- Home
- देश
- धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले के बाड़ी सदर थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जनकारी दी । पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार फौजी (18) और बल्लू (22) की मौत हो गयी । उन्होंने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सोंप दिए गये हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- नयी दिल्ली। भारतीय वैज्ञानिकों ने एक ऐसा सार्वभौमिक टीका विकसित करने का दावा किया है जोकि कोरोना वायरस के सभी स्वरूपों के खिलाफ प्रभावी हो सकता है। वायरस के नये स्वरूपों के कारण बढ़ते संक्रमण के मामलों की चिंता के बीच पश्चिम बंगाल में आसनसोल के काजी नजरुल विश्वविद्यालय और भुवनेश्वर स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा टीका विकसित किया है, जिसे लेकर उनका दावा है कि यह टीका भविष्य के किसी भी कोरोना वायरस के स्वरूप के खिलाफ प्रभावी रहेगा। शोधकर्ताओं ने कहा कि अध्ययन के दौरान ऐसे तरीके का उपयोग किया गया जोकि कोरोना वायरस समेत वायरल के लिए जिम्मेदार वायरस के सभी छह समूहों के खिलाफ रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में सहायक रहेगा। काजी नजरुल विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं अभिज्ञान चौधरी और सुप्रभात मुखर्जी के साथ ही आईआईएसईआर के पार्थ सारथी सेन गुप्ता, सरोज कुमार पांडा और मलय कुमार राणा ने कहा कि विकसित किया गया टीका बेहद स्थिर और रोग प्रतिरक्षाजनक पाया गया है। चौधरी ने कहा कि शोधकर्ताओं के दल ने संगणक सिद्धांतों का उपयोग करके टीका विकसित किया है। उन्होंने कहा कि टीके के परीक्षण के बाद अगले चरण में इसके उत्पादन की तरफ कदम बढ़ाया जाएगा।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वेबसाइट पर रविवार को स्वर कोकिला लता मंगेशकर और उनके ''खास रिश्ते'' को याद किया गया। इसमें कहा गया कि महान गायिका ने वर्ष 2013 में कहा था कि वह मोदी को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देखने की ईश्वर से प्रार्थना करती हैं। वेबसाइट पर ''एक खास रिश्ता'' शीर्षक के साथ साझा किए गए लेख में कहा गया, ''लता दीदी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपार स्नेह था।'' इसमें कहा गया, ''लता दीदी स्वर्गलोक के लिए प्रस्थान कर चुकी हैं। यह भारतीय फिल्म उद्योग के शानदार और मधुर युग का अंत है। उनकी भावपूर्ण आवाज पूरे देश में गूंजी और देश में लाखों दिल जीते। अपने प्रशंसकों द्वारा 'स्वर कोकिला' के रूप में बुलाए जाने पर, लता दीदी ने उनके साथ एक विशेष अमूर्त रिश्ता साझा किया। लता दीदी को अपने प्रशंसकों से ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी से भी बेहद लगाव था।'' इसमें कहा गया कि मोदी और लता दीदी के जन्मदिन का महीना एक ही है। वह प्यार से मोदी को 'नरेन्द्र भाई' कहकर बुलाती थीं। वर्ष 2013 में, जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब लता और उनके परिवार ने पुणे में एक सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन करने के लिए उन्हें आमंत्रित किया था, जिसे उनके दिवंगत पिता दीनानाथ मंगेशकर की याद में बनाया गया था। अस्पताल लता दीदी के दिल के बहुत करीब था क्योंकि इसे उनके दिवंगत पिता की याद में बनाया गया था। कार्यक्रम का वीडियो साझा करते हुए लेख में कहा गया, ''कार्यक्रम के दौरान लता दीदी ने कहा था, ''मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि हम नरेंद्र भाई को प्रधानमंत्री के रूप में देखें।'' लेख के मुताबिक, वह हर साल रक्षाबंधन के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देती थीं। अपने एक वीडियो संदेश में लता ने इस बात पर दु:ख व्यक्त किया था कि वह कोविड महामारी के कारण मोदी को राखी नहीं भेज सकीं। इसके मुताबिक, वर्ष 2019 में 'मन की बात' के एक एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र के साथ टेलीफोन पर एक बातचीत साझा की थी, जो उन्होंने अमेरिका की यात्रा पर जाने से पहले लता के साथ की थी। तब मोदी ने इस बातचीत को ''एक छोटे भाई का अपनी बड़ी बहन से प्यार से बात करने जैसा'' करार दिया था। लेख के मुताबिक, मोदी ने इसी बातचीत में लता के साथ अपने घनिष्ठ स्नेही संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने याद किया था कि जब भी उन्हें लता दीदी से मिलने का अवसर मिला तो उन्होंने (लता) हमेशा गुजराती व्यंजन खिलाया। इसके मुताबिक, लता ने यह भी कहा था कि उन्होंने अपने जन्मदिन पर प्रधानमंत्री की मां का आशीर्वाद लिया था। वेबसाइट पर कहा गया, ''लता दीदी का निधन वास्तव में देश के लिए एक दुखद दिन है। लेकिन, उनकी आवाज अब भी पूरे देश में गूंजेगी। इस साल बीटिंग रिट्रीट समारोह में प्रधानमंत्री के कहने पर 'ऐ मेरे वतन के लोगों..' की धुन बजाई गई। लता दीदी द्वारा गाया गया यह गीत हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की भावना भर देता है।''
