दिल्ली में दो दिनों में मानसून देगा दस्तक
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दो दिनों में मानसून के दस्तक देने की उम्मीद है। आईएमडी ने दिल्ली के कुछ इलाकों में बुधवार और गुरुवार को बारिश होने का पुर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग ने कहा कि मानसून के आगे बढऩे की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं और आने वाले 48 घंटे में उत्तर प्रदेश के बाकी बचे इलाकों, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब के अधिकतर हिस्सों, राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून के पहुंचने की संभावना है। सामान्य तौर पर मानसून दिल्ली 27 जून को पहुंचता है। मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि समय से पहले मानसून के दिल्ली पहुंचने के लिए चक्रवाती प्रणाली को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है जो दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर 19-20 जून को बना और मानसून के आगे बढऩे में मदद की। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 37 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में आद्र्रता का स्तर 63 से 86 प्रतिशत के बीच रहा है। अगले तीन दिन में दिल्ली में बारिश होने की संभावना है और अधिकतम तापमान 36 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
Leave A Comment