौर पर हत्या कर दी और उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि 24 वर्षीय आरोपी बुलढाणा जिले के वरुड़ का रहने वाला है, जबकि पीड़िता जालना के बेलोरा की रहने वाली है। उन्होंने बताया, “उनकी 17 मार्च को शादी होनी थी और उनके माता-पिता शादी के कपड़े खरीदने के लिए लोनार गए हुए थे। इसी बीच, आरोपी शनिवार को बेलोरा पहुंच गया और किशोरी के साथ कथित तौर पर बलात्कार कर उसका गला रेत दिया।” अधिकारी ने बताया, “परिजनों को किशोरी खून से लथपथ मिली। आरोपी तब तक गांव से भाग चुका था। नाराज रिश्तेदारों ने पुलिस के सामने प्रदर्शन करते हुए आरोपी के परिवार को दहेज के रूप में दिए गए दो लाख रुपये वापस करने की मांग की।” सेवली थाने के अधिकारी ने बताया कि कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिसकर्मी मौजूद हैं और आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। आरोपी पर भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत बलात्कार तथा हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
- बलिया (उप्र)। भारत में मोंटेनेग्रो की राजदूत डॉ. जेनिस दरबारी ने कहा है कि 1942 में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान कुछ दिनों के लिए स्वतंत्र हुए बलिया के इतिहास पर वह फिल्म बनाएंगी, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। दक्षिण-पूर्वी यूरोप के देश मोंटेनेग्रो की राजदूत डॉ. दरबारी ने यहां जिला मुख्यालय के लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में पत्रकारों से कहा कि 1942 में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान कुछ दिनों के लिए स्वतंत्र हुए बलिया के इतिहास पर वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्म बनायेंगी। डॉ. जेनिस दरबारी 1942 में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान बलिया में जिलाधिकारी रहे जे. निगम की नातिन हैं। दरबारी ने बताया कि उन्होंने अपने नाना जे. निगम पर केंद्रित किताब ‘द एडमिनिस्ट्रेटर' लिखी है। उन्होंने कहा, ‘‘बलिया का इतिहास क्रांतिकारी एवं महान रहा है। देश की आजादी से पांच वर्ष पहले ही 1942 में 19 अगस्त को बलिया ब्रिटिश हुकूमत से आजाद हो गया था। यह पूरी दुनिया में सत्ता के शांतिपूर्वक हस्तांतरण की अनोखी मिसाल है। तब चालीस हजार की भीड़ के सामने बिना एक बूंद खून बहाए जे. निगम द्वारा सत्ता का हस्तांतरण किया गया था।'' दरबारी ने कहा कि बलिया में जो हुआ, उससे ब्रिटिश सरकार हिल गई थी। दरबारी ने कहा, ‘‘आज विश्व में शांति की जरूरत है। बलिया में वह शक्ति है, जो विश्व की शांति के लिए काम आ सकता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं बलिया के उस इतिहास को आगे लाने की कोशिश कर रही हूं, जो आज भी अनदेखा है। मैंने अपनी किताब में बहुत कुछ समेटने का प्रयास किया है। इसी को आधार बनाकर बलिया के इतिहास पर फीचर फिल्म बनाएंगे। यह फिल्म विश्व स्तर पर दिखाई जाएगी। इस फिल्म के माध्यम से दुनिया जानेगी कि बलिया के क्रांतिकारियों में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान कैसा जुनून था।'' उन्होंने कहा, ‘‘बलिया से मेरा भावनात्मक लगाव है। मैं 1942 के अंग्रेजों भारत छोड़ो का इतिहास जानती हूं। मेरे नाना बलिया के स्थानीय लोगों और ब्रिटिश सरकार के बीच माध्यम थे।'' उन्होंने कहा, ‘‘मेरे नाना जे. निगम ने बचपन से अंग्रेजों के अत्याचार देखे थे, क्योंकि उनके पिता अदालत में पेशकार थे। वे अदालत में देखते थे कि भारतीय लोगों के साथ किस प्रकार से भेदभाव होता था।'' उन्होंने कहा, ‘‘मेरे नाना ने अपनी पढ़ाई स्ट्रीट लाइट की रोशनी में की थी। बाद में उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ाई की। इसी दौरान उनकी महात्मा गांधी से मुलाकात हुई। वह बाद में भारतीय सिविल सेवा (आईसीएस) अधिकारी बने। वह ब्रिटिश सरकार के दौरान होने वाले अत्याचार को खत्म करना चाहते थे।'' दरबारी ने कहा, ‘‘मेरे नाना ने बलिया में इसे बखूबी निभाया। इसी का परिणाम था कि उन्होंने शक्ति का शांतिपूर्ण हस्तांतरण किया। इससे ब्रिटिश सरकार भी हिल गई। ब्रिटिश सरकार को सूझ नहीं रहा था कि जे. निगम को कैसे बर्खास्त किया जाए, क्योंकि तब आईसीएस अधिकारियों को बर्खास्त करने का प्रावधान नहीं था। हालांकि, बाद में ब्रिटिश सरकार ने विशेष बैठक बुलाकर जे. निगम को बर्खास्त किया।''
-
