ग्राम सभा केवल निर्माण तक सीमित न रहे, गांव के समग्र विकास की जिम्मेदारी निभाए-कलेक्टर
-हर ग्रामीण ग्राम सभा का सदस्य, गांव के विकास में निभाएं सक्रिय भूमिका
-कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ जयरामनगर की विशेष ग्राम सभा में हुए शामिल
बिलासपुर / गांधी जयंती के अवसर पर आज जिले की सभी 486 ग्राम पंचायतों में ग्रामसभाओं का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल मस्तूरी जनपद की ग्राम पंचायत जयरामनगर में आयोजित विशेष ग्राम सभा में शामिल हुए। ग्रामसभा में गांव के समग्र विकास, जल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आजीविका और पंचायत के आय-व्यय सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने ग्रामीणों को ग्राम सभा की ताकत बताते हुए कहा कि गांव का प्रत्येक ग्रामीण ग्राम सभा का सदस्य है और विकास से जुड़े निर्णयों में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत केवल निर्माण कार्य कराने वाली एजेंसी बनकर न रहे। ग्राम सभा यह भी देखे कि स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर तरीके से संचालित हों तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
कलेक्टर ने जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि “अनाज बाहर से मंगाया जा सकता है, लेकिन पानी नहीं। इसलिए गांव का पानी गांव में ही बचाना होगा।” उन्होंने किसानों को दलहन-तिलहन की खेती और हरी खाद के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया। युवाओं से कौशल बढ़ाकर खेती के साथ छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने नशामुक्ति एवं गांव में साफ-सफाई पर भी जोर दिया और ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने कहा कि गांव के लोग अपनी जरूरतों को सबसे बेहतर जानते हैं। इसलिए ग्रामीण सक्रिय भागीदारी से अपने गांव के विकास की योजना स्वयं बनाएं। उन्होंने वीबी-जी राम जी योजना के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी दी। ग्राम सभा में विकसित ग्राम पंचायत योजना, जल संरक्षण, भूजल स्तर, जॉब कार्ड एवं रोजगार की मांग, बाल विवाह मुक्त पंचायत, नशामुक्ति और गांव के समेकित विकास पर चर्चा की गई। सरपंच श्रीमती संगीता आंचल ने गांव की प्रमुख आवश्यकताओं एवं समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया।








.jpg)





Leave A Comment