- Home
- देश
-
नई दिल्ली। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने आज नई दिल्ली में 'स्माईल : आजीविका और उद्यम के लिए वंचित व्यक्तियों के लिए सहायता' पहल का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य शहरों, कस्बों और नगरपालिका क्षेत्रों को भिक्षावृत्ति से मुक्त बनाना है। इसके अलावा विभिन्न हितधारकों की समन्वित कार्रवाई के माध्यम से भिखारियों के व्यापक पुनर्वास की रणनीति बनाना भी है। मंत्रालय ने वर्ष 2025-26 तक परियोजना के लिए कुल सौ करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। परियोजना के माध्यम से मंत्रालय, भिखारियों के समग्र पुनर्वास के लिए एक व्यवस्था विकसित करेगा। मंत्रालय की एक ऐसे भारत का निर्माण करने की कल्पना है जहां कोई भी व्यक्ति जीवित रहने और बुनियादी जरूरतों के लिए भीख न मांगे। मंत्रालय ने कहा कि पचहत्तर नगर निगम भिखारियों के लिए कई व्यापक कल्याणकारी उपाय करेंगे। नगर निगम पुनर्वास, चिकित्सा सुविधाओं, परामर्श, जागरूकता, शिक्षा, कौशल विकास और अन्य सरकारी कल्याण कार्यक्रमों के साथ व्यापक रूप से ध्यान केंद्रित करेंगे।
- फरीदाबाद (हरियाणा)। फरीदाबाद में शौच के लिए बाहर गई 12 वर्षीय बच्ची के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। नाबालिग का शव रेलवे ट्रैक के पास मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।राजकीय रेलवे पुलिस (फरीदाबाद) के पुलिस उपाधीक्षक सुधीर तनेजा ने कहा कि मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया है और विसरा रिपोर्ट जांच के लिए पीजीआई रोहतक भेज दी गई है ।उन्होंने कहा, "आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।’’पुलिस के मुताबिक, लड़की अपने दो अन्य भाई-बहनों के साथ अपनी मौसी के घर रह रही थी। पुलिस के अनुसार वह शौच के लिए निकली थी तथा जब वह एक घंटे के बाद भी नहीं लौटी, तो उसके परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी। उन्होंने कहा, ‘‘लड़की ट्रैक के पास मृत पाई गई।’’ file photo
-
बिजली संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति जुलाई में 17 प्रतिशत बढ़कर 584.5 लाख टन हुई
नयी दिल्ली. बिजली उत्पादन संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति जुलाई में 17.09 प्रतिशत बढ़कर 584.5 लाख टन हो गई। सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। बिजली की मांग बढ़ने से कोयले की आपूर्ति में वृद्धि की गई। सरकार ने बिजली संयंत्रों में कोयले की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पिछले कुछ महीनों में कई उपाय किए हैं। कोयला मंत्रालय के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, बिजली कंपनियों को जुलाई, 2021 में कुल 499.2 लाख टन कोयला भेजा गया था। देश में कोयले का कुल प्रेषण पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में 624.9 लाख टन था। इसकी तुलना में जुलाई, 2022 में यह आंकड़ा 8.51 प्रतिशत बढ़कर 678.1 लाख टन हो गया। जुलाई में कुल कोयला उत्पादन 11.37 प्रतिशत बढ़कर 604.2 लाख टन हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 542.5 लाख टन था। इससे पहले सरकार ने कोल इंडिया (सीआईएल) को बिजली संयंत्रों में ईंधन की कमी से बचने और बफर स्टॉक बनाने के लिए एक आपातकालीन उपाय के रूप में कोयले का आयात करने का निर्देश दिया था। सीआईएल का भारत के कोयला उत्पादन में 80 प्रतिशत से अधिक का योगदान है। - एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के तीन आरोपी गिरफ्तारनोएडा . एटीएम बूथ से पैसा निकालने गए लोगों की मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को थाना बादलपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से विभिन्न बैंकों के 15 एटीएम, घटना में प्रयुक्त होने वाली सेंट्रो कार तथा 40 हजार रुपए नगद बरामद किया है। इन बदमाशों ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा सहित कई राज्यों में रहने वाले लोगों से इस तरह की सैकड़ों वारदात करनी स्वीकार की हैं। पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) राजेश एस. ने बताया कि थाना बादलपुर क्षेत्र के अच्छेजा गांव के रहने वाले सुभाष नामक व्यक्ति से कुछ दिन पूर्व अज्ञात बदमाशों ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया था, तथा उनके खाते से पैसे निकाल लिये थे। उन्होंने बताया कि घटना की जांच कर रही थाना बादलपुर पुलिस ने आज एक सूचना के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
-
कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में दो युवकों की मौत
