- Home
- देश
-
नोएडा (उप्र)। सेक्टर 58 थाना क्षेत्र के बिशनपुरा गांव में एक व्यक्ति अपनी कथित रूप से अपनी पत्नी की हत्या के बाद शव को कमरे में बंद कर भाग गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शव से बदबू आने के बाद आस-पड़ोस के लोगों ने घटना की सूचना मंगलवार को पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का ताला तोड़कर शव को कब्जे में ले लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के बिशनपुरा गांव में रहने वाले आरोपी सूरज की पत्नी अंजलि (22) का शव मंगलवार सुबह उसके कमरे में मिला। उन्होंने बताया कि अंजिल का आरोपी पति एक हफ्ते से लापता है। उसके मकान पर ताला लगा था। मकान से बदबू आने पर आस-पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। उन्होंने बताया कि अंजलि के सिर पर चोट और गला दबाए जाने के निशान मिले हैं। उन्होंने कहा, प्रतीत होता है कि अंजलि को धक्का देने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या की गई है।
उन्होंने आशंका जताई की कि अंजलि के आरोपी पति ने ही उसकी हत्या की है। अपर उपायुक्त ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तो पता चला कि अंजलि का आरोपी पति सूरज बेरोजगार है, उसकी पत्नी काम करती थी। पति-पत्नी में आए दिन झगड़ा होता रहता था। आरोपी सूरज को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। - अमृतसर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज पंजाब में प्रवेश कर गई है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज अमृतसर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) का दौरा किया। यहां उन्होंने स्वर्ण मंदिर में माथा टेका। इस अवसर पर राहुल गांधी पगड़ी बांधे नजर आए। बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इससे पहले हरियाणा के दूसरे चरण में थी। आज सुबह भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हरियाणा के अंबाला से हुई थी। भारी तादात में लोगों ने इस यात्रा में भाग लिया। दोपहर बाद कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ने शंभू बॉर्डर के रास्ते पंजाब में प्रवेश किया।बता दें कि राहुल गांधी के साथ पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, स्थानीय सांसद गुरजीत सिंह औजला और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे। हालांकि, पंजाब कांग्रेस के कई नेताओं को मंगलवार सुबह तक राहुल गांधी के अमृतसर दौरे की जानकारी नहीं थी।उल्लेखनीय है कि भारत जोड़ो यात्रा सात दिनों तक पंजाब में रहेगी। इस बीच, कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पंजाब के बाद हिमाचल प्रदेश में एक दिन के ठहराव पर रहेगी। इसके बाद ये यात्रा जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगी। हालांकि, जम्मू-कश्मीर रवाना होने से पहले समापन के दिन पंजाब के पठानकोट में एक मेगा-रैली का आयोजन किया जाएगा। यहां राहुल गांधी सभा को संबोधित करेंगे। बता दें कि ये यात्रा 30 जनवरी को श्रीनगर में तिरंगा फहराने के साथ समाप्त होगी।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने एक जनवरी को कंझावला में एक कार द्वारा 12 किलोमीटर से अधिक घसीटे जाने के बाद मारी गई 20 वर्षीय युवती के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करने के दिल्ली सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीड़िता के परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की थी। इसके साथ ही केजरीवाल ने कहा था कि उनकी सरकार पीड़िता की तरफ से मुकदमा लड़ने के लिए सबसे अच्छे वकील को नियुक्त करेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी वादा किया था कि पीड़िता की बीमार मां के इलाज का खर्च भी दिल्ली सरकार वहन करेगी। उपराज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने कहा कि सक्सेना ने पीड़िता के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने के लिए केजरीवाल द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। -