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि संयुक्त अरब अमीरात के साथ हुए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) ने भारतीय उद्यमियों को बढ़ावा दिया है और खाड़ी देश के साथ संबंध भी गहरे हुए हैं। भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने पिछले साल 18 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी और अबू धाबी के युवराज शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच डिजिटल शिखर सम्मेलन के बाद व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने के लिए सीईपीए पर हस्ताक्षर किए थे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के एक ट्वीट को टैग करते हुए मोदी ने कहा कि यूएई के साथ हुए सीईपीए ने भारतीय उद्यमियों को बढ़ावा दिया है और संयुक्त अरब अमीरात के साथ भारत के संबंधों को भी गहरा किया है। गोयल ने अपने ट्वीट में सीईपीए का एक वर्ष पूरा होने पर यूएई के विदेश व्यापार राज्य मंत्री सानी बिन अहमद अल जायोदी और उनके द्वारा संयुक्त रूप से लिखा गया लेख साझा किया था। व्यापार समझौते पर पिछले साल वाणिज्य मंत्री गोयल और यूएई के अर्थव्यवस्था मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री ने हस्ताक्षर किए थे।
- लखनऊ। पीतल के बर्तनों पर नक्काशी का काम शिल्पगुरु पद्मश्री दिलशाद हुसैन दशकों से करते आ रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले वर्ष जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज को नक्काशीदार कलश उपहार में देने के बाद उनके बर्तनों की मांग और लोकप्रियता बढ़ी है। नक्काशी के उस्ताद 75 वर्षीय दिलशाद हुसैन ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री द्वारा जर्मन चांसलर को पेश करने के लिए चुने जाने के बाद से उनके बनाए नक्काशीदार ‘कलश' की लोकप्रियता में कई गुना इजाफा हुआ है और अब मुझे इसके लिए अधिक ऑर्डर मिल रहे हैं।'' पिछले साल जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मन चांसलर को मुरादाबाद का हाथ से उकेरा हुआ पीतल का कलश उपहार में दिया था। मुरादाबाद को पीतल नगरी या उत्तर प्रदेश के पीतल शहर के रूप में भी जाना जाता है। हुसैन को हाल में उनके काम के लिए देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री' से सम्मानित किया गया।हुसैन ने कहा कि उन्होंने अपने दादा के मार्गदर्शन में यह शिल्प सीखा और छह साल पहले तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से उन्हें ‘‘शिल्प गुरु'' पुरस्कार भी मिला था। शिल्प गुरु ने कहा कि उन्हें हाल में मुंबई से एक ऑर्डर मिला है और उन्होंने 18,000 रुपये प्रति पीस की दर से आपूर्ति की है। उन्होंने कहा कि दूसरे शहरों से भी ऑर्डर आ रहे हैं। अपने शिल्प के पीछे की तकनीक को साझा करते हुए हुसैन ने कहा कि डिजाइन को पहले एक कागज पर स्केच किया जाता है। फिर पूरे डिजाइन की रूपरेखा को लकड़ी के ब्लॉक की मदद से बर्तन पर उकेरा जाता है। उन्होंने कहा कि इस विशेष प्रकार की नक्काशी को ‘‘मरोड़ी कला'' कहा जाता है। हुसैन ने अपने शिल्प को लोकप्रिय बनाने में मदद करने के लिए उत्तर प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन एंड रिसर्च (यूपीआईडीआर) की अध्यक्ष क्षिप्रा शुक्ला की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपने धर्म के कारण कभी भी भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बार मेरे काम की प्रशंसा की है।'' हुसैन ने कहा कि वह युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं, जिनमें कई महिलाएं हैं। क्षिप्रा शुक्ला ने कहा कि वह जाति, धर्म या लिंग पर विचार किए बिना राज्य भर में जमीनी स्तर पर कारीगरों और शिल्पकारों को सहायता प्रदान कर रही हैं। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग के तहत लखनऊ स्थित संस्थान विभिन्न शहरों में कारीगरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। शुक्ला ने कहा, इसका उद्देश्य कारीगरों और शिल्पकारों को अपने उत्पादों को बेहतर बनाने में मदद करना है ताकि वे खरीदारों से अच्छे पैसे कमा सकें।