अमेठी (उत्तर प्रदेश). अमेठी जिले के गौरीगंज इलाके में बृहस्पतिवार को कार की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सोनू (22) और भागीरथी (30) गौरीगंज से जायस की तरफ जा रहे थे। रास्ते में पैंगा मोड़ पर सामने से आ रही एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार को जब्त कर लिया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। -
बारिश ने बरपाया कहर, दो लोगों की मौत, दुकानें और वाहन बहे, सड़कें अवरुद्ध
शिमला. हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश ने कहर बरपाया। कुल्लू जिले में भूस्खलन में दो महिलाओं की मलबे में दबकर मौत हो गयी जबकि अन्य स्थानों पर अचानक आयी बाढ़ से कई दुकानें और वाहन बह गए तथा राजमार्ग अवरुद्ध हो गए। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के निदेशक सुदेश मोख्ता ने बताया कि आनी तहसील की शील ग्राम पंचायत के खदेल गांव में सुबह करीब नौ बजे एक मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। इसमें चावेलु देवी (55) और कृतिका (17) की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि जिले में एक अन्य घटना में आनी तहसील की देवती ग्राम पंचायत में सुबह करीब साढ़े सात बजे बादल फटने के बाद हुई भीषण बारिश में 10 दुकानें और तीन वाहन बह गए। उन्होंने बताया कि देवती में एक पुराने बस अड्डे और पंचायत इमारत के बह जाने का खतरा भी बना हुआ है। हालात का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। अधिकारी ने बताया कि शिमला जिले में चोपाल तहसील के दियांदली नाले में मूसलाधार बारिश के दौरान तीन छोटी कारें और एक पिकअप वाहन बह गया। उन्होंने बताया कि मंडी जिले में सुबह भूस्खलन के बाद मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है। मंडी जिला आपात अभियान केंद्र (डीईओसी) ने कहा कि यह घटना पंडोह के समीप 7 मील में हुई, जिसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। यातायात को कतौला की ओर मोड़ा गया है। मोख्ता ने बताया कि चंबा जिले में भरमौर तहसील के आला नाला के समीप बादल फटने की घटना में कुछ मशीनें और एक निर्माण कंपनी का गोदाम बह गया। उन्होंने बताया कि लाहौल-स्पीति जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-3 अवरुद्ध हो गया है। वहां बाढ़ जैसे हालात हैं और कुठबिहाल के समीप लगातार पत्थर गिर रहे हैं। सड़क को साफ कराने का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा जिले के उदयपुर उपमंडल में सिंधवाड़ी नाला में अचानक बाढ़ आने से राजमार्ग संख्या 26 अवरुद्ध हो गया है। मोख्ता ने बताया कि लाहौल उपमंडल में लोते और तोजिंग नाले में भी अचानक बाढ़ आ गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। तोजिंग नाले में अचानक बाढ़ आने से एक कार बह गयी। वहां किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गयी है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक सोलन जिले में बृहस्पतिवार को भारी बारिश के कारण मौजा शामलेचा में सड़क का एक बड़ा हिस्सा टूट जाने से दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। इस बीच, स्थानीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि सुंदरनगर में पिछले 24 घंटे में 141.8 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद हमीरपुर में 120 मिमी, सरकाघाट में 112.3 मिमी, पांवटा साहिब में 97.6 मिमी, चोपाल में 74 मिमी और मंडी में 69.8 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने 14 से 16 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक 14 अगस्त के आसपास बारिश में वृद्धि होगी और अगले तीन या चार दिनों तक बारिश संबंधी गतिविधियां फिर से बढ़ेंगी। इसके अलावा 14 से 16 अगस्त के बीच शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सिरमौर, सोलन, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार इस दौरान शिमला, मंडी, कांगड़ा, चंबा, सिरमौर, सोलन, बिलासपुर, ऊना और आसपास के इलाकों में भी एक या दो बार बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। अधिकारियों ने लोगों से अत्यधिक सावधानी बरतने का आग्रह करते हुए कहा कि भारी बारिश के कारण कम दृश्यता, भूस्खलन, अचानक बाढ़, बादल फटने, नदियों में पानी का स्तर बढ़ने, सड़कें अवरुद्ध होने की आशंका है। -
केंद्र को कॉर्बेवैक्स टीके की 10 करोड़ खुराकों की आपूर्ति की : बायोलॉजिकल ई लिमिटेड
