अर्बन चैलेंज फंड पर 21 अक्टूबर को कार्यशाला
-नगरीय प्रशासन विभाग और हुडको द्वारा आयोजित क्षेत्रीय कार्यशाला में जुटेंगे नीति-निर्माता और विशेषज्ञ, शहरों के विकास पर होगा विमर्श
-मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कार्यशाला का करेंगे शुभारंभ
-केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में होंगे शामिल
रायपुर.। छत्तीसगढ़ में शहरी विकास, निवेश और अधोसंरचना के नए अवसरों पर मंथन के लिए 21 अक्टूबर को अर्बन चैलेंज फंड (UCF) पर क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और हुडको द्वारा नवा रायपुर के एक निजी होटल में यह कार्यशाला आयोजित है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यशाला में शामिल होंगे।
अर्बन चैलेंज फंड (Urban Challenge Fund) और अर्बन इन्वेस्ट विंडो (Urban Invest Window) पर केंद्रित इस कार्यशाला में नीति निर्माता, विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारी नगरीय निकायों में अधोसंरचना विकास, निवेश आकर्षित करने, परियोजनाओं के बेहतर वित्तीय प्रबंधन, नवाचार आधारित विकास मॉडल अपनाने और शहरों के सुनियोजित विस्तार पर विमर्श करेंगे। इससे राज्य के शहरों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, शहरी अर्थव्यवस्था को गति देने, निवेश-अनुकूल माहौल तैयार करने और दीर्घकालिक विकास की ठोस रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।
हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री संजय कुलश्रेष्ठ कार्यशाला में उद्घाटन संबोधन देंगे, जबकि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा मुख्य वक्तव्य देंगे। नीति-निर्माताओं, विभागीय नेतृत्व और विशेषज्ञों की मौजूदगी में होने वाली यह क्षेत्रीय कार्यशाला छत्तीसगढ़ के शहरों को अधिक सक्षम, आधुनिक और निवेश-आधारित विकास मॉडल की ओर बढ़ाने में उपयोगी साबित होगी। यह कार्यशाला प्रदेश में शहरी विकास की भावी रूपरेखा तय करने के साथ-साथ समावेशी और सतत विकास के नए अवसर खोलने में भी मददगार होगी।

.jpg)









.jpg)
Leave A Comment