- अंबाला.। हरियाणा के पानीपत से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की अंबाला कैंट में रविवार को हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल है। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता की कार राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई थी।पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान पानीपत निवासी राजीव के तौर पर की गई है। उन्होंने बताया कि वह भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता था। पुलिस ने बताया कि राजीव के साथ कार में सवार उनकी पत्नी अनीता चावला भी हादसे में घायल हुई हैं और उनके सीने में चोट आई है। उन्होंने बताया कि अनीता भी भाजपा की महिला इकाई की जिला सचिव हैं। पुलिस ने बताया कि दंपति चंडीगढ़ से पानीपत के लिए रविवार सुबह रवाना हुआ था। हादसा अंबाला कैंट के पास दिल्ली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। उन्होंने बताया कि राजीव के शव को राहगीरों की मदद से कार से निकाला गया, जबकि अनीता को अंबाला छावनी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर करनाल से भाजपा सांसद संजय भाटिया ने कुछ स्थानीय नेताओं के साथ अस्पताल जाकर अनीता का हाल-चाल पूछा और राजीव की मौत पर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्ति की। पुलिस ने अनीता के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि राजीव के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद पानीपत ले जाया जाएगा।[20:55, 19/02/2023] Prashant Sharma 1: Mmmmmmm
- अहमदाबाद। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि आने वाली पीढ़ियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘स्वर्णिम काल'' का उसी तरह से अध्ययन करेंगी जिस तरह से आज की पीढ़ी को इतिहास के पाठ्यक्रम में चंद्रगुप्त मौर्य के स्वर्ण युग के बारे में पढ़ाया जाता है। मांडविया ने यह टिप्पणी अहमदाबाद में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) में केंद्रीय बजट 2023-24 के बारे में बोलते हुए की। चंद्रगुप्त मौर्य प्राचीन भारत में मौर्य साम्राज्य के पहले सम्राट थे।मांडविया ने छात्रों और पेशेवरों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को विभिन्न उपलब्धियों के लिए याद किया जाएगा, जैसे कि आर्थिक सुधार, कोविड-19 प्रबंधन, सीमा पार आतंकवादियों पर सर्जिकल स्ट्राइक, आदि। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने इतिहास के पाठ्यक्रम के हिस्से के रूप में चंद्रगुप्त मौर्य के स्वर्ण युग का अध्ययन करते थे। यह अभी भी (स्कूलों और कॉलेजों में) पाठ्यक्रम का हिस्सा है। अब से तीसरी या चौथी पीढ़ी बाद हमारी आने वाली पीढ़ियों को भी जब भारत का राजनीतिक इतिहास पढ़ाया जाएगा तो वे नरेंद्र मोदी के स्वर्णिम काल के बारे में पढ़ेंगे।'' केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को पढ़ाया जाएगा कि नरेंद्र मोदी के सुनहरे दौर में किस तरह के आर्थिक सुधार हुए। उन्होंने कहा कि साथ ही, इसमें कोविड-19 प्रबंधन, देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था, सर्जिकल और हवाई हमले, भारत की विदेश नीति और दुनिया भर से भारत की प्रशंसा करने वाले उद्धरणों का उल्लेख शामिल होगा। उन्होंने कहा, ‘‘उस समय हमारी आने वाली पीढ़ियां इस बात पर गर्व करेंगी कि उनके पिता और पूर्वज मोदी के समर्थक थे और मोदी सरकार का हिस्सा थे।''
-
धौलपुर (राजस्थान)। जिले के सदर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से कार सवार एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल तीन महिलाओं को उपचार के लिए धौलपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां, गंभीर हालत के चलते एक महिला को उत्तर प्रदेश के आगरा रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह हुए हादसे में कार सवार मध्य प्रदेश के मुरैना की चार श्रद्धालु महिलाएं कार से वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर दर्शन करने जा रहीं थीं। पुलिस ने कार और ट्रक को जब्त करके पड़ताल शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि ट्रक का स्टेयरिंग फेल होने के कारण वह डिवाइडर को पार करके विपरीत दिशा में आकर कार से टकरा गया। उन्होंने बताया कि हादसे में कार चालक मुकेश (30) तथा निकिता गुप्ता (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महादेवी (44), सरस्वती (40), हीरा देवी (42) को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने महिला एवं कार चालक का शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। हादसे के बारे में पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है। पुलिस ने बताया परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -
नई दिल्ली। भारत के चंद्र अभियान को आगे बढाने के लिए चंद्रयान-3 का विद्युत चुंबकीय व्यवधान और योग्यता संबंधी सफल परीक्षण किया गया है। इस परीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अंतरिक्ष के वातावरण में उपग्रह की प्रणालियां संभावित विद्युत चुंबकीय स्तरों के साथ मिलकर समुचित तरीके से काम करें। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने कहा है कि उपग्रहों को तैयार करने में यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इसरो ने कल घोषणा की कि यह परीक्षण 31 जनवरी और 2 फरवरी के बीच बैंगलुरू के यू आर रॉव उपग्रह केन्द्र में किया गया। यह भी बताया गया है कि इस परीक्षण के दौरान चंद्रयान के लैंडिंग मिशन के बाद के चरण से संबंधित कई मामलों की पडताल की गई। इनमें प्रक्षेपण योग्यता, सभी रेडियो फ्रिक्वेंसी प्रणालियों के लिए एंटीना के ध्रुवीकरण और लैंडर तथा रोवर की अनुकूलता सहित कई परीक्षण शामिल हैं। इस दौरान सभी प्रणालियों का प्रदर्शन संतोषजनक रहा।चंद्रयान-3 मिशन में तीन प्रमुख मॉडयूल हैं- प्रोपल्शन, लैंडर और रोवर। इस अभियान की जटिलता का संबंध इन मॉडयूल के बीच रेडियो फ्रिक्वेंसी संचार संपर्क स्थापित करने से है।
-
भोपाल. मध्यप्रदेश के वन मंत्री विजय शाह ने रविवार को कहा कि पिछले साल सितंबर के मध्य में नामीबिया से लाकर राज्य के श्योपुर जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़े गए आठ अफ्रीकी चीतों को एक महीने में जंगल में स्वच्छंद विचरण के लिए छोड़ दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1952 में भारत में विलुप्त हुए चीतों की आबादी को पुनर्जीवित करने की परियोजना के तहत इन चीतों को पिछले साल 17 सितंबर को कूनो राष्ट्रीय उद्यान में विशेष बाड़ों में पृथकवास में छोड़ा था। बाद में नवंबर में इन आठों चीतों को पृथक-वास क्षेत्र से निकालकर बड़े बाड़े में स्थानांतरित किया गया, जहां पर वे वर्तमान में रह रहे हैं और अपना शिकार भी कर रहे हैं। इन चीतों में से पांच मादाएं और तीन नर हैं। शाह ने कहा कि नामीबिया के इन चीतों को अगले एक महीने के दौरान जंगल में स्वच्छंद विचरण के लिए छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो चीतों ‘फ्रेडी' और ‘एल्टन' को शुरू में जंगल में छोड़ा जाएगा और बाद में बाकी को भी छोड़ दिया जाएगा। हालांकि, शाह ने कहा कि इन नामीबियाई चीतों को जंगल में स्वच्छंद विचरण के लिए छोड़ने की तारीख मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा तय की जाएगी। मंत्री ने कहा, केंद्र ने इन चीतों को जंगल में छोड़ने के बारे में निर्णय लेने का काम राज्य सरकार पर छोड़ दिया है।'' उन्होंने कहा कि इन चीतों को शुरूआत में दो महीने के लिए विशेष बाड़ों में पृथक-वास में रखा गया और बाद में नवंबर में वहां से निकालकर बड़े बाड़े में स्थानांतरित किया गया। उन्होंने कहा कि वे अब बड़े बाड़ों में शिकार कर रहे हैं जो 12 किलोमीटर दायरे में फैले हुए हैं, यह एक खुले जंगल की तरह है। शाह ने कहा कि ये सभी चीते स्वस्थ हैं और शिकार कर रहे हैं, इसलिए उन्हें जल्द ही जंगल में स्वच्छंद विचरण के लिए छोड़ दिया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका से लाए गए 12 चीतों को शनिवार को ही कूनो राष्ट्रीय उद्यान में लाकर अलग-अलग बाड़ों में छोड़ा गया है। इसके साथ ही कूनो राष्ट्रीय उद्यान में अब कुल 20 चीते हो गए हैं।
-
आगरा। आगरा में लगन सगाई के आयोजन में सिलेंडर में आग लग गई। हादसे में खाना बनाने आई दो महिलाएं जिंदा जल गई और हलवाई गंभीर रूप से झुलस गया। सगाई कार्यक्रम में हलवाई के साथ खाना बनाने पहुंची दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हलवाई गंभीर रूप से घायल है।
बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं आयोजन में हलवाई के साथ सब्जी काटने और अन्य कामों में मदद करने के लिए गई थी। हादसे के संबंध में मौके पर पहुंचे एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं की मौत हुई है और एक घायल पुरुष को इलाज के लिए भेजा गया है। मामले में अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। मामला थाना सिकंदरा के बाईपुर अंतर्गत सुंदरवन कालोनी का है जहां एक शादी थी।
रविवार को सगाई की रस्म थी और शादी घर के पास ही दावत का इंतजाम था। पुलिस ने बताया कि सुबह हलवाई कैलाशी खाना बनाने के लिए अपने साथ नगला बूढ़ी की रहने वाली शीला और लीला को लेकर आया था। दोनों सिलेंडर के पास बैठकर सब्जियां काट रही थी। इसी दौरान सिलेंडर की पिन ढीली हो गई और सिलेंडर में आग लग गई। कुछ ही सेकेंड में आग ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
उन्हें बचाने के प्रयास में हलवाई कैलाशी भी बुरी तरह से झुलस गया। पुलिस के अनुसार, हादसे में मरने वाली महिलाएं मजदूर परिवार की थीं। दोनों के पति मजदूरी का काम करते हैं और बस्ती में रहते थे। -
