मुख्यमंत्री योगी ने फिल्म 'कृष्णावतारम्' को टैक्स फ्री करने की घोषणा की
लखनऊ।. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को फिल्म 'कृष्णावतारम्' देखने के बाद इसे राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, मंत्रीगण, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बयान के अनुसार, फिल्म दिखाए जाने के दौरान पूरा सभागार "कृष्णा-कृष्णा, राधे-राधे" के जयघोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने मंच पर फिल्म से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सभी मंत्री एक साथ इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागी बने, जो नए मंत्रियों के स्वागत का यादगार क्षण रहा। योगी ने कहा कि यह फिल्म भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को मानवीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है और इसमें द्वापर युग, सनातन संस्कृति एवं भारतीय परंपराओं को भव्यता से दर्शाया गया है। मुख्यमंत्री ने सूचना विभाग को निर्देश दिया कि प्रत्येक जिले में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग कराई जाए ताकि युवा और बच्चे अपनी संस्कृति व विरासत से जुड़ सकें। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा, "हमें अपनी संस्कृति और परंपरा को लेकर ऐसी फिल्में बनानी चाहिए। उन्होंने नए मंत्रियों को शुभकामनाएं भी दीं।" फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज हुई है। फिल्म का निर्देशन हार्दिक गज्जर ने किया है और सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति, सुष्मिता भट्ट व निवासिनी कृष्णन मुख्य भूमिकाओं में हैं। अभिनेता जैकी श्रॉफ और आशुतोष राणा जैसे कलाकारों ने भी फिल्म में अहम भूमिकाएं निभाई हैं।

.jpg)


.jpg)
.jpg)




Leave A Comment