ब्रेकिंग न्यूज़

वैभव, हरमनप्रीत, लवलीना और मीराबाई सहित नौ भारतीय खिलाड़ी टाइम 100 सूची में शामिल

नयी दिल्ली. युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, महिला विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर, ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और मीराबाई चानू सहित भारत के नौ खिलाड़ियों को देश के भविष्य को आकार देने वाली हस्तियों की 'टाइम 100 नेक्स्ट' भारत सूची में जगह मिली है। विश्व चैंपियन शतरंज खिलाड़ी डी गुकेश, महिला 400 मीटर बाधा दौड़ की राष्ट्रीय रिकॉर्डधारक विथ्या रामराज, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता तीरंदाज कुमकुम मोहोद, भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पूनिया और पूर्व टेनिस स्टार सानिया मिर्जा भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हैं। इस सूची में देश के भविष्य को आकार देने वाले 100 असाधारण नेताओं और उभरती प्रतिभाओं को जगह दी गई है। टाइम ने पहली बार भारत के लिए यह सूची जारी की है। सूर्यवंशी, चानू और कुमकुम को 'इनोवेटर्स' श्रेणी में रखा गया है जबकि बोरगोहेन, गुकेश और विथ्या को 'फिनॉम्स' श्रेणी में जगह मिली है। सविता को 'लीडर्स' तथा सानिया और हरमनप्रीत को 'एडवोकेट्स' श्रेणी में शामिल किया गया है। पंद्रह वर्षीय सूर्यवंशी ने अपने छोटे से क्रिकेट करियर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। हाल ही में वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एक मुकाबले में बिहार की कप्तानी करते हुए शीर्ष स्तर के पुरुष टी20 क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान बने। वह जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करते हुए भारत के सबसे युवा पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भी बने। सूर्यवंशी ने 2025 में 14 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में पदार्पण किया और इस टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बने। इसके बाद उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। सूर्यवंशी 2025 आईपीएल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक लगाकर पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक बनाने वाले बल्लेबाज बने। वह 2026 आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे। सैंतीस वर्षीय हरमनप्रीत टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस को 2023 और 2025 में महिला प्रीमियर लीग के दो खिताब दिलाए। फरवरी में हरमनप्रीत ने सभी प्रारूपों में भारत के लिए अपना 356वां मैच खेला और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी बनीं। नवंबर 2025 में उन्होंने भारत को पहली बार महिला विश्व कप का खिताब दिलाकर अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की। हॉकी खिलाड़ी 36 वर्षीय सविता तीन बार विश्व की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार जीत चुकी हैं। वह तोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा थीं और जापान में 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम में भी शामिल थीं। वह सीनियर टीम के लिए 321 मैच खेलकर भारत की सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं। चानू तोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता और कई उपलब्धियां हासिल कर चुकी भारोत्तोलक हैं। 32 वर्षीय चानू के नाम विश्व चैंपियनशिप में एक स्वर्ण और दो रजत पदक के अलावा राष्ट्रमंडल खेलों में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक है। उन्होंने इस साल जापान के आइची-नागोया में रजत पदक जीतकर एशियाई खेलों में अपना पहला पदक हासिल किया।
मुक्केबाज लवलीना ने तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था और इसके बाद 2023 में विश्व चैंपियन बनीं। हांगझोउ एशियाई खेलों में 2023 में रजत पदक जीतने वाली 29 वर्षीय लवलीना ने इस साल आइची-नागोया एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया। बीस वर्षीय गुकेश मौजूदा विश्व शतरंज चैंपियन हैं और इस महीने के अंत में उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ अपने खिताब का बचाव करेंगे। महिला टेनिस में नई राह बनाने वाली 40 वर्षीय सानिया ने छह ग्रैंडस्लैम खिताब जीते हैं। इनमें तीन महिला युगल और तीन मिश्रित युगल खिताब शामिल हैं। विथ्या (28 वर्ष) ने सितंबर में जापान में हुए एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के दौरान महिला 400 मीटर बाधा दौड़ में महान धाविका पीटी उषा का 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english