- Home
- देश
- नयी दिल्ली .भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय बोर्ड ने सोमवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय मंत्रियों क्रमश: अमित शाह, राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण और नरेंद्र सिंह तोमर को केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया है। पार्टी ने इन चारों राज्यों में चार सह पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए हैं।ज्ञात हो कि हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा ने इन चारों राज्यों में फिर से सत्ता में वापसी की है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिये केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पर्यवेक्षक तथा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उत्तराखंड के लिये पार्टी ने राजनाथ सिंह को पर्यवेक्षक तथा केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उत्तराखंड में भाजपा ने सत्ता ने वापसी तो कर ली, लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा ने धामी के ही नेतृत्व में विधानसभा का चुनाव लड़ा था।मणिपुर के लिये वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पर्यवेक्षक तथा केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को सह पर्यवेक्षक बनाया गया है। पूर्वोत्तर के इस राज्य में एन बीरेन सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने अपने बूते सरकार में वापसी की है। गोवा के लिये पार्टी ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को पर्यवेक्षक तथा सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री एल मुरुगन को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
- नयी दिल्ली. नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान सबसे अधिक आर्थिक नुकसान उठाने वाला विमानन उद्योग अब महामारी से पहले वाली स्थिति की ओर लौट रहा है और अब 3.8 लाख यात्री प्रतिदिन उड़ान भर रहे हैं। राज्यसभा में सिंधिया ने प्रश्नकाल के दौरान यह जानकारी दी। इस दौरान पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नागरिक उड्डयन क्षेत्र अब पुन: पटरी पर लौट रहा है कोविड-19 से पहले की स्थिति से महज पांच से छह प्रतिशत की दूरी पर है। सिंधिया ने कहा, ‘‘सदन को यह बताते हुए मुझे खुशी हो रही है कि कोविड-19 से पहले देश में प्रति दिन करीब चार लाख लोग उड़ान भरते थे। हम पिछले साल दिसंबर महीने में प्रति दिन 3.83 लाख यात्रियों के आंकड़े तक पहुंच गए थे।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम पुन: अच्छी स्थिति में पहुंच रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि रोजगार के स्तर पर भी हम पुन: अपनी स्थिति को और मजबूत करेंगे।'' घरेलू क्षेत्र पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किराए आसमान ना छुए इसके लिए सरकार ने किरायों की सीमा निर्धारित की है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की कीमत सरकार के हाथ में नहीं है।उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि 27 मार्च से जब अंतरराष्ट्रीय उड़ान आरंभ हो जाएंगे और जब गर्मियों में विमानन क्षेत्र में सभी विमानन कंपनियां आ जाएंगी तो भारत आने वाली और बाहर जाने वाली उड़ानों में सीटों की संख्या भी पर्याप्त होगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, मैं समझता हूं कि कीमतों के मामले में बाजार इसका ध्यान रखेंगे।'' केंद्रीय मंत्री ने सदन को यह भी बताया कि ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि के कारण भी विमानन उद्योग को बहुत नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि एक विमान के परिचालन के खर्चे में 37 प्रतिशत योगदान ईंधन का होता है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के कारण उन्हें पिछले साल 19,000 करोड़ का नुकसान हुआ। सिंधिया ने कहा कि ईंधन की कीमतों में 4.5 गुना वृद्धि हुई है और 11 राज्य विमानों के ईंधन (एटीएफ) पर 10 से लेकर 30 प्रतिशत तक मूल्य वर्धित कर (वैट) लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमने राज्यों से अनुरोध किया कि वे एटीएफ पर कर कम करें। मेरे कार्यभार संभालने से पहले 11 राज्य ऐसे थे जो एटीएफ पर एक से पांच प्रतिशत कर लगा रहे थे। और 25 राज्य ऐसे थे जो 15 से 30 प्रतिशत तक कर लगा रहे थे।