क्या आप भी अनार के छिलके फेंक देते हैं? अब जाने इसके फायदे और इस्तेमाल का तरीका
अनार खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। अनार में भरपूर मात्रा में आयरन पाया जाता है, जो शरीर में खून की कमी को दूर करता है। अनार में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट भी मौजूद होते हैं, जो त्वचा को हेल्दी बनाने में काफी लाभकारी है। अनार शरीर के साथ-साथ त्वचा और बालों को हेल्दी रखता है। अकसर लोग अनार को छीलकर खाते हैं और इसके छिलके को फेंक देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अनार की तरह अनार का छिलका भी हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। एनसीबीआई के अनुसार, अनार के छिलके में प्रोटीन, मिनरल्स, पोटैशियम, कैल्शियम, फेनोलिक एसिड, फ्लेवेनोइड्स, टैनिन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। अनार के छिलके शरीर की कई समस्याओं को दूर करने में प्रभावी हैं। तो आइए, जानते हैं अनार के छिलकों के फायदे और इसके इस्तेमाल का तरीका-
खांसी और गले की खराश से दिलाए आराम
खांसी और गले की खराश से आराम दिलाने में अनार का छिलका काफी फायदेमंद हो सकता है। अनार के छिलके की एंटी-बैक्टीरियल और एंटीऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं। यह खांसी और संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया से निजात दिलाने में मदद कर सकता है। इसके लिए अनार के छिलके के पाउडर को गर्म पानी में मिलाकर गरारे करें। ऐसा करने से आपको गले की खराश और खांसी से जल्द राहत मिल सकती है।
दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
अनार के छिलके दिल को स्वस्थ रखने में काफी फायदेमंद हैं। दरअसल, ये शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर होते हैं, जो खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करते हैं। अनार के छिलके शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से भी बचा सकते हैं। इसके लिए एक गिलास पानी में एक चम्मच अनार के छिलके का पाउडर मिलाएं। इस मिश्रण को रोजाना पीने से हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियों का जोखिम कम होगा।
पाचन संबंधी समस्याओं को दूर करे
अनार के छिलके पाचन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में प्रभावी हैं। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो पेट की सूजन और संक्रमण को दूर करने में फायदेमंद है। अनार के छिलके दस्त और बवासीर की सूजन को दूर करने में भी मददगार है। पाचन संबंधी समस्या होने पर आप अनार के छिलके के पाउडर को गर्म पानी में मिलाकर पी सकते हैं।
शरीर को डिटॉक्सिफाई करे
अनार के छिलके एंटीऑक्सीडेंट्स गुणों से भरपूर होते हैं, इसलिए यह शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में फायदेमंद होते हैं। इसके साथ ही, यह लिवर और किडनी को भी स्वस्थ बनाए रखने में मददगार होता है। अनार के छिलकों से तैयार चाय का सेवन करने से बॉडी डिटॉक्स होती है और इम्यूनिटी भी बूस्ट होती है।
ओरल हेल्थ के लिए लाभकारी
अनार के छिलके ओरल हेल्थ के लिए भी बहुत फायदेमंद होते हैं। इसमें एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-फंगल गुण मौजूद होते हैं। ये मुंह की बदबू, मसूड़े की सूजन और मुंह के छालों की समस्या को दूर करने में लाभकारी हो सकते हैं। इसके लिए आप धुप में सुखाए हुए अनार के छिलके को पानी में मिलाएं। दांतों को ब्रश से साफ करने के बाद इस मिश्रण से कुल्ला करें। ऐसा करने से आपके दांत स्वस्थ बनेंगे और सांसों की बदबू भी दूर होगी।
Leave A Comment