- नयी दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,07,474 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 4,21,88,138 हो गई, जबकि उपचाराधीन रोगियों की संख्या कम होकर 12,25,011 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी अद्यतन आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, महामारी से 865 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 5,01,979 हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि उपचाराधीन रोगियों की संख्या कुल संक्रमितों का 2.90 प्रतिशत है जबकि संक्रमण से उबरने की राष्ट्रीय दर सुधरकर 95.91 प्रतिशत हो गई है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान उपचाराधीन रोगियों की संख्या में 1,06,637 की गिरावट आई है। मंत्रालय के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 7.42 प्रतिशत जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 10.20 प्रतिशत दर्ज की गई। संक्रमण से उबर चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,04,61,148 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई। राष्ट्रव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत अब तक देश में 169.46 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। मंत्रालय के अनुसार, मौत के 865 नए मामलों में से केरल से 444 और महाराष्ट्र से 68 मामले सामने आए।देश में अब तक कुल 5,01,979 लोगों की मौत हो चुकी हैं। इनमें से महाराष्ट्र में 1,43,008, केरल में 57,740, कर्नाटक में 39,300, तमिलनाडु में 37,733, दिल्ली में 25,969, उत्तर प्रदेश में 23,303 और पश्चिम बंगाल में 20,789 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
- इंदौर। "सुरों की मल्लिका" के रूप में मशहूर लता मंगेशकर ने वर्ष 1960 के आस-पास अपने स्वर-रज्जु (वोकल कॉर्ड) में परेशानी के चलते कुछ समय तक "मौनव्रत" लिया था। गले को आराम देने के बाद जब वह माइक्रोफोन पर लौटी थीं, तो उन्होंने मशहूर गीत ‘‘कहीं दीप जले, कहीं दिल" के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका का फिल्मफेयर पुरस्कार जीता था। मंगेशकर के छोटे भाई और संगीत निर्देशक हृदयनाथ मंगेशकर ‘‘सुरों की मल्लिका'' की जन्मस्थली इंदौर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान खुद इस बात का खुलासा कर चुके हैं। इंदौर में 28 सितंबर 1929 को जन्मीं लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में मुंबई के एक अस्पताल में रविवार को निधन हो गया। हृदयनाथ ने इंदौर में 21 फरवरी 2010 को ‘‘मैं और दीदी'' के शीर्षक से आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में यादों के ‘गलियारे' में कदम रखते हुए बताया था कि 1960 के आस-पास एक बार ऊंचा सुर लगाते वक्त लता को उनके स्वर-रज्जु में किसी परेशानी के चलते अपनी आवाज फटती महसूस हुई। लता के साथ यह वाकया पहली बार हुआ था और उन्होंने अपनी परेशानी इंदौर के मशहूर शास्त्रीय गायक उस्ताद अमीर खां से बयान की थीं। हृदयनाथ ने कहा था कि खां ने लता को सलाह दी थी कि बेहतर होगा कि वह अपनी इस परेशानी के मद्देनजर कुछ समय तक मौन रहें और कोई गाना न गाएं। ‘मैं औ दीदी' कार्यक्रम का संचालन इंदौर के ही संस्कृतिकर्मी संजय पटले ने किया था। पटेल ने भी आज इस बात की पुष्टि की भी हृदयनाथ मंगेशकर ने लता के मौनव्रत की बात कही थी। हृदयनाथ के मुताबिक ‘‘सुरों की मल्लिका'' का करियर उस वक्त बुलंदियों पर था, लेकिन बावजूद इसके उन्होंने खां की सलाह पर अमल किया और इसके लिए वह मायानगरी मुंबई से कुछ समय तक बाहर भी रही थीं। हृदयनाथ ने बताया था कि इस ‘‘मौनव्रत'' की समाप्ति के बाद पार्श्वगायन की दुनिया में लौटीं लता ने हेमंत कुमार के संगीत निर्देशन में फिल्म ‘‘बीस साल बाद'' (1962) का गीत ‘‘कहीं दीप जले, कहीं दिल" गाया था। इस गीत के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायिका का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला था।