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमने इस स्थिति को बदला है। अब 12 राज्यों ने वैट 25-30 प्रतिशत से घटाकर 1-4 प्रतिशत कर दिया है।'' अब 23 राज्य ऐसे हैं जो 1 से 4 प्रतिशत के बीच वैट वसूल रहे हैं। सिर्फ 11 राज्य हैं, जो 15 से 30 प्रतिशत तक कर वसूल रहे हैं।'' नौकरियों में हुए नुकसान के बारे में सिंधिया ने कहा कि यह क्षेत्र दुनिया भर में सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ लेकिन जैसे ही कोविड संक्रमण के मामलों में कमी आई उतनी से तेज गति से इसने वापसी भी की है
- नयी दिल्ली. टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को एयर इंडिया का प्रमुख (चेयरमैन) नियुक्त किया गया है। नागर विमानन सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि एयरलाइन के निदेशक मंडल ने चंद्रशेखरन को एयर इंडिया का चेयरमैन नियुक्त किया है। नमक से लेकर सॉफ्टवेयर क्षेत्र में काम करने वाले टाटा समूह ने पिछले साल आठ अक्टूबर को कर्ज के बोझ से दबी सार्वजनिक क्षेत्र की एयरलाइन एयर इंडिया के अधिग्रहण की बोली जीती थी। समूह ने यह अधिग्रहण 18,000 करोड़ रुपये में किया है। हालांकि, टाटा संस ने अभी तक एयर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक की नियुक्ति नहीं की है। सूत्रों ने बताया कि एयरलाइन के बोर्ड ने पिछले सप्ताह चेयरमैन के रूप में चंद्रशेखरन की नियुक्ति को मंजूरी दे दी थी। समूह ने 14 फरवरी को तुर्की की एयरलाइन के पूर्व चेयरमैन इल्कर आयसी के एयर इंडिया का सीईओ एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त करने की घोषणा की थी। एक मार्च को आयसी ने इस पद की पेशकश को खारिज करते हुए कहा था कि भारतीय मीडिया का एक वर्ग उनकी नियुक्ति को अपने हिसाब से ‘रंग' दे रहा है।
- देहरादून. देहरादून स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज के 100 साल के इतिहास में पहली बार इस साल जुलाई से शुरू हो रहे नये सत्र में बालिकाओं को भी प्रवेश दिया जायेगा। इस बात की घोषणा आरआइएमसी के कमांडेंट कर्नल अजय कुमार ने रविवार को संस्थान की स्थापना के शताब्दी समारोह के दौरान की। कर्नल कुमार ने कहा, ‘‘हम जुलाई में पांच छात्राओं को प्रवेश देने जा रहे हैं।'' आरआइएमसी भारतीय उपमहाद्वीप का पहला सैन्य प्रशिक्षण संस्थान है जिसका तत्कालीन प्रिंस ऑफ वेल्स और बाद में सम्राट बने एडवर्ड अष्टम ने 100 साल पहले उदघाटन किया था। आज आरआईएमसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और नौसेना अकादमी एझिमाला के लिए एक प्रमुख फीडर संस्थान है। शताब्दी समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह थे। इसमें सैन्य बलों के पूर्व और सेवारत अधिकारियों समेत आरआइएमसी के करीब 500 पूर्व छात्रों और उनके परिजनों ने भी शिरकत की ।
- नयी दिल्ली.औषध विभाग (डीओपी) ने थोक दवाओं के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत रिक्त स्थानों के लिए आवेदन प्राप्त करने की तारीख मार्च माह के अंत तक बढ़ा दी है। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई। सरकार ने आवश्यक अहम शुरुआती सामग्री (केएसएम)/ औषध मध्यवर्ती और सक्रिय औषध सामग्री के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए पीएलआई योजना की शुरुआत की थी। डीओपी ने 27 जनवरी को नोटिस जारी कर खाली स्लॉट (10 एपीआई) के लिए आवेदन मांगे थे जिसकी अंतिम तिथि 13 मार्च, 2022 तक थी।
