हरियाणा जा रहे दंपति समेत तीन की यमुना एक्सप्रेस-वे पर मौत
मथुरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर आगरा से दिल्ली की ओर जा रही इटियोस कार अनियंत्रित हो अज्ञात वाहन से टकरा गई। घटना में कार सवार दंपत्ति समेत तीन की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। शनिवार तड़के आगरा की तरफ से इटियोस कार दिल्ली की तरफ जा रही थी। थाना प्रभारी निरीक्षक एमपी चतुर्वेदी के अनुसार मृतक दंपति ग्राम शाहजहांपुर, सहारनपुर के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार तड़के सुबह 4 बजे थाना जमुनापार क्षेत्र में माइलस्टोन 107 के समीप कार अनियंत्रित हो अज्ञात वाहन से टकरा गई। इससे कार सवारों की चीख पुकार सुनकर राहगीर वाहन चालक ने पुलिस को सूचना दी। हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक जमुनापार एमपी चतुर्वेदी तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार में बुरी तरह फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान तीन की मौत हो गई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक एमपी चतुर्वेदी ने बताया कि सुमेर चंद्र पुत्र वीर सिंह (42), जयश्री दीप पत्नी सुमेर चंद (40) निवासी ग्राम शाहजहांपुर थाना सरसावा जनपद सहारनपुर, चालक अमित कुमार पुत्र राकेश पाल निवासी दादरी, संजीव पाल पुत्र दर्जाराम निवासी दादरी कार से यमुना एक्सप्रेस वे पर होते हुए यमुनानगर हरियाणा जा रहे थे। थाना जमुना पार क्षेत्र में शनिवार तड़के माइलस्टोन 107 के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन में टकरा गई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सुमेर चंद, जयश्री दीप, अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। संजीव घायल हो गए। ड्राइवर अमित यमुनानगर का रहने वाला था। गंभीर रूप घायल संजीव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
---
Leave A Comment