तालपुरी में छिड़ा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
टी सहदेव
भिलाई नगर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस पार्टी ने पूरे देश में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया है। इस अभियान के जरिए पार्टी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है। इसी तारतम्य में शुक्रवार को तालपुरी बी ब्लॉक में दुर्ग ग्रामीण प्रभारी सरिता साहू के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान में महापौर शशि सिन्हा भी मौजूद थीं। उन्होंने घर-घर पहुंच कर लोगों को संदेश दिया कि हाथ जोड़ने से दिल भी जुड़ते हैं। अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर-घर दस्तक देकर राहुल गांधी का संदेश पहुंचाया। कार्यकर्ताओं ने लोगों को राहुल गांधी की लिखी चिट्ठी के पंपलेट देकर अभियान से जुड़ने की अपील भी की।
क्लब हाउस से शुरू हुआ यह अभियान करीब दो घंटे चला, जिसमें बड़ी तादाद में कॉलोनीवासियों ने भी हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए सरिता साहू ने कहा कि वे समाज के हर वर्ग के लोगों को इस अभियान में जोड़ने के प्रयास तेज कर दें। कार्यकर्ताओं की फौज के साथ प्रभारी सरिता साहू और महापौर शशि सिन्हा ने पैदल ही पहुंचकर घर-घर दस्तक दी। द्वार पर प्रभारी और महापौर को पाकर लोग भी उत्साहित नजर आए। मालूम रहे कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान भारत जोड़ो अभियान का ही विस्तार है। इस अभियान को कॉलोनीवासियों का समर्थन मिलने से कांग्रेस कार्यकर्ता भी जोश में नजर आए।
कांग्रेस के इस अभियान में एमआईसी सदस्य अनूप डे, सनीर साहू, चंद्रभान ठाकुर, पार्षद सारिका साहू, ममता यादव, शीला नारखेड़े, जमुना ठाकुर, रेखा देवी, ब्लॉक महामंत्री चंद्रकांत कोरे, महिला कांग्रेस कमेटी की मीडिया प्रभारी अनुपमा गोस्वामी, एल्डरमैन शिशिर साहू, संध्या वर्मा, तरुण बंजारे, संतूदास मानिकपुरी, अजीत यादव, वार्ड अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव अमनदीप सोढ़ी, एसोसिएशन के अध्यक्ष यमलेश देवांगन, आर के दत्ता, डी सी गढ़ेवाल, ओमवीर सिंह, टिकेंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
Leave A Comment