- नोएडा .अलग-अलग सड़क हादसों में इंजीनियरिंग के दो छात्रों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि ग्रेटर नोएडा स्थित एक कॉलेज में पढ़ने वाले इंजीनियरिंग के छह छात्र रविवार की रात को गाजियाबाद में पार्टी करने गये थे। पार्टी के बाद जब वे कार से ग्रेटर नोएडा लौट रहे थे तभी सूरजपुर पुलिस लाइन के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा भी टूट गया। उन्होंने बताया कि बिजली के खंभे से टकराने से पूर्व वहां से गुजर रहे एक साइकिल चालक को भी कार ने टक्कर मार दी, जो घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना में कार में सवार छह छात्र और साइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के यथार्थ एवं कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने बलिया निवासी दीपक राय और बिजनौर जिला के मनवीर को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दो छात्रों की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रवक्ता ने बताया कि थाना फेज-2 क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में सुरेंद्र की मौत हो गई। वहीं, थाना दनकौर क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में ट्रैक्टर की चपेट में आने से कार सवार आसमा परवीन तथा उनकी तीन वर्षीय बेटी रुखसाना की मौत हो गई।
- भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार ने सोमवार को कहा कि हाल ही में रिलीज फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स' देखने के लिए प्रदेश के पुलिसकर्मियों को अवकाश दिया जाएगा। मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में संवाददाताओं से कहा कि फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' देखने के लिए मध्यप्रदेश के पुलिसकर्मियों को अवकाश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अवकाश देने के लिए प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुधीर सक्सेना को निर्देश दिए गए हैं। इससे एक दिन पहले रविवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कश्मीरी हिन्दुओं के नरसंहार और पलायन पर आधारित इस हिन्दी फिल्म के प्रदर्शन के लिए प्रदेश में कर से छूट देने के निर्देश दिए, जिसके परिपालन में उसी दिन आदेश जारी कर दिया गया है। वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह छूट 14 मार्च से 13 सितम्बर तक के लिए होगी। फिल्म पर दी गई छूट में प्रतिपूर्ति का लाभ लेने के लिए संबंधित सिनेमाघरों/मल्टीप्लेक्स द्वारा राज्य माल सेवा कर (एसजीएसटी) की राशि को घटाकर टिकट विक्री की जायेगी। यह फिल्म विवेक रंजन अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित है। चौहान ने रविवार को ट्वीट किया, ‘‘फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स' में कश्मीरी हिंदुओं द्वारा 1990 के दशक में सामना किए गए दर्द, पीड़ा, संघर्ष और मानसिक आघात का दिल को झकझोर देने वाला वर्णन किया गया है।'' उन्होंने कहा कि इसको अधिक से अधिक लोगों को देखने की जरूरत है, इसलिए मध्यप्रदेश में फिल्म को कर मुक्त करने का निर्णय लिया गया। इस फिल्म के निर्माता अभिषेक अग्रवाल हैं। विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में कश्मीरी हिन्दुओं के नरसंहार एवं पलायन पर बनी यह फिल्म 11 मार्च को रिलीज हुई। अनुपम खेर, पल्लवी जोशी और मिथुन चक्रवर्ती ने इसमें अभिनय किया है।
- नयी दिल्ली. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कहा कि देश में 12 से 14 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों का कोविड-19 रोधी टीकाकरण 16 मार्च से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि देश में अब 60 से अधिक आयु के सभी लोगों को कोविड-19 रोधी टीकों की एहतियाती खुराक दी जाएगी। पहले इस आयु वर्ग के गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को ही यह खुराक दी जा रही थी। बारह से 14 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को हैदराबाद स्थित ‘बायोलॉजिकल इवांस' द्वारा निर्मित कोविड-19 रोधी ‘कोर्बेवैक्स' टीके की खुराक दी जाएगी। मांडविया ने ट्वीट किया, ‘‘ बच्चे सुरक्षित तो देश सुरक्षित। मुझे बताते हुए खुशी है की 16 मार्च से 12 से 13 तथा 13 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों का कोविड-19 रोधी टीकाकरण शुरू हो रहा है। साथ ही 60 से अधिक आयु के सभी लोग अब एहतियाती खुराक ले पाएंगे। मेरा बच्चों के परिजन तथा 60 से अधिक आयु के लोगों से आग्रह है वे टीका जरूर लगवाएं।'' स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केन्द्र सरकार ने वैज्ञानिक निकायों के साथ विचार-विमर्श के बाद 12-13 वर्ष और 13-14 वर्ष आयुवर्ग के (2008 से 2010 में जन्मे) बच्चों के लिए कोविड-19 रोधी टीकाकरण शुरू करने का निर्णय किया है।
