रायपुर पश्चिम विधानसभा में सेवा सेतु बना जनसेवा का माध्यम, 4265 हितग्राही लाभान्वित
बाढ़ प्रभावित 155 हितग्राहियों को 5-5 हजार रुपए की सहायता, प्रधानमंत्री आवास के 210 हितग्राहियों को मिली भवन अनुज्ञा
1032 आयुष्मान कार्ड, 157 राशन कार्ड और 344 हितग्राहियों को पीएम सूर्य घर योजना के सोलर प्रमाण-पत्र प्रदान
राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और विधायक श्री राजेश मूणत ने किया विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण
रायपुर/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक सहजता से पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा स्तरीय ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से कुल 4265 हितग्राही लाभान्वित हुए।
शिविर में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेश मूणत ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उन्हें मिल रहे योजनाओं के लाभ और सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिले और प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। राजस्व विभाग द्वारा आपदा राहत के अंतर्गत 155 बाढ़ प्रभावित हितग्राहियों को 5-5 हजार रुपए की सहायता राशि के धनादेश प्रदान किए गए। जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों को सहायता राशि के धनादेश सौंपे।
210 हितग्राहियों के आवास निर्माण की राह हुई आसान
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 210 पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
शिविर में खाद्य विभाग द्वारा 157 नागरिकों को राशन कार्ड तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1032 नागरिकों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही 103 हितग्राहियों को आय प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत 344 हितग्राहियों को सोलर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। श्रम विभाग द्वारा नोनी सशक्तीकरण योजना तथा नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना से संबंधित प्रकरणों को शिविर स्थल पर ही स्वीकृत कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
एक ही स्थान पर मिली विभिन्न विभागों की सेवाएं
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता के अनुसार योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और विधायक श्री राजेश मूणत, छत्तीसगढ़ राज्य लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल विश्वकर्मा, नगर निगम सभापति श्री सूर्यकान्त राठौड़, नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया।
उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन और नागरिकों के बीच की दूरी को कम करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से नागरिकों को सुविधा मिल रही है। उन्होंने अधिकारियों को शेष प्रकरणों का परीक्षण कर पात्रता के अनुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।












Leave A Comment