नयी दिल्ली. दूरसंचार विभाग के सचिव के राजारमन ने सोमवार को संबंधित उद्योग जगत, विभाग के कौशल परिषद, राज्यों और विभिन्न पक्षों से क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने वाले सभी कौशल को बढ़ाने और सुदृढ़ करने के लिए हर संभव प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने यह बात 5जी सेवा की शुरूआत के बीच कही है। दूरसंचार को महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए राजारमन ने कहा कि ''डिजिटल कनेक्टिविटी में नेटवर्क और खुदरा क्षेत्र के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में कुशल मानव बल की भारी मांग है। '' उन्होंने दूरसंचार क्षेत्र कौशल परिषद (टीएसएससी) के एक कार्यक्रम में यह बात कही।
राजारमन ने 'सही तरीके के कौशल' की जरूरत पर बल दिया और उद्योग व अन्य सभी संबद्ध पक्षों से कौशल की जरूरतों को पूरा करने के लिए संयुक्त रूप से समाधान तलाशने के लिए कहा। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि 29 दिसंबर, 2022 और सात जनवरी, 2023 के बीच समुदाय से लिए गए 324 कोविड पॉजिटिव नमूनों की ‘सेंटिनल सीक्वेंसिंग' से पता चला है कि इनमें सभी में ओमीक्रोन स्वरूपों की मौजूदगी मिली जिनमें बीए.2 और इसके उप-वंश 2.75, एक्सबीबी (37), बीक्यू.1 और बीक्यू.1.1 (5) तथा अन्य शामिल हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जिन क्षेत्रों में इन स्वरूपों का पता चला है, वहां मृत्यु दर या संक्रमण के मामलों में वृद्धि की सूचना नहीं है। इसके अलावा, एक्सबीबी (11), बीक्यू.1.1 (12) और बीएफ7.4.1 (1) पचास अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के पॉजिटिव नमूनों में पाए गए मुख्य स्वरूप थे, जिनके नमूनों का अब तक जीनोम अनुक्रमण किया गया है। बयान में कहा गया कि गत 29 दिसंबर और सात जनवरी के बीच 324 पॉजिटिव नमूने अनुक्रमण के लिए 22 इंसाकोग प्रयोगशालाओं में भेजे गए जिनमें सभी में बीए.2 और इसके उप-वंश 2.75, एक्सबीबी (37), बीक्यू.1 और बीक्यू.1.1 (5) जैसे ओमीक्रोन स्वरूपों की मौजूदगी मिली। -
बेंगलुरु (कर्नाटक)। बेंगलुरु के नगवारा इलाके के पास निर्माणाधीन मेट्रो का खंभा गिरा। आउटर रिंग रोड के नागवारा के पास निर्माणाधीन मेट्रो का पिलर गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई है। ये जानकारी डॉ. भीमाशंकर एस गुलेड (डीसीपी, बेंगलुरु ईस्ट) ने दी उन्होंने बताया कि बेंगलुरु में आउटर रिंग रोड पर नागवारा के पास निर्माणाधीन मेट्रो का पिलर गिरने से 2 लोगों (मां-बेटे) की मौत हो गई।
बेंगलुरु में एचबीआर लेआउट के पास आउटर रिंग रोड पर नम्मा मेट्रो (बेंगलुरु मेट्रो) का एक निर्माणाधीन खंभा गिरने से एक महिला और उसके ढाई साल के बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजे की है, जब खंभे के निर्माण के लिए लगाए गए टीएमटी सरिये उनके स्कूटर पर गिर गए। खंभे की ऊंचाई 40 फीट से ज्यादा और वजन कई टन बताया जा रहा है। मौके पर मौजूद लोग तुरंत मां और बेटे को नजदीकी अस्पताल ले गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उन्होंने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल के आसपास जाम लग गया था।
- नोएडा (उप्र)। ग्रेटर नोएडा में सोमवार को एक निर्माणाधीन इमारत की ‘‘अस्थायी लिफ्ट'' के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक निजी कंपनी के 28 वर्षीय इंजीनियर की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह घटना नॉलेज पार्क पुलिस थाना क्षेत्र के तहत सेक्टर-150 में शाम करीब 4.15 बजे हुई। उन्होंने बताया कि एक निर्माणाधीन इमारत की 25वीं मंजिल से एक अस्थायी लिफ्ट (निर्माण सामग्री के परिवहन के लिए इस्तेमाल की जाने वाली) को हटाने की प्रक्रिया के दौरान यह हादसा हुआ। अपर पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) दिनेश कुमार सिंह ने बताया, ‘‘मृतक की पहचान फिरोजाबाद जिले के निवासी ऋतिक राठौर (28) के रूप में हुई। वह अस्थायी लिफ्ट को हटाने आए थे। लिफ्ट हटाए जाने के दौरान सपोर्टिंग सिस्टम लिफ्ट का भार सहन नहीं कर सका, जिससे यह हादसा हुआ।'' अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घटना के संबंध में मृतक की पत्नी की शिकायत पर ए एस बिल्डर के निदेशक अजय चौधरी, स्पार्टन कंपनी के निदेशक, दो प्रोजेक्ट मैनेजर सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में सोमवार को खाना खाने के बाद कई स्कूली बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। खाने में कथित तौर पर सांप मिला था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के