- बलिया (उप्र) | बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र में ब्लाक संसाधन केंद्र चिलकहर पर नारी चौपाल के कार्यक्रम के दौरान मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित होने के बाद एक प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं एक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है । जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिव नारायण सिंह ने सोमवार को बताया कि गड़वार थाना क्षेत्र में ब्लाक संसाधन केन्द्र चिलकहर पर बीते नौ मार्च को नारी चौपाल के कार्यक्रम के दौरान मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। इस वीडियो में एक शिक्षिका एक शिक्षक को थप्पड़ जड़ते हुए दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेकर दो खण्ड शिक्षा अधिकारियों से इस मामले की जांच कराई गई और जांच में घटना की पुष्टि हुई है। उन्होंने जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्राथमिक विद्यालय सवन, राजभर बस्ती की प्रभारी प्रधानाध्यापक रंजना पांडेय एवं प्राथमिक विद्यालय डान्देपुर के सहायक अध्यापक मानवेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उल्लेखनीय है कि मारपीट के मामले में गड़वार थाने में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध मामला भी दर्ज कराया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की छानबीन की जा रही है।
- नयी दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। ओबामा ने रविवार को ट्वीट कर अपने संक्रमित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे कोरोना वायरस से संक्रमित होने की हाल में पुष्टि हुई है। पिछले करीब दो दिन से मेरे गले में खराश थी, लेकिन मैं ठीक महसूस कर रहा हूं।'' उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मिशेल ओबामा संक्रमित नहीं हैं।ओबामा के ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मोदी ने लिखा, ‘‘कोविड-19 के संक्रमण से जल्द स्वस्थ होने के लिए मैं बराक ओबामा को शुभकामनाएं देता हूं और उनके परिवार के उत्तम स्वास्थ्य और कुशल क्षेम की कामना करता हूं।'' पूर्व राष्ट्रपति ने बताया कि उन्होंने और मिशेल ने टीकाकरण करा लिया था और बूस्टर खुराक भी ली है।अमेरिका में पिछले एक सप्ताह में करीब 35,000 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि मध्य जनवरी में यह संख्या करीब आठ लाख थी। अमेरिका स्थित ‘जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी' के अनुसार, अमेरिका में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 79,517,492 नए मामले सामने आए हैं और 9,67,552 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है।
- पुणे (महाराष्ट्र) | महाराष्ट्र के सोलापुर-पुणे राजमार्ग पर एक ट्रक के ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारने से चार ‘वारकरियों' की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। भगवान विट्ठल के भक्तों को वारकरी कहते हैं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि हादसा रविवार देर रात 11 बजे कोंडी गांव के पास हुआ।सोलापुर ग्रामीण पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ वारकरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर ‘एकादशी' मनाने के लिए पंढरपुर जा रहे थे।" उन्होंने बताया कि तभी रास्ते में एक ट्रक का टायर फटने से चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराया। उन्होंने बताया कि इस घटना में पड़ोसी उस्मानाबाद जिले के तुलजापुर के रहने वाले बीस वारकरी घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से चार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि अन्य 16 लोगों का इलाज चल रहा है।