हैदराबाद. दवा निर्माता कंपनी बायोलॉजिकल ई लिमिटेड (बीई) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने केंद्र सरकार को अब तक कॉर्बेवैक्स टीके की 10 करोड़ खुराकों की आपूर्ति की है। दवा कंपनी ने एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। कंपनी ने विज्ञप्ति में कहा, “ बायोलॉजिकल ई लिमिटेड अब तक भारत सरकार को कॉर्बेवैक्स टीके की 10 करोड़ खुराकों की आपूर्ति कर चुकी है।“ भारत के पहले स्वदेशी आरबीडी प्रोटीन सबयूनिट 'कॉर्बेवैक्स' टीके को 16 मार्च 2022 को 12 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए मंजूरी प्रदान की गयी थी। अब तक कॉर्बेवैक्स टीके की करीब सात करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं और 2.9 करोड़ बच्चे टीके की दोनों खुराक ले चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को 18 साल से अधिक उम्र के उन लोगों को 'कॉर्बेवैक्स' टीके की बूस्टर खुराक देने को मंजूरी दे दी, जो कोविशील्ड या कोवैक्सीन टीके की दो खुराक ले चुके हैं। देश में ऐसा पहली बार होने जा रहा है जब पहली और दूसरी खुराक के तौर पर दिए गए टीके से अलग किसी टीके को बतौर एहतियाती खुराक लगाने की अनुमति दी गयी। स्वास्थ्य मंत्रालय की टीकाकरण मंजूरी , राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) के कोविड-19 कार्य समूह द्वारा हाल ही में की गई सिफारिशों पर आधारित है। 18 साल से अधिक उम्र के जिन लोगों को कोवैक्सीन या कोविशील्ड की दूसरी खुराक लिये छह महीने या 26 सप्ताह हो गये हैं, उनके लिए कॉर्बेवैक्स एहतियाती खुराक के तौर पर उपलब्ध होगा। गौरतलब है कि भारत के औषधि महानियंत्रक (जीसीजीआई) ने चार जून को 18 साल या इससे अधिक आयु के लोगों को तीसरी खुराक के तौर पर कॉर्बेवैक्स टीका लगाने की अनुमति दी थी। कोविड-19 के निजी टीकाकरण केंद्रों के लिए कॉर्बेवैक्स टीके की कीमत वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सहित 250 रुपये होगी । -
धामी ने उत्तराखंड के ‘ब्रांड एम्बेसडर' ऋषभ पंत को सम्मानित किया
देहरादून. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को राज्य के ‘ब्रांड एम्बेसडर' क्रिकेटर ऋषभ पंत को सम्मानित किया। नयी दिल्ली के उत्तराखंड सदन में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पंत को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने जिस तरह से बेहद सामान्य परिस्थितियों में अपने संकल्प एवं दृढ़ इच्छा शक्ति से लक्ष्य को पूरा किया है, उससे सभी को प्रेरणा मिलेगी। यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि पंत ने दुनिया में एक मुकाम बनाया है और देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिकेटर को उत्तराखंड ब्रांड एम्बेसडर के रूप में सम्मानित करने से राज्य में खेल के क्षेत्र में युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है ताकि वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएं। इस संबंध में उन्होंने कहा कि पंत जैसे खिलाड़ी से सभी प्रेरित होंगे और प्रदेश में खेलों के प्रति अच्छा माहौल बनेगा। इस मौके पर पंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें प्रदेश के लिये कुछ करने का मौका दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को बेहतर खेल माहौल प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पंत (24) का जन्म उत्तराखंड के रूड़की में हुआ था। उन्हें राज्य सरकार ने पिछले साल दिसंबर में राज्य का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया था। -
नई दिल्ली। देश में इस वर्ष जुलाई महीने के दौरान कुल कोयला उत्पादन 11.37 प्रतिशत बढ़कर 6 करोड टन हो गया है। जुलाई में शीर्ष 37 कोयला खानों में से 24 खानों का उत्पादन 100 प्रतिशत से अधिक था। कोयला मंत्रालय ने कहा कि अन्य सात खानों का उत्पादन 80 से 100 प्रतिशत के बीच था। कोयले की ढुलाई भी 8. 51 प्रतिशत बढ़कर 67 मिलियन टन हो गयी है। मंत्रालय का कहना है कि इस वर्ष जुलाई में कुल बिजली उत्पादन पिछले वर्ष जुलाई की तुलना में 4.29 प्रतिशत अधिक हुआ है।
- नयी दिल्ली।।गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सहकारिता को देश की प्रत्येक पंचायत तक ले जाने के लिए विभिन्न कार्यनीति अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया है। श्री शाह ने आज नई दिल्ली में ग्रामीण सहकारी बैंकों के एक दिन के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत में प्राथमिक कृषि ऋण सोसायटी - पी.ए.सी.एस. के लिए पांच वर्ष की कार्यनीति बनाने की आवश्यकता है।गृहमंत्री ने कहा कि सरकार ने इन संस्थाओं के कामकाज की दक्षता बढ़ाने, पारदर्शिता और जवाबदेही लाने के लिए पी.ए.सी.एस. के कम्यूटीरीकरण को स्वीकृति दी है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था के साथ ग्रामीण भारत को जोड़ने में ग्रामीण सहकारी बैंकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल सहकारी क्षेत्र के लिए सुनहरा अवसर है।इस अवसर पर श्री शाह ने चुनिंदा राज्य सहकारी बैंकों, जिला, केन्द्रीय सहकारी बैंकों, पी.ए.सी. को उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए पुरस्कृत किया। उन्होंने सेवा के सौ वर्ष पूरे करने के लिए कुछ लघु अवधि सहकारी ऋण संस्थानों को भी सम्मानित किया।