ब्रेकिंग न्यूज़

बैंक खातों से ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकने के लिए 'स्टॉप स्विच' सुविधा अनिवार्य करने का प्रस्ताव

मुंबई.  भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बैंक खातों से अनधिकृत निकासी और ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकने के लिए ग्राहकों को एक ऐसा विकल्प देने का प्रस्ताव किया है, जिससे वे जरूरत पड़ने पर अपने खाते से होने वाले सभी नए डिजिटल भुगतान और निकासी पर तुरंत रोक लगा सकेंगे। इस सुविधा को 'स्टॉप स्विच' नाम दिया गया है। आरबीआई ने सोमवार को जारी मसौदा दिशानिर्देशों में कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए ग्राहकों को अपने बैंक खातों पर पहले से अधिक नियंत्रण देने का प्रस्ताव किया गया है। इसके तहत बैंकों को अपने ग्राहकों के लिए 'स्टॉप स्विच' सुविधा उपलब्ध करानी होगी। इसके सक्रिय होते ही ग्राहक खुद खाते से कोई डिजिटल भुगतान या निकासी नहीं कर सकेंगे। इसके साथ ही, नया भुगतान निर्देश बनाने, नियमित भुगतान की नई व्यवस्था शुरू करने या किसी नए तीसरे पक्ष के ऐप पर अपने खाते से यूपीआई पंजीकृत करने की भी अनुमति नहीं होगी। हालांकि, इस सुविधा से खाते में पैसा जमा होने पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पहले से तय नियमित भुगतान, स्थायी भुगतान निर्देश और बैंक की ओर से बकाया शुल्क या कर्ज की किस्त वसूलने के लिए की जाने वाली कटौती को भी इस रोक के दायरे से बाहर रखा गया है। खाते से लेनदेन दोबारा शुरू करने के लिए ग्राहक को बैंक के समक्ष अपनी पहचान की पुष्टि करनी होगी। इसके बाद बैंक 'स्टॉप स्विच' हटाकर डिजिटल भुगतान की सुविधा बहाल कर सकेगा। हालांकि, बैंक इसके लिए कुछ समय की प्रतीक्षा अवधि या सुरक्षा के अन्य उपाय लागू कर सकेंगे। केंद्रीय बैंक ने ग्राहकों को अपने खाते पर नियंत्रण देने के लिए कुछ अन्य सुविधाओं का भी प्रस्ताव किया है। इसके तहत ग्राहक अपने खाते से जुड़े एक या अधिक डिजिटल भुगतान माध्यमों को बंद कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर दोबारा चालू कर सकेंगे। वे किसी एक लेनदेन, किसी एक व्यक्ति या एक दिन में होने वाले कुल लेनदेन की अधिकतम सीमा भी तय कर सकेंगे। आरबीआई ने धोखाधड़ी वाले लेनदेन के मामलों में बैंक की लापरवाही की परिभाषा का दायरा बढ़ाने का भी प्रस्ताव किया है। इसमें नया खाता जोड़ते समय सुरक्षा की एक से अधिक स्तरों वाली पुष्टि नहीं करना, इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन का अनिवार्य अलर्ट नहीं भेजना और धोखाधड़ी या डेबिट-क्रेडिट कार्ड खोने की सूचना देने के लिए 24 घंटे सुविधा उपलब्ध नहीं कराना शामिल है। आरबीआई ने इन मसौदा दिशानिर्देशों पर आम लोगों और संबंधित पक्षों से 14 दिसंबर तक सुझाव मांगे हैं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english