अभिषेक शर्मा ने इशान किशन को पछाड़कर टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया
दुबई. भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बुधवार को जारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम टी20 अंतरराष्ट्रीय रैकिंग में अपने हमवतन इशान किशन को पछाड़कर दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन गए। अभिषेक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में मंगलवार को महज 38 गेंद में 113 रन की तूफानी पारी खेली जो उनका इस प्रारूप में चौथा शतक है। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने छह विकेट से जीत दर्ज की। इसके एक दिन बाद वह रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए। आईसीसी ने अपनी वेबसाइट पर लिखा, ''अभिषेक की शीर्ष स्थान पर वापसी की उम्मीद थी। भारत के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने मंगलवार को वेलिंगटन में शृंखला के तीसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ तूफानी शतक जड़कर टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।'' इस बीच दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन ने टेस्ट ऑलराउंडर की सूची में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा टेस्ट शृंखला में अपने हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर भारत के रविंद्र जडेजा को पीछे छोड़ दिया।









.jpg)
Leave A Comment