देवआनंद के अचानक लिए फैसले ने बदल दी थी इस अभिनेत्री की जिदंगी
जन्मदिन पर विशेष
अभिनेता देव आनंद अपने दौर के बेहतरीन एक्टर्स में से एक थे। इसके अलावा वो उस जमाने के लोगों के लिए फ़ैशन आइकॉन भी थे। यही नहीं, देव आनंद की दीवानगी लोगों के सिर चढ़ कर बोलती थी। अपने समय में देव आनंद हमेशा चर्चा में रहा करते थे। कभी इश्क को लेकर तो कभी अपने अंदाज और फिल्मों को लेकर।
अपने कॅरिअर के टॉप पर देवसाहब ने अचानक एक दिन ऐसा फैसला लिया कि उस दौर की एक अभिनेत्री की जिदंगी ही बदल गई। इस अभिनेत्री ने अपना कॅरिअर उस वक्त शुरू ही किया था। इस अभिनेत्री ने अपने कॅरिअर में केवल छह फिल्में की और सभी के हीरो देवसाहब ही थे। जी हां, हम बात कर रहे हैं, देवसाहब की हमसफर कल्पना कार्तिक की, जो आज अपना 88 वां जन्मदिन मना रही हैं।
देव आनंद का पहला प्यार थीं अभिनेत्री सुरैया। लेकिन दोनों के बीच धर्म की दीवार आड़े आ गई। देव आनंद दिलो जान से सुरैया को चाहते थे। लेकिन सुरैया का परिवार इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर पाया। सुरैया से बिछडऩे के बाद देव बुरी तरह टूट गए थे। इसके बाद उनकी जिंदगी में आई थीं कल्पना कार्तिक , जो फिल्म इंडस्ट्री में नई-नई थीं। लाहौर की मोना सिंह उर्फ कल्पना कार्तिक ने मिस शिमला ब्यूटी कॉन्टेस्ट का खिताब जीता । वे पंजाबी क्रिश्चियन परिवार से थीं।
इसी दौरान देव साहब के बड़े भाई चेतन आनंद की नजऱ उन पर पड़ी तो उन्होंने उनके परिवार से बात की और कल्पना को मुंबई भेजने के लिए राजी कर लिया। ये समय था 1951 का जब चेतन आनंद फिल्म बाजी बना रहे थे। उन्होंने मोना सिंह यानी कल्पना को लीड एक्ट्रेस के तौर पर साइन कर लिया। इस फिल्म में कल्पना ने डॉक्टर का किरदार निभाया था। वास्तव में चेतन ने ही उनका नाम बदलकर कल्पना कार्तिक रखा था।
फिल्म बाजी सफल रही। इस के बाद कल्पना ने पांच और फिल्में की थीं। इन फिल्मों के नाम थे- आंधियां (1952), हमसफर (1953) , टैक्सी ड्राइवर (1954) , हाउस नंबर 44 (1955) और नौ दो ग्यारह (1957)। इन फिल्मों में कल्पना के हीरो देव आनंद ही थे।
इस फिल्मी सफर के दौरान देव आनंद ने पता नहीं कल्पना में क्या देखा और अचानक की उनके सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। सन 1954 में दोनों फिल्म टैक्सी ड्राइवर की शूटिंग कर रहे थे। इस दौरान एक दिन देव आनंद और कल्पना ने लंच ब्रेक से निकलकर शादी कर ली। देव आनंद ने इसके लिए रजिस्टार को पहले ही सेट पर बुला रखा था। इसके बाद कल्पना ने एक ही फिल्म की शूटिंग की और फिर वह पूरी तरह परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने में जुट गईं। इस शादी ने पूरे देश को चौंका दिया था। शादी के बाद कल्पना ने देवसाहब के साथ फिल्म नौ दो ग्यारह में लीड रोल निभाया और उसके बाद अपने फिल्मी कॅरिअर को अलविदा कह दिया। कल्पना और देवसाहब के दो बच्चे हैं सुनील आनंद और बेटी देविना।
---
Leave A Comment