- Home
- देश
- नयी दिल्ली. भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) गिरीश चंद्र मुर्मू और मालदीव के महालेखा परीक्षक हुसैन नियाजी ने सोमवार को एक बैठक में दोनों संस्थानों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए ठोस कदमों पर चर्चा की। दोनों ने समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत पेशेवर क्षमताओं को मजबूत करने और लेखा परीक्षा पद्धति में सुधार करने के लिए आपसी सहयोग को लेकर भी बातचीत की। मुर्मू ने इस दौरान इस समझौते के तहत मालदीव के साथ शिमला में स्थित राष्ट्रीय लेखा परीक्षा और लेखा अकादमी (एनएएए), नोएडा के इंटरनेशनल सेंटर फॉर इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स एंड ऑडिट (आईसीआईएसए) और जयपुर स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर एनवायरनमेंट ऑडिट एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट (आईसीईडी) के जरिये जानकारी और क्षमता विकास को साझा करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर नौ मार्च को राष्ट्रीय राजधानी स्थित आईसीएआर, पूसा परिसर में तीन दिवसीय कृषि विज्ञान मेले का उद्घाटन करेंगे। सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस मेले का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर) द्वारा किया जा रहा है। इस वार्षिक मेले का मुख्य विषय ‘तकनीकी ज्ञान के जरिये आत्मनिर्भर किसान' रखा गया है। इस मौके पर पूसा एग्री कृषि हाट परिसर का भी शुभारंभ किया जाएगा। दो एकड़ क्षेत्र में बने इस हाट में 60 स्टॉल लगाए जाएंगे।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को ‘नारी शक्ति पुरस्कार' से सम्मानित महिलाओं से मुलाकात की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 29 महिलाओं को महिला सशक्तिकरण विशेषकर कमजोर और हाशिए पर मौजूद महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में उनके योगदान के लिए 28 पुरस्कार प्रदान करेंगे। वर्ष 2020 और 2021 के लिए 14-14 पुरस्कार दिए जा रहे हैं। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने पुरस्कार विजेताओं की उनके काम के लिए प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वे समाज के साथ-साथ देश में भी योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जहां उनके काम में सेवा की भावना है, वहीं उनके काम में जो चीज साफ नजर आती है वह है नवोन्मेष। मोदी ने कहा कि अब कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां महिलाओं ने अपनी पहचान नहीं बनाई और देश को गौरवान्वित नहीं किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं की क्षमता को पहचान देने की दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसी नीतियां बना रही है जिसके माध्यम से ऐसी क्षमता की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि सभी महिलाएं पारिवारिक स्तर पर निर्णय लेने में भागीदार बनें जो उनके आर्थिक सशक्तिकरण के परिणामस्वरूप होगी। मोदी ने आजादी का अमृत महोत्सव के आयोजन के दौरान ‘सबका प्रयास' पर अपनी सरकार के फोकस के बारे में बात की। उन्होंने यह भी कहा कि ‘लोकल के लिए वोकल' की तरह सरकार के प्रयासों की सफलता महिलाओं के योगदान पर निर्भर है। पुरस्कार विजेताओं ने उन्हें एक ऐसा मंच प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया, जहां उन्हें देश के शीर्ष नेतृत्व द्वारा सुना जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलने और उनके साथ बातचीत करने का अवसर मिलना उनके लिए एक सपने के सच होने जैसा है और उन्होंने सरकार की पहल की भी प्रशंसा की। पुरस्कार प्राप्त करने वाली महिलाओं में मर्चेंट नेवी की कप्तान राधिका मेनन, सामाजिक उद्यमी अनीता गुप्ता, जैविक खेती करने वाली आदिवासी कार्यकर्ता उषाबेन दिनेशभाई वसावा, नवाचार के लिए विख्यात नासिरा अख्तर, इंटेल इंडिया की प्रमुख निवृति राय, ‘डाउन सिंड्रोम' से पीड़ित कथक नृत्यांगना सायली नन्दकिशोर अगवाने, सांपों को बचाने वाली पहली महिला वनिता जगदेव बोराडे और गणितज्ञ नीना गुप्ता शामिल हैं। नारी शक्ति पुरस्कार, महिलाओं के उल्लेखनीय योगदान को मान्यता देने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की उनकी क्षमता का उत्सव मनाने के लिए महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से की गई एक पहल है। यह पुरस्कार उद्यमिता, कृषि, नवाचार, सामाजिक कार्य, शिक्षा और साहित्य, भाषा विज्ञान, कला एवं हस्तकला, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी और अन्य विषयों में काम करने वाली महिलाओं को दिया जाता है।
-
नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय ने जनता को आगाह किया है कि नकली वेबसाइट्स के धोखे में ना आएं और नौकरी के लिए आवेदन करते समय संबंधित विभागों की आधिकारिक वेबसाइट्स से ही प्रामाणिक सूचना लें। मंत्रालय ने www.sarvashiksha.online, samagra.shikshaabhiyan.co.in औऱ shikshaabhiyan.org.in को खासतौर पर जाली बताया है। मंत्रालय का कहना है कि सर्व शिक्षा अभियान से मिलते-जुलते नामों से कई ऐसी नकली बेवसाइट सक्रिय हैं, जो नौकरी की तलाश में लगे युवाओं को गुमराह कर रही है। ऐसी वेबसाइट्स से सावधान रहने की सलाह देते हुए मंत्रालय ने ये भी खुलासा किया है कि आवेदकों से पैसा मांगने के अवैध मामले भी देखे गए हैं।
-