- भोपाल। मध्य प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की मांग कर रहीं वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती रविवार को भोपाल के आजाद नगर स्थित एक शराब की दुकान में घुसीं और पूरी ताकत के साथ पत्थर फेंककर वहां रैक में रखी शराब की कुछ बोतलों को फोड़ दिया। उमा भारती ने अपने ट्विटर हैंडल पर इस घटना का एक वीडियो साझा किया है, जो सोशल मीडिया में प्रसारित हो गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने इस कृत्य के माध्यम से स्थानीय प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर शराब की दुकान बंद करने की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने हाल ही में एक नई आबकारी नीति बनाई है, जिसके तहत उसने होम बार स्थापित करने की अनुमति दी है और शराब की खुदरा कीमतों में 20 प्रतिशत की कमी की है। भारती ने शराब की दुकान पर पत्थर फेंकने का एक वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर भी डाला है, जिसमें दिख रहा है कि वह कुछ लोगों के साथ एक पत्थर लेकर इस दुकान में जाती हैं। इसके बाद वह वहां रैक में पड़ी शराब की बोतलों पर इस पत्थर को पूरी ताकत के साथ फेंकती है जिससे वहां रखी कुछ शराब की बोतलें टूट जाती हैं। इसके बाद वह वहां से बाहर आ जाती हैं और चली जाती हैं। भारती ने इसका वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर अपलोड कर लिखा कि बरखेड़ा पठानी, आजाद नगर, बीएचईएल भोपाल में मजदूरों की बस्ती में शराब की दुकानों की श्रृंखला है, जो एक बड़े आहाता में लोगों को शराब परोसते हैं। उन्होंने आगे लिखा, ''यह मजदूरों की बस्ती हैं। पास में मंदिर हैं। छोटे बच्चों के स्कूल हैं। जब लड़कियां और महिलायें छतों पर खड़ी होती हैं तो शराब पिये हुए लोगों के कारण उनको लज्जित होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रशासन को एक हफ्ते के अंदर दुकान और आहाता बंद करने की चेतावनी दी है।
- कोटद्वार. उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार में रविवार को दो पक्षों के बीच मारपीट में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार गाड़ीघाट के झूलापुल क्षेत्र में हुई घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया जिसे शांत करने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक पक्ष के लोगों ने किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों पर कथित तौर पर फावड़े और गेती से वार कर दिया जिससे चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कोटद्वार बेस चिकित्सालय पहुंचाया जहां अस्पताल में उपचार के दौरान एक ने दम तोड़ दिया। दोनों पक्षों के लोग अलग-अलग समुदाय के बताए जा रहे हैं। कोटद्वार के पुलिस क्षेत्राधिकारी गणेश लाल कोहली ने बताया कि अभी किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं आयी है लेकिन पुलिस की जांच पड़ताल में इनके बीच काफी दिनों से रंजिश होने की बात सामने आयी है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी ।
- रांची. झारखंड सरकार ने ‘आकांक्षा' योजना के तहत राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा (एनटीएसई), ओलंपियाड, एनडीए और क्लैट परीक्षाओं की तैयारी के लिए राज्य के सरकारी विद्यालयों से चयनित 200 विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग कराने का फैसला लिया है। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी।उसमें कहा गया है, राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘आकांक्षा' योजना के तहत सरकारी विद्यालयों में 7वीं से लेकर 10वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा (एनटीएसई) एवं ओलंपियाड तथा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को (क्लैट) की विशेष कोचिंग कराई जाएगी। उसमें कहा गया है कि भविष्य में एनडीए के लिए भी छात्रों को कोचिंग कराने का प्रस्ताव है।मुख्यमंत्री सोरेन ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के इस प्रस्ताव को आज मंजूरी दे दी और अब इसे मंत्रिमंडल की बैठक में स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। गौरतलब है कि राज्य के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग तथा मेडिकल के अलावा अन्य प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं की तैयारियों में मदद करने के लिए चल रही ‘आकांक्षा' योजना में विस्तार किया जा रहा है।
