19 महीने बाद सैन फ्रांसिस्को की ओर क्रूज जहाज की यात्रा शुरू
सैन फ्रांसिस्को। कोविड-19 महामारी के कारण 19 महीने के अंतराल के बाद क्रूज जहाजों ने अमेरिका में सैन फ्रांसिस्को की ओर लौटना शुरू कर दिया है। सैन फ्रांसिस्को की मेयर लंदन ब्रीड ने इसकी घोषणा कर बताया कि मैजेस्टिक प्रिंसेस नामक क्रूज जहाज सोमवार को सैन फ्रांसिस्को बंदरगाह के लिए रवाना होगा। यह मार्च 2020 के बाद से सैन फ्रांसिस्को खाड़ी क्षेत्र की ओर जाने वाला पहला क्रूज जहाज होगा। गौरतलब है कि मार्च 2020 में ग्रैंड प्रिंसेज नामक क्रूज जहाज ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था जब उस पर सवार कुछ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद कैलिफ़ोर्निया तट से दूर होने के कारण जहाज पर सवार हजारों लोगों को पृथक-वास में रखना पड़ा था। मैजेस्टिक प्रिंसेस नामक क्रूज लॉस एंजिल्स से कैलिफोर्निया तट की एक सप्ताह की यात्रा के लिए रवाना होगा जिसमें सैन फ्रांसिस्को में रात भर का ठहराव शामिल होगा। सैन फ्रांसिस्को के बंदरगाह पर इस वर्ष के शेष तीन महीनों के दौरान 21 क्रूज जहाजों के पहुंचने की उम्मीद है। मैजेस्टिक प्रिंसेस क्रूज पर सवार होने से पहले यात्रियों को अपने संपूर्ण टीकाकरण का प्रमाण-पत्र दिखाना होगा। टीकाकरण कम से कम 14 दिन पहले होना चाहिए। पोत का संचालन करने वाली कॉर्निवल कॉर्प की सहायक कंपनी प्रिंसेस क्रूज के एक बयान के अनुसार, यात्रियों को जहाज में सवार होने से पहले कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट भी दिखानी होगी, जोकि दो दिन से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।
Leave A Comment