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि भोपाल स्थित राजा भोज हवाईअड्डे के पास प्रदेश का सबसे बड़ा मानव निर्मित वन विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस विशाल मानव निर्मित वन की देखभाल का दायित्व श्रीराम आस्था मिशन ने लिया है। चौहान ने कहा कि यह प्रदेश का सबसे बड़ा मानव निर्मित वन होगा, जहां कुल 1.40 लाख पेड़ लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वन में 120 प्रजाति के पौधे रोपने की योजना है।
चौहान के नियमित पौधारोपण के रविवार को दो वर्ष पूर्ण हो गये हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने आज यहां राजा भोज विमानतल परिसर में पौधे लगाए। चौहान ने कहा, ‘‘19 फरवरी 2021 से नर्मदा मैया के उद्गम स्थल अमरकंटक से प्रतिदिन पौधा लगाने की मेरी पहल को जन-समर्थन मिल रहा है।
गत दो वर्ष में एक भी दिन ऐसा नहीं बीता जब मैंने पौधा नहीं लगाय़ा हो। मैंने कोरोना काल में भी मास्क और सेनेटाइजर के उपयोग के साथ एहतियात बरतते हुए अकेले ही पौधा लगाने का कार्य किया।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो साल में उन्होंने 12 राज्यों में पौधे लगाए हैं। -
नई दिल्ली। रेलवे ने रविवार से रेलगाडी के पटरी से उतरने और सिग्नल पार करने और इसी तरह के अन्य हादसों से बचने के लिए एक महीने तक चलने वाला सघन सुरक्षा अभियान शुरू किया है।रेलवे बोर्ड, क्षेत्रीय रेलवे और मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों से विभिन्न खंडों में, रख-रखाव केंद्रों में और कार्यस्थलों पर जाकर इस अभियान चलाने और उसकी समीक्षा करने के लिए कहा गया है। इसके अंतर्गत सुरक्षित संचालन और उचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाएगा।अभियान के दौरान लोको पायलट द्वारा सिग्नल देखने और ब्रेकिंग सिस्टम पर जोर दिया जाएगा। अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याएं समझने के लिए उनसे बातचीत करने और समाधान तलाशने के भी निर्देश दिए गए हैं।
-
गाजियाबाद (उप्र)। जिले के लोनी क्षेत्र में रविवार शाम एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर ढह जाने से मलबे में दबकर कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी तथा करीब चार अन्य जख्मी हो गये। पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) रवि कुमार ने बताया कि शाम करीब पांच बजे लोनी थाना क्षेत्र के रूप नगर औद्योगिक क्षेत्र में एक मंजिला मकान बन रहा था। उसकी छत डाली जा रही थी।
इसी दौरान उसका लेंटर ढह गया और मलबे में करीब 16 मजदूर दब गये। उन्होंने बताया कि मलबे से अब तक कुल छह लोगों को निकाला गया है। उनमें से दो की मौत हो चुकी है। बाकी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, दमकलकर्मी तथा चिकित्सीय दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य कर रहे हैं। कुमार ने बताया कि मलबे में अभी 10 से अधिक लोग दबे बताये जाते हैं। उन्हें बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। -
श्योपुर (मप्र)। मध्य प्रदेश में श्योपुर जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से इसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और 31 अन्य घायल हो गये। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी। रघुनाथपुर थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर ने बताया कि ढोढर थाना क्षेत्र के सांड ग्राम में भागवत कथा का भंडारा था, जिसमें ये श्रद्धालु पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि भंडारे में शामिल होने के बाद ये लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर वापस जा रहे थे कि एकडोरी और श्यामपुर के बीच अनियंत्रित होकर ट्रॉली पलट गई। तोमर ने बताया कि इस घटना में चार लोगों की मौत हुई है, जिनमें दो महिलाएं, एक पुरुष और एक 17 वर्षीय किशोर शामिल है।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में 31 लोग घायल भी हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। तोमर ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। -
पणजी। एक जापानी पर्यटक ने गोवा पुलिस को बताया है कि इस तटीय राज्य में छुट्टियां मनाने के दौरान उसे लूट लिया गया था। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जिवबा दलवी ने संवाददाताओं से बताया कि तात्सुकी टेरामोटो ने अपनी ईमेल शिकायत में दावा किया है कि पिछले साल 28 दिसंबर को उत्तरी गोवा के सियोलिम गांव में उन्हें लूट लिया गया था। उन्होंने बताया, “पुलिस महानिदेशक को ईमेल की गई उनकी (टेरामोटो) शिकायत के अनुसार, उनसे भारतीय मुद्रा में 30,000 रुपये और जापानी मुद्रा में 1.5 लाख रुपये के साथ-साथ क्रेडिट और डेबिट कार्ड लूट लिए गए थे।”
