- Home
- देश
-
चेन्नई। सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन बैंक ने किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड की पेशकश करने के साथ ही अपनी डिजिटल कायांतरण पहल 'प्रोजेक्ट वेव' के तहत दी जाने वाली सेवाओं का विस्तार किया है। बैंक ने शनिवार को एक बयान में कहा कि अब क्रिसान क्रेडिट कार्ड के तहत 1.60 लाख रुपये तक का कर्ज ऑनलाइन ही लिया जा सकता है।
इसके अलावा चार लाख रुपये तक के कृषि-आभूषण कर्ज का भी नवीनीकरण ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके साथ ही बैंक ने कहा कि उसने वाहन ऋण को ऑनलाइन माध्यम से मुहैया कराने के लिए मारुति सुजुकी के साथ करार किया है। इसके अलावा विदेश से धन भेजने के लिए ग्राहक उसके पोर्टल आईएनडी ट्रेड एनएक्सटी का इस्तेमाल कर सकते हैं।
बैंक ने कहा कि विदेश से भेजी गई राशि सीधे ग्राहक के खाते में उसी दिन भेज दी जाएगी। इंडियन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शांतिलाल जैन ने कहा कि बैंक की डिजिटल पहल के तहत लाई गई नई सेवाएं ग्राहकों को अधिकतम डिजिटल पहुंच देने के अभियान का हिस्सा हैं। -
शिमला। हिमाचल प्रदेश में हुए ताजा हिमपात के बाद शिमला, मनाली और कुफ्री में आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है और होटलों के कम से कम 70 प्रतिशत कमरे भर चुके हैं। शुक्रवार को रात आठ बजे समाप्त हुए 12 घंटे की अवधि के दौरान 7,164 वाहन शोघी सीमा के रास्ते शिमला में दाखिल हुए। शिमला होटल और रेस्त्रा संघ के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि शाम तक होटलों के कमरों की बुकिंग में 10 प्रतिशत और वृद्धि की संभावना है।
पुलिस ने पर्यटकों को शिमला आने की योजना बनाने से पहले भारी यातायात को ध्यान में रखने, फिसलने वाले स्थानों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और आपात स्थिति में 0177-2812344 या 112 पर संपर्क करने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि बारिश के बाद सड़कों पर जमा मलबे की वजह से पैदल चलने वालों को परेशानी हो सकती है और लोग बर्फ हटाने के बाद ही बाहर निकले।
उल्लेखनीय है कि मनाली में 23 सेंटीमीटर हिमपात हुआ है जबकि खाद्राला में 16 सेमी, शिल्लारु में 16 सेमी, कुफरी में 12 सेमी, भरमौर में 10 सेमी, शिमला और गोंडाला में छह-छह सेंटीमीटर,डलहौजी और कल्पा में चार-चार सेंटीमीटर और हंसा-केयलान्ग में तीन-तीन सेंटीमीटर हिमपात हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि अगले चार दिनों तक शुष्क मौसम रह सकता है और निचले पहाड़ी इलाके 14 से 17 जनवरी के बीच घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में रह सकते हैं।
दिल्ली से आए पर्यटक शेखर ने बताया कि आज सुबह हिमपात देखकर हम उत्साहित हैं और कुफ्री की ओर जा रहे हैं। हिमपात की वजह से लाहौल स्पीति की 177, शिमला की 21, चंबा की 14, किन्नौर की 11, मंडी-मनाली की 10-10, कांगड़ा की दो और चार राष्ट्रीय राजमार्ग सहित करीब 250 सड़के वाहनों के लिए बंद हैं और करीब 623 बिजली ट्रांसफार्मर से आपूर्ति बाधित हो गई है।
लाहौल स्पीति का आदिवासी बहुल केयलान्ग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां पर शुक्रवार की रात तापमान शून्य से 7.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि कल्पा दूसरा ठंडा स्थान रहा जहां पर तापमान शून्य से 2.6 डिग्री कम रहा। इस बीच पर्यटकों स्थलों नरकंडा में तापमान शून्य से 2.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कुफरी और मनाली में भी न्यूनतमत तापमान शून्य से क्रमश: 0.8 डिग्री और 0.2 डिग्री कम दर्ज किया गया।
कृषि विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हिमपात और बारिश के साथ ही शुष्क दौर का समापन हुआ है और जनवरी महीने में बारिश की कमी घटकर 68 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने बताया कि बारिश जारी रहने से गेंहू और सब्जियों का नुकसान घटकर क्रमश: 20 से 25 प्रतिशत और 10 से 15 प्रतिशत क्षेत्रों में रह जाएगा। -
पटना। बिहार के 18 जिलों के भूजल में आर्सेनिक की उच्च सांद्रता का संबंध इन जिलों में पित्ताशय के कैंसर की घटनाओं के साथ होना राज्य के विशेषज्ञों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष अशोक कुमार घोष ने शुक्रवार को बताया, ‘‘विशेषज्ञों द्वारा किए गए एक हालिया अध्ययन में पाया गया है कि 38 जिलों में से 18 जिलों ने भूजल में आर्सेनिक की उच्च मात्रा पाए जाने की सूचना दी है।
इन जिलों के लोग विश्व स्वास्थ्य संगठन की 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की स्वीकार्य सीमा से अधिक आर्सेनिक सांद्रता वाला पानी पी रहे हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित जिले बक्सर, भोजपुर और भागलपुर हैं।'' उन्होंने कहा कि भूजल में सबसे अधिक आर्सेनिक दूषितकरण (1906 माइक्रोग्राम प्रति लीटर) बक्सर जिले में है। घोष ने आगे कहा, ‘‘अब अध्ययन में पित्ताशय की थैली के कैंसर के संभावित जोखिम कारक के रूप में आर्सेनिक की उच्च सांद्रता सामने आयी है।
यह अनिवार्य है कि बिहार और असम के स्थानिक क्षेत्रों में भी पीने के पानी से आर्सेनिक को हटाने के रूप में सार्वजनिक स्वास्थ्य हस्तक्षेप समय की मांग है। ‘‘आर्सेनिक प्रदूषण'' से निपटने से कई स्वास्थ्य समस्याओं के बोझ को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों ने निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले 18 जिलों के विभिन्न क्षेत्रों से एकत्र किए गए 46,000 भूजल नमूनों का विश्लेषण किया। आर्सेनिक दूषितकरण से गंभीर रूप से प्रभावित बिहार के जिलों में बक्सर, भोजपुर, भागलपुर, सारण, वैशाली, पटना, समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर आदि शामिल हैं जो कि गंगा नदी के तट के करीब स्थित हैं।
