सेवा संकल्प के तहत निकली सेवा ज्योति यात्रा, जनभागीदारी के साथ दिया सेवा का संदेश
भिलाईनगर। राज्य शासन की जनसेवा एवं विकसित भारत 2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। सेवा ज्योति यात्रा की शुरुआत नेहरू नगर चौक, भिलाई से हुई, जहां से बाइक रैली के रूप में यात्रा पटेल चौक, दुर्ग तक पहुंची। यात्रा के माध्यम से नागरिकों को जनसेवा, जनभागीदारी तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का संदेश दिया गया।
सेवा ज्योति यात्रा में जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दिखाई। बाइक रैली के दौरान सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े संदेशों के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। पटेल चौक, दुर्ग पहुंचने के पश्चात् सेवा ज्योति यात्रा में शामिल सभी लोग रविशंकर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई तथा जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, पार्षद चंदन यादव, दिवाकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सेवा, सुशासन एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है।











Leave A Comment