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को विश्व हाथी दिवस पर इस वन्य जीव के संरक्षण में लगे लोगों की सराहना की और हाथियों के संरक्षण के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।उन्होंने कहा कि भारत में एशियाई हाथियों की 60 प्रतिशत से अधिक आबादी रहती है और पिछले आठ सालों में हाथी अभयारण्यों की संख्या में इजाफा हुआ है।मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘विश्व हाथी दिवस पर हाथियों के संरक्षण की प्रतिबद्धता को दोहराता हूं। आपको यह जानकर खुशी होगी कि भारत में एशियाई हाथियों की 60 प्रतिशत आबादी रहती है। पिछले आठ सालों में हाथी अभयारण्यों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। हाथियों के संरक्षण में शामिल लोगों की भी मैं सराहना करता हूं।’’प्रधानमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि हाथियों के संरक्षण की सफलता को भारत में मानव और पशुओं के बीच टकराव को कम करने और पर्यावरणीय चेतना को आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय समुदायों और उनके पारंपरिक ज्ञान के मिश्रण से किए जा रहे वृहद प्रयासों के नजरिए से अवश्य देखा जाना चाहिए।मालूम हो कि हर साल 12 अगस्त को मनाया जाने वाला विश्व हाथी दिवस एक अंतर्राष्ट्रीय वार्षिक कार्यक्रम है, जो दुनिया भर के हाथियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए समर्पित है।विश्व हाथी दिवस का लक्ष्य हाथी संरक्षण पर लोगों में जागरूकता पैदा करना और जंगली तथा पालतू हाथियों के बेहतर संरक्षण और प्रबंधन के लिए जानकारी और सकारात्मक समाधानों को साझा करना है।एशियाई हाथियों को संकटग्रस्त प्रजातियों की आईयूसीएन की रेड लिस्ट में ‘विलुप्तप्राय’ प्रजाति के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। ऐसा भारत को छोड़कर अधिकांश हाथी वाले देशों के संदर्भ में किया गया है, जहां हाथियों के अनुकूल निवास स्थान की कमी और उनके अवैध शिकार के कारण उनकी संख्या में काफी कमी आई है।एक अनुमान के अनुसार, दुनिया में लगभग 50,000 से 60,000 एशियाई हाथी हैं। भारत में उन हाथियों की 60 प्रतिशत से अधिक आबादी रहती है।
-
नई दिल्ली। अमरनाथ यात्रा जम्मू-कश्मीर में सम्पन्न हो गई है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने यात्रा के समापन पर होने वाली पूजा में भाग लिया। उन्होंने इस कठिन यात्रा में भाग लेने वाले सभी नागरिकों और यात्रा से जुड़े अन्य लोगों को धन्यवाद दिया।
इस वर्ष तीन लाख से अधिक लोगों ने अमरनाथ यात्रा में भाग लिया। 43 दिन तक चली यह यात्रा तीस जून को पहलगाम और बालतल दोनों मार्गों से आरम्भ हुई थी। बादल फटने की एक घटना को छोड़कर यात्रा शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई। इस वर्ष यात्रा में तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाओं में सुधार किया गया था। पहली बार प्रत्येक तीर्थ यात्री को उनके आवागमन पर निगरानी के लिए रेडियो फ्रिक्वेंसी आईडेंटीफिकेशन - आर.एफ.आई.डी. कार्ड दिया गया था। यह कार्ड बादल फटने की घटना के बाद तीर्थ यात्रियों की आवाजाही का पता लगाने में सहायक सिद्ध हुआ।इस वर्ष अमरनाथ यात्रा दो वर्ष के अंतराल के बाद हुई। वर्ष 2020 और 2021 में कोविड से संबंधित प्रतिबंधों के कारण यात्रा नहीं हो पाई थी। -
नई दिल्ली। कोविड टीकाकरण केन्द्रों पर आज से बूस्टर डोज के रूप में कॉर्बेवेक्स उपलब्ध कराया जा रहा है। इस टीके की निर्माता कंपनी बायोलॉजिकल-ई का कहना है कि उसने केन्द्र सरकार को दस करोड़ वैक्सीन डोज उपलब्ध कराई हैं। ये टीके आज से कोविन ऐप पर सरकारी और प्राईवेट केन्द्रों में बूस्टर डोज के रूप में उपलब्ध रहेगी।
निजी कोविड टीकाकरण केन्द्रों पर कॉर्बेवेक्स का मूल्य जीएसटी सहित ढाई सौ रुपये प्रति डोज रखा गया है। लक्षित उपभोक्ताओं के लिए इसका मूल्य कर और प्रशासनिक शुल्कों सहित चार सौ रुपये प्रति टीका रखा गया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए कोविड-19 के आपात बूस्टर डोज के रूप में कॉर्बेवेक्स के इस्तेमाल के अनुमति दी है। यह टीका 18 वर्ष और उसके अधिक आयु के व्यक्तियों को कोवैक्सीन या कोविशील्ड के प्राथमिक टीकाकरण के छह महीने बाद लगाया जा सकता है। - नयी दिल्ली । शिक्षा मंत्रालय ने महर्षि सान्दीपनी राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड (एमएसआरवीएसएसबी) को नियमित स्कूल बोर्ड के रूप मान्यता प्रदान कर दी है। शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के प्रपत्र से यह जानकारी मिली है। उच्च शिक्षा विभाग के आठ अगस्त के प्रपत्र के अनुसार, शिक्षा मंत्रालय के तहत उज्जैन स्थित महर्षि सान्दीपनी राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान ने राष्ट्रीय शिक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के