सशरीर उपस्थिति पर ही धान खरीदी की अनिवार्यता समाप्त हो, ज्ञापन
-पूर्ववत् ओटीपी के माध्यम से धान खरीदी सुविधा की मांग
रायपुर । चालू धान उपार्जन सत्र में सोसायटियों के माध्यम से धान खरीदी हेतु शासन ने इस साल किसानों के सशरीर उपस्थित रहने का फरमान जारी कर दिया है जबकि बीते वर्षों तक ओटीपी के माध्यम से धान खरीदी किया जाता रहा है । शासन के इस फरमान को अव्यवहारिक व तुगलकी ठहराते हुये इसे वापस ले पूर्ववत् पुनः ओटीपी के माध्यम से खरीदे जाने की मांग उठना शुरू हो गया है ।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह व मुख्य सचिव विकास शील को मेल से ज्ञापन भेज किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने इस ओर ध्यान आकृष्ट करा पूर्ववत् व्यवस्था तत्काल लागू कराने की मांग की है ।ज्ञापन में जानकारी दी गयी है कि शासन द्वारा इस साल धान बेचते समय किसान अथवा उसके नामिनी का धान उपार्जन केन्द्र में उपस्थिति अनिवार्य कर दिया गया है जबकि बीते वर्षों तक ओटीपी के माध्यम से भी धान खरीदी किया जाता रहा है ।इस फरमान के औचित्य पर सवाल खड़ा करते हुये श्री शर्मा ने ज्ञापन में लिखा है कि न केवल देश में वरन् पूरे विश्व में तकनीकी विकास के चलते सभी महत्वपूर्ण कार्य यहां तक की करोड़ों का लेन-देन भी ओटीपी के माध्यम से हो रहा है ऐसी स्थिति में धान बेचने किसानों का सशरीर उपस्थिति का फरमान आश्चर्यजनक है । इस फरमान के चलते पर्याप्त कर्मियों के अभाव में चल रहे धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों की भीड़ का जमावड़ा होने , सर्वर डाउन की समस्या से जुझने वाले कर्मियों के हलाकान होने व खरीदी चरमराने सहित उपार्जन केन्द्रों की सीमा से बाहर रहने व नामिनी न बनाने वाले किसानों को नाहक आने - जाने में व्यर्थ समय गंवाने के साथ - साथ आर्थिक हानि भी उठाना पडे़ेगा व उपार्जन केन्द्रों में भीड़ लगाने के साथ - साथ पूरा दिन गंवाना होगा । इन सभी होने वाले तकलीफों के परिप्रेक्ष्य में पुनः पूर्ववत् ओटीपी के माध्यम से भी धान खरीदी की व्यवस्था बहाल कराने का आग्रह किया गया है ।










Leave A Comment