मयूरेश्वर प्रखंड के एक प्राथमिक विद्यालय के करीब 30 छात्र मध्याह्न भोजन में परोसा गया खाना खाने के बाद बीमार पड़ गए। भोजन तैयार करने वाले स्कूल के एक कर्मचारी ने भी दावा किया कि दाल से भरे एक कंटेनर में एक सांप मिला था। उन्होंने कहा, ‘‘बच्चों ने उल्टी करनी शुरू कर दी, जिसके बाद हमें उन्हें रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाना पड़ा।'' प्रखंड विकास पदाधिकारी दीपांजन जाना ने पत्रकारों को बताया कि कई ग्रामीणों की ओर से मध्याह्न भोजन खाने के बाद बच्चों के बीमार पड़ने की शिकायत मिली है। जाना ने कहा, ‘‘मैंने प्राथमिक विद्यालयों के जिला निरीक्षक को सूचित कर दिया है '' अधिकारी ने कहा कि एक बच्चे को छोड़कर सभी बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वह खतरे से बाहर है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि अभिभावकों ने स्कूल के प्रधानाध्यापक का घेराव कर उनके दोपहिया वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
- नयी दिल्ली । दिल्ली के न्यू अशोक विहार इलाके में सोमवार को 20 वर्षीय अविवाहित युवती ने कथित तौर पर अपने नवजात शिशु को इमारत के शौचालय की खिड़की से बाहर फेंक दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अविवाहित युवती ने कलंक से बचने के लिए कथित तौर पर बच्चे को फेंक दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी युवती ने सोमवार को बच्चे को जन्म दिया। अधिकारियों ने बताया कि नोएडा में निजी कंपनी में काम करने वाली आरोपी युवती ने जय अम्बे अपार्टमेंट में बच्चे को ऊंचाई से फेंक दिया। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी युवती की पहचान कर उसके खिलाफ भरतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) एवं 201 (अपराध का सबूत मिटाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को अस्पताल ले जाया गया है।
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली में आज लाल किले पर 'जय हिंद-नया प्रकाश और ध्वनि कार्यक्रम' का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम हिन्दी और अंग्रेजी भाषा में होगा। एक बार में सात सौ व्यक्ति यह कार्यक्रम देख सकेंगे। लाल किले पर पांच वर्षों के अंतराल के बाद प्रकाश और ध्वनि कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है।
संस्कृति मंत्रालय ने कहा है कि यह पहले से आयोजित हो रहे प्रकाश और ध्वनि कार्यक्रम का नया अवतार होगा, जिसमें 17वीं शताब्दी से अभी तक भारत के इतिहास और बहादुरी की गाथाओं की नाट्य प्रस्तुति होगी। एक घंटे का यह कार्यक्रम तीन भागों में विभाजित होगा। इनमें मराठों के उदय, 1857 के स्वतंत्रता संग्राम, आजाद हिंद फौज के उद्भव और उसके मुकद्दमों सहित आजादी की लड़ाई से जुड़े भारतीय इतिहास के प्रमुख घटनाक्रमों को दिखाया जाएगा।मंत्रालय ने कहा है कि विगत 75 वर्षों में देश के निरंतर विकास को भी कला के विभिन्न रूपों का उपयोग करते हुए प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें प्रोजेक्शन मैपिंग, जीवंत गतिविधियों वाली फिल्में, प्रकाश और ध्वनि, अभिनेता, अभिनेत्रियों, नर्तकों और कठपुतलियों के कार्यक्रम होंगे। आजादी का अमृत महोत्सव के एक भाग के रूप में भारतीय पुरातत्व संरक्षण ने यहां पहले ही चार संग्रहालयों को खोल दिया है और अब नये प्रकाश और ध्वनि कार्यक्रम को इसमें जोड़ा गया है, जिससे लाल किला देखने आने वाले लोगों में देश भक्ति की भावना और मजबूत होगी। -
नई दिल्ली। उत्तराखंड सरकार ने जोशीमठ में असुरक्षित भवनों को ध्वस्त करने का निर्णय लिया है। जमीन धंसने की समस्या का सामना कर रहे इस शहर को तीन क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। इनमें से एक खतरे वाला, दूसरा मध्यवर्ती और तीसरा पूर्णतः सुरक्षित क्षेत्र है। संभावित खतरे के आकार के आधार पर क्षेत्रों का विभाजन किया गया है। जोशीमठ को आपदा संभावित क्षेत्र घोषित किये जाने के बाद यह कदम उठाया गया। चमोली जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार शहर में 603 भवनों में अब तक दरारे आ चुकी हैं। मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने कहा है कि जिन भवनों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है उन्हें गिरा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन खतरे वाले और मध्यवर्ती क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर रहा है। चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने वहां की ताजा स्थिति के बारे में जानकारी दी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पु्ष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राज्य को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जोशीमठ की स्थिति की नियमित रूप से जानकारी ले रहे हैं। जोशीमठ के 9 निगम क्षेत्रों या वार्डों को डूब क्षेत्र घोषित किये जाने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में बचाव के लिए उन्होंने सामूहिक प्रयास करने की अपील की है। -
श्रीनगर. प्रसिद्ध कवि और ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित कश्मीर के पहले रचनाकार, प्रोफेसर रहमान राही का सोमवार को यहां निधन हो गया। वह 98 वर्ष के थे। एक अधिकारी ने कहा, “राही ने शहर के नौशेरा इलाके में अपने आवास पर आज तड़के अंतिम श्वांस ली।
राही का जन्म छह मई, 1925 को हुआ था। उन्होंने कई कविता संग्रह लिखे और कुछ मशहूर कवियों की रचनाओं का कश्मीरी में अनुवाद किया। राही को 1961 में उनके कविता संग्रह ‘नवरोज़-ए-सबा' के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला, वहीं उन्हें देश के सर्वोच्च साहित्य पुरस्कार ‘ज्ञानपीठ पुरस्कार' से 2007 में उनके संग्रह ‘सियाह रूद ज़रीन मंज़' (इन ब्लैक ड्रिज्ज़ल) के लिए सम्मानित किया गया। वर्ष 2000 में उन्हें उनके कार्यों के लिए पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
राही ने बाबा फरीद की रचनाओं का कश्मीरी में अनुवाद किया, जबकि राही की शुरुआती रचनाओं में दीना नाथ नादिम का प्रभाव रहा। -
गया (बिहार)। जिले के चंदौती थाना क्षेत्र में गया-टिकारी रोड से गुजर रही एक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आकर सोमवार को मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचाप टिकारी थाना अंतर्गत विशुनगंज गांव निवासी मोहम्मद तंजीर (22), मोहम्मद मिस्बाह (20) और मोहम्मद सादिक अंसारी (67) के रूप में हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए गया मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि हाइवा को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार है। जल्द ही चालक की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई जाएगी। मृतकों में मिस्बाह व तंजीर सहोदर भाई है। मिस्बाह अपने भाई तंजीर व अपने गांव के मोहम्मद सादिक को गया स्टेशन पहुंचाने जा रहा था। -
नयी दिल्ली. खराब मौसम के कारण सोमवार को 260 ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है। रेलवे ने यह जानकारी दी। सोमवार सुबह पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार तक कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और सेवाएं प्रभावित हुईं। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ कुल 267 ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है जिसमें 82 एक्सप्रेस ट्रेन,140 यात्री ट्रेन तथा 40उप नगरीय ट्रेन शामिल हैं।'' इससे पहले रविवार को कोहरे के कारण 335 ट्रेन विलंब से चल रही थीं, 88 का परिचालन रद्द किया गया था और 31 का मार्ग परिवर्तित किया गया। बठिंडा और आगरा में दृश्यता का स्तर शून्य मीटर रहा, पटियाला, चंडीगढ़, अंबाला, भिवानी, सफदरजंग, रिज, गंगानगर, वाराणसी, फुर्सतगंज और भागलपुर में 25 मीटर वहीं हिसार, करनाल, पालम, मेरठ, लखनऊ, बहराइच और पटना में 50 मीटर रहा।
-
बिजनौर (उप्र)। बिजनौर जिले के स्योहारा थाना इलाके के एक गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। थाना स्योहारा के प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी ने बताया कि थाना क्षेत्र के सदाफल गांव के निवासी आरोपी जॉनी ने रविवार रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे अपनी पत्नी प्रियंका (30) की गला दबाकर हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी युवक ने हत्या करने के बाद थाने आकर आत्मसमर्पण कर दिया। चौधरी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक आरोपी जॉनी ने तकरार के बाद गुस्से में आकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। -
