छत्तीसगढ़ का दबदबा, बालक-बालिका दोनों टीमें फाइनल में
सॉफ्टबॉल 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता :
बिलासपुर/69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत बिलासपुर में आयोजित सॉफ्टबॉल (अंडर-17) प्रतियोगिता में मेजबान छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी बादशाहत कायम रखी है। जिला क्रीड़ा अधिकारी कमलेश यादव ने जानकारी दी कि सेमीफाइनल मुकाबलों में प्रभावशाली जीत दर्ज कर छत्तीसगढ़ की बालक और बालिका दोनों टीमों ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
बालिका वर्ग में फाइनल मुकाबला छत्तीसगढ़ बनाम सीबीएसई (CBSE WSO) के बीच खेला जाएगा, जबकि बालक वर्ग में छत्तीसगढ़ का सामना महाराष्ट्र से होगा। इससे पहले बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ ने एकतरफा मुकाबले में महाराष्ट्र को 14-04 से करारी शिकस्त दी। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में सीबीएसई (WSO) ने कड़े संघर्ष में चंडीगढ़ को 01-00 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में महाराष्ट्र ने चंडीगढ़ को 04-02 से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया। बालक वर्ग के सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ ने पंजाब को 07-00 से हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में महाराष्ट्र ने ओडिशा को 03-00 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में ओडिशा ने पंजाब को 02-00 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
*कल होंगे खिताबी मुकाबले*
मैदान क्रमांक-1, छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में कल फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। बालिका वर्ग का फाइनल सुबह 9:30 बजे छत्तीसगढ़ बनाम सीबीएसई के बीच होगा, जबकि बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला सुबह 10:30 बजे छत्तीसगढ़ बनाम महाराष्ट्र के बीच खेला जाएगा।
गेम्स प्रभारी अख्तर खान ने बताया कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से स्थानीय दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहाँ छत्तीसगढ़ की टीमें दोहरा स्वर्ण पदक (डबल गोल्ड) जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।



.jpg)









Leave A Comment