नए विचारों से समस्याओं का समाधान खोजेंगे युवा
0- पॉलिटेक्निक कॉलेज तखतपुर में विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता के लिए किया प्रेरित
0- सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज में पंजीयन का अवसर 17 अक्टूबर तक
बिलासपुर. सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज तखतपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बिलासपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ की जानकारी दी गई। उन्हें अपनी रचनात्मक सोच और नए विचारों के माध्यम से समाज एवं उद्योगों की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की प्रबंधक श्रीमती आरती झलरिया एवं श्रीमती रेवती कुमार लहरे ने विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के तहत 10 विभिन्न क्षेत्रों से नवीन एवं उपयोगी विचार आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्र से पांच-पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा। इस प्रकार कुल 50 विजेताओं को 10-10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के लिए कुल पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
अधिकारियों ने कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच और नए विचार समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकते हैं। तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह प्रतियोगिता अपनी प्रतिभा और नवाचार क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की पंजीयन प्रक्रिया, आवश्यक दिशा-निर्देशों एवं भागीदारी से संबंधित जानकारी दी। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के साथ अन्य इच्छुक युवा एवं नवाचारकर्ता भी भाग ले सकते हैं। विद्यार्थियों से प्रतियोगिता की जानकारी अपने परिचितों एवं अन्य इच्छुक लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई। प्रतियोगिता में पंजीयन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पोर्टल sevainnovationchallenge.in के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। कार्यक्रम में शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज तखतपुर के प्राचार्य, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।












.jpg)
Leave A Comment