पीने के पानी में आर्सेनिक और पित्ताशय की थैली के कैंसर के बीच संबंध पर अमेरिकन एसोसिएशन फॉर कैंसर रिसर्च के कैंसर एपिडेमियोलॉजी, बायोमार्कर्स एंड प्रिवेंशन जर्नल में नवीनतम अध्ययन पत्र भी प्रकाशित हुआ है। घोष ने कहा, ‘‘इस अध्ययन ने भारत के दो आर्सेनिक प्रभावित राज्यों बिहार और असम में 15-70 साल की वास अवधि के प्रतिभागियों के बीच पीने के पानी में आर्सेनिक के संपर्क में पित्ताशय की थैली के कैंसर के जोखिम की जांच की।''
अध्ययन दल के सदस्य घोष ने कहा, ‘‘यह अध्ययन भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा सेंटर फॉर एनवायर्नमेंटल हेल्थ, पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया, सेंटर फॉर क्रॉनिक डिजीज कंट्रोल, कैंसर संस्थान के डॉ. भुवनेश्वर बरुआ, महावीर कैंसर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (खड़गपुर) लंदन स्कूल ऑफ हाइजीन एंड ट्रॉपिकल मेडिसिन के सहयोग से उन क्षेत्रों में जहां पित्ताशय की थैली का कैंसर और पीने के पानी में आर्सेनिक की उच्च मात्रा पायी जाती है में किया गया।''
उन्होंने कहा, ‘‘पीने के पानी के संभावित स्रोतों के बारे में जानकारी के साथ लोगों के बचपन से दीर्घकालिक आवासीय इतिहास इस अध्ययन के महत्वपूर्ण स्रोत हैं।'' अध्ययन के प्रमुख लेखक डॉ. कृतिगा श्रीधर ने कहा कि इस अध्ययन से प्रारंभिक अंतर्दृष्टि समान देश के संदर्भों के लिए भी उपयोगी हो सकती है जो पीने के पानी में पित्ताशय की थैली के कैंसर और पीने के पानी में आर्सेनिक की उच्च मात्रा के बोझ का अनुभव करते हैं।
पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया की डॉ. पूर्णिमा प्रभाकरन ने इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे यह अध्ययन जल जीवन मिशन 2024 और समान स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल के सतत विकास लक्ष्यों के साथ संरेखित है। -
नयी दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने शनिवार को कहा कि भारतीय सशस्त्र बल अत्यधिक पेशेवर हैं और दुनिया में उनकी गिनती सर्वश्रेष्ठ बलों में की जाती है। जनरल मनोज पांडे ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों के अदम्य साहस और उनके बलिदान के कारण भारतीय सशस्त्र बल दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बलों में शुमार हैं।
जनरल मनोज पांडे ने यहां सातवें सशस्त्र बल भूतपूर्व सैनिक दिवस कार्यक्रम के अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि भूतपूर्व सैनिकों के योगदान से प्रेरित होकर, सशस्त्र बलों के तीनों अंग ‘‘किसी भी चुनौती का मजबूती से सामना करने के लिए तैयार हैं।'' यहां मानेकशॉ सेंटर में आयोजित समारोह के दौरान सेना प्रमुख के साथ वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने भी मंच साझा किया।
समारोह स्थल पर सेना के तीनों अंगों के बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक भी मौजूद थे। जनरल पांडे ने कहा, "आज हमारे सशस्त्र बलों की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ और अत्यधिक पेशेवर बलों में होती है। यह पहचान (सेनाओं की) आपके बलिदान, अदम्य साहस और कठिन परिश्रम का परिणाम है। इससे प्रेरित होकर, सशस्त्र सेना के तीनों अंग किसी भी चुनौती का मजबूती से सामना करने के लिए तैयार हैं।'' नौसेना प्रमुख ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘आज के सशस्त्र बल हमारे प्रत्येक भूतपूर्व सैनिक के प्रयासों, दूरदर्शी नेतृत्व, आकांक्षाओं और निःस्वार्थ प्रयासों का परिणाम हैं।''
एडमिरल कुमार ने कहा, ‘‘यहां उपस्थित होना और आप सभी के साथ बातचीत करना मेरे लिए सम्मान की बात है। आज का दिन हमारे उन बहादुर योद्धाओं को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का भी अवसर है, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया।'' उन्होंने कहा कि नौसेना सभी को आश्वस्त करना चाहती है कि वह भूतपूर्व सैनिकों की विरासत को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारत के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत, विध्वंसक आईएनएस मोरमुगाओ और कई अन्य उन्नत प्लेटफॉर्म को सेवा में शामिल करना उस दिशा में एक छोटा सा कदम है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अग्निवीरों के पहले बैच को भी शामिल किया है, जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं और यह एक साहसिक, परिवर्तनकारी कदम है और जो नौसेना को भविष्य के लिहाज से तैयार करने योगदान देगा।'' वायुसेना प्रमुख ने इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय वायुसेना ने आज इस क्षेत्र में एक अजेय हवाई ताकत होने की प्रतिष्ठा बनाई है। यह हमारे भूतपूर्व सैनिकों की दृष्टि, कड़ी मेहनत और नि:स्वार्थ सेवा से ही संभव हो पाया है।''
उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों का "उत्कृष्ट योगदान" हमेशा एक मार्गदर्शक शक्ति रहा है। एयर चीफ मार्शल चौधरी ने यह भी कहा कि भारतीय वायुसेना के कमानों में 156 एसपीएआरएसएच सेवा केंद्र चालू कर दिये गए हैं। पेंशन प्रशासन के लिए प्रणाली (रक्षा) या एसपीएआरएसएच, पेंशन दावों को संसाधित करने और बिना किसी बाहरी मध्यस्थ के पेंशन सीधे पेंशन भोगियों के बैंक खातों में जमा करने के लिए एक वेब-आधारित प्रणाली है। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने वायुसैनिकों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि भारतीय वायुसेना आपकी भलाई के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।''