साथ विचार विमर्श करके नियम 14 (4) (एफ) के तहत महर्षि सान्दीपनी राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड का गठन किया है। इसमें कहा गया हे कि भारत में स्कूल बोर्डो को समतुल्यता प्रदान करने वाले निकाय एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) ने तीन अगस्त 2022 के पत्र के माध्यम से महर्षि सान्दीपनी वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड को 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा पात्रता के अनुरूप समतुल्यता प्रदान कर दी है । सभी राज्यों के मुख्य सचिवों, रक्षा एवं रेल मंत्रालय, संघ लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद, सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों, राज्य विश्वविद्यालयों को भेजे प्रपत्र में कहा गया है कि, ‘‘ शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने महर्षि सान्दीपनी राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड को नियमित स्कूल बोर्ड के रूप में मान्यता प्रदान कर दी है। '' इसमें कहा गया है कि इसके अनुरूप महर्षि सान्दीपनी राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदान किये गए प्रमाणपत्र उच्च शिक्षण संस्थाओं में प्रवेश और केंद्र एवं राज्य सरकार के संगठनों में रोजगार के लिये भारत के अन्य केंद्रीय एवं राज्य स्कूल बोर्ड द्वारा जारी प्रमाणपत्र के समतुल्य होंगे । महर्षि सान्दीपनी राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड के तहत प्रदत्त प्रमाण पत्र 'वेद भूषण' 10वीं कक्षा के समकक्ष जबकि 'वेद विभूषण' प्रमाणपत्र, 12वीं कक्षा के समकक्ष होगा । महर्षि सान्दीपनी वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड के वेद पाठ्यक्रमों एवं अन्य संस्कृत कोर्स की परीक्षा महर्षि सान्दीपनी राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान द्वारा शैक्षणिक सत्र 2022-23 से ली जाएगी । (प्रतीकात्मक फोटो)
- मथुरा (उप्र)। मथुरा ज़िले के वृन्दावन में रहने वाली विधवाओं ने रक्षाबंधन के पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 501 राखियां तथा 75 राष्ट्रीय ध्वज भेजे हैं। सुलभ इंटरनेशनल के मीडिया सलाहकार मदन झा ने बुधवार को बताया कि सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक ने मंगलवार को यहां मां शारदा आश्रम में विधवाओं के लिए राखी बनाने का कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रति वर्ष आयोजित किया जाता है।उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले तक कुछ विधवाएं रक्षाबंधन के दिन राखी बांधने के लिए प्रधानमंत्री के आवास पर जाती थीं। लेकिन पिछले दो वर्षों से वे कोविड के कारण प्रधानमंत्री को राखी बांधने नहीं जा सकीं। उन्होंने बताया कि वृन्दावन के अलग-अलग आश्रमों में रहने वाली विधवाओं एवं परित्यक्त महिलाओं ने प्रधानमंत्री की तस्वीरों वाली विशेष राखियां तैयार की हैं। प्रधानमंत्री की रंगीन तस्वीरों वाली ये राखियां मां शारदा और राधाटीला आश्रम में रहने वाली वृद्ध विधवाओं के द्वारा तैयार की गई हैं।
- जयपुर। जयपुर के सोडाला थाना क्षेत्र के पॉश सिविल लाइंस इलाके में बीती देर रात 15 साल की एक लड़की ने कथित तौर पर चार मंजिला अपार्टमेंट की इमारत से कथित तौर पर कूद कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि लड़की का शव बुधवार तड़के अपार्टमेंट के पीछे सामुदायिक केन्द्र के खुले हिस्से में पड़ा मिला । सोडाला थानाधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि लड़की देर रात तक जाग रही थी, उसके बडे़ भाई ने करीब आधीरात के बाद 1.30 बजे उसे सो जाने के लिये कहा था। उन्होंने बताया कि इसके बाद उसका भाई सोने चला गया, परिवार के अन्य सदस्य भी अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल में अपने अपने कमरे में सो रहे थे। उन्होंने बताया कि सुबह लडकी मृत पायी गयी । उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि लड़की 10वीं कक्षा की छात्रा थी। (प्रतीकात्मक फोटो)
- मुजफ्फरनगर (उप्र)। मुजफ्फरनगर जिले की पुलिस ने एक किशोर की हत्या के आरोप में उसकी मां और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि महिला मुनेश और उसके पुरुष मित्र को नाबालिग की हत्या के आरोप में मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया गया। किशोर का शव सोमवार को एक ट्यूबवेल से बरामद किया गया था। उन्होंने कहा कि पूछताछ में महिला ने बताया कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है और उसका एक अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है और उसका बेटा इस संबंध के खिलाफ था,जिसके चलते दोनों ने किशोर की हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