नई दिल्ली। भारत ने कहा है कि यूक्रेन में बिगड़ती स्थिति और मानवीय संकट पर तत्काल ध्यान दिए जाने की जरूरत है। यूक्रेन संकट पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में भारत ने कहा कि पिछले 11 दिन के दौरान लगभग 15 लाख शरणार्थियों ने यूक्रेन के पडोसी देशों में शरण ली है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी.एस. तिरुमूर्ति ने बैठक में कहा कि इस मानवीय संकट के तत्काल समाधान तथा यूक्रेन में फंसे सभी नागरिकों की सुरक्षित और निर्बाध निकासी की जरूरत है।खबरों के अनुसार, सुमी विश्वविद्यालय के मेडिकल छात्र सहित सैकडों भारतीय नागरिक पूर्वी यूक्रेन में फंसे हैं। लगातार गोलाबारी के बीच उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास सफल नहीं हो पा रहे हैं।
श्री तिरूमूर्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूसी और यूक्रेन नेतृत्व से फिर बातचीत की है और तत्काल संषर्घ विराम की भारत की अपील दोहराई है। प्रधानमंत्री ने दोनों पक्षों से बातचीत और राजनयिक माध्यम से समस्या का समाधान करने को कहा है।श्री तिरूमूर्ति ने पिछले कुछ दिनों में बीस हजार से अधिक भारतीयों की स्वदेशी वापसी के लिए यूक्रेन और उसके पडोसी देशों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अन्य देशों के नागरिकों को भी सुरक्षित निकालने की भारत की इच्छा व्यक्त की। श्री तिरूमूर्ति ने कहा कि भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरश की यूक्रेन और क्षेत्रीय शरणार्थी सहायता योजना की अपील का स्वागत किया है।श्री तिरूमूर्ति ने बताया कि भारत ने यूक्रेन और पडोसी देशों के लिए मानवीय सहायता की सात खेप भेजी है। और भी सहायता सामग्री भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है। श्री तिरूमूर्ति ने इस बात पर बल दिया कि मानवीय सहायता कार्य हमेशा सहयोग भावना, मानवीयता और निष्पक्षता से निर्देशित होने चाहिए और इनका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। - नोएडा . गौतमबुद्ध नगर में सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के सेक्टर 44 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले दिल्ली पुलिस के सिपाही को एक आवारा कुत्ते को पीट-पीटकर मार डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक ही सोसाइटी की रहने वाली शिखा राय नामक युवती ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सोसायटी में रहने वाले दिल्ली एक पुलिस के सिपाही ने सोसाइटी में घूमने वाले एक आवारा कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला तथा उसके शव को ठिकाने लगा दिया। थाना सेक्टर 39 के थानाध्यक्ष राजीव वालिया ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना की जांच की जा रही है।
- नयी दिल्ली. सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए अंतराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले सोमवार को 'समर्थ' अभियान शुरू किया है। केंद्रीय एमएसएमई मंत्री नारायण राणे ने यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि एमएसएमई क्षेत्र महिलाओं के लिए ढेर सारे अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई मंत्रालय अपनी योजनाओं और पहल के जरिये महिलाओं को अतिरिक्त लाभ प्रदान करके उद्यमिता संस्कृति विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। राणे ने कहा कि यह अभियान महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करके उन्हें आत्मनिर्भर और स्वतंत्र बनाने में मदद करेगा। मंत्रालय के अनुसार, समर्थ अभियान के तहत मुफ्त कौशल विकास कार्यक्रमों में 20 प्रतिशत सीटें इच्छुक और मौजूदा महिला उद्यमियों के लिए आवंटित की जाएंगी।
- नयी दिल्ली. कई ‘एग्जिट पोल' में उत्तर प्रदेश में भाजपा और पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान लगाया है, जबकि उत्तराखंड में मिलीजुली स्थिति बताई जा रही है। सीएनएन न्यूज 18, रिपब्लिक टीवी और न्यूज एक्स चैनलों के एग्जिट पोल के अनुसार उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 211-277 सीटें मिलने और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेतृत्व वाले गठबंधन को 119 से 160 सीटें मिलने का अनुमान है। इनमें से ज्यादातर ‘एग्जिट पोल' में पंजाब में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आप की जीत का अनुमान लगाया है। इंडिया टुडे के ‘एक्जिट पोल' में 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में आप को 76-90 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान लगाया गया है। टीवी9 भारतवर्ष-पोलस्ट्रेट के एग्जिट पोल में हालांकि, पंजाब में आप के लिए 56-61 सीटों का अनुमान जताया गया है। अधिकतर एग्जिट पोल में सत्तारूढ़ कांग्रेस को पंजाब में दूसरा स्थान मिलने का अनुमान जताया गया है। उत्तराखंड में कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए अलग-अलग एग्जिट पोल में विधान सभा चुनाव में जीत का अनुमान व्यक्त किया गया है। कुछ एग्जिट पोल में गोवा में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना जतायी गई है, जबकि मणिपुर में भाजपा को प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।-