सेना प्रमुख ने यह भी कहा कि यह गर्व की बात है कि सशस्त्र बलों के भूतपूर्व सैनिक राष्ट्र की प्रगति के लिए विभिन्न क्षेत्रों में बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं। जनरल पांडे ने मकर संक्रांति, पोंगल, बिहू और उत्तरायण त्योहारों की बधाई भी दी। इस कार्यक्रम में विभिन्न भूतपूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
‘सशस्त्र बल भूतपूर्व सैनिक दिवस' 14 जनवरी को मनाया जाता है। वर्ष 1953 में इसी दिन भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल के एम करिअप्पा औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त हुए थे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पहला सशस्त्र बल भूतपूर्व सैनिक दिवस मनाये जाने के बाद हर साल इस दिन को मनाने का निर्णय लिया गया था, जिसमें भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
इस वर्ष, सेना के तीनों अंगों के मुख्यालयों द्वारा नौ स्थानों- झुंझुनू, जालंधर, पानागढ़, नयी दिल्ली, देहरादून, चेन्नई, चंडीगढ़, भुवनेश्वर और मुंबई में ‘सशस्त्र बल भूतपूर्व सैनिक दिवस' मनाया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय के भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग के सचिव विजय कुमार सिंह और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
उन्होंने कार्यक्रम के इतर कहा, ‘‘सरकार ने सशस्त्र बलों के भूतपूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) के संबंध में लंबे समय से लंबित मांग की घोषणा की है और इसे संशोधित किया जाना था। हालांकि कुछ मुद्दे थे, इसलिए इसमें देरी हुई। इसे सरकार द्वारा दिसंबर में मंजूर किया गया और बकाये का भुगतान और अन्य चीजें बहुत जल्द शुरू हो जाएंगी।'' -
फरीदाबाद (हरियाणा). बल्लभगढ़ की एक दुकान में शनिवार की सुबह घुस आए एक तेंदुए को वन्यजीव विभाग की टीम ने सुरक्षित बचा लिया है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेक्टर 56 के पास स्थित राजीव कालोनी के निवासियों ने दुकान में तेंदुए को देखने के बाद पुलिस को सूचित किया था। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान की शटर गिरायी और तेंदुए के अंदर कैद होने के बाद वन्यजीव विभाग को सूचित किया। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान एक बार तेंदुआ भागने में कामयाब रहा।
वन्यजीव अधिकारी जगदीश प्रसाद डांगी ने बताया, हालांकि चार घंटे की मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया गया। -
जयपुर। राजस्थान सरकार ने नए पुलिस थानों व चौकियों सहित पुलिस के अन्य प्रशासनिक भवनों के निर्माण के लिए 176 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। सरकारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में पुलिस अधीक्षक एवं वृत्त कार्यालयों, नवीन पुलिस थानों एवं चौकियों के निर्माण के लिए 176.11 करोड़ रुपए तथा पुलिस लाइन सिरोही, छठी बटालियन आरएसी धौलपुर व मेवाड़ भील कोर खैरवाड़ा के प्रशासनिक भवनों के निर्माण के लिए 25.37 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
प्रस्ताव के तहत राज्य में 26 नए थानों तथा तीन साइबर थानों के निर्माण के लिए 99.72 करोड़ रुपए, 16 पुलिस चौकियों के निर्माण के लिए 13.15 करोड़ रुपए, 16 पुलिस थानों के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निमाण के लिए 55.02 करोड़ रुपए तथा नवसृजित पुलिस अधीक्षक एवं वृत्त कार्यालयों के लिए 8.20 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
इसके अनुसार, मुख्यमंत्री के इस निर्णय से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सुगमता होगी तथा आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान किया जा सकेगा। साथ ही, साइबर थानों के निर्माण से राज्य भर में साइबर अपराधों की भी रोकथाम हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि गहलोत ने साइबर थानों सहित नवीन पुलिस थानों, पुलिस चौकियों तथा प्रशासनिक भवनों के निर्माण की बजट घोषणा की गई थी। उसी घोषणा की क्रियान्विति के क्रम में यह स्वीकृति दी गई है। - चंडीगढ़ । जालंधर के सांसद संतोख चौधरी का शनिवार को निधन हो गया। वे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल थे। इसी दौरान फगवाड़ा के नजदीक भाटिया गांव के पास उन्हें हार्ट अटैक आया। चौधरी को अस्पताल ले जाया गया जहां उनका देहांत हो गया। चौधरी के देहांत के बाद भारत जोड़ो यात्रा रोक दी गई। चौधरी 76 साल के थे।संतोख चौधरी दोआबा के बड़े दलित नेता थे। वे दूसरी बार सांसद बने थे। संतोख चौधरी पंजाब में मंत्री रह चुके थे। वे पंजाब के पहले शिक्षामंत्री मास्टर गुरबंता सिंह के बेटे थे। उनके बेटे विक्रमजीत सिंह चौधरी फिल्लौर के विधायक हैं। चौधरी 2014 में अकाली दल के पवन कुमार टीनू को हराने के बाद 16 वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे। साल 2004 से लेकर 2010 तक वे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रहे। 2002 में कांग्रेस सरकार के दौरान वे सामाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास, समाज कल्याण, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान विभाग के मंत्री रहे। 2002 में वे फिल्लौर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीते। उन्होंने अकाली दल के सरवन सिंह को हराया था।