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में दो अज्ञात लोगों ने किराने की एक दुकान के मालिक को गोली मारकर घायल कर दिया। शहर पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि चेतन ठक्कर (30) शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपनी दुकान बंद करने के बाद दो लाख रुपये नकद लेकर कोलबाद इलाके स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे कि तभी दो लोग एक दोपहिया वाहन पर सवार होकर वहां पहुंचे और उन्हें तीन गोलियां मारने के बाद फरार हो गए। अधिकारी ने बताया कि पीड़ित को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि राबोदी पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 307 (हत्या का प्रयास) और 34 (सामान्य इरादा) तथा शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की तलाश की जा रही है।
-
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दिल्ली देहरादून हाईवे पर शनिवार देर शाम वैन में ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में शादी समारोह से वापस लौट रहे कार सवार 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि शहर के जनकपुरी निवासी अंतरपाल, नरेशपाल, पूरन सिंह, जयंत सिंह सभी लोग बुढ़ाना निवासी मांगेराम व उसके पुत्र बृजेश सिंह के साथ शनिवार को ओमनी गाड़ी से हरिद्वार के धनपुरा में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शनिवार देर रात खादर में शेरपुर से आगे सोलानी नदी के पास ट्रैक्टर ट्राली ने साइड में टक्कर मारकर गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि ओमनी वैन में सवार मांगेराम (65) की मौके पर ही मौत हो गई। -
उन्नाव। उन्नाव में बारात से घर लौट रहे पति-पत्नी की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक से बारात के बाद दोनों घर लौट रहे थे कि तेज रफ्तार कार ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही पति-पत्नी की मौत हो गई। सीओ बीघापुर मौके पर पहुंचे।
अचलगंज थाना प्रभारी संदीप शुक्ला ने बताया कि उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र के भैंसई नौबस्ता के पास हादसा हुआ। हादसे में बीघापुर के सिकंदरपुर कर्ण निवासी गुड्डू बाजपेयी उर्फ ब्रजेश शंकर (45) और उनकी पत्नी सीता की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर अचलगंज थाना प्रभारी संदीप शुक्ला अपनी फोर्स के साथ पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। इसके बाद सीओ बीघापुर डीपी सिंह मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। -
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने निर्देश दिया है कि निजी चिकित्सा कॉलेजों और मानद (डीम्ड) विश्वविद्यालयों में 50 प्रतिशत सीटों की फीस उस राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी चिकित्सा कॉलेजों की फीस के बराबर होनी चाहिए। एनएमसी के एक आधिकारिक ज्ञापन में कहा गया है कि इस फीस व्यवस्था का लाभ सबसे पहले उन उम्मीदवारों को मिलेगा, जिन्होंने सरकारी कोटा की सीटों का लाभ उठाया है लेकिन संस्थान की स्वीकृत सीटों की संख्या के 50 प्रतिशत तक सीमित है। तीन फरवरी के ज्ञापन में कहा गया है कि हालांकि, अगर सरकारी कोटा की सीटें कुल स्वीकृत सीटों के 50 प्रतिशत से कम रहती है तो बाकी के उम्मीदवार पूरी तरह से मेरिट के आधार पर सरकारी चिकित्सा कॉलेजों के बराबर फीस देने का लाभ उठाएंगे। -
गाजियाबाद (उप्र) । मोदीनगर में नई दिल्ली-देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो छात्राओं की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे में मारी गई छात्राओं की पहचान प्रिया (17) और शिवानी (20) के रूप में की गई है और वे गाजियाबाद के मोदीनगर की नंदनगरी कॉलोनी की रहने वाली थीं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे यह घटना उस समय हुई जब वे घरेलू सामान खरीदकर घर लौट रही थीं। उत्तर रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन चालक से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि जब ट्रेन अप लाइन पर थी तो डाउन लाइन पर एक मालगाड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मालगाड़ी को देखकर लड़कियां क्रॉसिंग पर रुक गईं, लेकिन जनशताब्दी ट्रेन को नहीं देख पाईं। अधिकारियों ने कहा कि चालक ने दावा किया कि उसने दो लड़कियों को पटरियों पर खड़ा देखा जहां से जनशताब्दी गुजर रही थी और अपने बयान में उसने कहा है कि उसने कई बार हॉर्न बजाया और यहां तक कि आपातकालीन ब्रेक भी लगाए, लेकिन लड़कियों को बचाने के लिए समय पर ट्रेन को नहीं रोका जा सका। रेलवे ने कहा कि उसने अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए पटरियों के दोनों ओर सीमाएं बनाई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रिया 12वीं कक्षा में थी और शिवानी बीएससी कर रही थी। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मोदीनगर के चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बाबूराम सिंह ने बताया कि शव माता-पिता को सौंप दिए गए है। रेलवे ने कहा कि उनके माता-पिता के अनुरोध के बाद, दोनों लड़कियों के शव बिना पोस्टमार्टम किए उन्हें सौंप दिए गए। - नयी दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को महान गायिका लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सुरीली आवाज अमर है, जो उनके प्रशंसकों के दिलों में हमेशा गूंजती रहेगी। मंगेशकर का रविवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। 92 वर्षीय गायिका कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थीं और उन्हें बीमारी के मामूली लक्षण थे। उन्हें आठ जनवरी को ब्रीच कैंडी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'लता मंगेशकर जी के निधन की दुखद खबर मिली। उनकी आवाज कई दशकों तक भारत में सबसे प्रिय रही।' कांग्रेस नेता ने कहा, 'उनकी सुरीली आवाज अमर है और उनके प्रशंसकों के दिलों में हमेशा गूंजती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।'
- गोपेश्वर। उत्तराखंड के चमोली जिले में एक कार के एक खाई में गिर जाने की घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी । अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी । जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एन के जोशी ने बताया कि कार रमनी गांव से घुनी जा रही थी । शुक्रवार की रात घाट इलाके में यह खाई में गिर गयी । उन्होंने बताया कि शनिवार को तीनों शव बरामद कर लिए गये । उन्होंने बताया कि मरने वालों की पहचान कैलाश सिंह (30), देवेंद्र सिंह (33) और तोता राम (40) के रूप में की गयी है । उन्होंने बताया कि सभी रमनी गांव के रहने वाले थे ।
- गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सिलेंडर फटने से नाबालिग भाई-बहनों की झुलसकर मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मरने वालों की पहचान रूबी (5) और रानी (4) के रूप में की गयी है । उन्होंने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात की है जब दोनों बहनों में से एक ने गैस चूल्हा जलाने की कोशिश की लेकिन उसमें लगे रबर के पाइप में आग लग गई और सिलेंडर फट गया। उन्होंने बताया कि यह घर मध्यप्रदेश के सागर जिले के मूल निवासी ब्रजेश का है, जो वहां अपनी पत्नी ममता और छह बेटियों के साथ रहता है। उन्होंने बताया कि आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया जिसे पड़ोसियों ने देखा, जिनमें से एक ने मरने वाली लड़कियों की बहनों को लकड़ी की सीढ़ी से बचाया। उन्होंने बताया कि मुस्कान (12), मनीषा (10), अंशिका (9) और एक वर्षीय लक्ष्मी को पड़ोसियों ने बचा लिया। स्थानीय लोगों ने यह भी शिकायत की कि दमकल को मौके पर पहुंचने में काफी समय लग गया।नगर पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल ने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी ने परिवार को आश्वासन दिया है कि आदर्श आचार संहिता हटने के बाद उन्हें मुआवजा दिया जाएगा।-file photo
- श्रीनगर।जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट के बीच मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में घाटी में अलग-अलग जगहों पर बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में पारा शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की-रिजॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड हुआ। अधिकारियों ने कहा कि पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह पिछली रात शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम था। उन्होंने बताया कि पहलगाम घाटी का सबसे ठंड स्थान रहा। अधिकारियों के मुताबिक, काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे, जबकि पास के कोकरनाग शहर में शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में पारा शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया। मौसम विज्ञान कार्यालय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, लेकिन शनिवार को ऊंचाई वाले इलाकों में एक या दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। कार्यालय ने कहा कि अगले दो दिनों में छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है।कश्मीर अभी 20 दिन लंबे 'चिल्लई-खुर्द (छोटी सर्दी)' के प्रभाव में है, जो 31 जनवरी को चिल्ला-ए-कलां की समाप्ति के बाद शुरू हुआ था। चिल्ला-ए-कलां 40 दिनों की सबसे भीषण ठंड की अवधि को कहते हैं, जिसका आगाज बीते साल 21 दिसंबर को हुआ था। 'चिल्लई-खुर्द' की समाप्ति के बाद 10 दिनों तक चलने वाला 'चिल्लई-बच्चा ' आता है। हालांकि, इन दोनों ही अवधियों को ठंड के लिहाज कम कठोर माना जाता है।