- शाहजहांपुर (उप्र). उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक युवक द्वारा अपने सगे भाई का ही कथित अपहरण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर अपहृत बच्चे को बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार ने सोमवार को बताया कि निगोही में रहने वाला विनय (उम्र 10 साल) अपने घर से शनिवार को गायब हो गया था, रविवार को अपहृत के पिता के मोबाइल फोन पर 40 लाख रुपये फिरौती की मांग की गई और इसकी जानकारी पुलिस को नहीं देने की ताकीद की गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद अपहृत के पिता ने थाना निगोही में बेटे के अपहरण का मामला दर्ज करवा दिया। कुमार ने बताया कि जब पुलिस ने उस मोबाइल नंबर की जांच की जिससे फिरौती की मांग की गई थी, तो पता चला कि वह एक जूस बेचने वाले का नंबर है और आरोपी निखिल मिश्रा ने उससे फोन लेकर मैसेज किया था। कुमार ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके खर्चे काफी बढ़ गए हैं तथा वह एक नामी बदमाश बनना चाहता था, इसलिए उसने अपने सगे छोटे भाई का अपहरण कर लिया ताकि उस का रूतबा बन जाए। पुलिस ने आरोपी निखिल मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
- बुलंदशहर . उत्तर प्रदेश के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्रावास में सोमवार को एक गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से 10 विद्यार्थी जख्मी हो गए। पुलिस ने बताया कि छात्रावास के रसोईघर के अंदर खाना पकाने के दौरान पांच किलोग्राम के छोटे सिलेंडर में विस्फोट हो गया। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि घायलों को अलीगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।उन्होंने बताया कि विद्यार्थी खतरे से बाहर हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि अलीगढ़ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ उप जिलाधिकारी अस्पताल में मौजूद हैं। सिंह के मुताबिक, “ डिबाई तहसील के कर्मी मौके पर हैं। चिंता की कोई बात नहीं है।”उन्होंने कहा कि वह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ अलीगढ़ जा रहे हैं जहां विद्यार्थियों से मुलाकात करेंगे।
- शिलांग. मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि मेघालय-असम सीमा पर 36 विवादित गांवों में से 30 गांवों को दोनों राज्यों की क्षेत्रीय समितियों ने मेघालय में रहने देने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि ये 36 गांव 36.9 वर्ग किलोमीटर के इलाके में फैले हैं जबकि 30 गांव 18 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैले हैं। मुख्यमंत्री ने अंतर-राज्यीय सीमा विवाद हल करने के लिए असम सरकार के साथ वार्ता की प्रगति को लेकर सदन को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों राज्य इस पर राजी हो गए हैं कि पहले से चिह्नित 12 इलाकों में ऐसा कोई नया इलाका नहीं जोड़ा जाएगा, जिस पर मतभेद हो। उन्होंने कहा, ‘‘मेघालय ने 2011 में जिन 36 गांवों पर दावा किया था, उनमें से दोनों राज्यों की क्षेत्रीय समितियों ने 30 गांवों को मेघालय में रहने देने की सिफारिश की है। हालांकि, जमीन का मालिकाना हक सीमा का निर्धारण करने के बाद प्रभावित नहीं होगा।'' संगमा ने कहा, ‘‘मेघालय ने ताराबाड़ी इलाके में जिन आठ गांवों पर दावा जताया था, वे राज्य में बने रहेंगे। पश्चिमी खासी पर्वतीय जिले के गिजांग में हमने तीन गांवों पर दावा किया था और उनमें से दो राज्य में बने रहेंगे। हमें हाहीम में 12 गांवों में से 11 मिलेंगे।'' उन्होंने कहा कि री-भोई जिले में बोकलापाड़ा मेघालय में रहेगा जबकि जुमरीगांव असम के पास जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खानपाड़ा-पिलंगाटा इलाके में पिलंगाटा, मैकोली और बड़ापत्थर के हिस्से मेघालय में रहेंगे जबकि असमिया बहुल क्षेत्र खानपाड़ा और ड्रीमलैंड रिजॉर्ट असम के पास जाएंगे। पूरे ब्रह्मपुत्र रिएल्टर्स समेत बाकी का इलाका मेघालय में रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्थरकुची में मेघालयी बहुल इलाके राज्य में रहेंगे। मैकुली इलाके में मावमारी बील असम में रहेगा और कब्रगाह मेघालय में रहेगा। पूर्वी जयंतिया पर्वतीय जिले में मालीडोर, रतचेरा और उम्पिरदेत मेघालय में रहेंगे जबकि दो गांव असम के हिस्से में जाएंगे। संगमा ने कहा कि कैबिनेट मंत्रियों की अध्यक्षता में दोनों राज्यों की क्षेत्रीय समितियों ने चर्चा, दौरा और सर्वेक्षण किया और इस कवायद में विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया गया। दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में भारतीय सर्वेक्षण विभाग द्वारा इन इलाकों का अधिक सटीक तरीके से निर्धारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों राज्यों ने इस विवाद को खत्म करने के लिए जनवरी में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे और मतभेद वाले छह इलाकों में बातचीत की गयी थी तथा इसके नतीजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भेजे गए थे।