इंदौर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रक्षा, डिजिटल प्रौद्योगिकी और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर ध्यान केंद्रित करते हुए सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी और गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ता की। यह बैठकें प्रवासी भारतीय दिवस के इतर हुईं। संतोखी और अली इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं।
संतोखी के साथ मोदी की बैठक के बारे में विदेश मंत्रालय ने कहा कि वार्ता हाइड्रोकार्बन, रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहित पारस्परिक हित के क्षेत्रों में सहयोग पर केंद्रित थी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “अपनी बैठक में, दोनों नेताओं ने हाइड्रोकार्बन, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल पहल और आईसीटी तथा क्षमता निर्माण सहित आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।” इसमें कहा गया, सूरीनाम ने देश द्वारा प्राप्त की गई ऋण सुविधा से सूरीनाम को प्राप्त कर्ज का भारत द्वारा पुनर्गठन किये जाने की सराहना की। प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम के समापन के बाद संतोखी अहमदाबाद और नयी दिल्ली भी जाएंगे।
मोदी और अली के बीच बातचीत पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि उन्होंने ऊर्जा, बुनियादी ढांचे के विकास, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य देखभाल, प्रौद्योगिकी और रक्षा सहयोग सहित कई मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। इसमें कहा गया, “दोनों नेताओं ने भारत और गुयाना के लोगों के बीच दोस्ती के 180 साल पुराने ऐतिहासिक संबंधों को याद किया और उन्हें और प्रगाढ़ करने पर सहमति व्यक्त की।” राष्ट्रपति अली दिल्ली, कानपुर, बेंगलुरु और मुंबई का दौरा करेंगे। -
नयी दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली हाड़ कंपाने वाली ठंड की चपेट में है जहां पारा पर्वतीय शहरों चंबा, डलहौली, धर्मशाला और नैनीताल से भी नीचे गिर गया है। सड़कों पर सुबह और शाम कोहरा पसरा रहता है, रेलगाड़ियां घंटों की देरी से चल रही हैं तो हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सर्दी के सितम के चलते स्कूलों में शीतकालीन अवकाश की अवधि बढ़ा दी गई है और गलनभरी ठंड के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में सोमवार को लगातार पांचवें दिन भी शीतलहर का दौर जारी रहा और दृश्यता घटकर महज 25 मीटर रह गई । दिल्ली में शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों से भी कम रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभों के बीच एक बड़े अंतर के कारण भीषण ठंड का लंबा दौर देखने को मिला, जिसका मतलब है कि बर्फ से ढके पहाड़ों से ठंडी हवाएं सामान्य से अधिक समय तक चलीं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) के पास पालम वेधशाला में दृश्यता 50 मीटर और सफदरजंग वेधशाला में दृश्यता 25 मीटर दर्ज की गई। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कोहरे के कारण 267 ट्रेन अपने तय समय से देरी से चल रही हैं।
आईजीआई पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के कारण पांच उड़ानों के मार्ग में परिवर्तन किया गया और 30 ने देरी से उड़ान भरी। उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों में पंजाब, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार तक कोहरे की परत छाई दिखाई दी। दिल्ली में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार को 1.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। रविवार को दर्ज तापमान दो साल में सबसे कम और 2013 के बाद से इस महीने का दूसरा सबसे कम तापमान था। लोधी रोड, आयानगर और रिज के मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.6 डिग्री सेल्सियस, 3.2 डिग्री सेल्सियस और 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला में रविवार को न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस, शनिवार को 2.2 डिग्री सेल्सियस, शुक्रवार को चार डिग्री सेल्सियस, बृहस्पतिवार को तीन डिग्री सेल्सियस और बुधवार को 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में लगातार पांचवे दिन शीतलहर का कहर जारी रहा