- जयपुर. समीक्षकों से प्रशंसा पा चुके अनुवादक एवं लेखक अरूणव सिन्हा को रविवार को जयपुर साहित्य उत्सव में वाणी फाउंडेशन उत्कृष्ट अनुवादक पुस्कार प्रदान किया गया। यह इस पुरस्कार का छठा संस्करण है। यह पुस्कार भारतीय अनुवादकों तथा कम से कम दो भारतीय भाषाओं के बीच उनके द्वारा किये गये उल्लेखनीय साहित्यिक एवं भाषाई कार्य को एक पहचान प्रदान करता है। सिन्हा की अब तक 79 अनुवाद कृतियां प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्होंने शास्त्रीय , आधुनिक एवं समसामयिक बंगाली काल्पनिक एवं अकाल्पनिक कृतियों का अंग्रेजी में अनुवाद किया। उनकी पुरस्कार प्राप्त कर चुकी अनुवाद कृतियां ‘‘चौरंगी'' (2007), ‘‘सेवेंटीन'' (2011) और ‘‘व्हेन द टाईम इज राइट'' (2011) आदि हैं। सिन्हा ने कहा, ‘‘ यह अप्रत्याशित सम्मान है, जिसके बारे में मेरा मानना है कि यह न केवल भारत के एक अनुवादक बल्कि सभी अनुवादकों के अतुल्य कार्य को एक पहचान प्रदान करना है।'' जयपुर साहित्य उत्सव बृहस्पतिवार को शुरू हुआ था। यह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही तरीके से चल रहा है।
- देहरादून. शहर में स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आरआईएमसी) ने रविवार को अपना शताब्दी स्थापना दिवस समारोह मनाया जिसमें उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। आरआईएमसी भारतीय उपमहाद्वीप का पहला सैन्य प्रशिक्षण संस्थान है जिसका उद्घाटन तत्कालीन प्रिंस ऑफ वेल्स और बाद में सम्राट बने एडवर्ड अष्टम ने 100 साल पहले किया था। वर्तमान में आरआईएमसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और नौसेना अकादमी एझिमाला के लिए एक प्रमुख फीडर संस्थान है। आरआईएमसी के कमांडेंट कर्नल अजय कुमार द्वारा राज्यपाल की अगवानी किए जाने के बाद रंगरूटों ने उन्हें शानदार गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कॉलेज के पटियाला पैवेलियन के विशाल लॉन में आयोजित शताब्दी समारोह में अन्य कार्यक्रमों के अलावा रंगरूटों द्वारा आरआईएमसी के अपने अनुभवों के बारे में लिखी गई पुस्तक 'बाल-विवेक' और कॉलेज के पूर्व रंगरूटों द्वारा लिखित पुस्तक 'वैलर एंड विस्डम' का भी विमोचन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया। रंगरूटों को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने राष्ट्र की सेवा में आरआईएमसी और यहां के पूर्व छात्रों के उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले 100 साल से आरआईएमसी देश की सेवा में लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है और यहां के छात्र राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभा रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि द्धितीय विश्वयुद्ध से लेकर बालाकोट ऑपरेशन तक उनकी सैन्य क्षमताएं और नेतृत्व योग्यताओं को कभी भूला नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि केडेट, अधिकारियों और आरआईएमसी से जुड़ी टीम के आत्मविश्वास, योग्यता और समर्पण के कारण यह संस्थान विभिन्न चुनौतियों से गुजरने के बावजूद शीर्ष स्थान पर रहा है और लगातार उत्कृष्टता की ओर बढ रहा है। राज्यपाल ने रंगरूटों से भविष्य में प्रौद्योगिकी के कारण तेजी से बदल रही नेतृत्व की भूमिका और चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा। प्रतिष्ठित संस्थान में आने वाले दिनों में महिला रंगरूटों के एकीकरण के बारे में विश्वास और उत्साह व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह आरआईएमसी की सफलता में एक और स्वर्णिम अध्याय होगा।
- जयपुर. राजस्थान के अलवर जिले के तिजारा थाना क्षेत्र में बीती रात अज्ञात बदमाश स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की एटीएम मशीन और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को उखाड़ कर अपने साथ ले गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि एटीएम मशीन में 25 लाख 83 हजार रूपये थे। उन्होंने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने तिजारा फाटक पुलिया के पास स्टेट बैंक आफ इंडिया की एटीएम मशीन और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को उखाड़ लिया और उसे लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।