- बरपेटा। असम के एक चाय विक्रेता ने पहले ही प्रयास में नीट उत्तीर्ण कर एम्स-दिल्ली में सीट हासिल की है। राज्य के बजली जिले के निवासी 24 वर्षीय राहुल दास के लिए अपनी मां द्वारा संचालित दुकान में ग्राहकों को चाय परोसना और इसके साथ ही पढ़ाई करना कोई आसान काम नहीं था लेकिन उन्होंने इन चुनौतियों का सामना किया और अपना लक्ष्य प्राप्त करने में सफल रहे। उनका सफर आसान नहीं था। दास और उनके भाई का लालन-पालन उनकी मां ने किया, जो करीब 11 साल पहले अपने दो बेटों की देखभाल के लिए अकेली रह गई थीं। गरीबी ने दास को 12वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने के लिए मजबूर किया, लेकिन उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना नहीं छोड़ा। दास ने कहा कि वह जिले के पटाचरकुची चौक इलाके में अपनी मां की दुकान पर ग्राहकों की सेवा करने के बीच पढ़ाई के लिए समय निकालते थे। उन्होंने कहा, "मैंने अपनी माँ को हमारे लिए कड़ी मेहनत करते देखा है। हम दुकान पर एक सहायक नहीं रख सकते थे। मैं किसी न किसी तरह से उनकी मदद करता ... मैंने चाय बनाई और बेची तथा जब भी संभव होता, मैं दुकान में पढ़ने के लिए बैठ जाता।" दास ने वर्ष 2015 में बारहवीं की परीक्षा पास की थी और फिर पैसों के अभाव में पढ़ाई छोड़ दी थी।हालांकि, उच्च शिक्षा के लिए उत्साह के चलते दो साल बाद दास प्लास्टिक इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करने के लिए सेंट्रल इंस्टिट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी पहुंच गए। दास ने तीन साल बाद विशिष्ट योग्यता (85 प्रतिशत अंक) के साथ इस पाठ्यक्रम में सफलता अर्जित की और गुवाहाटी में एक बहु-राष्ट्रीय कंपनी में 'क्वालिटी इंजीनियर' के रूप में अक्टूबर 2020 में कोविड महामारी के बीच नौकरी शुरू की। उन्होंने कहा, "नौकरी से कोई संतुष्टि नहीं थी... मैं हमेशा से एक डॉक्टर बनना चाहता था। मेरे एक चचेरे भाई डेंटल सर्जन हैं और वह मेरी प्रेरणा बने। मैंने अपनी नौकरी छोड़ने का फैसला किया और जो भी संसाधन थे, नीट की तैयारी शुरू कर दी। ये संसाधन ऑनलाइन उपलब्ध थे क्योंकि मेरे पास किताबें खरीदने के लिए पैसे नहीं थे।'' दास के एक हाथ को जलने से नुकसान पहुंचा था। उन्होंने कहा कि नीट में उन्हें 12,068 वां स्थान मिला है, लेकिन उनके अनुसूचित जाति और दिव्यांगता प्रमाणपत्रों ने उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में प्रवेश दिलाने में मदद की। उन्होंने उन सभी का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने परिवार की जरूरत के समय में आर्थिक या अन्य माध्यमों से मदद की। दास ने कहा, ‘‘माँ की दुकान मंटू कुमार शर्मा के स्वामित्व वाली जमीन पर है, जिनकी पटाचरकुची चौक पर हार्डवेयर की एक बड़ी दुकान है। लेकिन उन्होंने हमसे कभी किराया नहीं लिया। वास्तव में, उन्होंने अब दिल्ली के लिए मेरा टिकट बुक कराया है।'' उन्होंने कहा, "हम जिला उपायुक्त भारत भूषण देवचौधरी के आवास के पास के परिसर में रहते हैं। उन्होंने कई तरह से हमारी मदद की है। असम के मंत्री रंजीत कुमार दास ने दो दिन पहले हमारी दुकान का दौरा किया और तत्काल जरूरत के लिए मुझे 10,000 रुपये दिए।" देवचौधरी ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि परिवार पटाचरकुची में उनके पुश्तैनी घर के परिसर में रहता है और उन्होंने इसके लिए कभी किराया नहीं लिया। उपायुक्त ने कहा, "हमें राहुल पर बहुत गर्व है क्योंकि वह एम्स, नई दिल्ली में सीट पाने वाले बजली जिले के पहले व्यक्ति हैं।" देवचौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि दास की पढ़ाई का सारा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। दास को राष्ट्रीय राजधानी में उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद है। उनका अकादमिक सत्र जून से शुरू होगा।-
- मुंबई। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को कहा कि सरकार सड़क जैसी ढांचागत परियोजनाओं के निर्माण के लिए विदेशी निवेशकों से राशि नहीं लेगी और छोटे निवेशकों से ही रकम जुटाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ढांचागत परियोजनाओं के लिए प्रति वर्ष आठ प्रतिशत के सुनिश्चित रिटर्न पर एक लाख रुपये लगाने के इच्छुक छोटे निवेशकों से धन जुटाएगी। गडकरी ने कहा कि कस्बों और शहरों में रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क ओवरब्रिज बनाने की 8,000 करोड़ रुपये की परियोजना पर भी काम चल रहा है, लेकिन इसकी घोषणा बजट के बाद की जाएगी। गडकरी ने कहा कि उनका विभाग सालाना पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक का काम करता है। ऐसा देखकर विदेशी निवेशक भारतीय सड़क परियोजनाओं में निवेश करना चाहते हैं लेकिन सरकार इसे लेकर इच्छुक नहीं है। गडकरी ने यहां महाराष्ट्र चैंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्री एंड एग्रीकल्चर की तरफ से आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, "मैं अमीरों को और अमीर नहीं बनाना चाहता। उनके बजाय मैं किसानों, खेत मजदूरों, कांस्टेबलों, क्लर्कों और सरकारी कर्मचारियों से पैसा इकट्ठा करूंगा।
