ब्रेकिंग न्यूज़

 शिक्षा किसी भी राष्ट्र व समाज के विकास की है आधारशिला: सांसद श्री नाग

0- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुजरा में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का किया गया आयोजन
0- नव प्रवेशित विद्यार्थियों को फुलमाला से स्वागत कर एवं मुँह मीठा कराकर शाला में किया गया स्वागत अभिनंदन 
0- जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष, कलेक्टर सहित अन्य अतिथि हुए शामिल, प्रार्थना शेड स्थल का सीमेंटीकरण एवं अतिरिक्त कक्ष का निर्माण करने की घोषणा की
बालोद. कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सासंद श्री भोजराज नाग ने कहा कि अच्छी शिक्षा किसी भी राष्ट्र व समाज के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि इसी मंशा के अनुरूप केन्द्र व राज्य सरकार हमारे नौनिहालों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए कृतसंकल्पित है। श्री नाग आज जिले के डौण्डी विकासखण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुजरा में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव समारोह के अवसर पर उद्गार व्यक्त कर रहे थे। श्री नाग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर ने किया। कार्यक्रम के विशेष अतिथि के रूप में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं इंडियन रेडक्राॅस सोसायटी छत्तीसगढ़ के चेयरमेन श्री तोमन साहू, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, जनपद पंचायत डौण्डी के अध्यक्ष श्री मुकेश कौड़ो, जनपद पंचायत बालोद के अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया, जनपद उपाध्यक्ष श्री भोलाराम नेताम, जिला पंचायत सदस्य सुश्री नीलिमा श्याम, जनपद सदस्य श्री तुलेश्वर हिचामी, ग्राम पंचायत गुजरा के सरपंच श्रीमती पार्वती मण्डावी के अलावा एसडीएम श्री सुरेश साहू, जिला शिक्षा अधिकारी श्री दीपक दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा ग्रामीणजन उपस्थित थे। इस अवसर पर अतिथियों के द्वारा कक्षा पहली, छठवीं, नौवीं एवं ग्यारहवीं के नव प्रवेशित विद्यार्थियों को फुलमाला से स्वागत एवं मुँह मीठा कराकर उनका आत्मीय अभिनंदन एवं स्वागत किया गया। समारोह में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुजरा में नवनिर्मित प्रार्थना शेड का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। इस मौके पर नव प्रवेशित विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तक प्रदान करने के अलावा सरस्वती सायकिल योजना के अंतर्गत निःशुल्क सायकिल भी वितरण किया गया। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री नाग ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी प्रदान किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमारे भारत वर्ष में संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने की बहुत ही प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा रही है। प्राचीन काल में गुरूकुलों एवं आश्रमों में पूज्य गुरूओं एवं ऋषि मुनियों के द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास हेतु अध्यात्मिक, नैतिक, शारीरिक शिक्षा के साथ-साथ संस्कार की शिक्षा भी अनिवार्य रूप से दी जाती है। श्री नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मंशानुरूप केन्द्र व राज्य सरकार हमारे विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान कर सन् 2047 तक देश को विकसित बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों के अभिभावकों एवं बालकों को भी अपने बच्चों की शिक्षा-दीक्षा विशेष ध्यान देकर देश के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील भी की। इस अवसर पर उन्होंने भारत सरकार द्वारा नई शिक्षा नीति के तहत शामिल किए गए नए पाठ्यक्रमों के संबंध में भी जानकारी देते हुए उन्होंने इसेे मजबूत, सशक्त एवं एक शक्तिशाली भारत की आधारशिला बताया। श्री नाग ने कहा कि विकास के लिए रोड, पुल-पुलिया जैसे अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को पूरा किया जाना आवश्यक है। लेकिन इससे भी अधिक मानवीय संसाधनों का विकास, एक स्वस्थ, शिक्षित, ज्ञानवान भारत एवं समाज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ने कहा कि अधोसंरचना से जुड़े विकास कार्यों के अलावा ग्लोबल वार्मिंग, तेजी से मंडरा रहे पर्यावरण संकट जैसे ज्वलंत एवं समसामयिक विषयों पर भी चिंता करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। श्री नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना काल में इस दिशा में बेहतरीन कार्य पर पूरी दुनिया के सामने अनुपम उदाहरण पेश किया था। सांसद श्री नाग ने बालोद जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु वृहद वृक्षारोपण अभियान तथा तेजी से घट रहे भूजल स्तर की रोकथाम के उपाय सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे नीर चेतना अभियान आदि कार्यों की भूरी-भूरी सराहना भी की। इस अवसर पर सांसद श्री नाग ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुजरा के प्रार्थना शेड स्थल का कांक्रिटीकरण, विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण करने की भी घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने आज जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए अन्य मांगों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने का आश्वासन दिया। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर ने जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में उपस्थित सभी अतिथियों, छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामीणजनों सहित समस्त लोगों का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र एवं समाज के विकास के लिए मेरूदण्ड है। श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि हम सभी का प्रयास होना चाहिए की कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके साथ ही देश को विकसित बनाने हेतु सभी बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान किया जाना अत्यंत उन्होंने सभी विद्यार्थियों की उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन ने ग्राम गुजरा में शाला प्रवेश उत्सव के बेहतरीन आयोजन की सराहना की। उन्होंने केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा सभी वर्ग के लोगों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू ने कहा कि सभी छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय के अनुरूप गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करना केन्द्र व राज्य सरकार के विशेष प्राथमिकता में शामिल है। 
श्री साहू ने बालोद जिले में शिक्षा व्यवस्था को उत्कृष्ट बनाने हेतु समाज के सभी वर्ग के लोगों से सहयोग की अपील की। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव समारोह में उपस्थित अतिथियों सहित समस्त लोगों का आत्मीय अभिनंदन एवं स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज आयोजित शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम मात्र औपचारिक कार्यक्रम नही है अपितु यह अवसर देश के भावी भविष्य के निर्माण का भी अवसर है। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त एवं संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कारगर उपाय सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ बच्चों के पालकों एवं अभिभावकों सहित सभी वर्गों के लोगों को बच्चों को वर्तमान समय के अनुरूप बेहतरीन एवं उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने की दिशा में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि शासन के मंशानुरूप बालोद जिले में विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के अलावा सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने की दिशा में भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी लोगों को ’एक पेड़ मां के नाम अभियान’ के अंतर्गत अनिवार्य रूप से पौधरोपण करने की अपील भी की। इसके अलावा उन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरा कर चुके सभी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु 13 से 18 जुलाई तक चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अनिवार्य रूप से टीका लगाने की भी अपील की। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री दीपक दुबे ने स्वागत भाषण एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जिले में शिक्षा विभाग के गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। इस मौके पर आभार प्रदर्शन विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री प्रवीण चर्तुवेदी ने किया। इस अवसर पर अतिथियों के द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मान करने के अलावा आदान सामग्री के रूप में दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन, श्रवण बाधित विद्यार्थियों को टैबलेट का भी वितरण किया गया। इस मौके पर सांसद श्री नाग जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री तोमन साहू, जनपद अध्यक्ष श्री मुकेश कौड़ो, जनपद उपाध्यक्ष श्री भोलाराम नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों के साथ न्योता भोज भी ग्रहण किया। 
-- 
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english