भुवनेश्वर | ओडिशा सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों में शामिल पाये जाने और आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के लिए नौ अधिकारियों के खिलाफ बुधवार को कड़ी कार्रवाई की। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भ्रष्टाचार को कतई सहन नहीं करने संबंधी अपनी सरकार की नीति पर जोर देते हुए कहा कि पांच अधिकारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी गई, जबकि दो अन्य को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप में दो अन्य कर्मचारियों की पेंशन भी स्थायी रूप से रोक दी गई है। सीएमओ ने बताया कि जिन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है उनमें एक अधीक्षण अभियंता, दो कार्यकारी अभियंता, दो सहायक अभियंता, एक कनिष्ठ अभियंता, एक ओएएस अधिकारी, एक मुख्य जिला पशु चिकित्सा अधिकारी और एक सामाजिक शिक्षा अधिकारी शामिल हैं।
-
नयी दिल्ली | केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि राशन दुकान मालिकों को राष्ट्रीय ध्वज नहीं खरीदने पर लोगों को राशन न देने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है। सरकार ने कहा कि इस आदेश का उल्लंघन करने पर एक राशन दुकान मालिक पर कार्रवाई भी की गई है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि गरीबों को राशन देने के बदले तिरंगे के नाम 20 रुपये की जबरन वसूली की जा रही है। उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें कुछ राशनकार्ड धारकों को यह शिकायत करते हुए देखा जा सकता है कि उन्हें 20 रुपये में तिरंगा खरीदने को मजबूर किया जा रहा है। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने ट्वीट किया, ‘‘भारत सरकार द्वारा ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया गया है। लगभग 80 करोड़ लोगों को हर महीने बिना किसी बाधा के राशन मिल रहा है। सरकार के आदेश का उल्लंघन करने और तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने के आरोप में एक राशन की दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।'' सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि वीडियो की पुष्टि करने के बाद केंद्रीय खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने राज्य सरकार के माध्यम से पाया कि राशन कार्ड धारक हरियाणा के करनाल जिले के दादूपुर गांव से था। संबंधित राशन की दुकान के मालिक ने तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया। राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि गरीबों को राशन देने के बदले तिरंगे के नाम 20 रुपये की जबरन वसूली की जा रही है जो राष्ट्रीय ध्वज और गरीबों के आत्मसम्मान पर भाजपा सरकार का प्रहार है। उन्होंने एक वीडियो साझा करते हुए फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘तिरंगा हमारा अभिमान है, ये हर दिल में बसता है। राष्ट्रवाद कभी बेचा नहीं जा सकता, ये बहुत ही शर्मनाक है कि राशन देने के बदले गरीबों से तिरंगे के नाम पर जबरन 20 रुपये की वसूली की जा रही है।'' राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार तिरंगे के साथ-साथ हमारे देश के गरीबों के आत्मसम्मान पर भी प्रहार कर रही है। उन्होंने जो वीडियो साझा किया उसमें कुछ राशनकार्ड धारकों को यह शिकायत करते हुए देखा जा सकता है कि उन्हें 20 रुपये में तिरंगा खरीदने को मजबूर किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी ने भी बुधवार को यह वीडियो साझा किया और आरोप लगाया कि सरकार राशनकार्ड धारकों को तिरंगा खरीदने के लिए मजबूर कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘‘हर घर तिरंगा'' अभियान के तहत देशवासियों से अपने घरों में 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच तिरंगा लगाने का आग्रह किया है। पीलीभीत से सांसद गांधी ने एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘आजादी की 75वीं वर्षगांठ का उत्सव गरीबों पर ही बोझ बन जाए तो यह दुर्भाग्यपूर्ण होगा। राशनकार्ड धारकों को या तो तिरंगा खरीदने पर मजबूर किया जा रहा है या उसके बदले में उनके हिस्से का राशन काटा जा रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हर भारतीय के हृदय में बसने वाले तिरंगे की कीमत गरीब का निवाला छीन कर वसूलना शर्मनाक है।'' उल्लेखनीय है कि बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था और कृषि सहित विभिन्न मुद्दों पर वरुण गांधी पिछले कुछ समय से केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं। -