- नयी टिहरी। उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ मंदिर के कपाट आठ मई को सुबह 6.15 बजे खोले जाएंगे। पुजारियों ने शनिवार को यह घोषणा की। हिंदू देवता विष्णु को समर्पित यह मंदिर हर साल सर्दियों के आगमन पर श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया जाता है और गर्मियों की शुरुआत में इसे दोबारा खोला जाता है। यह मंदिर पूरी सर्दियों में बर्फ से ढका रहता है। पूर्व टिहरी नरेश मनुजेंद्र शाह के शाही पुजारियों ने बसंत पंचमी के मौके पर मंदिर के कपाट खोलने की तारीख और समय की घोषणा की। परंपरा के अनुसार, मंदिर के कपाट खोलने की तिथि पूर्व टिहरी नरेश की कुंडली के आधार पर तय की जाती है। तिथि के ऐलान के समय बद्रीनाथ मंदिर के पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदी, राजेश नंबूदरी, श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय और उपाध्यक्ष किशोर पंवार मौजूद थे।
- हैदराबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सी जंगाा रेड्डी का शनिवार को यहां एक अस्पताल में फेफड़ों से संबंधित समस्या के इलाज के दौरान निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 87 वर्ष के थे। सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने जंगा रेड्डी के निधन पर शोक व्यक्त किया। केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष बंदी संजय कुमार, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ए रेवंत रेड्डी और कई अन्य नेताओं ने रेड्डी के निधन पर शोक व्यक्त किया। रेड्डी ने 1984 में अविभाजित आंध्र प्रदेश के तेलंगाना क्षेत्र के हनमकोंडा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के दिग्गज नेता पीवी नरसिम्हा राव को हराया था। जंगाा रेड्डी और एके पटेल रूप में भाजपा के केवल दो उम्मीदवार 1984 में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के निधन के बाद लोकसभा के लिए चुने गए थे। 1980 में पार्टी के गठन के बाद वह दक्षिणी राज्यों से भाजपा के पहले सांसद थे।वह अविभाजित आंध्र प्रदेश में तीन बार विधान सभा के लिए चुने गए। सूत्रों ने बताया कि छात्र जीवन से ही सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे जंगााा रेड्डी ने राम जन्मभूमि आंदोलन समेत कई आंदोलनों में हिस्सा लिया था।
- पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने के घंटों बाद पुलिस ने उसकी हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, महिला का शव बृहस्पतिवार रात मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर वाघोबा खिंड में झाड़ियों में मिला था। जिले के पुलिस अधीक्षक दत्तात्रेय शिंदे ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि शव एक राहगीर को मिला था और उस पर चोट के कई निशान थे। शिंदे के अनुसार, मामले की जांच जिले की पुलिस उपाधीक्षक नीता पड़वी को सौंपी गई थी। उन्होंने बताया कि कुछ ही घंटों में मामला हल हो गया। शिंदे के मुताबिक, जांच में पता चला कि एक हफ्ते पहले मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में एक महिला की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि गुमशुदा महिला का विवरण उस महिला से मिलता था, जिसका शव बरामद हुआ था। शिंदे ने कहा, ‘‘पुलिस ने उसे मिली खुफिया जानकारी के आधार पर काम किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।'' उन्होंने बताया कि पालघर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं 302 (हत्या) और 201 (अपराध के साक्ष्य गायब करना) के तहत एक मामला दर्ज किया है।
- तिरुवनंतपुरम। केरल के स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में पहुंचने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए शनिवार को संशोधित दिशा-निर्देश जारी किये। नये दिशा-निर्देशों के मुताबिक, केरल आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को कोविड स्व-लक्षण निगरानी से गुजरना होगा और लक्षण पाये जाने पर आरटी-पीसीआर जांच करानी होगी। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बयान में कहा कि एक विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर नये दिशा-निर्देश जारी किये गए हैं। दिशा-निर्देशों के मुताबिक, विमान से आने वाले दो फीसदी यात्रियों का कोविड परीक्षण किया जाएगा, चाहे वह किसी भी देश से आने वाले यात्री हों। इसके मुताबिक, इस जांच का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी और कोविड-परीक्षण के लिए यात्रियों का चयन एयरलाइन के अधिकारी करेंगे।-
- हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 11वीं सदी के वैष्णव संत श्री रामानुजाचार्य की स्मृति में यहां 216 फुट ऊंची 'स्टैच्यू ऑफ इक्वैलिटी' प्रतिमा का अनावरण कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। रामानुजाचार्य ने राष्ट्रीयता, लिंग, नस्ल, जाति या पंथ की परवाह किए बिना हर इंसान की भावना के साथ लोगों के उत्थान के लिए अथक प्रयास किया था। श्री रामानुजाचार्य की समानता के संदेश की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार इसी भावना वाले ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास'' के मंत्र के साथ देश के नए भविष्य की नींव रख रही है। उन्होंने कहा, ‘‘विकास हो, सबका हो, बिना भेदभाव हो। सामाजिक न्याय सबको मिले, बिना भेदभाव मिले। जिन्हें सदियों तक प्रताड़ित किया गया, वह पूरी गरिमा के साथ विकास के भागीदार बनें, इसके लिए आज का बदलता हुआ भारत एकजुट प्रयास कर रहा है।'' उन्होंने श्री रामानुजाचार्य को भारत की एकता और अखंडता की प्रेरणा करार देते हुए कहा कि उनका जन्म भले ही देश के दक्षिणी हिस्से में हुआ हो लेकिन उनका प्रभाव पूरे भारत पर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश में एक ओर सरदार वल्लभ भाई पटेल की ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' एकता की शपथ दोहरा रही है तो रामानुजाचार्य की ‘स्टैच्यू ऑफ इक्वेलिटी' समानता का संदेश दे रही है। उन्होंने कहा, ‘‘यही एक राष्ट्र के रूप में भारत की विशेषता है।''प्रधानमंत्री ने त्रिदंडी चिन्ना जीयर स्वामी के आश्रम का भी दौरा किया। श्री रामानुजाचार्य की प्रतिमा इसी आश्रम में स्थापित की गई है। प्रधानमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित एक यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना भी की।उन्होंने परिसर में बने 108 दिव्य देशम (सजावटी रूप से नक्काशीदार मंदिर) की परिक्रमा भी की। यह दिव्य देशम ‘‘स्टैच्यू ऑफ इक्वैलिटी'' के चारों ओर बने हुए हैं। ‘‘स्टैच्यू ऑफ इक्वैलिटी'' का उद्घाटन, रामानुजाचार्य की वर्तमान में जारी 1000 वीं जयंती समारोह यानी 12 दिवसीय श्री रामानुज सहस्राब्दि समारोह का हिस्सा है। कार्यक्रम के दौरान संत रामानुजाचार्य की जीवन यात्रा और शिक्षा पर थ्रीडी ‘प्रजेंटेशन मैपिंग' का भी प्रदर्शन किया गया। यह प्रतिमा 'पंचधातु' से बनी है जिसमें सोना, चांदी, तांबा, पीतल और जस्ता का एक संयोजन है और यह दुनिया में बैठी अवस्था में सबसे ऊंची धातु की प्रतिमाओं में से एक है। यह 54-फुट ऊंचे आधार भवन पर स्थापित है, जिसका नाम 'भद्र वेदी' है। इस परिसर में वैदिक डिजिटल पुस्तकालय और अनुसंधान केंद्र, प्राचीन भारतीय ग्रंथ, एक थिएटर, एक शैक्षिक दीर्घा हैं, जो संत रामानुजाचार्य के कई कार्यों की याद दिलाते हैं।
- श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में शनिवार को 5.7 तीव्रता का भूकंप आया। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि सुबह नौ बजकर 45 मिनट पर आए भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा पर था। जम्मू-कश्मीर में भूकंप के तेज झटके महसूस किये गए। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने बताया कि भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है।
- हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ‘‘डिजिटल कृषि'' को भारत का भविष्य बताया और कहा कि देश के प्रतिभावान युवा इसमें बेहतरीन काम कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने राजधानी स्थित पाटनचेरु में अर्द्ध उष्ण कटिबंधीय के लिये अंतर्राष्ट्रीय फसल अनुसंधान संस्थान (आईसीआरआईएसएटी) परिसर का दौरा कर संस्थान की 50वीं वर्षगांठ समारोह की शुरुआत के मौके पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का विशेष ध्यान देश के उन 80 प्रतिशत से अधिक छोटे किसानों पर है और वह उन्हें हजारों कृषि उत्पादक संगठनों (एफपीओ) में संगठित करके एक जागरूक और बाजार की बड़ी ताकत बनाना चाहती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से देश के किसानों को बचाने के लिए सरकार का ध्यान बुनियाद की ओर लौटने और भविष्य की ओर बढ़ने के मिश्रण पर है। उन्होंने कहा कि ‘‘प्रो प्लेनेट पीपुल'' एक ऐसा आंदोलन है, जो जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए हर व्यक्ति व समुदाय को जलवायु के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ता है। उन्होने कहा, ‘‘ये सिर्फ बातों तक सीमित नहीं है बल्कि भारत सरकार के कामों में भी प्रदर्शित होता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘बदलते हुए भारत का एक महत्वपूर्ण पक्ष है डिजिटल एग्रीकल्चर। यह हमारा भविष्य है और इसमें भारत के प्रतिभावान युवा बहुत बेहतरीन काम कर सकते हैं। डिजिटल प्रौद्योगिकी से कैसे हम किसान को सशक्त कर सकते हैं, इसके लिए भारत में प्रयास निरंतर बढ़ रहे हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार के आम बजट में प्राकृतिक खेती और ‘‘डिजिटल एग्रीकल्चर'' पर अभूतपूर्व बल दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ हम मोटे अनाज का दायरा बढ़ाने पर ध्यान दे रहे हैं, रसायन मुक्त खेती पर बल दे रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ सोलर पंप से लेकर किसान ड्रोन तक आधुनिक प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहित कर रहे हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जल संचयन के माध्यम से नदियों को जोड़कर एक बड़े क्षेत्र को सिंचाई के दायरे में लाने और कम सिंचित क्षेत्रों में जल के इस्तेमाल की दक्षता बढ़ाने के लिए सूक्ष्म सिंचाई पर जोर देने की दोहरी रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘आज भारत में हम एफपीओ और एग्रीकल्चर वैल्यू चेन के निर्माण पर भी बहुत फोकस कर रहे हैं। देश के छोटे किसानों को हज़ारों एफपीओ में संगठित करके हम उन्हें एक जागरूक और बड़ी मार्केट फोर्स बनाना चाहते हैं।'' इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने पौधा संरक्षण पर आईसीआरआईएसएटी के जलवायु परिवर्तन अनुसंधान केंद्र और आईसीआरआईएसएटी की रैपिड जनरेशन एडवांसमेंट केंद्र का भी उद्घाटन किया। उन्होंने आईसीआरआईएसएटी के विशेष रूप से डिजाइन किए गए प्रतीक चिह्न का भी अनावरण किया और इस अवसर पर एक विशेष डाक टिकट भी जारी करेंगे। आईसीआरआईएसएटी एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो एशिया और उप-सहारा अफ्रीका में विकास के लिए कृषि के क्षेत्र में अनुसंधान करता है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी और तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन सहित कई गणमान्य हस्तियां उपस्थित थीं।
- कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में काली नदी और गंगा नदी के संगम के पास शुक्रवार शाम कई पशुओं के शव पानी में तैरते मिले जिन्हें कुत्ते और कौए खा रहे थे। गंगा के किनारे रहनेवाले ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से प्राप्त सूचना के अनुसार, नदी में तैरते मिले मवेशियों के शवों की संख्या 37 थी जिनमें 20 भैंस तथा 17 गौ वंशीय पशुओं के शव थे। उपजिलाधिकारी (सदर) उमाकांत तिवारी ने कहा कि गौशाला और ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इनमें से किसी भी मवेशी की मौत जिले में नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस बात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि ये शव पड़ोसी जनपद से बहकर आए हों।उपजिलाधिकारी ने बताया कि मवेशियों के शवों को गंगा नदी से बाहर निकालकर जेसीबी की मदद से दफना दिया गया। उन्होंने कहा कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शव कहां से आए।-
- लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार और सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से संबंधित रैलियों को संबोधित करेंगे। वह रविवार को मथुरा, आगरा और बुलंदशहर के 21 विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल माध्यम से और सोमवार को बिजनौर में प्रत्यक्ष तौर पर रैली को संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री और वर्चुअल रैली प्रभारी अनूप गुप्ता ने शनिवार को रैली के संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार, सात फरवरी को मोदी बिजनौर विधानसभा के वर्धमान डिग्री कॉलेज में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रत्यक्ष रूप से आयोजित सभा को संबोधित करेंगे, जिसका वर्चुअल प्रसारण भाजपा के सभी सोशल मीडिया हैंडल्स से किया जाएगा। रैली का प्रसारण बिजनौर से किया जाएगा, जहां चुनाव के दूसरे चरण के तीन जिलों की 21 विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल रैली का प्रसारण एलईडी स्क्रीन से दिखाया जायेगा। गुप्ता ने बताया कि रविवार को प्रधानमंत्री मथुरा, आगरा और बुलंदशहर के 21 विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल माध्यम से कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करेंगे। रविवार को होने वाली रैली के प्रसारण के लिए 21 विधानसभा क्षेत्रों के 109 मंडलों में एलईडी की व्यवस्था की गई है। रैली का संचालन प्रदेश मुख्यालय पर बने वर्चुअल रैली स्टूडियो से किया जाएगा।-











.jpg)