- नयी दिल्ली . देश के छह राज्यों में राज्यसभा की रिक्त होने जा रही 13 सीटों के लिए आगामी 31 मार्च को चुनाव होगा। निर्वाचन आयोग ने सोमवार को यह जानकारी दी। असम, हिमाचल प्रदेश, केरल, नगालैंड और त्रिपुरा से राज्यसभा के आठ सदस्यों का कार्यकाल दो अप्रैल को और पंजाब के पांच सदस्यों का कार्यकाल नौ अप्रैल को पूरा होगा। इस कारण ये सीटें रिक्त हो रही हैं। जिन सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है उनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी और आनंद शर्मा भी शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा, ‘‘पंजाब में रिक्त हो रही पांच सीटों में से तीन के लिए एक चुनाव होगा, जबकि दो सीटों के लिए अलग चुनाव होगा क्योंकि ये सीटें दो अलग-अलग द्विवार्षिक चक्र से संबंधित हैं।'' राज्यसभा की इन सीटों के लिए होने वाले चुनाव की अधिसूचना 14 मार्च को जारी होगी और मतदान 31 मार्च को होगा। स्थापित परिपाटी के तहत मतदान वाले दिन ही शाम पांच बजे से मतगणना होगी। उच्च सदन में केरल से एंटनी, हिमाचल प्रदेश से आनंद शर्मा, पंजाब से प्रताप सिंह बाजवा (कांग्रेस) एवं नरेश गुजराल (अकाली दल) का कार्यकाल पूरा हो रहा है। पंजाब से राज्यसभा चुनाव का फैसला गत 20 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों पर निर्भर करेगा। विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना 10 मार्च को होगी। पंजाब से पांच सीटों के अलावा, केरल से राज्यसभा की तीन, असम से दो और हिमाचल प्रदेश, नगालैंड तथा त्रिपुरा से एक-एक सीटें रिक्त हो रही हैं।
- बेंगलुरु . केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 का बजट निरंतरता कायम रखने और एक कर-अनुकूल व्यवस्था प्रदान करने में मददगार होगा। वित्त मंत्री ने यहां उद्योग जगत के साथ बजट-बाद परिचर्चा में कहा कि बजट में इस तरह की व्यवस्था की गई है जब देश अपनी आजादी के 100 साल पूरे करेगा तो वह इसका लाभ ले सकेगा। उन्होंने कहा कि यह बजट अगले 25 साल का दृष्टिकोण पेश करता है। सीतारमण ने कहा, ‘‘यह बजट निरंतरता कायम करने वाला, अनुकूल कर व्यवस्था उपलब्ध कराने वाला और हमारी अगले 20 से 25 साल की योजनाओं को पूरा करने वाला साबित होगा। यह हमें दृष्टिकोण प्रदान करता है और साथ ही बुनियादी ढांचे में हम जो हासिल करना चाहते हैं उसके लिए रूपरेखा भी प्रदान करता है। इससे हम खुद को गौरान्वित महसूस करेंगे।'' सीतारमण ने कहा कि बजट में प्रौद्योगिकी और अर्थव्यवस्था को डिजिटल बनाने पर जोर है।वित्त मंत्री ने इस बात को रेखांकित किया कि देश अब भी कोविड-19 के प्रभाव से बाहर आने का प्रयास कर रहा है। देश को स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए समर्थन देने वाली प्रणाली की जरूरत है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अब बच्चों पर भी ध्यान देने की जरूरत है जिनकी शिक्षा के दो साल खराब हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बजट के जरिये यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है कि केंद्र द्वारा किए जा रहे कार्यों में राज्यों की भागीदार की भूमिका हो। उनके साथ कोष साझा किया जा रहा है। राज्य भी बुनियादी ढांचा निर्माण में सक्रिय तरीके से भागीदारी कर सकते हैं।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि किफायती मूल्य में जेनरिक दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए स्थापित किए गए जन औषधि केंद्रों से गरीबों और मध्यम वर्ग को बहुत फायदा पहुंचा है और इनसे 13,000 करोड़ रुपये की बचत हुई है। प्रधानमंत्री ने जन औषधि दिवस के अवसर पर जन औषधि केंद्र के मालिकों के साथ ही ‘जेनरिक' दवाइयां उपलब्ध कराने की योजना के लाभार्थियों से वीडियो कांफ्रेंस के जरिये संवाद किया और उनके अनुभव सुने। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना की शुरुआत विशेष रूप से गरीबों और वंचितों के लिए किफायती दरों पर गुणवत्ता वाली दवाइयां उपलब्ध कराने के मकसद से की गई है। संवाद के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि जन-औषधि केंद्र तन को औषधि देते हैं लेकिन साथ ही यह मन की चिंता करते हैं और धन को बचाकर जन-जन को राहत भी पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘दवा का पर्चा हाथ में आने के बाद लोगों के मन में जो आशंका होती थी कि पता नहीं, कितना पैसा दवा खरीदने में खर्च होगा....., वह चिंता कम हुई है।'' मोदी ने कहा कि आज देश में साढ़े आठ हजार से ज्यादा जन-औषधि केंद्र खुले हैं और ये केंद्र अब केवल सरकारी स्टोर नहीं, बल्कि सामान्य जन के लिए समाधान केंद्र बन रहे हैं। इस कार्यक्रम का विषय ‘जन औषधि-जन उपयोगी' रखा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री मनसुख भाई मांडविया भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि ‘जेनरिक' दवाइयों के उपयोग और जन औषधि परियोजना के फायदों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए एक मार्च से देशभर में जन औषधि सप्ताह मनाया जा रहा है। देश में अभी 8,600 से अधिक जन औषधि स्टोर हैं। इसका उद्देश्य लोगों को वहनीय मूल्य पर दवाइयां उपलब्ध कराना है। मोदी ने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने कैंसर, टीबी, मधुमेह, हृदयरोग जैसी बीमारियों के इलाज के लिए जरूरी 800 से ज्यादा दवाइयों की कीमत को भी नियंत्रित किया है। सरकार ने ये भी सुनिश्चित किया है कि स्टेंट लगाने और घुटने इंप्लांट की कीमत भी नियंत्रित रहे।'' उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में जन औषधि केंद्रों के जरिए 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की दवाएं बिकी हैं और इसी साल जन औषधि केंद्रों के जरिए गरीब और मध्यम वर्ग के करीब 5,000 करोड़ रुपये की बचत हई है। उन्होंने कहा, ‘‘अब तक करीब कुल 13,000 करोड़ रुपये की बचत लोगों को हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले ही सरकार ने निजी चिकित्सा कॉलेजों में आधी सीटों पर सरकारी चिकित्सा कॉलेजों के बराबर शुल्क करने का फैसला किया है और इसका बड़ा लाभ गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हए हमारी सरकार स्वास्थ्य ढांचे को निरंतर मजबूत कर रही है। आजादी के इतने दशकों के बाद भी देश में केवल एक एम्स था लेकिन आज देश में 22 एम्स हैं। हमारा लक्ष्य देश के हर जिले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज खोलने का है।''