और न्यूनतम तापमान चंबा (8.7 डिग्री सेल्सियस), डलहौजी (नौ डिग्री सेल्सियस), धर्मशाला (9.2 डिग्री सेल्सियस), शिमला (10.3 डिग्री सेल्सियस), मनाली (छह डिग्री सेल्सियस), कांगड़ा (8.9 डिग्री सेल्सियस), देहरादून (6.5 डिग्री सेल्सियस), मसूरी (11.3 डिग्री सेल्सियस), नैनीताल (छह डिग्री सेल्सियस), मुक्तेश्वर (7.6 डिग्री सेल्सियस) और टिहरी (9.2 डिग्री सेल्सियस) जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों से भी कम रहा। दिल्ली सरकार ने बढ़ते प्रकोप के कारण स्कूलों की छुट्टी 15 जनवरी तक बढ़ा दी है और निजी स्कूलों को भी ऐसा करने की सलाह दी है। -
नयी दिल्ली। बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में एक लड़के ने अलाव में ‘पेंट थिनर' उड़ेल दिया, जिसके बाद आग की लपटों की चपेट में आने से एक गर्भवती महिला और उसका पति झुलस गए । पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात हुई जब सात महीने की गर्भवती खुशबू नामक महिला अपने पति वीर प्रताप और एक लड़के के साथ ठंड से बचने के लिए अलाव के निकट बैठी थी।
पुलिस ने कहा कि आग बुझने लगी तो लड़के ने उसमें ‘पेंट थिनर' डाल दिया, जिसके चलते अचानक आग भड़क गई। आग में खुशबू का चेहरा और कुछ अन्य अंग झुलस गए जबकि उसके पति के पैर और बायां हाथ झुलस गए। दोनों का सफदरजंग अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि खुशबू का बयान दर्ज कर लिया गया है, जिसमें उसने कहा है कि यह एक दुर्घटना थी।फाइल फोटो
-
उन्नाव (उप्र)। उन्नाव जिले के औरास क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को सुबह घने कोहरे के बीच एक बस, आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई जिससे उस पर सवार चार लोगों की मौत हो गयी। पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह ने बताया कि एक वॉल्वो बस गुजरात के राजकोट से नेपाल जा रही थी। सुबह करीब साढ़े पांच बजे जिले के औरास क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के बीच बस एक ट्रक से पीछे से जा टकराई।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में बस सवार तीन पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है सिंह के मुताबिक, बस में लगभग 60 यात्री सवार थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे में घायल छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। -
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर में एक मंदिर से अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर दानपेटी चुरा ली जिसमें 70,000 रू की नकदी और अन्य बहुमूल्य सामान था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात में दापोली गांव में रेणुका माता मंदिर में हुई। रविवार सुबह मंदिर के पुजारी ने मंदिर का ताला टूटा देखा और वहां से दानपेटिका तथा भगवान की चांदी की एक चेन नदारद थी। पालघर जिला ग्रामीण नियंत्रण कक्ष के उपनिरीक्षक बी एम पवार ने बताया कि पुजारी पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 380 (चोरी) तथा 457 (अपराध करने की मंशा से रात में घर में घुसना) के तहत मामला दर्ज किया गया है । उन्होंने बताया कि दोषियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। -
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम बजट से पहले शुक्रवार यानी 13 जनवरी को नीति आयोग में अर्थशास्त्रियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ बैठक करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मोदी इस दौरान अर्थव्यवस्था की स्थिति और आर्थिक वृद्धि दर को गति देने के उपायों पर चर्चा करेंगे। चालू वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर घटकर सात प्रतिशत पर आने का अनुमान है। उन्होंने आगे कहा कि इस बैठक में कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी, 2023 को संसद में वित्त वर्ष 2023-24 का बजट पेश करेंगी। मांग में नरमी के साथ देश की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष में सालाना आधार पर घटकर सात प्रतिशत रह सकती है। ऐसा होने पर भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था का दर्जा गंवा सकता है। सांख्यिकी मंत्रालय के पहले आधिकारिक अनुमान के अनुसार, वित्त वर्ष 2022-23 में जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि दर सात प्रतिशत रहेगी, जो बीते वित्त वर्ष 2021-22 में 8.7 प्रतिशत थी।