डीएसपी ने बताया, “आरोपियों ने लेन-देन के लिए डेबिट और क्रेडिट का इस्तेमाल किया, जिससे टेरामोटो को 9.43 लाख रुपये का नुकसान हुआ। अंजुना पुलिस आगे की जांच कर रही है।” -
मेरठ (उप्र)। मेरठ जिले के जानी क्षेत्र में रविवार को एक घर में प्रेमी युगल के शव पाये गये। इस मामले में युवती के पिता और भाई को हिरासत में लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने यहां बताया कि जानी थाना क्षेत्र के पेपला गांव के एक घर में प्रेमी युगल के शव पाये गये। युवक की कनपटी और युवती के सीने पर गोली मारी गयी थी।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि युवती उस वक्त जिंदा थी। उसे नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि पुलिस को मौके से एक तमंचा भी मिला है। दोनों शव युवती के घर से बरामद किये गये। पुलिस ने इस मामले में युवती के पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
सजवाण ने बताया कि फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर घटना की गहराई से छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि मृतक युवक और युवती, दोनों की उम्र करीब 19 वर्ष थी। उन्होंने कहा कि यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि प्रेमी द्वारा प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुद को गोली मारी गयी है या किसी अन्य ने प्रेमी-प्रेमिका की गोली मारकर हत्या की है।.प्रतिकात्मक फोटो
-
आगर मालवा (मप्र)। मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में पुलिस ने मणिपुर से आ रहे एक ट्रक से रविवार को 2585 ग्राम अफीम बरामद करके ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। आगर मालवा जिला पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सगर ने बताया कि आगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मणिपुर से आगर की ओर आ रहे एक ट्रक में अफीम लाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस पर आगर पुलिस ने ट्रक को रोक कर उसकी तलाशी ली, जिस पर चालक की सीट के नीचे से एक झोले में रखी 2585 ग्राम अफीम बरामद की गई। उन्होंने कहा कि जब्त अफीम की कीमत लगभग आठ लाख रुपये आंकी गई है। सगर ने बताया कि यह अफीम मणिपुर से लाई जा रही थी। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आगर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। -
देहरादून। उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की गंगा नदी में डूबने से मृत्यु हो गयी। पुलिस ने बताया कि पहली घटना ऋषिकेश के पास शिवपुरी में रविवार को हुई जहां 23 वर्षीय एक युवक ईशान गंगा नदी में नहाते समय डूब गया। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का रहने वाला ईशान गाइड का काम करता था। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी एवं बचाव अभियान शुरू किया।
हालांकि, अभी तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है। एक अन्य घटना में, हरिद्वार के मायापुर में एक छात्र वीडियो बनवाने के चक्कर में गंगा नदी में डूब गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार को हुई जब पांच छात्रों के एक दल में शामिल आयुष (17) ने अपने साथियों से नदी में नहाते समय उसका वीडियो बनाने को कहा।
पुलिस ने बताया कि नदी में कुछ दूर तक वह तैरता दिखाई दिया लेकिन कुछ समय बाद वह पानी में नीचे चला गया; जब उसके साथियों को उसके डूबने का अहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचाया जिसके बाद उसे ढूंढने के लिए जल पुलिस के जवान नदी में उतरे। हालांकि, उसका कुछ पता नहीं चला । आयुष उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला था और देहरादून में रहकर एनडीए (राष्ट्रीय रक्षा अकादमी) में प्रवेश की तैयारी कर रहा था।फाइल फोटो
-
तिरुवनंतपुरम। एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने यहां अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से मुंबई के लिए उड़ान सेवा की शुरुआत की है। तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (टीआईएएल) ने रविवार को यह जानकारी दी। टीआईएएल द्वारा विज्ञप्ति के अनुसार, यह उड़ान सेवा एयरलाइन कंपनी की इस क्षेत्र में दूसरी दैनिक सेवा है।
