मातर पर्व पर युवक को चाकू मारा, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ पुलिस के हवाले किया
-टेकारी में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान वारदात, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकारी में मातर पर्व के दौरान चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। गांव के ही पुलिस रिकॉर्डधारी बताए जा रहे आरोपी अंगेश्वर वर्मा ने निकटवर्ती ग्राम कठिया निवासी युवक निहाल वर्मा पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार युवक के प्राइवेट पार्ट के समीप लगा, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि, देर रात टेकारी के युवकों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(2), 119(2) एवं 296 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बीते 11 नवंबर को ग्राम टेकारी में पारंपरिक मातर पर्व के अवसर पर रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी दौरान शाम ढलते ही आरोपी अंगेश्वर वर्मा ने कठिया निवासी निहाल वर्मा पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और ग्राम प्रमुखों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया तथा मंदिर हसौद थाना प्रभारी को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस बल गांव पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। दूसरी ओर, गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी था। इसी दौरान देर रात टेकारी के कुछ युवकों की नजर आरोपी पर पड़ी। उन्होंने उसे पकड़ लिया और किसी अप्रिय स्थिति से बचने तथा कार्यक्रम में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
चर्चा है कि आरोपी की गतिविधियों से गांव के लोग लंबे समय से परेशान थे। उसके खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें किए जाने की बात कही जा रही है। बताया जाता है कि पुलिस भी उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह हर बार बच निकलता था। मातर पर्व के दौरान हुई इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। इसी के चलते युवकों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।







.jpg)




Leave A Comment