यह अनुमान सरकार के पहले के आठ से 8.5 प्रतिशत की वृद्धि के अनुमान से काफी कम है। हालांकि, यह भारतीय रिजर्व बैंक के 6.8 प्रतिशत के अनुमान से अधिक है। अगर यह अनुमान सही रहा, तो भारत की आर्थिक वृद्धि दर सऊदी अरब से कम रहेगी। सऊदी अरब की वृद्धि दर 7.6 प्रतिशत रहने की संभावना जताई गई है। वास्तव में, भारत की जीडीपी वृद्धि दर जुलाई-सितंबर तिमाही में 6.3 प्रतिशत रही थी। जबकि इस अवधि में सऊदी अरब की अर्थव्यवस्था 8.7 प्रतिशत की दर से बढ़ी थी। -
मुंबई। विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने सोमवार को कहा कि उसने पिछले महीने पेरिस-नयी दिल्ली उड़ान में यात्रियों के दुर्व्यवहार की दो घटनाओं को लेकर एअर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डीजीसीए के अनुसार पहली घटना में, नशे में धुत एक यात्री ने शौचालय में धूम्रपान किया और उसने चालक दल की बात नहीं सुनी। दूसरी घटना में, एक अन्य यात्री ने खाली सीट पर और एक महिला सहयात्री के कंबल पर पेशाब कर दिया, जब वह शौचालय गई थीं। दोनों घटनाएं छह दिसंबर, 2022 को पेरिस-नयी दिल्ली उड़ान में हुईं।
नियामक ने एक बयान में कहा कि डीजीसीए ने एअर इंडिया से पांच जनवरी 2023 को घटना की जानकारी मांगी, उससे पहले कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी थी। नियामक ने कहा कि कंपनी ने छह जनवरी को ईमेल के जरिए जवाब भेजा और उस पर गौर करने के बाद प्रथम दृष्टया यह पता लगा कि आपत्तिजनक आचरण करने वाले यात्री से निपटने से जुड़े प्रावधान का पालन नहीं किया गया। नियामक ने यह भी कहा कि विमानन कंपनी ने जवाबी कार्रवाई करने में सुस्ती बरती और उसमें देरी भी हुई।
महानिदेशालय ने एअर इंडिया के संबंधित प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया कि नियामक दायित्वों की अवहेलना के लिए क्यों न उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। बयान में कहा गया है कि नैसर्गिक न्याय के सिद्धांतों का पालन करते हुए, उन्हें अपना जवाब सौंपने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है और उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। -
गोपेश्वर। पर्यावरणवादी चंडी प्रसाद भट्ट ने सोमवार को कहा कि भूगर्भीय कारकों के अलावा, जोशीमठ और आसपास के क्षेत्रों में संभावित खतरों के बारे में विशेषज्ञों द्वारा दी गई चेतावनियों पर कार्रवाई करने में क्रमिक सरकारों की विफलता भूमि धॅंसने के संकट का एक प्रमुख कारण है। ‘चिपको आंदोलन' से संबद्ध रहे भट्ट ने कहा कि दरकते शहर में संकट से जुड़ी स्थिति की उपग्रह तस्वीरों की मदद से वैज्ञानिक अध्ययन के लिए राज्य सरकार द्वारा एक और प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि हालांकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हिमालय के एक विस्तृत क्षेत्र मानचित्रण और जोशीमठ में गुप्त खतरों की चेतावनी दो दशक पहले राज्य सरकार को दी गई थी। भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय सुदूर संवेदन एजेंसी (एनआरएसए) सहित देश के लगभग बारह प्रमुख वैज्ञानिक संगठनों द्वारा सुदूर संवेदन और भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) का उपयोग करके किए गए अध्ययन को 2001 में राज्य सरकार को प्रस्तुत किया गया था।
जोशीमठ सहित पूरे चार धाम और मानसरोवर यात्रा मार्गों को कवर करने वाले क्षेत्र का मानचित्रण उस समय देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, नैनीताल और चमोली के जिला प्रशासन को भी प्रस्तुत किया गया था। भट्ट ने कहा कि इस क्षेत्र मानचित्रण रिपोर्ट में जोशीमठ के 124.54 वर्ग किमी क्षेत्र को भूस्खलन की संवेदनशीलता के अनुसार छह भागों में विभाजित किया गया था।
उन्होंने कहा कि मानचित्रित क्षेत्र के 99 प्रतिशत से अधिक हिस्से को अलग-अलग श्रेणी में भूस्खलन-संभावित क्षेत्र के रूप में दिखाया गया था। भट्ट ने बताया कि 39 प्रतिशत क्षेत्र को उच्च जोखिम वाले क्षेत्र के रूप में, 28 प्रतिशत को मध्यम-जोखिम वाले क्षेत्र के रूप में, 29 प्रतिशत को कम जोखिम वाले क्षेत्र के रूप में और शेष क्षेत्र को सबसे कम जोखिम वाले क्षेत्र के रूप में दिखाया गया था।