संतोख चौधरी के निधन पर पंजाब के नेताओं ने शोक जताया है। जालंधर से लोकसभा सांसद संतोख चौधरी के आकस्मिक निधन पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने शोक जताया। केजरीवाल ने कहा कि संतोख चौधरी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उसके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने कंझावला मामले में शुक्रवार को अपने 11 कर्मियों को निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नए साल के पहले ही दिन तड़के एक युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी थी और कार में फंस गयी युवती को आरोपी लगभग 12 किलामीटर तक सुल्तानपुरी से कंझावला तक सड़कों पर घसीटते रहे जिससे उसकी मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि जिन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, वे घटना के समय रास्ते में पीसीआर और चौकियों में ड्यूटी पर थे। गृह मंत्रालय ने इस मामले में बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस को तीन पीसीआर वैन और दो चौकियों में ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों को निलंबित करने का निर्देश दिया था। विशेष आयुक्त शालिनी सिंह की अध्यक्षता वाली जांच समिति द्वारा एक रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘रोहिणी जिले के उन 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जो इस घटना के समय मार्ग पर पीसीआर और पिकेट पर तैनात थे।'' पुलिस ने घटना के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया था। -
भोपाल. वरिष्ठ समाजवादी नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का अंतिम संस्कार शनिवार को मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। यह जानकारी उनके एक करीबी सहयोगी ने भोपाल में दी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव का गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। जद (यू) की मध्यप्रदेश इकाई के पूर्व प्रमुख एवं यादव के करीबी सहयोगी गोविंद यादव ने कहा कि वरिष्ठ नेता का अंतिम संस्कार नर्मदापुरम (पहले होशंगाबाद) जिले की बाबई तहसील के उनके पैतृक गांव आंखमऊ में शनिवार को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यादव का पार्थिव शरीर विमान से दिल्ली से मध्यप्रदेश लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि छात्र नेता के रूप में शुरुआत करने के बाद शरद यादव ने 1974 में मध्यप्रदेश की जबलपुर सीट से लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस के खिलाफ विपक्ष के उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी, जिसने उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि अपने लंबे राजनीतिक जीवन में शरद यादव सात बार लोकसभा चुनाव जीते। वह उच्च सदन के भी सदस्य रहे। उन्होंने कहा कि जबलपुर के अलावा उन्होंने उत्तरप्रदेश के बदायूं और बिहार के मधेपुरा से भी लोकसभा चुनाव जीता, जो किसी भी राजनेता के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। -
नयी दिल्ली. मीडिया कंपनी एनडीटीवी के समूह अध्यक्ष समेत तीन वरिष्ठ अधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। कंपनी पर अडाणी समूह के नियंत्रण के कुछ सप्ताह बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इस्तीफा दिया है। एनडीटीवी ने शुक्रवार को शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में कहा कि कंपनी की समूह अध्यक्ष सुपर्णा सिंह, मुख्य रणनीति अधिकारी अरिजीत चटर्जी और मुख्य प्रौद्योगिकी एवं उत्पाद अधिकारी कवलजीत सिंह बेदी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। एनडीटीवी ने कहा, ''कंपनी एक नये नेतृत्व समूह के गठन की प्रक्रिया में है, जो एक नई रणनीतिक दिशा और लक्ष्य निर्धारित करेगी।'' कंपनी ने बयान में कहा कि पिछले महीने एनडीटीवी पर अडाणी समूह का नियंत्रण होने के बाद ही उसके संस्थापकों... प्रणय रॉय और राधिका रॉय के अलावा चार अन्य स्वतंत्र निदेशकों ने एक साथ निदेशक मंडल से इस्तीफा दे दिया था। अडाणी एंटरप्राइजेज लि. का अपनी अनुषंगी इकाइयों आआरपीआर होल्डिंग और विश्वप्रधान कमर्शियल के जरिये एनडीटीवी में 64.72 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
-
मेरठ (उप्र)। मेरठ जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर मवाना थाना इलाके में शुक्रवार की दोपहर एक युवक ने कक्षा 11 की एक छात्रा को चलती बस में गोली मार दी और फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि घायल छात्रा को गंभीर स्थिति में मेरठ में भर्ती कराया गया है। मवाना के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) उदय प्रताप सिंह ने ' बताया कि शुक्रवार की दोपहर स्थानीय कृषक इंटर कॉलेज की एक छात्रा (उम्र करीब 16 वर्ष) छुट्टी होने के बाद मवाना नगर से एक निजी बस में बैठकर अपने घर लौट रही थी।
उन्होंने बताया कि जानकारी के मुताबिक बस जब निलौहा पहुंची तब वहां बस रुकवाकर 17-18 वर्षीय एक युवक उसमें चढ़ गया और चलती बस में ही तमंचा निकालकर छात्रा को गोली मार दी। सिंह ने बताया कि गोली छात्रा के कंधे में लगी और वह गिर पड़ी जबकि युवक तमंचा लहराते हुए बस से उतरकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।
सिंह ने बताया कि घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची मवाना पुलिस ने घायल छात्रा को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने हमलावर युवक की तलाश में नाबेबंदी की, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा।
