होटल में आग: चार लोगों की मौत, 10 घायल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में चार मंजिला एक होटल में सोमवार आग लगने से दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गयी जबकि कम से कम दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। आग लगाने की यह घटना हजरतगंज के मदन मोहन मालवीय मार्ग पर स्थित लेवाना सूट होटल में हुई। अधिकारियों ने कहा कि बचाव दल यह देखने के लिये होटल परिसर की तलाशी ले रहे हैं कि कहीं कोई और फंसा न हो। शुरुआत में 10 लोगों को श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल लाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि जिनमें से दो की मौत हो गयी, वहीं सात लोगों का सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। अधिकारियों ने बताया कि बाद में दो और लोगों को सिविल अस्पताल लाया गया जिन्हें मृत घोषित कर दिया गया और मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई। पुलिस के संयुक्त आयुक्त (कानून-व्यवस्था) पीयूष मोर्डिया ने बताया, ‘‘होटल में कमरों की ली जा रही तलाशी के दौरान गंभीर अवस्था में मिले दो और लोगों को सिविल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत लाया गया घोषित कर दिया।'' घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घायलों की हालत के बारे में जानकारी ली तथा अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। सूचना निदेशक शिशिर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडलायुक्त रोशन जैकब और पुलिस आयुक्त एसबी शिरोडकर को आग लगने की घटना की जांच का काम सौंपा है। उन्होंने घायलों को निशुल्क व उचित उपचार उपलब्ध कराने का भी निर्देश अधिकारियों को दिया।







.jpg)
.jpg)

Leave A Comment