महाराष्ट्र के अधिकतर इलाकों में पहुंचा मानसून, मुंबई में हुई बारिश
मुंबई। महाराष्ट्र के अधिकतर इलाकों में मानसून की आमद हो गई है और मुंबई समेत राज्य के कई इलाकों में बारिश हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि मानसून के अगले 24 घंटों में महाराष्ट्र के अन्य इलाकों में भी पहुंच जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के अधिकतर इलाकों में मानसून पहुंच चुका है। शनिवार को कोंकण के हरनई (रत्नागिरी में), मध्य महाराष्ट्र के अहमदनगर, मराठवाड़ा के औरंगाबाद और विदर्भ के गोंदिया में बारिश हुई। अगले 24 घंटों में महाराष्ट्र के अन्य इलाकों में भी बारिश की संभावना है। उन्होंने कहा कि रत्नागिरी में सुबह साढ़े आठ बजे और तटीय जिले सिंधुदुर्ग में भी कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश दर्ज की गई। अधिकारी ने कहा कि अगले चार-पांच दिनों में कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस बीच मुंबई स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने चेतावनी जारी कर मुंबई, पालघर, हिंगोली, परभणी और जालना में अगले कुछ घंटों में गरज-चमक के साथ बौछार और तेज हवाओं के साथ बारिश की आशंका जताई है।
Leave A Comment