प्रधानमंत्री ने एक रुपये में सेनिटरी नेपकिन योजना की सफलता का उल्लेख किया और कहा कि 21 करोड़ सेनिटरी नैपकिन की बिक्री दर्शाता है कि जन औषधि केंद्रों ने देश में महिलाओं के जीवन को भी आसान बनाया है।
- नयी दिल्ली/कोलकाता .पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक शिविर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान ने सहकर्मी की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास काकमारीचर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) शिविर में तड़के 6 बचकर 45 मिनट पर हुई। शिविर अर्धसैनिक बल के बरहामपुर सेक्टर के अंतर्गत स्थित है, जो राज्य की राजधानी कोलकाता से लगभग 230 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों को स्थानीय पुलिस ने तलब किया था, जिसके बाद उनके बीच झड़प हो गई।पंजाब के अमृतसर में एक शिविर में बीएसएफ के पांच कर्मियों के मारे जाने के एक दिन बाद यह घटना सामने आई है। इस घटना में चार जवान और उनपर गोली चलाने वाला जवान भी मारा गया है। अधिकारियों ने कहा कि हेड कांस्टेबल जॉनसन टोप्पो ने कथित तौर पर अपने सहयोगी हेड कांस्टेबल एसजी शेखर को अपनी सर्विस राइफल से गोली मार दी। अधिकारियों ने कहा कि वे दोनों बल की 117 वीं बटालियन से संबद्ध थे। उन्होंने बताया कि यह घटना तब हुई जब वे सीमा पर रात्रि ड्यूटी खत्म कर अपनी चौकी पर लौटे थे।अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें सोमवार सुबह 10 बजे रामनगर पुलिस थाने में पेश होने के लिए समन जारी किया था, जिसके बाद कथित तौर पर दोनों सैनिकों के बीच टकराव हो गया और टोप्पो ने शेखर पर गोली चला दी। मामला पिछले साल सीमा पर एक किसान को कथित तौर पर हिरासत में लेने से संबंधित है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि बीएसएफ ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी' का आदेश दिया है। पुलिस में मामला भी दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल पर बीएसएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।अधिकारियों ने बताया कि यह घटना ऐसे दिन हुई है जब बीएसएफ के एक जवान ने पंजाब के अमृतसर में उसके शिविर पर कथित रूप से अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें उसके चार साथियों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। वह शिविर पंजाब में भारत पाकिस्तान सीमा पर स्थित है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कच्छ के धोरदो गांव स्थित एक महिला संत शिविर में आयोजित संगोष्ठी को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि इस संगोष्ठी का आयोजन समाज में महिला संतों की भूमिका और महिला सशक्तिकरण में उनके योगदान को पहचान देने के लिए किया जा रहा है। इस संगोष्ठी में 500 से अधिक महिला संत शामिल होंगी।पीएमओ ने कहा कि इस संगोष्ठी में संस्कृति, धर्म, महिला उत्थान, सुरक्षा, सामाजिक स्थिति और भारतीय संस्कृति में महिलाओं की भूमिका पर सत्र होंगे। उसने कहा, ‘‘इसमें महिलाओं की उपलब्धियों के साथ-साथ महिलाओं को लाभान्वित करने वाली केन्द्र और राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।'' इस संगोष्ठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी, साध्वी निरंजन ज्योति और भारती प्रवीण पवार भी शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में साध्वी ऋतंभरा, महामंडलेश्वर कंकेश्वरी देवी सहित अन्य हस्तियां भी शिरकत करेंगी।
- जम्मू. सीमा सुरक्षा बल द्वारा यहां सुचेतगढ़ सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ‘रिट्रीट और बैंड' प्रदर्शन को 1,700 से ज्यादा लोगों ने देखा। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उप महानिरीक्षक एसपीएस संधू ने कहा कि बीएसएफ बैंड ने ‘आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत रविवार को ‘ऑक्ट्रॉय बॉर्डर आउटपोस्ट' पर आयोजित रिट्रीट सेरेमनी में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। जम्मू में बीएसएफ के प्रवक्ता संधू ने कहा कि रंगीन वर्दी में सजे बीएसएफ के बैंड ने कई लोकप्रिय धुन बजायी और परेड की जिससे दर्शकों में जोश की लहर दौड़ गई। संधू ने कहा कि बीएसएफ जम्मू फ्रंटियर के आईजी डी के बूरा, डीआईजी एस के सिंह और डीआईजी सुरजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि बीएसएफ की संगीतमय प्रस्तुति को लगभग 1,750 दर्शकों ने देखा और सराहा।
