ब्रेकिंग न्यूज़

 शासकीय नवीन चिकित्सा महाविद्यालय टेकनार की प्रबंधकारिणी स्वशासी समिति की प्रथम बैठक सम्पन्न

-बस्तर संभाग आयुक्त डोमन सिंह ने दिए संस्थान के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा एवं सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
 दंतेवाड़ा । बस्तर संभाग के आयुक्त श्री डोमन सिंह की अध्यक्षता में  मंगलवार को  शासकीय नवीन चिकित्सा महाविद्यालय, टेकनार, दंतेवाड़ा में प्रबंधकारिणी स्वशासी समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक संचालन, अधोसंरचना विकास, चिकित्सकीय सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा भविष्य की कार्ययोजना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एम. भार्गव, चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ टीकू सिन्हा, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ  भगत बघेल सहित स्वशासी समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत बस्तर संभाग के आयुक्त श्री डोमन सिंह स्वशासी समिति के पंजीयन एवं उपविधियों पर चर्चा एवं अनुमोदन से हुई। इसके पश्चात समिति के अंतर्गत गठित नई कार्यकारिणी के सदस्यों का परिचय, नामांकन एवं पुष्टि की गई। समिति के उद्देश्यों, कार्यक्षेत्र एवं संचालन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा करते हुए महाविद्यालय के प्रभावी एवं पारदर्शी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में स्वशासी समिति के नाम से राष्ट्रीयकृत बैंक में बैंक खाता खोलने एवं उसके संचालन, वित्तीय लेखा-जोखा, ऑडिट व्यवस्था तथा प्रशासनिक कार्यों के संचालन पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही प्रारंभिक बजट, शासन से प्राप्त अनुदान एवं अन्य निधियों के नियमानुसार उपयोग की प्रक्रिया का अनुमोदन किया गया।
महाविद्यालय के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधनों की भर्ती कलेक्टर दर पर आकस्मिक मजदूरी के आधार पर किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा कर अनुमोदन प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त चिकित्सा उपकरण, प्रयोगशाला उपकरण, फर्नीचर, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) उपकरण, डीजी सेट सहित अन्य आवश्यक सामग्री की क्रय प्रक्रिया पर भी सहमति व्यक्त की गई। बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय में स्थापित स्वशासी समिति के अंतर्गत शैक्षणिक संवर्ग के लिए आदर्श सेवा नियम-2019 को अंगीकार करने पर भी चर्चा की गई। वहीं महाविद्यालय एवं छात्रावास भवन में सुरक्षा व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, छात्रावास मेस संचालन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
आयुक्त श्री डोमन सिंह ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप अधोसंरचना, आधुनिक प्रयोगशालाओं, समृद्ध पुस्तकालय एवं कौशल प्रयोगशाला (स्किल लैब) को समयबद्ध ढंग से तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं। बैठक में महाविद्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए स्टाफ क्वार्टर की समुचित व्यवस्था करने पर भी विशेष चर्चा की गई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि आवासीय परिसर में पेयजल, विद्युत, सड़क, सुरक्षा, स्वच्छता, इंटरनेट, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।
बैठक के दौरान चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय के सुचारु संचालन, आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता, विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के संबंध में विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। संस्थान के समग्र विकास एवं भविष्य की कार्ययोजना से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में बस्तर संभाग के आयुक्त श्री डोमन सिंह ने कहा कि शासकीय नवीन चिकित्सा महाविद्यालय टेकनार बस्तर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संस्थान है। उन्होंने एनएमसी के मानकों के अनुरूप महाविद्यालय का संचालन सुनिश्चित करने, अधोसंरचना, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, आवश्यक मानव संसाधन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि आयुक्त श्री डोमन सिंह द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासकीय नवीन चिकित्सा महाविद्यालय टेकनार को एक उत्कृष्ट चिकित्सा शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने तथा जिलेवासियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। महाविद्यालय में सभी आवश्यक संसाधनों एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english