नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा द्वारा स्वच्छता, स्टॉप डायरिया एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन
दंतेवाड़ा । नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा द्वारा मंगलवार को सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ, स्टॉप डायरिया अभियान एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, दंतेवाड़ा में एक व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर जल जनित एवं दूषित जल से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता, सामुदायिक स्वच्छ व्यवहार, घर-घर कचरा संग्रहण (डोर-टू-डोर कलेक्शन), स्रोत स्तर पर गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्कीकरण तथा सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को नियमित हाथ धोने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, खुले में कचरा न फेंकने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित सभी लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वच्छता एवं जनजागरूकता के नारों के साथ जनभागीदारी का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी ने एक स्वर में कहा हम सबने यह ठाना है, दंतेवाड़ा को स्वच्छ बनाना है। इस दौरान नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं, कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करें, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग दें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं एवं समाज को सुरक्षित रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। जन सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित दंतेवाड़ा का निर्माण संभव है।









.jpg)
Leave A Comment