मानसून महाराष्ट्र पहुंचा, तटीय क्षेत्रों में वर्षा हुई
मुंबई। दक्षिण पश्चिम मानसून ने आज महाराष्ट्र में दस्तक दे दी है और राज्य के कुछ तटवर्ती हिस्सों में वर्षा हुई। यह जानकारी मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां दी। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में राज्य के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया है।
विभाग के मुंबई केंद्र के उप महानिदेशक के एस होसलीकर ने कहा दक्षिण पश्चिम मानसून महाराष्ट्र पहुंच गया है। यह हरनई, सोलापुर, रामागुंडम (तेलंगाना) और जगदलपुर (छत्तीसगढ़) के ऊपर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा, अगले 48 घंटों में महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों में इसके आगे बढऩे के लिए परिस्थितियांं अनुकूल हैं। भारी वर्षा की चेतावनी जारी की जाती है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि तटीय सिंधुदुर्ग जिले के कुछ हिस्सों में आज पूर्वाह्न 11 बजे से बारिश हुई है जो कि महाराष्ट्र के दक्षिणी छोर पर स्थित है। साथ ही अंबोली, वेंगुरला और अन्य पड़ोसी इलाके में भी बारिश हुई है। पिछले कुछ दिनों में मुंबई और उसके उपनगरीय क्षेत्रों सहित राज्य के कई हिस्सों में मॉनसून-पूर्व वर्षा हुई है।
Leave A Comment