- नयी दिल्ली. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि सरकार एग्रीटेक स्टार्टअप के लिए एक फंड बनाने पर विचार कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने एक वेब गोष्ठी में कहा कि सरकार रक्षा अनुसंधान एवं विकास में स्टार्टअप की महत्वपूर्ण भागीदारी पर विचार कर रही है और उद्यमियों के लिए ड्रोन, रक्षा और तकनीकी कपड़ा क्षेत्रों में बड़े अवसर हैं। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी और नवाचार से भारतीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।गोयल ने एक अन्य समारोह में कहा कि मौजूदा यूक्रेन-रूस संकट में भी कई अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह संकट बताता है कि हमें आयातित रक्षा उपकरणों और कच्चे तेल पर निर्भर नहीं रहना है।
- पोर्ट ब्लेयर. केंद्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार द्वीप समूह में पिछले चार दिन से कोविड-19 का एक भी नया मामला नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। द्वीप समूह में संक्रमितों की संख्या 10,025 बनी हुई है। अधिकारी ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में वर्तमान में सिर्फ दो उपचाराधीन मरीज हैं और अब तक 9,894 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण से पिछले चार दिनों में किसी की मृत्यु नहीं होने से मृतक संख्या भी 129 बनी हुई है। अब तक सात लाख से अधिक नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच हुई है और संक्रमण दर 1.42 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि कुल 6,08,706 लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी गई है।
- सुलतानपुर (उत्तर प्रदेश). सुलतानपुर जिले के धम्मौर थाना के सामने एक ट्रक की जोरदार टक्कर से टेंपो सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम अमेठी से सुलतानपुर की तरफ जा रहे एक टेंपो को थाना के सामने सुलतानपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो पलट गया और उस पर सवार शहाबुद्दीन (45) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि राधेश्याम (35) नामक व्यक्ति ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूत्रों ने बताया कि इस घटना में कुछ लोग घायल हुए जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- कोकराझार . असम के कोकराझार में एक बाजार में लगी आग से करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग कोकराझार रेलवे स्टेशन के बाहर लगे बाजार में शनिवार रात लगी। अधिकारियों ने बताया कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि आग से 10 से अधिक दुकानें और उनमें रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। अग्नि और आपात सेवा के अधिकारी ने बताया कि अबतक आग लगने की वजहों का पता नहीं चला है लेकिन माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है।-file photo
- अनूपपुर . मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार को एक कार के पेड़ से टकरा जाने से इसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गये। राजेन्द्र ग्राम पुलिस थाना प्रभारी नरेन्द्र पाल ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे राजेन्द्र ग्राम के पास करौंदी तिराहे पर हुई। उन्होंने कहा कि पेड़ से टकराने के बाद कार के दो टुकड़े हो गए, जिससे इसमें सवार वर्षा श्रीवास्तव (19), सुबोध श्रीवास्तव (24) एवं मनु सिंह (20) की मौके पर मौत हो गई। पाल ने बताया कि इस हादसे में दो लोग सौरभ शर्मा (22) एवं दिव्यांशु श्रीवास्तव (22) घायल हो गए, जिन्हें स्वास्थ्य केंद्र, राजेन्द्र ग्राम में भर्ती कराया गया है। दोनों घायल आगे की सीट पर बैठे थे और हादसे के समय कार का एयर बैग खुलने से दोनों की जान बच गई। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त ये लोग सौरभ शर्मा की नई कार में सवार होकर अनूपपुर से अमरकंटक नर्मदा दर्शन के लिए जा रहे थे।
- आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश). आजमगढ़ जिले के दीदारगंज इलाके में रविवार को दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि दीदारगंज के गुवांई गांव में रहने वाले उमाशंकर गुप्ता की पत्नी लीलावती गुप्ता (50) और उनकी नातिन (12) की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गयी। उन्होंने बताया कि सुबह काफी देरतक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर लोगों को शक हुआ, जब उन्होंने घर के अंदर देखा तो लीलावती और आंचल के शव पाए गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्रामीणों का कहना है कि लीलावती और उनकी नातिन को शनिवार शाम घर के बाहर देखा गया था, जिस वक्त यह वारदात हुई उस समय उन दोनों के अलावा घर में कोई और नहीं था। उन्होंने बताया कि बच्ची अपनी नानी के साथ रहती थी और उसकी मां ससुराल में रहती है। लीलावती के पति उमाशंकर बिहार में नौकरी करते हैं। आर्य का कहना है कि फारेंसिक टीम द्वारा एकत्र किए गए सुराग में यह बात सामने आ रही है कि इस घटना में कोई परिचित व्यक्ति शामिल है। घटना का खुलासा करने के लिए विशेष अभियान दल और सर्विलांस सहित चार टीम लगाई गई हैं।
- मुंबई. मुंबई के पुलिस आयुक्त संजय पांडे ने कहा है कि पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया के लिए यहां के किसी भी नागरिक को पहले की तरह पुलिस थाने नहीं बुलाया जाएगा। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पांडे के नए आदेश के बाद, अब एक कांस्टेबल प्रक्रिया पूरी करने के लिए पासपोर्ट आवेदक द्वारा बताए गए पते पर जाएगा। अधिकारी ने कहा कि कोई विसंगति होने पर आवेदक को पुलिस थाने में बुलाया जा सकता है। पांडे ने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘हमने तय किया है कि दस्तावेजों के अधूरे होने जैसे असाधारण मामलों को छोड़कर (पासपोर्ट सत्यापन के लिए) किसी भी नागरिक को मुंबई के पुलिस थाने में नहीं बुलाया जाएगा। अगर इसका पालन नहीं किया जाता, तो इसकी जानकारी दें।
- नयी दिल्ली. केंद्र सरकार लोगों के बीच यह संदेश फैलाने की योजना बना रही है कि सामाजिक कल्याण योजनाओं से महिलाओं और अनुसूचित जाति-जनजाति समेत आम जनता को किस तरह फायदा पहुंचा है। पिछले हफ्ते विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों को यह निर्देश देने का फैसला लिया गया कि वह अपनी ओर से पिछले साढ़े सात साल में शुरू की गई विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं का ब्योरा तैयार करें। यह भी बताने को कहा गया है कि इन योजनाओं से अब तक कितने लोग लाभान्वित हुए हैं। इस फैसले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने रविवार को कहा कि पूरी समीक्षा के बाद केंद्र सरकार देशभर में चल रही योजनाओं और उनके लाभों को बताने के लिए एक अभियान शुरू करेगी। बताया जा रहा है कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं ने उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में से चार राज्यों में विधानसभा चुनाव जीतने में भाजपा की मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सूत्रों के मुताबिक मंत्रालयों को आंकड़े जुटाने के लिए कहने का फैसला विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से पहले किया गया था। सरकार के अनुसार उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास योजना और ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम जैसी योजनाओं से लाखों परिवारों को रोजगार सृजन, किफायती आवास और रसोई गैस की सुविधा से लाभ हुआ है। पेट्रोलियम, ग्रामीण विकास, महिला और बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और अल्पसंख्यक मामले कुछ ऐसे प्रमुख मंत्रालय हैं, जिन्होंने सामाजिक कल्याण योजनाओं के लिए अपने बजट से पर्याप्त धनराशि निर्धारित की है। इसके अलावा कोरोना वायरस महामारी के चरम के दौरान केंद्र सरकार ने गरीब और प्रवासी कामगारों को मुफ्त राशन वितरित किया था।



