- नयी दि्ल्ली. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि भारत जैसे विकासशील देशों के लिए सड़क सुरक्षा एक चुनौती बनी हुई है और कृत्रिम मेधा (एआई) पर आधारित ड्रोन एवं रोबोट प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल सड़क हादसों की फॉरेंसिक जांच में किया जा सकता है। गडकरी ने 'मशीन विजन एंड ऑगमेंटेड इंटेलिजेंस' पर आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात प्रबंधन प्रणाली के साथ एआई-आधारित प्रौद्योगिकी के व्यापक एकीकरण की जरूरत है ताकि मानवीय दखल को दूर कर गलतियों की संभावना कम की जा सके। गडकरी ने कहा, ‘‘सड़क सुरक्षा दुनियाभर में बड़ी चिंता का विषय है और भारत जैसे विकासशील देशों के लिए यह एक चुनौती बनी हुई है।'' उन्होंने कहा कि सरकार के लिए सड़क सुरक्षा प्राथमिकता में बहुत ऊपर है। इसकी वजह यह है कि देश में साल भर में पांच लाख सड़क दुर्घटनाओं में करीब 1.5 लाख लोगों की मौत हो जाती है। गडकरी ने कहा, ‘‘इन सड़क हादसों की फॉरेंसिक जांच के लिए एआई-आधारित ड्रोन एवं रोबोट का इस्तेमाल किया जा सकता है।'' गडकरी के मुताबिक, यातायात बाधित होने की स्थिति असंतुलित मांग एवं आपूर्ति गणनाओं से पैदा होती है। ऐसी स्थिति में एआई आधारित उपकरणों की मदद से यातायात के हालात की सटीक ढंग से जांच, विश्लेषण एवं पूर्वानुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली को भारतीय राजमार्गों पर लगाया जा चुका है जिसमें इलेक्ट्रॉनिक सेंसर एवं एचडी कैमरों की मदद से एकीकृत आंकड़े संकलित किए जाते हैं।
- नयी दिल्ली/कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक शिविर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान ने कथित तौर पर सहकर्मी की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई।अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि घटना भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास काकमारीचर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) शिविर में सोमवार सुबह हुई। शिविर अर्धसैनिक बल के बरहामपुर सेक्टर के अंतर्गत स्थित है, जो राज्य की राजधानी कोलकाता से लगभग 230 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों को स्थानीय पुलिस ने तलब किया था, जिसके बाद उनके बीच झड़प हो गई।अधिकारियों ने कहा कि हेड कांस्टेबल जॉनसन टोप्पो ने कथित तौर पर अपने सहयोगी हेड कांस्टेबल एसजी शेखर को अपनी सर्विस राइफल से गोली मार दी। अधिकारियों ने कहा कि वे दोनों बल की 117 वीं बटालियन से संबद्ध थे। उन्होंने बताया कि यह घटना तब हुई जब वे सीमा पर रात्रि ड्यूटी खत्म कर अपनी चौकी पर लौटे थे।अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें सोमवार सुबह 10 बजे रामनगर पुलिस थाने में पेश होने के लिए समन जारी किया था, जिसके बाद कथित तौर पर दोनों सैनिकों के बीच टकराव हो गया और टोप्पो ने शेखर पर गोली चला दी। मामला पिछले साल सीमा पर एक किसान को कथित तौर पर हिरासत में लेने से संबंधित है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि बीएसएफ ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया है। पुलिस में मामला भी दर्ज कर लिया गया है। file photo
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार देश में स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए हर जिले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज खोलने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के लाभार्थियों और जनऔषधि केंद्रों के संचालकों से आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत में श्री मोदी ने कहा कि आजादी के इतने दशकों बाद भी देश में केवल एक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान- एम्स था, लेकिन अब 22 एम्स काम कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि साढ़े आठ हजार से अधिक जन औषधि केंद्र आम आदमी के लिए समाधान केंद्र बनते जा रहे है। श्री मोदी ने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष में जन औषधि केंद्रों के माध्यम से 800 करोड़ रुपये से अधिक की दवाएं बेची गई हैं। जन औषधि केंद्रों के माध्यम से गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की बचत हुई है।प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने कैंसर, तपेदिक, मधुमेह और हृदय रोग जैसी बीमारियों के इलाज के लिए आवश्यक 800 से अधिक दवाओं की कीमतों को भी नियंत्रित किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह भी सुनिश्चित किया गया है कि स्टेंट लगाने और घुटने के प्रतिरोपण की लागत नियंत्रण में रहे।श्री मोदी ने कहा कि केंद्र ने तय किया है कि निजी मेडिकल कॉलेजों में आधी सीटों पर सरकारी मेडिकल कॉलेजों के बराबर शुल्क लिया जाये, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को फायदा होगा।बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री ने एक जन औषधि योजना के लाभार्थी से पूछा कि योजना से उन्हें आर्थिक रूप से कैसे मदद मिली है। उन्होंने कहा कि पहले दवाओं की कीमत एक हजार पांच सौ से एक हजार छह सौ रुपये थी लेकिन अब इस योजना में दवाइयों पर खर्च घटकर केवल 250 से तीन सौ रुपये रह गया है ।जनऔषधि दिवस के अवसर पर आज स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि जनऔषधि योजना ने देश में क्रांति ला दी है।