अभिनेत्री जूही चावला ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सराहा
नयी दिल्ली. अभिनेत्री जूही चावला ने सह-पायलट के हमले के बावजूद यात्रियों की जान बचाने वाले 'फ्लाईदुबई' के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के ''अद्भुत साहस और सूझबूझ'' की सराहना की है। बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही 'फ्लाईदुबई' की उड़ान एफजेडए 1073 में सह-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर कॉकपिट में रखी आपातकालीन कुल्हाड़ी (क्रैश एक्स) से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह कुल्हाड़ी आपात स्थिति में इस्तेमाल के लिए कॉकपिट में रखी जाती है। विमान में 27 बच्चों समेत कुल 174 यात्री सवार थे।
बोइंग 737 विमान के हजारों फुट नीचे चले जाने और खुद गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार आपात संकेत भेजने और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। जूही चावला ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कैप्टन मच्छार की बहादुरी की तारीफ की। उन्होंने लिखा, ''कैप्टन स्मित मच्छार को सलाम। संकट की उस घड़ी में आपने जिस बहादुरी का परिचय दिया, वह काबिल-ए-तारीफ है। मैं आपके जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।'' शाहरुख खान, सलमान खान, करण जौहर, शाहिद कपूर, अनिल कपूर और भूमि पेडनेकर सहित कई अन्य हस्तियों ने भी पायलट के साहसिक कदम की सराहना की है। इससे पहले शुक्रवार को कैप्टन मच्छार ने अस्पताल से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत की थी और घटनाक्रम साझा किया था।










Leave A Comment