सीओ ने बताया कि हमलावर युवक की शिनाख्त हस्तिनापुर स्थित एक संस्थान के आईटीआई छात्र के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -
नयी दिल्ली। सरकार ने शुक्रवार को कहा कि देश में कुल एथनॉल उत्पादन क्षमता साल के अंत तक 25 प्रतिशत बढ़कर 1,250 करोड़ लीटर होने की उम्मीद है। एथनॉल परियोजनाओं की तेजी से मंजूरी के लिए कदम उठाए गए हैं। केंद्रीय खाद्य मंत्रालय के तहत चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय में निदेशक संगीत सिंगला ने कहा, ''बैंकों ने अब तक एथनॉल परियोजनाओं के लिए 20,000 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण मंजूर किए गए हैं, जिनमें से 10,000 करोड़ रुपये पहले ही ब्याज अनुदान योजना के तहत जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने यहां उद्योग मंडल एसोचैम द्वारा 'भविष्य के लिए ईंधन' पर आयोजित एक सम्मेलन में कहा कि अब तक करीब 225 परियोजनाओं को इसका फायदा मिला है। भारत ने पिछले दो वर्षों में पेट्रोल के साथ एथनॉल मिश्रण को दोगुना कर 10 प्रतिशत कर दिया है। उन्होंने कहा कि एथनॉल मिश्रण इस साल 12 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा और 2025 तक 25 प्रतिशत मिश्रण का लक्ष्य पूरा होगा।
अधिकारी ने कहा कि गन्ना उत्पादकों को ही नहीं, खाद्यान्न उगाने वाले किसानों को भी एथनॉल बनाने से फायदा हो रहा है, क्योंकि उन्हें टूटे चावल के बेहतर दाम मिल रहे हैं। सरकार ने एथनॉल उत्पादन के लिए चीनी के अलावा टूटे चावल के इस्तेमाल की अनुमति दी है। -
सुलतानपुर। जिले के अखण्ड नगर क्षेत्र में ट्रक की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बृहस्पतिवार देर रात अखण्ड नगर थाना क्षेत्र के बेलवाई मार्ग पर रामपुर मोड़ के पास एक ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे उस पर सवार मुकेश कुमार (38) और छोटेलाल (40) गम्भीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अखण्ड नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। ऐसी जानकारी है कि ये दोनों जौनपुर के शाहगंज के रहने वाले थे। सूत्रों ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की जा रही है। -
मुंबई। मकर संक्रांति से पहले मुंबई पुलिस ने पतंग उड़ाने के लिए नायलॉन के मांझे के इस्तेमाल, बिक्री और भंडारण पर प्रतिबंध लगा दिया है क्योंकि इससे लोगों और पक्षियों दोनों को खतरा है। मकर संक्रांति के त्योहार पर बड़ी संख्या में लोग पतंग उड़ाते हैं।
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह आदेश 12 जनवरी से 10 फरवरी तक प्रभावी रहेगा और उल्लंघन करने वालों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (सरकारी कर्मचारी के कानूनी आदेश की अवहेलना) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। आदेशानुसार, ‘नॉन-बायोडिग्रेडेबल सिंथेटिक' मांझे की चपेट में आने से कई बार लोगों व पक्षियों को चोट आ जाती है, कभी-कभी यह जानलेवा भी साबित होते हैं।
इससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। आदेश में कहा गया, ऐसे पक्षियों की रक्षा करना वांछनीय है जो विलुप्त हो रहे हैं और जिन्हें दुर्लभ व लुप्तप्राय प्रजातियों के रूप में वर्गीकृत किया गया है। -
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को सिकंदराबाद और विशाखापत्तनम के बीच प्रस्तावित वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन भारतीय रेलवे द्वारा शुरू की जाने वाली आठवीं वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
पीएमओ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 जनवरी को सुबह साढ़े दस बजे वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सिकंदराबाद को विशाखापत्तनम से जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।'' यह ट्रेन लगभग 700 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए दो तेलुगु भाषी राज्यों तेलंगाना और आंध्र प्रदेश को जोड़ने वाली पहली ट्रेन होगी। यह आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम, राजमुंदरी और विजयवाड़ा स्टेशनों और तेलंगाना के खम्मम, वारंगल और सिकंदराबाद स्टेशनों पर रुकेगी।
स्वदेशी रूप से डिजाइन यह ट्रेन अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस है और उपयोगकर्ताओं को तेज, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगी। ज्ञात हो कि पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को 15 फरवरी, 2019 को नई दिल्ली-कानपुर-इलाहाबाद-वाराणसी मार्ग पर हरी झंडी दिखाई गई थी। पिछले साल दिसंबर महीने में प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी तक चलने वाली नयी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। यह वंदे भारत श्रृंखला की सातवीं ट्रेन थी।फाइल फोटो
-
पोर्ट ब्लेयर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह का दौरा करेंगे। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि नेताजी ने 30 दिसंबर 1943 को यहां जिमखाना मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया था और शाह 23 जनवरी को उसी स्थान पर झंडा फहराएंगे।
इस मैदान का नाम अब ‘नेताजी स्टेडियम' है। केंद्रीय गृह मंत्री के पोर्ट ब्लेयर के पास नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप जाने की भी संभावना है। ‘एबेरडीन जेटी' से 15-20 मिनट का नाव का सफर तय करके वहां पहुंचा जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 30 दिसंबर 2018 को रॉस द्वीप का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप रखे जाने की घोषणा की थी। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर जापान का कब्जा था और इसे औपचारिक रूप से 29 दिसंबर 1943 को नेताजी की आज़ाद हिंद सरकार को सौंप दिया गया था।