नयी दिल्ली| एयरलाइंस द्वारा विदेशी यात्रियों के पीएनआर विवरण को सीमा शुल्क विभाग के साथ अनिवार्य रूप से साझा करने के नियम का मकसद अधिकारियों की जांच-परख क्षमता को बढ़ाना है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को यह सफाई दी। मंत्रालय ने साथ ही कहा कि इससे यात्रियों के जोखिम विश्लेषण में भी मदद मिलेगी। इससे पहले सरकार ने विमानन कंपनियों से उड़ानों के प्रस्थान से 24 घंटे पहले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के संपर्क, पीएनआर विवरण और भुगतान से जुड़ी जानकारी सीमा-शुल्क अधिकारियों के साथ साझा करने को कहा था। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा-शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने सोमवार को ‘यात्री नाम रिकॉर्ड सूचना विनियम, 2022' को अधिसूचित करते हुए विमानन कंपनियों को अनिवार्य रूप से इसका अनुपालन करने को कहा था। इस विनियम का उद्देश्य यात्रियों का ‘‘जोखिम विश्लेषण'' करना है ताकि आर्थिक और अन्य अपराधियों को देश छोड़कर भागने से रोका जा सके। इसके साथ ही इस प्रावधान से तस्करी जैसे किसी भी अवैध गतिविधियों की जांच करने में मदद मिलेगी। मंत्रालय ने कहा कि हालांकि नियमों में शामिल कुछ डेटा तत्व अन्य स्रोतों से भी उपलब्ध हैं, लेकिन इन नियमों का उद्देश्य यात्रियों के आगमन या प्रस्थान से पहले इस डेटा को हासिल करना है। इस विनियमन के साथ भारत 60 अन्य देशों में शामिल हो गया है जो अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के पीएनआर विवरण जमा करते हैं। मंत्रालय ने कहा, ‘‘नियम गोपनीयता संबंधी जरूरतों और सुरक्षा की अनिवार्यता के बीच एक अच्छा संतुलन बनाते हैं।'' इन नियमों का पालन नहीं करने के प्रत्येक मामले में विमान परिचालक को न्यूनतम 25,000 रुपये और अधिकतम 50,000 रुपये का जुर्माना देना होगा।
- नयी दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय से कहा कि उसने चुनावों के दौरान किये जाने वाले मुफ्त सुविधाओं के वादे के मुद्दे पर विचार-मंथन के लिए एक विशेषज्ञ समिति बनाने के सुझाव का स्वागत किया है, लेकिन ‘संवैधानिक प्राधिकार' होने के नाते वह इस समिति का हिस्सा नहीं बनना चाहेगा जिसमें कुछ सरकारी निकायों के प्रतिनिधि हो सकते हैं। आयोग ने इस विषय पर एक जनहित याचिका पर पिछली सुनवाई के लिए दौरान उसके खिलाफ शीर्ष अदालत की कथित सख्त मौखिक टिप्पणियों का भी जिक्र किया और कहा कि इनसे कई सालों में बनी इस संस्था की साख को अपूरणीय क्षति पहुंची है। जनहित याचिका में चुनावों में राजनीतिक दलों द्वारा मुफ्त चीजें या योजनाओं का लाभ देने का वादा करने के चलन का विरोध किया गया है और आयोग से अनुरोध किया गया है कि वह राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्नों पर रोक लगाने तथा उनके पंजीकरण निरस्त करने के अपने अधिकार का उपयोग करे। प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण और न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी और न्यायमूर्ति हिमा कोहली की पीठ ने तीन अगस्त को केंद्र, नीति आयोग, वित्त आयोग और आरबीआई जैसे हितधारकों से मुफ्त चीजों के वादों के गंभीर विषय पर मंथन करने और इनसे निपटने के लिए सकारात्मक सुझाव देने को कहा था। पीठ ने आयोग से नाखुशी जताते हुए कहा था कि यह स्थिति इसलिए बनी क्योंकि आयोग ने कोई रुख नहीं अख्तियार किया। निर्वाचन आयोग के निदेशक (विधि) विनय कुमार पांडेय के जवाबी हलफनामे में कहा गया, ‘‘शीर्ष अदालत के फैसले का अक्षरश: पालन कर रहे निर्वाचन आयोग की छवि इस तरह पेश की गयी जैसे कि यह संस्था मुफ्त चीजें देने के मुद्दे से निपटने में गंभीर नहीं है।
-
नयी दिल्ली| मध्य दिल्ली के दरियागंज इलाके में बीड़ी मांगने को लेकर हुए झगड़े में कूड़ा बीनने वाले एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय शिवम और 19 वर्षीय मोहित के रूप में हुई है जो वसंत विहार के निवासी हैं। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली गेट के लाल गली क्षेत्र में आश्रय गृह के पास एक व्यक्ति बेहोश पड़ा है। अधिकारियों ने कहा कि जब पुलिस वहां पहुंची तो व्यक्ति घायल अवस्था में मिला जिस पर चाकू से हमला किया गया था। उन्होंने बताया कि उसे एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और दो संदिग्धों को देखा। पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्वेता चौहान ने कहा कि एक व्यक्ति ने संदिग्धों की पहचान मोहित और शिवम के रूप में की, जिन्हें बाद में दिल्ली गेट इलाके से पकड़ लिया गया। दोनों आरोपी सगे भाई हैं और कचरा बीनने का काम करते हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कहा है कि उन्होंने सोमवार को अपराह्न लगभग दो बजे आश्रय गृह के पास कूड़ा बीनने का ही काम करने वाले व्यक्ति से बीड़ी मांगी तो उसने गाली-गलौज की और बीड़ी देने से मना कर दिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इस पर उन्होंने चाकू से हमला किया और फिर घटनास्थल से भाग गए। पुलिस ने कहा कि घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है। -