जेनेरिक दवाओं के उपयोग और जन औषधि परियोजना के लाभ के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए पहली मार्च से पूरे देश में जन औषधि सप्ताह भी मनाया जा रहा है। सप्ताह के दौरान जन औषधि संकल्प यात्रा, मातृ शक्ति सम्मान, जन औषधि बाल मित्र, जन औषधि जन जागरण अभियान, आओ जन औषधि मित्र बनाएं और जन औषधि-जन आरोग्य मेला जैसे विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, देश में अभी 8,600 से अधिक जन औषधि स्टोर हैं। इसका उद्देश्य लोगों को वहनीय मूल्य पर दवाइयां उपलब्ध कराना है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात की और युद्धग्रस्त देश के पूर्वोत्तर इलाके के शहर सूमी में फंसे भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकालने में उनसे मदद की गुजारिश की।करीब 35 मिनट तक चली इस वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन में उभरती परिस्थितियों पर भी चर्चा की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के कारण सूमी में अभी भी 700 के करीब भारतीय छात्र फंसे हुए हैं।सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने सूमी में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए भारत की ओर से किए जा रहे प्रयासों में यूक्रेन सरकार से मदद जारी रखने की अपील की।सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी सीधी वार्ता की सराहना की। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन से भारतीयों को निकालने में यूक्रेन सरकार द्वारा की गई मदद के लिए जेलेंस्की का आभार जताया।दोनों नेताओं के बीच बात ऐसे समय में हुई है, जब रूस के हमले का सामना कर रहे यूक्रेन से छात्रों समेत अपने नागरिकों को निकालने के लिए भारत हर संभव प्रयास कर रहा है।रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध आरंभ होने के बाद, दोनों नेताओं के बीच आज यह दूसरी वार्ता हुई है। इससे पहले, दोनों नेताओं ने 26 जनवरी को फोन पर बातचीत की थी।दोनों देशों के बीच युद्ध आरंभ होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी दो बार बात कर चुके हैं। वह आज दोपहर फिर एक बार पुतिन से बात करने वाले हैं।इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि वार्ता के दौरान जेलेंस्की ने युद्ध की स्थिति और यूक्रेन तथा रूस के बीच जारी बातचीत के बारे में विस्तार से जानकारी दी।पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में जारी युद्ध और इसके परिणामस्वरूप पैदा हुए मानवीय संकट पर चिंता जताई।पीएमओ के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने तत्काल हिंसा समाप्त करने के अपने आह्वान को दोहराया और इस बात को रेखांकित किया कि भारत हमेशा ही दोनों पक्षों के बीच सीधी वार्ता और मुद्दों का शांतिपूर्ण समाधान का पक्षधर रहा है।भारत रूस और यूक्रेन के शीर्ष नेताओं से युद्ध को तत्काल समाप्त कर, वार्ता और कूटनीति के जरिए मतभेदों को दूर करने की अपील करता आ रहा है।पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में अब भी फंसे भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर चिंता जताई और उनकी जल्द सुरक्षित निकासी की आवश्यकता पर जोर दिया।
- बहादुरगढ़ । हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में एक तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे दो लोगों को कुचल दिया। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा अभी गंभीर रूप से घायल है। हादसा रोहतक-दिल्ली रोड पर गणपति धाम के पास उस वक्त हुआ, जब वह सब्जी खरीदने जा रहे थे। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करा कराकर परिजनों को सौंप दिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के जिला शिवपुरी के गांव बामौर कलां निवासी प्रदीप राय ने बताया कि वह गणपति धाम स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपने दोस्त उमेश जैसवाल के साथ सब्जी लेने के लिए गांव सांखौल की तरफ पैदल जा रहा था। उनके आगे एक और व्यक्ति पैदल चल रहा था। इसी दौरान रोहतक की तरफ से एक तेज रफ्तार कार आई, जिसने प्रदीप को टक्कर मारी।साथ ही उसके आगे चल रहे एक व्यक्ति को भी कुचल दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका दोस्त उमेश सड़क के दूसरी तरफ गिरने से बच गया। प्रदीप के आगे चल रहा युवक भी टक्कर लगते ही सड़क पर काफी दूर जा गिरा।हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। दोनों घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने आगे चल रहे व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत निवासी रामदयाल के रूप में हुई है। पुलिस ने प्रदीप राय की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
- नयी दिल्ली. यूक्रेन के खिलाफ रूस की सैन्य कार्रवाई के बाद शुरू किए गए निकासी अभियान ‘ऑपरेशन गंगा' के तहत भारत 76 उड़ानों में अपने ‘‘15,920 से अधिक'' नागरिकों को वापस लाया है। यह जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी। हंगरी में भारतीय दूतावास ने इसका संकेत दिया कि उक्त देश से निकासी अभियान पूरा होने वाला है, क्योंकि इस अभियान के तहत अंतिम चरण की उड़ानों की शुरुआत की जा रही है। भारत अपने नागरिकों को रोमानिया, पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया और मोल्दोवा के रास्ते वापस ला रहा है। भारतीय नागरिक यूक्रेन की जमीनी सीमा बिंदुओं को पार करके इन देशों में पहुंचे हैं। पहली उड़ान 26 फरवरी को फंसे भारतीयों को बुखारेस्ट से लेकर वापस आई थी। रूस द्वारा सैन्य अभियान शुरू किये जाने के बाद यूक्रेन ने नागरिक विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। अधिकारियों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 13 उड़ानों में करीब 2,500 भारतीयों को निकाला गया। उन्होंने कहा कि हंगरी, रोमानिया और पोलैंड से फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए अगले 24 घंटों में सात उड़ानें निर्धारित हैं। बुडापेस्ट से पांच उड़ानें होंगी, पोलैंड में रेज़ज़ो और रोमानिया में सुचेवा से एक-एक उड़ान संचालित की जाएगी। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ऑपरेशन गंगा के तहत, अब तक 76 उड़ानें 15,920 से अधिक भारतीयों को भारत वापस ला चुकी हैं। इन 76 उड़ानों में से 13 उड़ानें पिछले 24 घंटों में भारत में उतरी हैं।'' हंगरी में भारतीय दूतावास ने ट्विटर पर एक "महत्वपूर्ण घोषणा" पोस्ट की, जिसमें भारतीय छात्रों से कहा गया है कि वे भारत लौटने के लिए निर्दिष्ट संपर्क बिंदुओं पर रिपोर्ट करें। हंगरी में स्थित भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, ‘‘महत्वपूर्ण सूचना: भारतीय दूतावास ऑपरेशन गंगा के तहत अंतिम चरण की निकासी उड़ानों की आज शुरुआत कर रहा है। जो भी छात्र (दूतावास के अलावा) खुद से किये गए प्रबंध में रह रहे हैं, उन्हें बुडापेस्ट स्थित यूटी 90 रकोजी हंगरी सेंटर में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक पहुंचने का अनुरोध किया जाता है।'' वहीं, यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने उन सभी भारतीय नागरिकों से जो अभी भी संघर्षग्रस्त देश में फंसे हुए हैं, तत्काल एक ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए कहा। गूगल आवेदन पत्र में नाम, ईमेल, फोन नंबर, वर्तमान ठिकाना, पासपोर्ट का ब्योरा, लिंग और उम्र का विवरण देने को कहा गया है। आवेदन में दूतावास ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों की वर्तमान स्थिति बताने को भी कहा है। आवेदन में स्थलों की एक सूची दी गई है और उनमें से चयन का विकल्प दिया गया है। ऑनलाइन आवेदन में जिन स्थलों की सूची दी गई है वे इस प्रकार हैं- चेरकासी, चेर्निहिव, चेरनिवित्सी, निप्रोपेत्रोव्स्क, दोनेत्स्क, इवानो-फ्रांकिवस्क, खारकीव, खेर्सोन, खमेलनित्स्की, किरोवोग्राद, कीव, लुहांस्क, लवीव, मिकोलेव और ओडेसा। इसके अलावा पोलतावा, रिवने, सूमी, तेरनोपिल, विनित्स्या, वोलिन, जकरपत्या, जापोरोझ्या और झितोमीर को भी सूची में शामिल किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि संघर्ष शुरू होने से कुछ सप्ताह पहले परामर्श जारी होने के बाद से अब तक 21,000 से अधिक भारतीय यूक्रेन से बाहर आ गए हैं। इनमें से 19,920 भारतीय पहले ही भारत पहुंच चुके हैं। मानवीय सहायता की छह खेप पहले यूक्रेन के लिए भेजी गई थी और रविवार को छह टन वजन की एक और खेप आईएएफ की उड़ान से पोलैंड भेजी गई।
- जौनपुर (उप्र) . जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहा गांव में रविवार शाम को ट्रैक्टर पलट गया, जिसके नीचे दबकर चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, खेतासराय थाना क्षेत्र के खलौतीपुर गांव निवासी शंकर, अब्बोपुर गांव के चिन्ते और हरिश्चंद्र एक मशीन लादकर ट्रैक्टर से लेकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान, जमदहा गांव में अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सड़क किनारे खाई में पलट गया। इस बीच बगल से साइकिल से जा रहे मानीखुर्द निवासी प्रदीप प्रजापति भी चपेट में आ गए। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को अस्पताल ले गयी जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
- नयी दिल्ली. नागर विमानन राज्य मंत्री वी. के. सिंह ने कहा है कि यूक्रेन-रूस युद्ध के दौरान कीव में कुछ दिन पहले हरजोत सिंह नाम के जिस छात्र को गोली लगी थी, वह सोमवार को दिल्ली लौट रहा है। दिल्ली में हरजोत के परिवार ने कहा कि वे बहुत खुश हैं कि वह लौट रहा है और उसके आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मंत्री ने रविवार को ट्विटर पर कहा, ‘‘हरजोत सिंह को कीव में युद्ध के दौरान गोली लगी थी। उसका पासपोर्ट भी खो गया था।'' उन्होंने कहा कि हरजोत (31) सोमवार को भारत पहुंच रहा है।मंत्री ने कहा, ‘‘उम्मीद करता हूं कि घर के भोजन और देखभाल से उसके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होगा। '' छात्रों की सुरक्षित स्वदेश वापसी का मार्ग प्रशस्त करने के लिए मंत्री (सिंह) अभी पोलैंड में हैं।हरजोत सिंह, कीव से निकलने की कोशिश के तहत 27 फरवरी को अपने दो दोस्तों के साथ पश्चिमी लवीव शहर के लिए एक कैब (टैक्सी) में सवार हुआ था। इस दौरान उसे चार गोलियां लगी थी। हरजोत के भाई प्रभजोत सिंह ने एक न्यूज़ एजेंसी को कहा, ‘‘हमे (उसकी वापसी के बारे में) खबरें मिली है। हम बहुत खुश हैं कि हरजोत लौट रहा है। हम उसके लिए बहुत चिंतित रहे हैं। '' उन्होंने कहा, ‘‘मैं फोन पर उससे बात नहीं कर पार रहा हूं, लेकिन उसने मोबाइल फोन पर भेजे एक संदेश में कहा है कि वह कल आ रहा है। किसी सरकारी अधिकारी ने हमें इस बात से अवगत नहीं कराया है। '' उल्लेखनीय है कि एक मार्च को कर्नाटक के एक मेडिकल छात्र, नवीन एस जी, की यूक्रेन के शहर खारकीव में गोलाबारी में मौत हो गई थी। नागर विमानन मंत्रालय ने कहा है कि यूक्रेन के पड़ोसी देशों से 1,500 से अधिक भारतीयों को लेकर आठ उड़ानें सोमवार को भारत पहुंचेगी।



