अधिकारी ने कहा कि शाह ईको-टूरिज्म और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न विकासात्मक पहलों का भी जायजा लेंगे। शाह के सेलुलर जेल का दौरा करने और भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेताओं से मिलने की भी संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री पिछली बार 2021 में पोर्ट ब्लेयर आए थे -
नयी दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सार्वभौम शिक्षा हासिल करने और मानव संसाधन विकास को प्रोत्साहित करने में वैश्विक दक्षिण एवं विकासशील देशों के साथ सहयोग करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराते हुए शुक्रवार को कहा कि शिक्षा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में देशों के बीच श्रेष्ठ चलन एवं अनुभवों को साझा करने की जरूरत है।
प्रधान ने ‘वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ' डिजिटल शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन शिक्षा मंत्रियों के एक सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने हमेशा विकासशीन देशों के हितों एवं विचारों को प्रोत्साहित किया है और जी20 देशों की भारत की अध्यक्षता में यह वैश्विक दक्षिण देशों के विचारों के लिये मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि जी20 का मुख्य विषय ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य है जो भारत के वसुधैव कुटुम्बकम के दर्शन पर आधारित है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जी20 समूह के शिक्षा से जुड़े कार्य समूह के मुद्दों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान, प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा को अधिक समावेशी बनाना, उच्च शिक्षण संस्थानों को समरूप बनाना और जीवन पर्यंत शिक्षा जैसे विषय शामिल है। उन्होंने कहा कि वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन में इन विषयों पर वैश्विक दक्षिण देशों के विचारों को जानने का मौका मिलेगा।
शिखर सम्मेलन में ‘मानव संसाधन विकास एवं क्षमता निर्माण' विषय पर सत्र को संबोधित करते हुए धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि विकासशील एवं वैश्विक दक्षिण के देशों के बीच मानव संसाधन विकास, क्षमता निर्माण, भविष्योन्मुखी कार्यबल, शिक्षा में डिजिटलीकरण तथा कौशल विकास एवं व्यवसायिक शिक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठ चलन एवं अनुभवों को साझा करने की जरूरत है।
प्रधान ने सार्वभौम शिक्षा हासिल करने और मानव संसाधन विकास को प्रोत्साहित करने में वैश्विक दक्षिण एवं विकासशील देशों के साथ सहयोग करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहरायी। उन्होंने कहा कि भारत ने नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति बनायी है जिसका मकसद शिक्षा प्रणाली में सुधार, पठन पाठन के परिणामों को बेहतर बनाना, शिक्षकों का क्षमता निर्माण तथा शिक्षा का अंतरराष्ट्रीयकरण है। शिखर सम्मेलन में शिक्षा मंत्रियों के सत्र में 15 देशों ने हिस्सा लिया। - नयी दिल्ली। आठवां महाकवि कन्हैयालाल सेठिया काव्य पुरस्कार अग्रणी आधुनिक भारतीय कवि, आलोचक और अनुवादक के. सच्चिदानंदन को दिया जाएगा। साहित्य अकादमी के पूर्व सचिव को जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ) के आगामी 16वें संस्करण में साहित्यिक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सच्चिदानंदन ने नाटकों और यात्रा वृत्तांतों के अलावा 21 कविता संग्रह, विश्व कविता पर 16 पुस्तकों का अनुवाद करने के साथ ही मलयालम और अंग्रेजी में साहित्यिक आलोचना की 21 रचनाएं लिखी हैं। अंग्रेजी और मलयालम कवि को कविता, नाटक, अनुवाद और यात्रा वृत्तांत के लिए केरल साहित्य अकादमी पुरस्कार भी मिला है। इसके अलावा 2012 में उनकी काव्य पुस्तिका “मारन्नुवेचा वास्तुक्कल” के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार भी प्रदान किया जा चुका है। उनकी कविता के प्रतिनिधि संग्रह अठारह भाषाओं और दुनिया भर के कई देशों में प्रकाशित हुए हैं।पुरस्कार विजेता के बारे में, कवि-अनुवादक और जूरी सदस्य रंजीत होसकोटे ने कहा कि सच्चिदानंदन ने “आधुनिक भारतीय साहित्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया है”।
- नई दिल्ली ।संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। यह सत्र छह अप्रैल तक चलेगा। सत्र की शुरुआत लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र से होगी। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू दोनों सदनों को संबोधित करेंगी। यह उनका संसद के दोनों सदनों को पहला संबोधन होगा। जानकारी के मुताबिक, बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में इकोनॉमिक सर्वे को पेश किया जाएगा। इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा।केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने बताया कि संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा और सामान्य अवकाश के साथ 66 दिनों में 27 बैठकों के साथ 6 अप्रैल तक चलेगा। अमृत काल के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, केंद्रीय बजट और अन्य मदों पर चर्चा के लिए उत्सुक हूं। उन्होंने बताया कि बजट सत्र 2023 के दौरान अवकाश 14 फरवरी से 12 मार्च तक रहेगा, ताकि विभाग संबंधित संसदीय स्थायी समितियां अनुदान मांगों की जांच कर सकें और अपने मंत्रालयों और विभागों से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर सकें।