बेंगलुरु | भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि मानव अंतरिक्ष उड़ान परियोजना गगनयान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बुधवार को श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष प्रक्षेपण केंद्र से ‘लो एल्टीट्यूड एस्केप मोटर' (एलईएम) के सफल परीक्षण के साथ पूरा हुआ। यह परीक्षण किसी आपात स्थिति में अंतरिक्ष यात्रियों को बचाने की प्रणाली से जुड़ा है।
इसरो ने एक बयान में कहा कि ‘क्रू एस्केप सिस्टम' किसी आपात स्थिति में गगनयान मिशन के ‘क्रू मॉड्यूल' को अलग कर देता है और इस तरह अंतरिक्ष यात्रियों को बचाने का काम करता है। इसने कहा कि इस तरह के परीक्षणों का मुख्य उद्देश्य मोटर बैलिस्टिक मानकों और अन्य महत्वपूर्ण चीजों को परखने का होता है। -
सूरत | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रीय ध्वज को भारत के अतीत के गौरव, वर्तमान के लिए प्रतिबद्धता और भविष्य के सपनों का प्रतिबिंब बताया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और विविधता का प्रतीक है। सूरत में एक तिरंगा यात्रा को वीडियो कॉन्फ्रेंस से संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि तिरंगा देश के वस्त्र उद्योग, खादी और आत्म-निर्भरता का प्रतीक रहा है और सूरत ने इस क्षेत्र में एक आत्म-निर्भर भारत के लिए बुनियाद तैयार की है। मोदी ने कहा, ‘‘भारत के तिरंगे में केवल तीन रंग नहीं हैं, बल्कि हमारा तिंरगा हमारे अतीत के गौरव, वर्तमान के लिए हमारी प्रतिबद्धता और भविष्य के हमारे सपनों का प्रतिबिंब है। हमारा तिरंगा भारत की एकता, अखंडता और विविधता का प्रतीक है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात ने बापू (महात्मा गांधी) के रूप में देश के स्वतंत्रता संघर्ष का नेतृत्व किया और देश को लौह पुरुष सरदार पटेल जैसे व्यक्तित्व दिये जिन्होंने आजादी के बाद ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि बारदोली सत्याग्रह और दांडी यात्रा ने जो संदेश दिया उससे पूरा देश संगठित हो गया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने तिरंगे में देश का भविष्य, उसके सपने देखे थे और उन्होंने इसे कभी किसी भी तरह झुकने नहीं दिया। आज जब हम आजादी के 75 साल बाद नये भारत की यात्रा शुरू कर रहे हैं तो तिरंगा एकबार फिर भारत की एकता और चेतना को प्रतिबिंबित कर रहा है।'' मोदी ने कहा कि गुजरात का हर कोना उत्साह से भरा है और सूरत ने इसके वैभव को और बढ़ाया है।
उन्होंने कहा, ‘‘सूरत की तिरंगा यात्रा में एक तरह से लघु भारत दिखाई दे रहा है। समाज के हर वर्ग के लोग इसमें शामिल हैं। परिधान विक्रेता हैं, दुकानदार हैं, कोई शिल्पकार है, कोई सिलाई कढ़ाई का काम करता है, कोई परिवहन या आभूषण के काम में लगा है। पूरे वस्त्र उद्योग, सूरत की जनता ने इस आयोजन को भव्य बना दिया है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में चल रहीं तिरंगा यात्रा ‘हर घर तिरंगा अभियान' की शक्ति और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ‘‘13 से 15 अगस्त तक भारत के हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा। समाज के हर वर्ग, हर जाति और वर्ण के लोग स्वत: स्फूर्त एक ही पहचान के साथ आ रहे हैं। यह भारत के निष्ठावान नागरिक की पहचान है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि इस अभियान में महिलाएं और पुरुष, युवा, बुजुर्ग और अन्य सभी अपनी भूमिकाएं निभा रहे हैं। -
नयी दिल्ली | केंद्र सरकार ने नगालैंड कैडर के 1994 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी पीयूष गोयल को बुधवार को नेटग्रिड का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया। केंद्र सरकार ने इसके साथ ही 26 अन्य अधिकारियों को अतिरिक्त सचिव के रैंक में तैनात करने का आदेश जारी किया। गोयल अभी गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं। नेटग्रिड या राष्ट्रीय खुफिया ग्रिड भारत की आतंकवाद रोधी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए स्थापित एक संघीय खुफिया संगठन है। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी आशीष गुप्ता को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में अतिरिक्त महानिदेशक नियुक्त किए जाने के बाद से नेटग्रिड के सीईओ का पद जून से खाली था। गोयल के स्थान पर 1996 बैच के आईएएस अधिकारी चंद्राकर भारती को नियुक्त किया गया है। वह रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर सेवारत हैं। उप चुनाव आयुक्त चंद्र भूषण कुमार को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।



.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)






.jpg)

.jpg)




.jpg)





