सोने में लगातार आठवें दिन गिरावट, चांदी भी 2,500 रुपये टूटी
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार आठवें कारोबारी सत्र में जारी रहा। मजबूत रुपये और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के अधिक सख्त होने की बढ़ती आशंकाओं के बीच बृहस्पतिवार को सोना 1,300 रुपये और टूटकर 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव बुधवार के 1,35,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) से 1,300 रुपये घटकर 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।
पिछले आठ कारोबारी सत्रों में सोने की कीमतों में कुल 12,400 रुपये की गिरावट आई है। नौ नवंबर को सोने का भाव 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी की कीमतों में भी गिरावट जारी रही। बृहस्पतिवार को चांदी 2,500 रुपये टूटकर 1,62,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,64,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। निवेश मंच मुड्रेक्स के लीड क्वांट विश्लेषक अक्षत सिद्धांत ने कहा, ''मजबूत रुपये के कारण घरेलू बाजार में सोने और चांदी की हाजिर कीमतों पर दबाव बना रहा।'' एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस मामलों के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के अधिक सख्त रुख अपनाने की आशंकाओं से कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना टूटकर 3,717.57 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी की कीमत घटकर 44.92 डॉलर प्रति औंस रह गई।
सिद्धांत ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अक्टूबर में हुई बैठक के ब्योरे में ब्याज दरों में और बढ़ोतरी के संकेत मिलने के बाद बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट आई। वहीं, डॉलर 19 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, जिससे सोने की मांग प्रभावित हुई। बुधवार को करीब पांच प्रतिशत की भारी गिरावट के बाद चांदी बृहस्पतिवार को 45 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर रही। बुधवार को इसकी कीमत गिरकर सितंबर, 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गई थी। 29 जनवरी, 2026 को 121 डॉलर प्रति औंस से अधिक के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद चांदी की कीमत अब 60 प्रतिशत से अधिक गिर चुकी है। सिद्धांत ने कहा कि ऊंची ब्याज दरों और मजबूत डॉलर ने सोने तथा चांदी का आकर्षण कम किया है। इसके अलावा निवेशक कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनियों के शेयरों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए भी सोने-चांदी की बिकवाली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक मांग पर काफी हद तक निर्भर रहने वाली चांदी पर कमजोर मांग के कारण अतिरिक्त दबाव पड़ा है।







.jpg)

Leave A Comment