टीआईएएल के अनुसार, नई उड़ान एआई 657 मुंबई से तड़के 5.40 बजे उड़ान भरेगी और तिरुवनंतपुरम सुबह 7.55 पर पहुंचेगी। वापसी की उड़ान एआई 658 तिरुवनंतपुरम से सुबह 8.55 बजे उड़ान भरेगी और मुंबई सुबह 11.15 बजे पहुंचेगी। एयरलाइन ने बताया, विमान में बिजनेस श्रेणी समेत 122 सीटें होंगी।
तिरुवनंतपुरम-मुंबई मार्ग पर यह चौथी दैनिक उड़ान है। एयर इंडिया के अलावा इंडिगो भी इसी मार्ग पर दो दैनिक उड़ानें संचालित करती है। -
बरेली (उप्र)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भारतीय पारिवारिक व्यवस्था को श्रेष्ठ बताते हुए कहा है कि परिवारों में एकता और राष्ट्रीयता की भावना जाग्रत होने पर राष्ट्र शक्तिशाली बनेगा। बरेली के महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय के अटल सभागार में रविवार को आयोजित कार्यकर्ता परिवार मिलन कार्यक्रम में भागवत ने कहा, ‘‘भारतीय पारिवारिक व्यवस्था श्रेष्ठ है।
परिवारों में एकता और राष्ट्रीयता की भावना जागने पर ही देश ताकतवर बनेगा।'' उन्होंने कहा कि समाज को सुसंस्कृत, चरित्रवान, राष्ट्र के प्रति समर्पित और अनुशासित बनाने में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए संघ का प्रयास है कि स्वयंसेवकों के परिवारों को भारतीय संस्कृति की मूल अवधारणाओं से जोड़कर समाज को सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी परम्पराओं और संस्कृति से जुड़े रहने के लिए अपनी मूल भाषा, वेशभूषा, भजन, भवन, भ्रमण और भोजन को अपनाना होगा।
भागवत ने कहा कि विगत लगभग 100 वर्षों में संघ का काफी विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि संघ की विचारधारा से प्रभावित होकर देश के लोग अब इस संगठन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देखने लगे हैं। उन्होंने कहा कि संघ की समाज में छवि स्वयंसेवकों के आचरण से ही बनी है। संघ प्रमुख ने कहा कि स्वयंसेवकों का आचरण जितना अच्छा होगा, संघ की छवि भी उतनी ही अच्छी बनेगी।
उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों को सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने परिवार और मित्र परिवारों के साथ बैठकर भोजन करने के अलावा राष्ट्र और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विषयों पर चर्चा अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों के परिवारों को विभिन्न जातियों, पंथ, भाषाओं और क्षेत्रों के परिवारों के साथ मित्रवत संबंध बनाकर उनके साथ नियमित रूप से मिलन, भोजन और चर्चा के कार्यक्रम करने चाहिए। उन्होंने कहा कि सक्षम, सम्पन्न और वंचित परिवारों के बीच परस्पर सहयोग होने पर कई सामाजिक और आर्थिक समस्याओं का स्वतः निराकरण हो जाएगा।
भागवत ने कहा, ''स्वयंसेवक परिवारों के जीवन का मंत्र देशार्चण (देश की अर्चना), सद्भाव, ऋणमोचन और अनुशासन होना चाहिए। अनुशासन के बिना कोई भी राष्ट्र और समाज प्रगति नहीं कर सकता। अगर हमें अपने राष्ट्र को एक बार फिर विश्वगुरु के रूप में स्थापित करना है, तो हमारे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुशासन का प्रकटीकरण करना चाहिए।'' इस अवसर पर विभाजन विभीषिका स्मृति प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। इसमें देश के विभाजन के समय के विभिन्न स्थानों के चित्रों, समाचार पत्रों की कतरनों एवं अन्य साधनों से उस समय लोगों द्वारा झेली गई त्रासदी का चित्रण करने का प्रयास किया गया।
भागवत अपने तीन दिन के प्रवास पर बरेली में हैं। इस दौरान हुई बैठकों में उन्होंने विभिन्न सत्रों को सम्बोधित किया। भागवत ने स्वयंसेवकों से कहा कि वे हर गांव तक जाकर सेवा करें। उन्होंने स्वयंसेवकों से साथ ही हर जिले में शहर से देहात तक मोहल्ला, गांवों में शाखा का विस्तार करने को कहा।
भागवत ने कहा, ‘‘संघ का मकसद देश और समाज की सेवा है। आपसी भेदभाव दूर कर सभी विकारों से मुक्त समरसता भाव वाला सामाजिक परिवेश तैयार करना संघ प्रचारक का दायित्व है।'' उन्होंने कहा कि जाति, विषमता और अस्पृश्यता जैसे सामाजिक विकारों को जल्द दूर करना है। संघ प्रमुख ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण उपजे संकट से निपटने के लिए स्वयंसेवक घरों में पौधे लगाकर उनकी देखरेख करने को कहा। - हैदराबाद। तेलंगाना के सिकंदराबाद छावनी से भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के विधायक जी सयाना का रविवार को यहां निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि पांच बार के विधायक सयाना पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे, उनका शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां आज उनका निधन हो गया। सयाना ने अपनी राजनीतिक यात्रा तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के साथ शुरू की और 1994, 1999 और 2004 में तीन बार आंध्र प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। उन्होंने 2014 में तेलंगाना विधानसभा के सिकंदराबाद छावनी निर्वाचन क्षेत्र से तेदेपा के विधायक के रूप में फिर से जीत हासिल की और बाद में तेलंगाना राष्ट्र समिति (अब बीआरएस) में चले गए और 2018 के चुनावों में तेलंगाना विधानसभा के लिए फिर से चुने गए। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने सयाना के निधन पर दुख जताया। उन्होंने सयाना द्वारा पांच बार विधायक रहते हुए और विभिन्न पदों पर रहते हुए लोगों की की गई सेवा को याद किया। राव ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के टी रामाराव ने ट्वीट किया, ‘‘बीआरएस विधायक सयाना गारू के आकस्मिक निधन पर उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदना। वह एक बहुत ही विनम्र नेता थे, जिन्होंने हमेशा सिकंदराबाद छावनी के लोगों की भलाई के लिए काम किया। उनकी आत्मा को शांति मिले।'' तेलंगाना विधानसभा के अध्यक्ष पी. श्रीनिवास रेड्डी, परिषद के सभापति जी. सुखेंद्र रेड्डी, मंत्रियों हरीश राव, एस निरंजन रेड्डी, ए इंद्रकरन रेड्डी, वी. प्रशांत रेड्डी उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने सयाना के निधन पर शोक व्यक्त किया। भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष और पार्टी सांसद बी. संजय कुमार और तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष एवं पार्टी सांसद ए रेवंत रेड्डी ने भी सयाना के निधन पर शोक व्यक्त किया।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जाने-माने फिल्म अभिनेता एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एन टी रामाराव के पोते नंदमुरी तारक रत्न के निधन पर रविवार को शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से किये गए एक एक ट्वीट में कहा, ‘‘श्री नंदमुरी तारक रत्न गारू के असामयिक निधन से दुखी हूं। उन्होंने फिल्मों और मनोरंजन की दुनिया में अपने लिए एक पहचान बनाई। दुख की इस घड़ी में मेरे विचार उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।'' पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेता नंदमुरी तारक रत्न का नारायण हृदयालय में इलाज चल रहा था, जहां उनका शनिवार को निधन हो गया। आंध्र प्रदेश के चित्तूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान दिल का दौरा पड़ने के बाद तारक रत्न (39) को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक उपचार के बाद, उन्हें नारायण हृदयालय में आगे के इलाज के लिए बेंगलुरू ले जाया गया। राजनीति में कदम रखने से पहले उन्होंने कुछ तेलुगू फिल्मों में भी अभिनय किया था, जिसमें उनकी पहली फिल्म 'ओकाटो नंबर कुर्राडु' (2002 में) भी शामिल थी।
- बेंगलुरु। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा 20 और 21 फरवरी को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे, जहां अप्रैल या मई में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। इस दौरान नड्डा पार्टी को मजबूत बनाने के मकसद से विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों में भाग लेंगे। भाजपा की कर्नाटक इकाई के महासचिव और विधान पार्षद एन रवि कुमार ने एक बयान में कहा आज रात मंगलुरु पहुंचने के बाद नड्डा अगले दो दिन के दौरान उडुपी, चिक्कमगलुरु और हासन जिलों के कुछ हिस्सों का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रमुख मंगलुरु पहुंचने के बाद शहर में रहेंगे। वह 20 फरवरी की सुबह उडुपी में बूथ स्तर के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और बाद में दोपहर के समय ब्यंदूर में एक जनसभा में शामिल होंगे। कुमार ने बताया कि नड्डा उस दिन शाम को सुपारी उत्पादक सम्मेलन में भाग लेने के लिए चिक्कमगलुरु जिले के कोप्पा में होंगे, और उसके बाद श्रृंगेरी में जनप्रतिनिधियों की बैठक में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि 21 फरवरी को चिक्कमगलुरु में “बुद्धिजीवियों” के साथ बैठक में भाग लेने के बाद नड्डा दोपहर के समय हासन जिले के बेलुरु में एक सार्वजनिक बैठक में शिरकत करेंगे। कुमार ने कहा कि 21 फरवरी की शाम नड्डा हासन में एक बूथ स्तरीय सम्मेलन में भाग लेंगे, जिसके बाद वह बेंगलुरु के रास्ते दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।


.jpg)


.jpg)

















.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)