भारत का प्रथम मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन-गगनयान, कोविड-19 महामारी से प्रभावित नहीं होगा- जितेन्द्र सिंह
नई दिल्ली। परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि भारत के पहले मानवयुक्त अंतरिक्षयान गगनयान के प्रक्षेपण पर कोविड-19 महामारी का कोई असर नहीं पड़ेगा और इसके लिए सही दिशा में तैयारी जारी है।
डॉ. जितेन्द्र सिंह ने बताया कि कोविड-19 की वजह से चार भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों का रूस में प्रशिक्षण स्थगित होने के बावजूद अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि मंत्रालय ने प्रशिक्षण कार्यक्रम और गगनयान को छोड़े जाने के बीच पर्याप्त अंतराल रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष यात्रियों का प्रशिक्षण फिर शुरू हो चुका है और गगनयान का प्रक्षेपण 2022 में भारत की स्वतंत्रता की 75 वीं जयंती से पहले ही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।
चन्द्रमा के लिए भारत के चन्द्रयान-3 मिशन का जिक्र करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि इसे अगले साल छोड़े जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में एक लैंडर, एक रोवर और प्रणोदन प्रणाली शामिल होगी, लेकिन पिछले चन्द्रयान की तरह इसमें आर्बिटर नहीं होगा।।
----
Leave A Comment