सी.बी.आई.सी. ने देशभर के सी.जी.एस.टी. और सीमा शुल्क कार्यालयों में ई-ऑफिस ऐप शुरू किया
नई दिल्ली। केन्द्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड- सी बी आई सी ने आज देशभर के पांच सौ से अधिक सी जी एस टी और सीमा शुल्क कार्यालयों में ई-ऑफिस ऐप शुरू किया। बोर्ड के अध्यक्ष अजीत कुमार ने सी बी आई सी के आठ सौ से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में रिमोट से ई-ऑफिस ऐप का उद्घाटन किया।
वित्त मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि पचास हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारी आंतरिक कार्यालय प्रक्रियाओं में इस ऐप का उपयोग कर सकेंगे। कार्यालयी प्रक्रियाओं में ई-ऑफिस ऐप का इस्तेमाल करने वाला सी बी आई सी सबसे बड़े सरकारी विभागों में से एक हो जायेगा।
इस ऐप के शुरू होने से आंतरिक कार्यालयी प्रक्रियाओं में बुनियादी बदलाव आयेगा जो अभी तक व्यापक रूप से मानव संचालित फाइलों और कागजी कार्रवाई पर आधारित है। इस ऐप से कई अन्य सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सुधारों को बल मिलेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य व्यापार और उद्योग के लिए कारोबार करना आसान बनाना है।
यह ऐप अप्रत्यक्ष कर प्रशासन को कागज रहित और इलैक्ट्रॉनिक रूप देने के लिए प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल की सी बी आई सी की एक और पहल है। इस ऐप को एन आई सी ने विकसित किया है। प्रशासनिक सुधार और जनशिकायत विभाग ने इसके लिए सहायता उपलब्ध कराई है। ई-ऑफिस भारतीय राष्ट्रीय ई- शासन के तहत मिशन मोड की परियोजना है।
----
Leave A Comment