दिव्यांग बालिका गृह के अतिरिक्त कमरों का मूणत ने किया भूमिपूजन
- भव्य समारोह में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 95 लाख रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी, पीएमएवाय व उज्जवला के हितग्राहियों को भी सौगात
- महाराष्ट्र मंडल की कार्यकारिणी ने विधायक राजेश मूणत को सौंपा अभिनंदन पत्र
रायपुर। हम आज यहां अच्छी सोच को धरातल पर लाने के लिए एकत्रित हुए हैं। अगर अपने नेक इरादों से विकास कार्यों को करें, तो निश्चित ही वे पूरे होते हैं और काम ही नहीं करना है, तो भी हजार बहाने तैयार हैं। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत महाराष्ट्र मंडल के दिव्यांग बालिका विकास गृह में अतिरिक्त कमरों के शिलान्यास समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर चिरहुलडीह वार्ड क्रमांक- 37 में 95 लाख रुपये की लागत से होने वाले अन्य विकास कार्यों का भी मूणत ने विशेष अतिथि महापौर मीनल चौबे के साथ लोकार्पण व भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में मंच पर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, पीडब्ल्यूडी प्रभारी दीपक जायसवाल, एमआईसी सदस्य भोलाराम साहू, पार्षद आनंद अग्रवाल और महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और उज्जवला योजना के आवेदनकर्ताओं को गैस कनेक्शन दिया।
मूणत ने कहा कि हर कोई चाहता है कि उसके घर का आंगन साफ- सुथरा हो, लेकिन वहीं अपने आंगन का कचरा सामने नाली में डाल देता है। ऐसे में हमारा रायपुर स्वच्छ शहर कैसे बनेगा। अपने शहर के लिए हमें भी जागरूक रहना होगा, बाकी अफसरों से काम करवाना हमें आता है। 15 अगस्त से शासकीय भूमि पर बने आपके झोपड़ों के नियमितीकरण में भी कहीं कोई परेशानी आएगी तो हम पटवारियों से भी काम निकलवाना जानते हैं। महापौर मीनल चौबे ने कहा कि जनता की सेवा ही जन प्रतिनिधियों का काम है। हम शासन से पैसा लाने का काम करते हैं, इसे किस कार्य में लगाना है कि यह जनता के माध्यम से ही तय होता है। आज 95 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है। इसके लिए मैं वार्ड पार्षदों के साथ जनता को बधाई देती हूं।
मंडल के अध्यक्ष काले ने कहा कि सात माह पूर्व 31 दिसंबर 2025 को मूणत ने सियान गुड़ी का शुभारंभ करते हुए कहा था कि आज तक यहां दिव्यांग बच्चियों की सेवा हो रही थी, अब बुजुर्गों की भी सेवा होगी। इस मौके पर मूणत ने दिव्यांग बालिका विकास गृह के विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 20 लाख रुपये देने की घोषणा की थी। आज सात माह बाद यहां अतिरिक्त कक्ष के निर्माण कार्य का उन्होंने ही भूमिपूजन किया। इस मौके पर महाराष्ट्र मंडल ने विधायक राजेश मूणत को अभिनंदन पत्र भी सौंपा। कार्यक्रम को नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौर, एमआईसी सदस्य दीपक जायसवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन महाराष्ट्र मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने किया।



.jpg)



.jpg)





Leave A Comment