उन्होंने कहा कि तत्पश्चात् अध्ययन को लेकर देहरादून में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, विशेषज्ञों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय बैठक भी हुई जिसमें संबंधित जिलाधिकारियों ने अध्ययन के आलोक में आवश्यक सुरक्षा उपाय करने पर सहमति व्यक्त की। रेमन मैग्सेसे, पद्म भूषण और गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित भट्ट ने कहा कि हालांकि कुछ भी नहीं किया गया और चार हजार से अधिक लोगों की जान लेने वाली 2013 केदारनाथ आपदा- 'हिमालयी सुनामी' के मद्देनजर अध्ययन पर कार्रवाई नहीं करने के चलते राज्य सरकार को बहुत अधिक आलोचना का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा, "विशेषज्ञों की चेतावनियों पर कार्रवाई करने में क्रमिक सरकारों की विफलता जोशीमठ संकट की जड़ प्रतीत होती है।" भट्ट ने कहा, "एक के बाद एक अध्ययन तब तक मदद नहीं करेगा जब तक कि सरकारें सुझावों पर कार्रवाई शुरू नहीं करतीं।" आपदाओं के प्रति क्षेत्र की संवेदनशीलता पर सलाहकार के रूप में सरकार के साथ हुई विभिन्न चर्चाओं का हिस्सा रहे भट्ट ने कहा, "अध्ययन के नाम पर एक बार फिर समस्या की अनदेखी की जा रही है।"
उन्होंने कहा, "2001 में प्रस्तुत एनआरएसए की भूस्खलन जोखिम क्षेत्र मानचित्रण और मिश्रा समिति की 1976 की रिपोर्ट, जिसमें मैं भी शामिल था, में जोशीमठ जैसे शहरों और उनके निवासियों को बचाने के लिए अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में पर्याप्त सुझाव शामिल हैं।" भट्ट ने कहा, "कार्रवाई की जरूरत है, सिर्फ एक और अध्ययन की नहीं। -
वडोदरा। गुजरात के वडोदरा में सोमवार को दोमंजिला मकान में एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और सात साल का बेटा एक कमरे में फंदे से लटके मिले। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शवों को पहले एक रिश्तेदार ने देखा जिसने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी।
पानीगेट थाने के इंस्पेक्टर एस. ए. गोहिल ने कहा, ‘‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हमें मृत्यु के कारण की जानकारी मिलेगी, जिसकी प्रतीक्षा की जा रही है। शुरुआती जांच में यह पता चला है कि प्रीतेश मिस्त्री (30) शेयर बाजार से जुड़ा था। वह, उसकी पत्नी स्नेहल (32) और बेटा एक कमरे में फंदे से लटके मिले थे।'' -
नयी दिल्ली। निर्माण एवं रियल एस्टेट क्षेत्र में असंगठित महिला कामगारों को पुरुष श्रमिकों की तुलना में 30-40 प्रतिशत तक कम मजदूरी मिलती है। इस क्षेत्र में महिला एवं पुरुष असमानता पर जारी एक रिपोर्ट में यह निष्कर्ष निकाला गया है। सलाहकार फर्म प्राइमस पार्टनर्स और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की तरफ से सोमवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि घरेलू निर्माण एवं रियल एस्टेट क्षेत्र में काम करने वाले कुल 5.7 करोड़ लोगों में सिर्फ 70 लाख महिलाएं हैं जो कुल संख्या का सिर्फ 12 प्रतिशत है।
कुल कामगारों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व आनुपातिक रूप से कम होने के साथ ही उन्हें पारिश्रमिक या मजदूरी भी तुलनात्मक रूप से कम मिलती है। रिपोर्ट कहती है कि पुरुष कामगारों की तुलना में महिला कामगारों को 30 प्रतिशत से लेकर 40 प्रतिशत तक कम मजदूरी मिलता है। रिपोर्ट कहती है, ‘‘यह आंकड़ा निर्माण एवं रियल एस्टेट क्षेत्र में मौजूद लैंगिक असमानता को दर्शाता है।''
निर्माण क्षेत्र में कार्यरत महिला कामगारों का औसत पारिश्रमिक 26.15 रुपये प्रति घंटे है जबकि पुरुषों को प्रति घंटे 39.95 रुपये का मिलते हैं। जहां तक प्रबंधन स्तर के पदों पर महिलाओं की भागीदारी का सवाल है तो निर्माण क्षेत्र की कंपनियों में सिर्फ दो प्रतिशत महिलाएं ही प्रबंधन स्तर पर मौजूद हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं के आगे बढ़ने की राह में मौजूद गतिरोध इस क्षेत्र में उनके लिए अवरोधक के तौर पर काम करते हैं।
निर्माण एवं रियल एस्टेट क्षेत्र की कंपनियों के शीर्ष प्रबंधन स्तर पर महिलाओं की भागीदारी महज एक-दो प्रतिशत तक सीमित है। सलाहकार फर्म ने रिपोर्ट में कहा, ‘‘इस क्षेत्र में महिलाएं मुख्यतः कम वेतन वाले एवं बेहद खतरनाक कार्यों में ही तैनात हैं। ईंट-भट्ठा, पत्थर की खदान, स्लैब ढलाई, ढुलाई और सहयोगी कार्यों में उनकी मौजूदगी ज्यादा है।फाइल फोटो