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विश्व के सबसे बड़े रिवर क्रूज-एमवी गंगा विलास को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई अन्य अंतर्देशीय जलमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में 125 से अधिक नदियां होने के कारण भारत में जलमार्ग परिवहन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। जलमार्ग यातायात का एक सस्ता माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि सरकार जलमार्ग के क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है। इस विकास कार्य से यातायात, व्यापार और पर्यटन को बढावा मिलेगा। श्री मोदी ने कहा कि यह विकास इंजन के रूप में देश के पूर्वी हिस्से को विकसित करने में सहायक होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह देश की मूलभूत संरचना के रूपांतरण का दशक है। श्री मोदी ने कहा कि एम वी गंगा विलास की यात्रा एक सामान्य यात्रा नहीं है। यह यात्रा देश की अंतर्देशीय जलमार्ग व्यवस्था में विकास का एक उदाहरण पेश करती है।
पिछले वर्ष इस क्षेत्र की असाधारण विकास को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में देश में केवल पांच जलमार्ग थे और अब ये संख्या बढ़कर 111 हो गई है। लगभग दो दर्जन जलमार्ग परिचालित हो रहे हैं और कार्गो की आवाजाही तीन गुना बढ चुकी है। श्री मोदी ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि यह देश की यात्रा की एक साक्षी है।स्विटजरलैंड के पर्यटकों को इस महान यात्रा पर बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में किसी व्यक्ति की कल्पना के परे बहुत कुछ है। उन्होंने कहा कि यह क्रूज यात्रा विभिन्न तरह के अनुभव देगी।भारत की ताकत को लेकर श्री मोदी ने कहा कि क्रूज पर्यटन और विरासत पर्यटन देश में ऐसे समय में शुरू हो रहा है जब भारत विश्व भर के पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश और असम के मुख्यमंत्री, बिहार के उप-मुख्यमंत्री, केन्द्रीय जहाजरानी और पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल उपस्थित थे। एमवी गंगा विलास की यात्रा आज वाराणसी से शुरू हुई। एमवी गंगा विलास 51 दिनों में लगभग तीन हज़ार दो सौ किलोमीटर की यात्रा कर भारत और बांग्लादेश में 27 नदियों को पार करते हुए बांग्लादेश के रास्ते असम में डिब्रूगढ़ पहुंचेगा। - मुंबई। महाराष्ट्र के नासिक में शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है । पुलिस अधिकारियों ने बताया, तेज रफ्तार बस और ट्रक की टक्कर में कई लोग घायल भी हुए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। सीएम ने घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। बस ठाणे जिले के अंबरनाथ से शिरडी की ओर जा रही थी। इसी दौरान नासिक की सिन्नार तहसील में पथारे के पास बस की ट्रक से टक्कर हो गई। पुलिस ने बताया, मृतकों में सात महिलाएं, दो बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। घायलों को सिन्नार के स्थानीय में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
- नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो की रिपोर्ट के अनुसार, जोशीमठ में सिर्फ 12 दिनों में 5.4 सेंटीमीटर जमीन धंस गई है। वहीं अप्रैल से नवंबर 2022 के बीच जमीन धंसने की दर बहुत कम थी। इस दौरान जोशीमठ नौ सेंटीमीटर नीचे चला गया।इसरो ने जोशीमठ की सैटेलाइट तस्वीरें भी जारी की हैं, जिनके मुताबिक, 27 दिसंबर से आठ जनवरी के बीच जोशीमठ की जमीन 5.4 सेंटीमीटर नीचे चली गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह घटना दो जनवरी, 2022 से शुरू हुई थी।इसरो ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अप्रैल से नवंबर 2022 के बीच जमीन धंसने की दर बहुत कम थी। इस दौरान जोशीमठ नौ सेंटीमीटर नीचे चला गया। इसरो ने कहा है कि क्राउन ऑफ द सब्सिडेंस 2180 मीटर की ऊंचाई पर जोशीमठ-औली रोड के पास स्थित है। इससे पता चला है कि जमीन धंसने से जोशीमठ-औली सड़क भी धंसने वाली है। कार्टोसैट-2 एस सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों में इसरो ने जोशीमठ में सेना के हेलीपैड और नरसिंह मंदिर समेत पूरे शहर को संवेदनशील क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया है।इसरो के अलावा इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (आईआईआरएस) ने भी एक रिपोर्ट सरकार को सौंपी है। इसके मुताबिक, जोशीमठ हर साल 6.62 सेंटीमीटर यानी करीब 2.60 इंच धंस रहा है। आईआईआरएस ने करीब दो साल की सैटेलाइट तस्वीरों का अध्ययन करने के बाद यह रिपोर्ट तैयार की है। आईआईआरएस देहरादून के वैज्ञानिकों ने जुलाई 2020 से मार्च 2022 के बीच जोशीमठ और आसपास के करीब छह किलोमीटर क्षेत्र की सेटेलाइट तस्वीरों का अध्ययन किया।रिपोर्ट में जोशीमठ व आसपास के क्षेत्र में आ रहे भूगर्भीय बदलाव को देखा गया। हाल ही में आईआईआरएस ने इसकी रिपोर्ट जारी की है। इसमें दावा किया गया कि जोशीमठ हर साल 6.62 सेमी. की दर से नीचे की ओर धंस रहा है। इसकी सेटेलाइट तस्वीर भी जारी की गई है। साथ ही आईआईआरएस ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें जोशीमठ के थ्री-डी बदलावों को दिखाया गया है।आईआईआरएस ने जो वीडियो जारी किया है, उसमें यह भी दर्शाया गया कि भू-धंसाव केवल जोशीमठ शहर में ही नहीं हो रहा है। पूरी घाटी इसकी चपेट में है। आने वाले समय में इसके खतरनाक नतीजे देखने को मिल सकते हैं।
-
रांची। झारखंड में एक ‘आदमखोर' तेंदुए को बेहोश करने या पिंजड़े में कैद करने की कोशिशें असफल रहने के बाद राज्य का वन विभाग उसे देखते ही गोली मारने के आदेश जारी करने पर विचार कर रहा है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। हैदराबाद निवासी प्रसिद्ध शिकारी नवाब सफत अली खान को तेंदुए को पकड़ने में मदद के लिए यहां बुलाया गया है।
यह तेंदुआ दिसंबर महीने से अब तक झारखंड के पलामू संभाग में कथित रूप से चार बच्चों की जान ले चुका है। चारों बच्चे छह से 12 साल के बीच के थे जिनमें तीन गढ़वा से और एक लातेहार जिले से था। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) शशिकर सामंता ने कहा, ‘‘निगरानी समिति ने तेंदुए को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी करने की सिफारिश की है। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं किया गया है। हम और विशेषज्ञों से सलाह मांग रहे हैं।''
राज्य के मुख्य वन्यजीव वार्डन सामंता ने कहा कि आदेश के संबंध में फैसला एक या दो दिन में लिया जाएगा। तेंदुए को पकड़ने के लिए 64 वर्षीय खान 5 जनवरी से झारखंड के गढ़वा जिले में डेरा डाले हुए हैं, जहां कथित तौर पर जानवर ने तीन बच्चों को मार दिया था। खान ने बताया कि तेंदुए को 5 जनवरी और 10 जनवरी को देखा गया था। इससे पहले 4 जनवरी तक 50 से अधिक ट्रैप कैमरों और एक ड्रोन से भी उसका पता नहीं चला था।
उन्होंने कहा, ‘‘तेंदुए ने गढ़वा के तिरतेडी गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक सूअर को मार दिया, जिसे पिंजड़े के बाहर खड़ा किया गया था। लेकिन उसने सूअर को खाया नहीं। वह पिंजड़े में भी नहीं घुसा। उसके पैरों के निशान मिले हैं।'' झारखंड समेत नौ राज्यों के वन्यजीव सलाहकार खान ने कहा, ‘‘तेंदुए आमतौर पर दिन में जंगल के घनी छाया वाले इलाकों में सोते हैं और रात को शिकार के लिए निकलते हैं।
इसलिए दिन में तेंदुए का पता लगाना मुश्किल है, हालांकि हमें उसके सोने की जगह का पता चल गया है।'' इस तेंदुए ने जिले के तीन प्रखंडों रामकंडा, रांका और भंडारिया में 50 से ज्यादा गांवों में आतंक फैला रखा है। वन विभाग ने ग्रामीणों से शाम के बाद घरों से नहीं निकलने को कहा है। -
शिलांग. मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने साझा स्कूल बस प्रणाली, अहम पर्यटन वाहनों तथा कृषि प्रतिक्रिया वाहन योजनाओं की बुधवार को शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने साझा स्कूल बसों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया और उम्मीद जताई की इससे शिलांग में यातायात अवरुद्ध होने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। संगमा ने बुधवार को ट्वीट किया, ‘‘साझा स्कूल बस प्रणाली की शुरुआत के दौरान छात्रों के साथ आज बस का सफर, हमें उम्मीद है कि इससे यातायात अवरुद्ध होने की समस्या में कमी आएगी और शिलांग शहर में निजी चार पहिया वाहन के बजाय स्कूल बसों से स्कूल जाने की प्रवृत्ति बढ़ेगी।'' मुख्यमंत्री ने प्रमुख पर्यटक वाहन योजना का भी शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि प्रमुख पर्यटक वाहन संपूर्ण पर्यटन क्षेत्र में सुधार और पर्यटकों को अच्छी परिवहन सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ हमारे उद्यमियों को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में एक कदम है। संगमा ने ट्वीट किया, ‘‘यह हमारे राज्य में ‘उच्च मानक पर्यटन' उद्यमिता को बढ़ावा देने की शुरुआत है तथा वक्त के साथ पर्यटन उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त सहायता मुहैया कराई जाएगी।'' उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘मेघालय कृषि प्रतिक्रिया वाहन योजना से उस लागत में कमी आएगी जो हमारे किसानों को अपनी उपज को लाने ले जाने में लगती है...।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ इस पहल से राज्य में ग्रामीण उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा मिलेगा। -
नयी दिल्ली. कोविड-19 ने भारत के विनिर्माण क्षेत्र को बहुत अधिक प्रभावित किया है। यह बात एक अध्ययन में कही गई है। महामारी के प्रभाव को मापने के पिछले प्रयासों में अधिकांशत: केवल एक ही आयाम देखा गया, जैसे कि सकल घरेलू उत्पाद या देश की बेरोजगारी दर। ‘पीएलओएस वन' में प्रकाशित नवीनतम अध्ययन में अमेरिका, ब्राजील, भारत, स्वीडन, न्यूजीलैंड और इज़राइल समेत कई देशों में सामाजिक, आर्थिक तथा राजनीतिक जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महामारी के प्रभाव का पता लगाया गया। अमेरिका स्थित लॉस अलामोस नेशनल लैबोरेटरी से संबंद्ध सारा डेल वैले ने कहा, ‘‘देशों में महामारी के प्रभाव को लेकर पूर्व में विशेषज्ञों द्वारा जताए गए अनुमानों में हमें विसंगतियां देखने को मिलीं।'' शोधकर्ताओं ने पाया कि महामारी से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र भी अलग-अलग देशों में अलग-अलग हैं।
अध्ययन से पता चलता है कि अमेरिका और स्वीडन में मानव स्वास्थ्य, लोक प्रशासन और रक्षा क्षेत्र पर बहुत अधिक प्रभाव पड़ा, जबकि ब्राजील और भारत में विनिर्माण क्षेत्र पर अत्यधिक प्रभाव पड़ा। शोधकर्ताओं के अनुसार, निर्माण क्षेत्र सभी देशों में मध्यम स्तर पर, या फिर बहुत अधिक प्रभावित हुआ।
उन्होंने कहा कि अन्य देशों के विपरीत, खुदरा व्यापार - मोटर वाहनों और मोटरसाइकिलों को छोड़कर-अन्य क्षेत्रों के सापेक्ष भारत में बहुत अधिक प्रभावित हुआ। डेल वैले ने कहा, "हमने पाया कि इन देशों में लोगों ने सख्त कोविड नीतियों के प्रति काफी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दी।


















.jpg)








.jpg)